प्रतिभागियों को मिलेगा हेल्थ फिटनेस का लाभ
चित्तरंजन। संवाददाता। कर्मचारियों को तनाव मुक्त-ऊर्जायुक्त एवं मानसिक और शारीरिक फिटनेस का लाभ प्रदान करने के लिए आरपीएफ/चिरेका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आर्ट ऑफ लिविंग के माध्यम से एक तनाव मुक्त प्रबंधन पाठ्यक्रम शुरू किया है। इस कार्यक्रम की शुरुआत विरेंद्र कुमार, महा निरीक्षक सह प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त रेल सुरक्षा बल चिरेका नेतृत्व में की गई। यह पांच दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन 10 नवंबर 2023 तक जारी रहेगा। प्रात: 06/30 बजे से 09/30 बजे तक और संध्या काल 18/30 बजे से 21/00 बजे तक दो पाली में यह पाठ्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक पाली में लगभग 80 से 100 प्रतिभागी को शामिल किया जा सकेगा। यह पाठ्यक्रम का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ संकाय प्रदीप पाठक और सुनील सिंह कर रहे हैं। उम्मीद है कि इस पाठ्यक्रम के शुभारंभ होने से कर्मचारियों, अधिकारियों और आरपीएफ जवानों को फिटनेस के क्षेत्र में लाभ पहुंचेगा।
दो चौकीदारों के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित
फतेहपुर। संवाददाता। फतेहपुर थाना परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। वही नाला एसडीपीओ मनोज कुमार झा, थाना प्रभारी आलोक कुमार तथा थाना परिवार के सरदार गणेश सिंह तथा सदस्यों ने सेवानिवृत्त गुणधर महतो और बह्मदेव राय को शॉल देकर एवं माला पहनाकर सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में उपस्थित एसडीओ मनोज कुमार झा तथा थाना प्रभारी आलोक कुमार ने कहा कि ये दोनों चौकीदार करीब 30 वर्षो तक अपनी सेवा दी, सरकारी सेवा में सेवानिवृत्त सतत प्रक्रिया है जिसका हर किसी को पालन करना ही है। इनका हमेशा मधुर संबंध बना रहा। सबने उनकी दीर्घायु और स्वास्थ्य जीवन की कामना कर कई उपहार भेंट किया।
गैंगरेप की शिकार युवती ने की आत्महत्या, तीनों आरोपी गिरफ्तार
प्रेस कांफ्रेंस कर एसपी अनिमेष नैथानी ने दी जानकारी
जामताड़ा। संवाददाता। एसपी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि टाउन थाना क्षेत्र के गोल पहाड़ी गांव में मेला दिखाने के बहाने बाइक पर बिठाकर परिचित युवती लक्खी मरांडी ग्राम बुधुडीह थाना नारायणपुर को विगत 28 अक्टूबर को प्रदुम मोहली ग्राम रानीडीह थाना जामताड़ा ने लाया। जहां संध्या पहर डरा धमकाकर प्रदुम मोहली, बुकरु मोहली और संतोष मोहली ने बारी बारी से जंगल में लख्खी मरांडी के साथ बलात्कार किया। बाद में युवती ने तीन लोगों द्वारा दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने की बात सोचकर डिप्रेशन में आकर फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि दूसरे लाश मिलने के बाद मृतक के पिता दुलू मरांडी ने जामताड़ा थाना में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए जामताड़ा एसपी अनिमेष नैथानि ने प्रशिक्षु डीएसपी के नेतृत्व में टाउन थाना इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिन्हा एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं टेक्नीकल सेल ने छापेमारी कर उक्त तीनों आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ किया, तो गिरप्तार आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकारते हुए मृतक का मोबाइल एवं दुपट्टा तथा पर्स एवं उपयोग में लाया गया बाइक को भी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से बरामद कर लिया। एसपी अनिमेष नैथानी ने छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों को पुरस्कृत करेंगे। मौके एसडीपीओ आनन्द ज्योति मिंज, प्रशिक्षु डीएसपी चन्द्र शेखर, टाउन इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिन्हा सहित अन्य मौजूद थे।
