देवघर/वरीय संवाददाता। भारत स्वाभिमान न्यास के द्वारा संचालित बम्पास टाउन योग कक्षा में औषधि युक्त हवन एवं सामूहिक योग किया गया। राज्य कार्यकारिणी सदस्य सह जिला प्रभारी अनुज कुमार त्यागी ने बताया कि पतंजलि परिवार द्वारा सभी नियमित योग कक्षा में औषधियुक्त मासिक हवन किया जाता है। जिसमें कई तरह के जड़ी-बूटी हवन में डाला जाता है इससे वातावरण तो शुद्ध होते ही हैं साथ ही गंभीर बीमारी भी इसके धुएं लगने से ठीक होता है। योगाभ्यास के क्रम में हवन का धुआं लगना स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक लाभदायक है। इसमें सौ से अधिक गुरु-भाई बहनों ने सामूहिक रूप से योग के साथ हवन का लाभ लिया। जिसमें योगगुरु शंभू कुमार बरनवाल एवं योग शिक्षक सुबोध कुमार द्वारा योगाभ्यास कराया गया। इस अवसर पर रविवार को रात्रि में प्रसाद में तेहरी भोजन कराया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राकेश बरनवाल, अशोक सरावगी, समीर कुमार, सुनील बरनवाल, उमाशंकर, त्रिपुरारी, गुड्डू, बिट्टू, दिनकर, विनोद, विशाल, मधु, अंजली, वैजयंती, इंदु, सावित्री, विभा, कुमुद, रीना आदि ने सहयोग किया।
झारखंड राज्य के निर्माण के नेता के रूप में याद किए गए राजेंद्र बाबू
देवघर/नगर संवाददाता। झरिया प्रखंड के कतरास मोड़ में रविवार को स्वर्गीय राजेंद्र महतो की तीसरी पुण्यतिथि समाजसेवी हरेराम पंडित की अध्यक्षता में मनायी गयी। इस अवसर पर समाज के अनेकों समाजवादी साथी जिसमें प्रेम बच्चन, राजकुमार अग्रवाल, आर के प्रसाद, वीरेंद्र शर्मा, द्वारिका प्रसाद, पप्पू पंडित, मुख्य रूप से शामिल हुए और एक श्रद्धांजलि सभा की गई। संचालन शिक्षक संजय प्रजापति ने किया। आरंभ में स्वर्गीय राजेंद्र महतो की तस्वीर पर पुष्पांजलि देकर श्रद्धासुमन समर्पित किया। तत्पश्चात उपस्थित साथियों ने राजेंद्र महतो जी के जीवन संघर्षों पर विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए यह बताया कि स्वर्गीय राजेंद्र महतो झारखंड राज्य के निर्माण में एक सशक्त नेतृत्व देने वाला साथी रहे। वक्ताओं ने यह बताया जब झारखंड राज्य निर्माण संघर्ष चल रहे थे। उसी दौरान 1985 में एक नई लड़ाई इस दिशा में शुरू हुई जिसमें पृथक वनांचल राज्य की मांग मुखर होकर उठने लगा। इस लड़ाई में अनेकों साथियों में एक मजबूत नाम साथी राजेंद्र महतो का रहा है जिसे हम और यह राज्य नहीं भूल सकता। राजेंद्र महतो जी के साथ तमाम संघर्षों में साक्षी के रूप में उपस्थित हैं, उन साथियों ने ऐसे संघर्षशील साथी के नहीं रहने से काफी उपेक्षित और व्यवस्था के प्रति उदासीन दिखे जो सम्मान एक आंदोलनकारी को मिलना चाहिए था। शायद आज उसकी आवश्यकता राजेंद्र बाबू को है। आने वाला समय में वृहत पैमाने पर इनकी पुण्यतिथि और जयंती मना कर पूरे राज्य में क्रांतिकारी साथी का मूर्ती स्थापना का निर्णय लिया। सभा में शामिल पप्पू पंडित, कालेश्वर प्रसाद, डॉ योगेश पंडित, संजय निषाद, अजय वर्मा अजय दूबे, मनोज प्रजापति, महादेव, मुन्ना खान, जवाहर पंडित, संतोष पंडित, अजय वर्मा समेत कई लोग मौजूद थे।
ऐसे प्रतियोगिता से बच्चों में भारतीयता के संस्कार और समृद्धि का बीजारोपण होता है : डॉ. वार्ष्णेय
- भारत विकास परिषद देश में संस्कृति संवर्धन और सेवा में लगातार काम करती है : डॉ सिन्हा
- झारखंड प्रांतस्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता संपन्न
- जूनियर वर्ग में झुमरी तिलैया शाखा तथा सीनियर वर्ग में धनबाद शाखा रहा अव्वल
