- बाबा बैद्यनाथ व बासुकीनाथ के दर्शन के बाद तपोवन में लिया चाय-नाश्ते का आनंद
देवघर/नगर संवाददाता। सावन माह में बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से गुलजार है। इसी क्रम में नेपाल के मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री कृष्ण प्रसाद यादव एवं कृषि मंत्री श्याम पटेल सड़क मार्ग से देवघर पहुंचे। देवघर पहुंचने के बाद दोनों ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा बासुकीनाथ की पूजा-अर्चना की। धार्मिक यात्रा के दौरान दोनों ने देवघर के प्रसिद्ध तपोवन क्षेत्र का भी भ्रमण किया। तपोवन पहाड़ स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वे पहाड़ की तलहटी में स्थित प्रसिद्ध तपोवन मैगी प्वाइंट पहुंचे। मैगी प्वाइंट परिवार की ओर से अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री ने वहां की व्यवस्था एवं खान-पान की सुविधाओं की जानकारी ली और चाय-नाश्ते का आनंद लिया। इस दौरान डॉ. राजीव रंजन, डॉ. पूजा राय, विनय यादव, विजय यादव, पप्पू कुमार, माही यादव, उदय कुमार, गोपी कुमार सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। लोगों ने अतिथियों को तपोवन की धार्मिक एवं प्राकृतिक विशेषताओं से भी अवगत कराया। तपोवन मैगी प्वाइंट परिवार ने कहा कि नेपाल के मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री का तपोवन की पावन धरती पर आगमन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उनके आगमन से स्थानीय लोगों में भी उत्साह रहा।
लगातार चौथे सोमवार को कुरमी महासभा के सेवा शिविर में कांवरियों की सेवा
- फल, लस्सी-शरबत, ठंडा-गर्म पानी, साबूदाना खीर व जलेबी बांटी, घायल कांवरियों को दी राहत
देवघर/नगर संवाददाता। सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर झारखंड कुरमी महासभा, देवघर की ओर से संचालित बोल बम सेवा शिविर में लगातार चौथे सोमवार को भी कांवरियों की सेवा जारी रही। शिविर में महासभा के सदस्यों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं के बीच फल, लस्सी, शरबत, ठंडा एवं गर्म पानी, माजा, साबूदाना खीर और जलेबी का वितरण किया।
कांवरिया पथ पर पैदल यात्रा के दौरान घायल होने अथवा पैरों में दर्द से परेशान कई कांवरियों को शिविर में प्राथमिक राहत दी गई। कार्यकर्ताओं ने उनके पैरों में दर्दनिवारक मलहम एवं स्प्रे लगाकर राहत पहुंचाने का प्रयास किया। श्रद्धालुओं की सुविधा और जरूरत के अनुसार शिविर में लगातार विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे पूर्व रविवार की शाम महाभोग प्रसाद के रूप में हलवा का भी वितरण किया गया। सेवा कार्य में देवघर नगर निगम के महापौर रवि कुमार राउत, महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन, महासचिव मनोज कुमार राव, भूषण राउत, डब्लू कुमार राउत, मृत्युंजय कुमार राउत, अमरेश ज्योति, संजय कुमार राउत, श्रीकांत राउत, बमबम राउत, राज कुमार राव, रविकांत, मुकेश कुमार, देवेंद्र कुमार, वीरेंद्र प्रसाद रावत, प्रहलाद रावत, रविश कुमार, सचिन कुमार राउत, कुंदन कुमार राउत, मुन्ना कुमार राउत, अभिनव कुमार, उदय कुमार, धर्मवीर कुमार, जितेंद्र राउत, विक्रम कुमार, दीपक कुमार राउत, गुड्डू कुमार, कार्तिक कुमार, संतोष राउत और वैभव कुमार सहित महासभा के कई सदस्य योगदान दे रहे हैं। महासभा के मीडिया प्रभारी राजीव कांत ने बताया कि पिछले कई दिनों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शिविर में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
अंतिम सोमवारी पर कानू विकास संघ ने लगाया नि:शुल्क सेवा शिविर
- हजारों कांवरियों के बीच फल, शरबत, लस्सी व शुद्ध पेयजल का वितरण
देवघर/नगर संवाददाता। सावन की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर कानू विकास संघ, देवघर की ओर से कांवरियों की सेवा के लिए नि:शुल्क बोल बम सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में दूर-दराज से बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे हजारों कांवरियों के बीच फल, शरबत, लस्सी, शुद्ध पेयजल एवं प्रसाद का वितरण किया गया। नि:शुल्क सेवा शिविर का संचालन देवघर युवा कमेटी की ओर से किया गया। शिविर में अध्यक्ष योगेंद्र साह, युवा अध्यक्ष कमलेंद्र कुमार, महिला अध्यक्ष नीतू गुप्ता, राम साह, मनोरंजन साह, कौशल किशोर साह, विनोद साह, कुमार सौरभ, मुन्ना साह, जितेंद्र साह, अनिल साह, संजय कुमार साह एवं दिलीप साह सहित समाज के कई लोग मौजूद रहे। सेवा में शामिल लोगों ने बाबा बैद्यनाथ से सभी श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा एवं मंगलकामना की प्रार्थना की।
समाजसेवी ध्रुव प्रसाद साह ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सभी लोग मिलकर सेवा कार्य में सहभागी बनते हैं तो समाज और मजबूत होता है।