फर्जी सिम रिसीवर चढ़ा बंगाल पुलिस के हत्थे
जामताड़ा। संवाददाता। पं. बंगाल आसनसोल इलाके से फर्जी सिम लाकर जामताड़ा जिला के साइबर अपराधियों को आपूर्ति करने वाले सरफराज अंसारी, ग्राम पोसोय, थाना जामताड़ा निवासी को आसनसोल पुलिस ने जामताड़ा पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है। इसे लेकर जामताड़ा एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि जामताड़ा पुलिस उक्त अपराधी की ओर से साइबर अपराधियों को मुहैया कराए गए सिम कार्ड जांच कर कार्रवाई करने का संकेत दिए।
सारेसकुंडा में बह रही मासव्यापी भक्ति की बयार
तीन सौ साल से चली आ रही परंपरा
विजया दशमी के दूसरे दिन से शुरू होता है पूजा पाठ, आरती व भजन-कीर्तन
नाला। संवाददाता। प्रखंड सारेसकुंडा गांव स्थित भगवान बासुदेव के दरबार में इन दिनों भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित होने लगी है। लगभग तीन सौ साल से चली आ रही परंपरा के अनुसार दशहरा पर्व के विजया दशमी के दूसरे दिन यानी एकादशी तिथि से यहां वैदिक रीति रिवाज से पूजा पाठ भोग, आरती भजन-कीर्तन अनुष्ठान शुरू हो जाता है, जो एक माह तक जारी रहता है। निर्धारित नियम के अनुसार देवोत्थान एकादशी के दिन यहां का अनुष्ठान भक्तिमय वातावरण में पूर्ण होता है। ज्ञात हो कि भगवान के दरबार में रोजाना सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं एवं सामूहिक प्रसाद ग्रहण करते हैं। क्षेत्र वासियों को पूरी श्रद्धा और आस्था रहने से यहां मन्नत मांगी जाती है। मंदिर के पुजारी लालटू बनर्जी के अनुसार, यहां कार्तिक माह के अवसर पर सुबह से लेकर देर शाम तक पूजा अर्चना, भोग, आरती, भजन, कीर्तन काफी सावधानी, नियम निष्ठा और समर्पण भाव से किया जाता है। धार्मिक अनुष्ठान का संचालन करने के लिए सेवायतों की सक्रिय भूमिका होती है। सोमवार को क्षेत्र के नाला, अफजलपुर, केस्टोपुर, गोदापियाल, भूली, मालडीहा, डाबर, केबलजुड़िया आदि गांव के श्रद्धालुओं ने काफी सामूहिक प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर साधु महाराज गौर बाबा के अलावा कृष्णेंदु तिवारी, अमरेश मिश्रा, नीलकंठ तिवारी, तपन कुमार तिवारी, राजेश कुमार तिवारी, मलय कुमार तिवारी, मृत्युंजय तिवारी, गणेश तिवारी, धनंजय तिवारी, वसंत कुमार तिवारी सहित भक्त वैष्णव काफी संख्या में उपस्थित थे।
बाइक से गिरकर दो युवक हुए घायल
नारायणपुर। संवाददाता। नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोबिन्दपुर साहेबगंज हाईवे में माल्वा गांव के पास बीते रात्रि रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में 2 युवक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, नारायणपुर थाना क्षेत्र के कुंभरगडिया निवासी नयमा रजवार के पुत्र बबलू रजवार (19वर्ष) एवं चांदो रजवार के पुत्र डब्लु रजवार (18वर्ष) थाना क्षेत्र के माल्वा गांव से अपने घर बाइक से आ रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दोनों युवक थाना क्षेत्र के माल्वा गांव के पास गिर कर घायल हो गया। घटना के बाद दोनों घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में किया गया।
ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित
