-जिला की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर करना प्राथमिकता
साहिबगंज। संवाददाता। जिला की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डीसी हेमंत सती के निर्देशानुसार डीडीसी सतीश चंद्रा ने पदाधिकारियों संग सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। पदाधिकारियों ने ओपीडी, आईपीडी, ब्लड बैंक, दवाई वितरण कक्ष, स्टोर रूम, लेबर रूम, मरीज वार्ड सहित अन्य का जायजा लिया। ओपीडी में उधवा, राजमहल, तालझारी, बरहेट सहित अन्य प्रखंडों से आए मरीजों से स्वास्थ्य व्यवस्था की जानकारी ली। वहीं उपस्थिति पंजी, रोगियों की पंजी, दवाई वितरण पंजी, दवाई स्टोक पंजी सहित अन्य का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। डीडीसी ने बताया कि कई शिकायत मिली थी। जिसके बाद डीसी के निर्देशानुसार औचक निरीक्षण किया गया। कहा कि उधवा, राजमहल, तालझारी, बरहेट सहित अन्य प्रखंडों से नॉर्मल मरीज सदर अस्पताल इलाज के लिए आ रहे हैं। इसकी वजह की पड़ताल की गई। सभी मुद्दों और कमियां को डीसी के समक्ष रखेंगे। लापरवाही बरतने वाले पर सख्त कार्रवाई होगी। मौके पर सदर एसडीओ अंगारनाथ स्वर्णकार, सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी अनीश पांडेय सहित अन्य थे।
चोरी गया दो पिकअप वैन बरामद
साहिबगंज। संवाददाता। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के महादेवगंज श्रीराम चौकी व झगड़ू चौकी से एक ही रात चोरी गए दो पिकअप वैन को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने पिकअप वैन संख्या जेएच-18 एल 9098 व बीआर-10 जीसी 4785 को जमुई के चकाई इलाके से बरामद किया है। ज्ञात हो कि सोमवार की रात श्रीराम चौकी निवासी सुमित शाह के घर के सामने से उनकी पिकअप वैन जेएच-18 एल 9098 चोरी हो गई थी। वहीं झगड़ू चौकी निवासी महेंद्र यादव की पिकअप वाहन बीआर-10 जीसी 4785 भी चोरी हो गई थी। थाना प्रभारी अनीश पांडेय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
बोलेरो पिकअप वैन सहित आठ मवेशी जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
उधवा। संवाददाता। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर झारखंड-पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर है। इसको लेकर कई जगहों में चेकनाका बनाया गया है। दरअसल बुधवार को राधानगर थाना क्षेत्र के राधानगर हाईस्कूल के समीप चेकनाका में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान बोलेरो पिकअप वैन सहित आठ मवेशी जब्त करते हुए दो तस्कर को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार बोलेरो पिकअप वैन संख्या बीआर 10 जीसी 2110 में आठ मवेशी लादकर उधवा से सिरासिन के रास्ते पश्चिमबंगाल लेकर जा रहा था। इसी बीच चेकनाका में पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान बोलेरो पिकअप वैन में लदे आठ मवेशी के बारे पूछताछ की। हालांकि तस्करों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने वाहन सहित आठ मवेशी को जब्त कर लिया। पुलिस दोनों तस्करों से पूछताछ कर रही है। इस संबंध में राधानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।
निवर्तमान दुमका सांसद बने राजमहल विधानसभा प्रभारी
साहिबगंज। संवाददाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू सहित अन्य ने प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में पड़ने वाले विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा प्रभारी को नियुक्त किया है। भाजपा ने राजमहल लोकसभा के सभी छह विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी के नाम की घोषणा बुधवार को की है। भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य धर्मेंद्र कुमार को पाकुड़ विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं बरहेट विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी के रूप में बीजेपी नेता सह नमामी गंगे प्रदेश संयोजक गणेश प्रसाद तिवारी को बनाया है। राजमहल विधानसभा क्षेत्र प्रभारी दुमका सांसद सुनील सोरेन को बनाया है। बोरियो विधानसभा प्रभारी भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बबलू भगत को बनाया गया। लिट्टीपाड़ा विधानसभा प्रभारी प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी को बनाया गया। महेशपुर विधानसभा प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद को बनाया गया है। विधानसभा प्रभारी बनाए जाने पर पार्टी के विनोद चौधरी, पंकज चौधरी, चांदनी देवी, गौतम यादव, बमबम मंडल, सुनील सिंह, दिनेश कुमार पांडेय, संजीव पासवान, भूदेव कुमार, अमित गुप्ता, रंजीत सिंह, जितेंद्र सिंह सहित बीजेपी कार्यकर्ताओं में हर्ष है।
लोस चुनाव को लेकर जमा लिया जा रहा लाइसेंसी शस्त्र
राजमहल। संवाददाता। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर आचार संहिता लागू होने के बाद राजमहल पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने में जुटी है। इसी कड़ी में पुलिस ने लाइसेंसी अस्लहाधारियों का भौतिक सत्यापन कर शस्त्र जमा करने का कार्य शुरू कर दिया है। डीसी सह निर्वाचन पदाधिकारी के आदेशानुसार शस्त्र जमा कराया जा रहा है। थाना प्रभारी गुलाम सरवर ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 10 से अधिक लाइसेंसी शस्त्र थाना में जमा किया गया है।
महिला को चाकू मारकर किया घायल