देवघर/नगर संवाददाता। रविवार को स्थानीय डेफोडिल गार्डन में भारत विकास परिषद देवघर शाखा के आतिथ्य में उत्तर झारखंड प्रांत स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता 2023 संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में उत्तर झारखंड प्रांत से 10 शाखाओं धनबाद, झुमरी तिलैया, बैद्यनाथधाम, हजारीबाग, बोकारो नॉर्थ, बोकारो साउथ, गिरिडीह, दुमका, हजारीबाग और देवघर की टीम ने भाग लिया। विदित हो कि भारत विकास परिषद प्रत्येक वर्ष अपने संस्कार प्रकल्प के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर भारत को जानो प्रतियोगिता आयोजित करती है। यह प्रतियोगिता शाखा, प्रांत, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होते हैं। आज देवघर में उत्तर झारखंड प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें उपरोक्त सभी 10 शाखाओ के विजेता टीम ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन एम्स देवघर के डायरेक्टर डॉ सौरभ वार्ष्णेय ने किया जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल सर्जन देवघर डॉ रंजन सिन्हा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के उपनिदेशक प्रो धीरज कुमार ने किया। देवघर शाखा के अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने आगत सभी अतिथियों शाखा के प्रतिनिधियों और भाग ले रहे प्रतिभागियों का स्वागत किया। प्रांतीय महासचिव राम प्रवेश पांडेय ने परिषद तथा भारत को जानो प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ रंजन सिन्हा ने कहा कि भारत विकास परिषद पूरे देश में संस्कृति संवर्धन और सेवा में लगातार काम करती है। वे देवघर में भारत विकास परिषद के संस्थापक अध्यक्ष रहे हैं और आज भारत विकास परिषद को वट वृक्ष के रूप में देखकर काफी हर्ष का अनुभव कर रहा हूं। उद्घाटनकर्त्ता डॉ सौरव वार्ष्णेय ने कहा कि परिषद के क्रियाकलाप अनुकरणीय हैं। ऐसे प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में भारतीयता के संस्कार और समृद्धि का बीजारोपण होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रांतीय अध्यक्ष प्रो धीरज कुमार ने कार्यक्रम को उत्कृष्ट बताते हुए सभी प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं दिया। क्विज का आयोजन क्विज मास्टर श्रीकांत जायसवाल ने बेहद आकर्षक और केबीसी अंदाज में क्विज संपन्न कराया। जूनियर वर्ग में 6 राउंड जबकि सीनियर वर्ग में 8 राउंड में प्रतियोगिता संपन्न कराई गई। इसमें एक-एक राउंड करंट अफेयर्स के भी रखे गए। क्विज संचालन में इंजीनियर निलेश भारती तथा राही मल्लिक ने सहयोग किया।
प्रतियोगिता संपन्न होने के पश्चात पुरस्कार वितरण सत्र का आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बीआईटी मेसरा ऑफकैंपस देवघर की निदेशक डॉ अरुणा जैन और विश्व भारती शांति निकेतन के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ सुभाष चंद्र राय मौजूद थे। दोनों अतिथियों तथा प्रांतीय महासचिव श्री राम प्रवेश पांडेय और देवघर शाखा अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने सभी विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर उनकी हौसला अफजाई की। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान झुमरी तिलैया शाखा से डीएवी पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया के छात्र उदय शंकर यादव और प्रिंस कुमार, द्वितीय स्थान बैद्यनाथधाम शाखा से गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन देवघर के आराध्या कुमारी और शुक्रिया रानी जबकि तीसरा स्थान हजारीबाग शाखा से डीएवी पब्लिक स्कूल हजारीबाग के आनंद कुमार और नयन स्मृति ने प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान धनबाद मुख्य शाखा से राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर धनबाद के रोशन रंजन और पुष्पहास मिश्रा, द्वितीय स्थान झुमरी तिलैया शाखा से शिव तारा सरस्वती मंदिर के अविनाश पहाड़ी और सौरभ कुमार तथा तीसरा स्थान बैद्यनाथधाम शाखा से जसीडीह पब्लिक स्कूल के प्रियांशु