करमाटांड़। संवाददाता। करमाटांड़ प्रखंड सभागार में सोमवार को ग्राम प्रधान संघ की मासिक बैठक संघ के प्रखंड अध्यक्ष धनंजय प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। बैठक में ग्राम प्रधानों के विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श करते हुए बताया गया कि ग्राम प्रधानों का मानदेय जुलाई महीने से लंबित है जबकि दुर्गा पूजा ऐसे त्यौहार में ग्राम प्रधानों का बकाया मानदेय नहीं दिया गया, जो की काफी दुखद है विभाग को इस पर पहल करते हुए दीपावली, छठ पर्व को देखते हुए अविलंब मानदेय का भुगतान करने की मांग किया गया। इधर ग्राम प्रधानों ने बताया कि विगत 22-23 में किसानों को सुखाड़ राहत योजना की राशि दी जा रही थी, जिसमें कई किसानों को अब तक सुखाड़ की राशि नहीं दी गई है जिससे किसानों में मायूसी छाई हुई है। ग्राम प्रधानों ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम विकास योजनाओं का विकास कार्य के लिए न ही ग्राम प्रधानों को और न ही ग्रामीणों को योजना की जानकारी मिल पाती है उक्त विषय में सही दिशा और मार्गदर्शन अविलंब उपलब्ध कराने को कहा गया। ग्राम प्रधानों ने बताया कि अंचल कार्यालय से सभी ग्राम प्रधानों को ऑफलाइन रसीद मुहैया कराया है फिर भी कार्यालय में ऑनलाइन रसीद को मान्यता दिया जा रहा है जबकि ऑनलाइन रसीद में साफ-साफ लिखा गया है कि यह एक कंप्यूटर जनित प्रति है अंचल अधिकारी से अविलंब ऑफलाइन रसीद कटवाने की मांग किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर मासिक बैठक में ग्राम प्रधानों की उपस्थिति शत प्रतिशत अनिवार्य है जो ग्राम प्रधान बैठक में उपस्थित नहीं होंगे, उनके खिलाफ संघ कार्रवाई करेगी। मौके पर ग्राम प्रधान विकास कुमार सिंह, शिव शंकर पोद्दार, शिवानंद सोरेन, राजेंद्र बेसरा, बोधी लाल मरांडी, श्यामसुंदर राय समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।
निर्माणाधीन पावर ग्रिड के समक्ष भारतीय खेत मजदूर यूनियन ने दिया धरना
कुंडहित। संवाददाता। सोमवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की इकाई भारतीय खेत मजदूर यूनियन की ओर से नाटुलताला मोड़ से भेलुवा पावर ग्रिड तक रैली निकाली गई। रैली के दौरान भेलुवा पावर ग्रिड निर्माणकर्ता कंपनी एवं इंचार्ज के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। रैली भेलुवा स्थित निर्माणाधीन ग्रिड के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने धरना प्रदर्शन में तब्दील हो गई। धरना प्रदर्शन के दौरान बाहरी मजदूर को भगाना होगा, स्थानीय मजदूर को काम देना होगा, समय से ज्यादा काम लेना बंद करो, जिन लोगों जमीन पर का टावर लगा है उनको मुआवजा देने आदि मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। मौके पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव कन्हाई चंद्र माल पहाड़िया ने कहा कि पावर ग्रिड इंचार्ज से मुलाकात किया और उनके समक्ष मांगो को रखा गया। डिमांड सुनने के बाद पावर ग्रिड इंचार्ज ने कहा कि मजदूरों का मजदूरी समय 8 घंटा ही रहेगा, जिन लोगों के जमीन पर टावर लगाया गया है उनका भुगतान जल्दी किया जाएगा और स्थानीय मजदूर से काम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पावर ग्रिड में क्वालिटी खराब हो रहा है, यहां घटिया काम कराया जा रहा है। 10 साल के अंदर यहां का बिल्डिंग जमीन के अंदर धस जाएगा। कहा कि यहां पर सीमेंट की कम मात्रा देकर काम कराया जाता है फ्रेश बालू में काम नहीं कराया जाता है। मौके पर मजदूर नेता बबलू दास, रविचंद्रन टुडू लकी हेंब्रम, साधन घोष, सुनील सोरेन, रत्नाकर माझी, कालो टुडू, विजय मिर्धा के अलावे मजदूरगण उपस्थित थे।
आजसू की बैठक में सम्मेलन आयोजन का लिया निर्णय