राजमहल। संवाददाता। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 06 बर्मन कॉलोनी में बीती मंगलवार रात्रि अज्ञात व्यक्ति ने एक महिला के घर के आंगन में घुस कर महिला के साथ खींचतान शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध किया तो उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना के संदर्भ में जानकारी मिली है कि मंगलवार की मध्य रात्रि लगभग 12 बजे बर्मन कॉलोनी निवासी महिला अपने बच्चों को पानी देने के लिए कमरे से बाहर निकल कर आंगन में बने किचन का दरवाजा खोलकर पानी ले रही थी। इसी दौरान आंगन के बगल में नवनिर्मित मकान की दीवार फांद कर कपड़े से मुंह ढंके एक आदमी आंगन में घुस गया और उक्त महिला का हाथ पकड़ कर खींच कर ले जाने की कोशिश करने लगा। महिला ने साहस का परिचय देते हुए जब विरोध किया तो काफी देर तक दोनों के बीच खींचतान होती रही। छीना-झपटी में आंगन में रखे बाइक एवं अन्य सामान गिर कर क्षतिग्रस्त हो गया। तभी बदमाश ने चाकू निकाल कर महिला पर वार कर दिया। किसी प्रकार महिला ने अपनी जान बचाई परंतु फिर भी चाकू उसके पैर में जा घुसा। जिससे वह बुरी तरह लहू-लुहान हो गई। हो-हल्ला सुन सभी घर वाले एवं मोहल्ले वासी जग गए। हालांकि जब तक लोग पहुंचते बदमाश भाग चुका था। महिला ने बताया कि बदमाश दो की संख्या में थे। एक आदमी अंदर और एक आदमी बाहर पहरेदारी कर रहा था। घटना के बाद मोहल्ले वासी एवं परिजनों ने पूरी रात अपराधियों की खोजबीन की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। घायल महिला का इलाज रात में ही परिजनों ने कराया। रात में ही गश्ती कर रही पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी को रोक कर गांव वाले एवं परिजनों ने सूचना दी। पुलिस भी छानबीन कर रही थी। खबर लिखे जाने तक आवेदन देने की प्रक्रिया जारी थी।
टीकाकरण को लेकर प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन
राजमहल। संवाददाता। अनुमंडलीय अस्पताल सभागार में जीएवीआई अंतरराष्ट्रीय संगठन एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के तत्वाधान में एक दिवसीय नियमित टीकाकरण सुक्ष्मतम कार्य योजना के सुदृढ़ीकरण के लिए एएफपी, वीपीडी निगरानी के लिए उधवा प्रखंड के सभी एएनएम एवं सीएचओ का प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। मौके पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ डॉ. हसीबुल हक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक मधुसूदन महतो, विश्व स्वास्थ्य संगठन के फील्ड मॉनिटर सुबोध कुमार शर्मा उपस्थित थे।
समाज कल्याण विभाग से संचालित संस्थाओं का डीसी ने किया निरीक्षण
साहिबगंज। संवाददाता। डीसी हेमंत सती ने बुधवार को जिला समाज कल्याण विभाग से संचालित वृद्धा आश्रम, सखी वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन, सुधार गृह, नेत्रहीन एवं स्पष्टिक विद्यालय, बालक बाल गृह का निरीक्षण किया। डीसी ने बाल गृह के बच्चों से मिले। उनके शिक्षा एवं स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली एवं उपस्थित पदाधिकारी को बाल गृह के बच्चों के माता-पिता से कांटेक्ट करने, सूचना नहीं मिलने पर एडॉप्शन की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया। भवन का नवनीकरण, साथ ही बाउंड्री वॉल के लिए प्राक्कलन, आरईओ कार्यपालक अभियंता से बनवाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्नेह स्पर्श वृद्ध आश्रम के नाम को हटाकर स्नेह स्पर्श वृद्धा आश्रय करने एवं आश्रय प्राप्त लोगों को शारीरिक बल के अनुसार छोटे-छोटे कार्यों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ताकि उनकी स्वास्थ्य स्थिति अच्छी बनी रहे। डीसी ने सखी वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड लाइन के कर्मियों के कार्यों की जानकारी लेते हुए कई दिशा निर्देश दिया। मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी, बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. सुरेंद्रनाथ तिवारी व सभी संस्थाओं के कर्मी उपस्थित थे।
लोकसभा आम निर्वाचन 2024 की तैयारी की बैठक
साहिबगंज। संवाददाता। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में लोकसभा आम चुनाव-2024 के कार्यों की तैयारी के परिपेक्ष्य उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षात्मक बैठक हुई। उन्होंने सबसे पहले जिले में सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंडों में जल्द से जल्द इंटरमीडिएट्री स्ट्रांग रूम स्थापित करने का निर्देश दिया। डीसी ने जिले में स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराये जाने के लिए नकदी और कीमती धातु, शराब, नशीले पदार्थ, मुफ्त वस्तुएं, कैश एंड प्रेसियस मेटलस लिक्योर, नारकोटिक्स फ्रीबीस एवं अन्य से संबंधित किसी भी प्रकार की गोपनीय सूचना प्राप्त होने पर सूचना का आदान-प्रदान करते हुए संबंधित एजेंसी को त्वरित कार्रवाई करने का निदेश दिया। डीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्वाचन के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही व अनियमितता से संबंधित प्राप्त शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सुनीता किस्कू, यूआईडी परियोजना पदाधिकारी संदीप कुमार व अन्य मौजूद थे।
सर्किल इंस्पेक्टर ने की अपराध नियंत्रण गोष्ठी
साहिबगंज। संवाददाता। पुलिस लाइन स्थित एसपी कार्यालय में बनाये गए चुनाव कोषांग में बुधवार को नगर सर्किल इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी की। उन्होंने चुनाव को देखते हुए लगातार गश्त करने, वाहन जांच चलाने, संदिग्धों पर नजर रखने, वारंटियों को गिरफ्तार करने, अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रोहित कुमार, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी अनीश पांडेय, मुफस्सिल थाना प्रभारी शशि सिंह व अन्य मौजूद थे।