राज और हिमांशु कुमार ने प्राप्त किया। प्रतिभागियों को अपने आशीर्वचन में डॉक्टर सुभाष चंद्र राय ने प्रतिभागी बच्चों में भारत के इतिहास संस्कृति भूगोल अर्थव्यवस्था आदि की जानकारी जिज्ञासा पूर्ण अंदाज में रखने का सूत्र बताया तथा परिषद के ऐसे कार्यकलापों की सराहना की। उन्होंने बच्चों को विस्तार से राष्ट्रीयता की भावना और राष्ट्रीय धरोहरों को जानने समझने की विद्या सिखाई। बीआईटी के डायरेक्टर डॉक्टर अरुणा जैन ने भारत विकास परिषद के भारत को जानो जैसी क्विज प्रतियोगिता को अद्वितीय बताया तथा परिषद के कार्यों की सराहना की। उन्होंने उत्तर झारखंड प्रांत के सभी शाखाओं को देवघर आकर प्रतियोगिता में भाग लेने तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन परिषद के देवघर शाखा की उपाध्यक्ष कंचन मूर्ति साह ने किया। देवघर शाखा के सचिव एसपी भुईयां बिलास, वित्त सचिव रंजीत कुमार बरनवाल, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, प्रीति कुमारी, पुष्पा सिंह, संतोष सिंह, अभय कुमार, बिपिन मिश्रा, राजेश राज सहित शाखा के सभी दायित्वधारी और सदस्य तथा संरक्षक सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रांतीय महासचिव रामप्रवेश पांडेय ने प्रांत के सभी शाखाओं और उनके प्रतिभागियों सहित देवघर शाखा को उनके द्वारा बेहतरीन कार्यक्रम संयोजन और आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया।
बालू लोड टै्रक्टर धराया
सारवां/संवाददाता। थाना प्रभारी प्रदीप लकड़ा द्वारा अवैध बालू उठाव पर प्रतिबंध लगाने को लेकर क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस क्रम में उनके द्वारा अवैध लोड कर भाग रहे एक ट्रैक्टर को दोंदिया मोड़ के समीप पकड़ा गया। थाना प्रभारी ने कहा अग्रतर कार्रवाई के लिये जिला खनन विभाग को लिखा गया है।
ट्रक दुर्घटनाग्रस्त
सारवां/संवाददाता। थाना क्षेत्र के सारवां सारठ मार्ग के भंडारो मोड़ के समीप देवघर से जूट बोरा लेकर जा रहे ट्रक संख्या डब्ल्यूू बी 7 सी 8967 के संतुलन बिगड़ जाने से पलट गयी। जिसमें चालक व खलासी बाल-बाल बच गये। ग्रामीणों के सहयोग से उन लोगों को निकाला गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।
दुर्गा मंदिर निर्माण को लेकर हुआ जुटान
- छठ के बाद होगा भूमि पूजन
पालोजोरी/संवाददाता। फतेनाथ शिव मंदिर प्रांगण में रविवार को मां दुर्गा मंदिर निर्माण को लेकर कचुआसोली मुखिया राजीव रंजन उर्फ निवास की अध्यक्षता में एक बैठक की गई। बैठक में मां दुर्गा मंदिर कमिटी का गठन सर्व सम्मति से किया गया। कमिटी में अध्यक्ष विनोद कुमार मंडल, सचिव श्यामकिशोर यादव व कोषाध्यक्ष रंजीत यादव को बनाया गया। इस कमिटी को पंजीकृत कराते हुए बैंक में खाता खोलने का निर्णय लिया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने बैठक में ही अपना सहयोग राशि जमा कराया। छठ पूजा के बाद मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन की संभावना बनी। मौक पर प्रधान नानू लाल महतो, प्रधान कैलाश चंद्र मंडल, उप मुखिया गौतम यादव, सुबल चंद्र सिंह, वार्ड सदस्य कन्हाई राय, दीप नारायण सिंह, सुखदेव मिर्धा, सुधीर सोरेन, मोहन मंडल, सुधीर मंडल, कामदेव यादव, मोहन यादव संजय यादव, कुमोद राय, घनश्याम राय, अनंत लाल यादव, सूचित पहाड़िया, धनंजय मंडल, अशोक मंडल, जयप्रकाश नारायण, पंचानंद मंडल, टिंकू रजवार, बिंदेश्वरी रजवार, विश्वनाथ राय, विष्णु रजवार, पवन रजवार, सबल रजक, युगल किशोर रजक, अभिमन्यु कुमार, दिगंबर यादव, परमेश्वर राय ,मदन सिंह ,दशरथ भंडारी, उदय भंडारी आदि मौजूद थे।
आपकी योजना-आपकी सरकार कार्यक्रम में 15 से