कुंडहित। संवाददाता। सोमवार को आजसू पार्टी के बागडेहरी मंडल इकाई की बैठक खजूरी में की गई। बैठक में बागडेहरी मंडल के पांच पंचायत के बूथ कमेटी सदस्यों के साथ मुख्य रूप से आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव माधव चंद्र महतो उपस्थित थे। बैठक के दौरान संगठन मजबूती एवं पार्टी संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा की गई। मौके पर आजसू के केंद्रीय सचिव माधव चंद्र महतो ने कहा कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी बूथ कार्यकर्ताओं का सम्मेलन बागडेहरी में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी केंद्रीय पदाधिकारी भी शरीक होंगे। यह सम्मेलन नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा। प्रखंड अध्यक्ष गया प्रसाद मंडल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में रथीन घोष, जिन्नाअली खान, पार्थ घोष, फुचु सिंह, छोटन राय, ईश्वर मुर्मू, समीर दास, प्रभु पुजहर, साधु पहाड़िया, उदय पाल, सुकुमार माजी, सुधाकर मंडल, परिमल घोष, काजल मंडल कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे।
वार्ड सदस्यगण पंचायत के जनोपयोगी योजनाओं पर दें ध्यान: बीडीओ
नारायणपुर। संवाददाता। नारायणपुर प्रखंड सभागार में सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी मुरली यादव की अध्यक्षता में वार्ड सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। आयोजित उक्त बैठक में पंचायत स्तर पर की विकास योजनाओं पर चर्चा की गई। बीडीओ ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में वार्ड सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। ग्राम स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान होता है। वार्ड सदस्य योजनाओं का चयन करें जो जनउपयोगी हो। प्राथमिकता के आधार पर ही योजनाओं का चयन करें। योजना चयन से लेकर क्रियान्वयन तक का काम पूरी पारदर्शिता के साथ हो, इसका भी ख्याल रखें। वहीं मौके से वार्ड सदस्यों ने बीडीओ से कहा कि मनरेग योजनाओं के अभिलेख में अनिवार्य रूप से वार्ड सदस्य के हस्ताक्षर हो, मास्टर रोल में हस्ताक्षर हो, मनरेगा सामग्री भुगतान वाउचर में भी वार्ड सदस्यों का हस्ताक्षर करवाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश देने का बात कही। बीडीओ ने कहा कि उपरोक्त विषयों पर वरीय पदाधिकारी से चर्चा की जाएगी, अगर संभव हो तो आपकी मांगों पर अमल किया जाएगा। बैठक में बीपीओ विधुत मुर्मू, उपमुखिया संघ के अध्यक्ष शाहबाज अंसारी, इऱफान अंसारी, सरोजनी सिन्हा, अनीता कुमारी, अनिता किस्कू, सद्दाम अंसारी, सुनीता देवी समेत अन्य मौजूद थे।
नारायणपुर में आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित
नारायणपुर संवाददाता नारायणपुर सीडीपीओ कार्यालय में सोमवार को आंगनबाड़ी सेविकाओं की समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में महिला पर्यवेक्षिका नियुति दास ने आंगनबाड़ी सेविकाओं को विभागीय निर्देशों से अवगत कराया और उसी अनुरूप कार्य किए जाने पर बल दिया गया। बैठक में सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना पर चर्चा हुई तथा लक्ष्य पूरा करने को कहा गया। बैठक में पोषण टेकर के माध्यम से समय पर रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों का वजन उंचाई नापना है। जीरो से दो वर्ष के बच्चों का वजन उंचाई नापने वाले यंत्र का नाम सेविकाएं नहीं बता पाए। सूचना के बाद भी सेविकाओं की उपस्थित कम रहने पर नाराजगी जाहिर की गई। बैठक में तय प्रावधान के अनुरूप आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन किए जाने पर बल दिया गया। बैक में रेणु देवी, पंचमी देवी, रूना देवी, अमिना खातून, बसंती देवी आदि उपस्थित थी।