सारठ/संवाददाता। राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर पुन: जिले के हरेक पंचायतों में आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम 15 नवम्बर से 29 दिसम्बर तक आयोजित किये जायेंगे।जिसमें आमजनों को राज्य सरकार की सभी लोक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इन शिविरों में आम जनों से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं समस्याओं से सम्बन्धित आवेदन लिये जायेंगें तथा त्वरित निष्पादन करने की दिशा में कार्य किया जाएगा तथा आवेदनों की प्राप्ति और ऑन द स्पॉट लाभों का वितरण की जानकारी पोर्टल में अपडेट करना भी अनिवार्य होगा। शि्विर में प्राथमिकता के आधार पर अबुआ आवास योजना, बिरसा सिंचाई कूप योजना, जाति/आय/जन्म/मृत्यु/दिव्यांगता प्रमाण पत्र, राजस्व से जुड़े मामले जो क्रमश: म्यूटेशन, मापी, लगान रसीद, तथा ऑन लाईन रिकॉर्ड में सुधार करने सम्बन्धित मामले, आयुष्मान कार्ड समेत सामुदायिक वन पट्टा और व्यक्तिगत वन पट्टा के लिए सम्बन्धित एफआरसी द्वारा आवेदन प्राप्त करना साथ ही आम जनों से सामाजिक-आर्थिक बुनियादी जरूरतों से जुड़े परियोजानाओं के लिए आवेदन लिये जायेंगे। वैसे कल्याणकारी योजनाऍ से वंचित लोगों से भी आवेदन लिये जायेंगे, जो क्रमश: सर्वजन पेंशन, सावित्री बाई फूले बालिका समृद्वि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, आधार कार्ड, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, श्रम विभाग के अन्तर्गत श्रमाधान पोर्टल पर प्रवासी श्रमिक पंजीकरण समेत अन्य लाभकारी व कल्याणकारी कार्य भी सम्पादित किये जायेंगे।
अवैध लॉटरी विक्रेता को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सारठ/संवाददाता। सारठ थाना क्षेत्र के सारठ के शेख टोला निवासी मेफुज शेख को अवैध लॉटरी के बिक्री के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एएसआई सुरेश रमानी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा गया है। उसके पास से 56 लॉटरी, नकद 355 रुपऐ एवं एक बाइक भी बरामद किया गया है।
बंग समाज आठ को मनाएगा विजया उत्सव
- अनिता घटक देंगी गीतों की प्रस्तुति
पालोजोरी/संवाददाता। बंग समाज आठ नवंबर को विजया उत्सव मनाएगा। आठवें वर्ष के उत्सव में इस बार पश्चिम बंगाल की लोकप्रिय लोकगीत कलाकार अनिता घटक अपने गीतों की प्रस्तुति देंगी। वहीं बंग समाज के सदस्य पूरे उत्साह के साथ तैयारी में जुटे हुए हैं। सारठ विधायक रणधीर सिंह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
स्वीकृत उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए विभागीय एसडीओ ने उपलब्ध कराया जमीन
- जमीन संबंधित अड़चने हुई दूर
चितरा/संवाददाता। थाना क्षेत्र के लगवां पंचायत स्थित दनरबाद गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य में चली आ रही जमीन संबंधी अड़चनों को दूर करने के लिए रविवार को विभाग के एसडीओ गांव पहुंचे और जमीन चिन्हित कराने के के साथ सीमांकन कराया गया। इसके साथ ही उप स्वास्थ केंद्र निर्माण का रास्ता साफ हो गया एवं जमीन संबंधी विवाद भी समाप्त हो गया। बता दें कि उक्त गांव में लगभग 50 लाख 50 हजार की लागत से एनआरईपी योजना के तहत उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है इसका शिलान्यास विधायक रणधीर सिंह द्वारा पिछले माह किया गया था, लेकिन जमीन चिन्हित नहीं रहने के कारण अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के लिए एनआरईपी विभाग के एसडीओ प्रमोद कुमार भगत पहुंचे और प्लॉट नंबर 362 व जमाबंदी नंबर 27 पर निर्माण कराने हेतु चिन्हित किया। इस संबंध में एसडीओ ने बताया कि जमीन उपलब्ध होते ही उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य को रविवार से ही शुरू करा दिया। कहा कि निर्माण कार्य के दौरान कार्य की गुणवत्ता देखने के लिए निरीक्षण भी किया जाएगा। जिससे गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण कार्य पूरा हो सके। इस मौके पर संवेदक मंटू सिंह के अलावे गोरांग रवानी, प्रदीप यादव, समाजसेवी गोपाल रवानी धनंजय राय, मनोज रवानी, रंजीत रवानी, ब्रह्मदेव रवानी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
नगर थाना पुलिस ने विभिन्न कांडों के तीन आरोपी को भेजा जेल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना पुलिस में विभिन्न कांडों के तीन आरोपी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल गए आरोपियों में बबन दास उर्फ शिवनारायण दास बाघमारा रोहित कुमार दास कनमैन काठी थाना जसीडीह इनके पास से पुलिस ने एक लोडेड देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया है। वहीं श्वेता स्नेह के गले से सोने की चेन छिनताई मामले में सीता होटल रोड निवासी सूरज कुमार को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।
पुस्तक मेला समिति की बैठक में लिये गये कई निर्णय
देवघर/वरीय संवाददाता। रविवार को 21वां देवघर पुस्तक मेला आयोजन समिति की बैठक प्रोफेसर रामनंदन सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से पुस्तक मेला के विभिन्न सत्रों के लिए कमेटियों का गठन किया गया। प्रथम सत्र जो योग का सत्र होगा उसके संयोजक डॉक्टर एकता रानी सह संयोजक डॉक्टर चेतन भारती निशांत कुमार रीता राज और संजय मालवीय रहेंगे। द्वितीय सत्र स्कूली बच्चों के कार्यक्रम का होगा इसके संयोजक सुबोध कुमार झा रहेंगे सह संयोजक एस डी मिश्रा प्रेम कुमार श्रीकांत जायसवाल गौरव शंकर और भारतेंदु दूबे होंगे। तृतीय सत्र में रोशन मिश्रा संयोजक सह संयोजक प्रभाकर कापरी गौरव शंकर सुभाष दास और विनीत कुमार रहेंगे। चतुर्थ सत्र विचार गोष्ठी का होगा। इसके संयोजक मोतीलाल द्वारी होंगे तथा सह संयोजक दीपक कुमार डॉक्टर विजय शंकर अभिषेक आनंद वैभव शंकर और डॉक्टर परशुराम तिवारी होंगे। पंचम सत्र सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा। संयोजक रामसेवक गुंजन सहसंयोजक राकेश कुमार राय अभिषेक सूर्य प्रभाकर कापरी रोशन मिश्रा डॉक्टर इति डॉक्टर नीतू होगी।
यह भी तय किया गया कि एक संरक्षक मंडल होगा जिसमें अध्यक्ष युधिष्ठिर प्रसाद राय, उपाध्यक्ष प्रोफेसर राम नंदन सिंह, मोतीलाल द्वारी, डॉ रामचंद्र राय, डॉक्टर अखिलेश तिवारी और सर्वेश्वर प्रसाद सिंह रहेंगे। सर्व सम्मति से एक विज्ञापन समिति भी बनाई गई जिसमें पवन टम कोरिया आलोक मलिक रवि केसरी डॉक्टर वीरेंद्र सिंह संजीत सिंह और डॉक्टर प्रदीप कुमार सिंह देव रहेंगे। कोर कमेटी में आलोक मलिक राम सेवक गुंजन सुबोध कुमार झा पवन टमकोरिया एसडी मिश्रा डॉक्टर एकता रानी निर्मल कुमार और आरसी सिन्हा रहेंगे। सर्वसमिति से निर्णय लिया गया कि चूंकि पुस्तक मेला का मुख्य आयोजक महाविद्या है और यह महाविद्या का रजत जयंती वर्ष है इसलिए निर्णय लिया गया कि एक का प्रकाशन किया जाए। महाविद्या के 25 वर्षों की उपलब्धियां का भी इस स्मारिका में उल्लेख हो।
इसके लिए एक स्मारिका समिति भी गठित करने का निर्णय लिया गया। जिसमें डॉक्टर रामचंद्र राय, प्रोफेसर रामनंदन सिंह, डॉक्टर मिथिलेश कुमार सिंह डॉक्टर अरविंद वाजपेयी, प्रशांत कुमार सिन्हा, सुमन वाजपेयी रहेंगे। संयोजक डॉक्टर सुभाष चंद्र राय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।
बैठक में अध्यक्ष युधिष्ठिर प्रसाद राय, संयोजक डॉक्टर सुभाष चंद्र राय, प्राचार्य डॉक्टर अखिलेश कुमार, दीपक कुमार, अभिषेक आनंद, डॉक्टर प्रदीप कुमार सिंह देव, डॉक्टर प्रणय कुमार, वैभव शंकर, डॉक्टर विजय शंकर, रीता राज, राजेश रंजन, सुमन कुमार वाजपेयी, राकेश कुमार राय, सुभाष कुमार झा, पवन कुमार टमकोरिया, एसपी सिंह, रवि कुमार केसरी, अनुराग आनंद, राम सेवक गुंजन एवं निर्मल कुमार जयप्रकाश पांडे आदि उपस्थित थे।