कांवरियों की सेवा करना सौभाग्य : यूथ वॉइस देवघर
- रात 10 से सुबह 3 बजे तक चला सेवा अभियान, पेयजल, लस्सी, माजा व नींबू चाय का वितरण
देवघर/नगर संवाददाता। श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों की सेवा एवं सहयोग के उद्देश्य से यूथ वॉइस देवघर की ओर से रविवार की रात विशेष रात्रि सेवा अभियान चलाया गया। रविवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 3 बजे तक कांवरिया रूट लाइन के विभिन्न स्थलों पर संगठन के सदस्यों ने पहुंचकर श्रद्धालुओं की सेवा की। इस दौरान कांवरियों के बीच शुद्ध पेयजल, लस्सी, माजा एवं नींबू चाय का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं की जरूरत को देखते हुए चिकित्सा से जुड़ी मूलभूत सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। देर रात तक कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर कांवरियों की सहायता की। यूथ वॉइस के सदस्य शुभम कुमार ने कहा कि संगठन की योजना के अनुसार लगातार श्रद्धालुओं के बीच सेवा एवं सहयोग का कार्य किया जा रहा है। रात्रि सेवा के साथ दिन में भी कांवरियों की सहायता का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा करना संगठन के सभी सदस्यों के लिए सौभाग्य एवं पुण्य का कार्य है। सदस्यों ने पूरी ईमानदारी एवं समर्पण के साथ सेवा कार्य करने का प्रयास किया। सेवा अभियान में शुभम कुमार, अनुज राय, सूरज चौधरी, राजीव रंजन राय, शिवम सिंह, अभिजीत सिंह, भास्कर कुमार राय, अभिषेक सिंह, सिंटू कुमार, पीयूष शर्मा, कृष्ण शाही, कुंदन कुमार, विशाल कुमार, बंटी कुमार, अमर कुमार, प्रीतम कुमार, प्रीतम भारद्वाज, अंकित राय, धीरेंद्र चौधरी एवं अंकित सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कांवरियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान : उपमहापौर
- अंतिम सोमवारी पर खजुरिया स्थित झामुमो सेवा शिविर में डिप्टी मेयर ने बांटे फल व शीतल जल
देवघर/नगर संवाददाता। पवित्र सावन माह की अंतिम एवं चौथी सोमवारी पर बाबा नगरी देवघर पहुंचे कांवरियों की सेवा में आम से लेकर खास तक लोग जुटे रहे। इसी क्रम में देवघर नगर निगम की डिप्टी मेयर टिप चटर्जी ने अपने पारिवारिक सदस्यों एवं पार्षद सहयोगियों के साथ खजुरिया स्थित झामुमो सेवा शिविर पहुंचकर कांवरियों की सेवा की। इस दौरान उन्होंने राह चलते कांवरियों के बीच फल एवं शीतल जल का वितरण किया। डिप्टी मेयर टिप चटर्जी ने कहा कि सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर कांवरिया करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं और मनोकामना लिंग पर जलार्पण करते हैं। ऐसी कठिन यात्रा में कांवरियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा करने के समान है।
डिप्टी मेयर ने कहा कि यह उनका पहला श्रावण मेला है। मेला समाप्त होने के बाद इस वर्ष की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। खजुरिया स्थित झामुमो सेवा शिविर में डिप्टी मेयर के साथ वार्ड पार्षद सोनी केसरी, मंजू कुमारी, चांदनी चौधरी, तुली चटर्जी, संगीता देवी, श्वेता देवी, अर्जुन रेड्डी, राखी देवी, रिंकी देवी एवं मनीष यादव सहित अन्य लोग कांवरियों की सेवा में जुटे रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं को फल एवं शीतल जल उपलब्ध कराया गया।
जिला कांग्रेस के सेवा शिविर में 5,850 कांवरियों की नि:शुल्क सेवा
देवघर/वरीय संवाददाता। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से लगाए गए नि:शुल्क सेवा शिविर में 24 अगस्त तक कुल 5,850 कांवरियों की सेवा की जा चुकी है। शिविर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कांवरिया बंधुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। सेवा कार्य श्रद्धा, समर्पण एवं सेवाभाव के साथ लगातार जारी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र दास ने कहा कि श्रावणी मेला में देश के विभिन्न हिस्सों से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आने वाले कांवरियों की सेवा करना संगठन के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के अंतिम दिन तक नि:शुल्क सेवा शिविर अनवरत जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने सेवा अभियान की सफलता में सहयोग करने वाले सभी कांग्रेसजनों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुधीर कुमार देव, जिला महासचिव सह कार्यालय एवं मीडिया प्रभारी गणेश दास, दीपक कुमार सिंह, जिला सचिव ओम प्रकाश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के शंकर जी कुशवाह, महेंद्र मंडल, ओबीसी जिला अध्यक्ष विकास कुमार रावत, संजीव कुमार यादव, ज्ञान सागर, पप्पू कुमार, सदाशिव राणा, अनिल कुमार दास, वशिष्ठ राणा, मनोज बाजपेयी सहित स्वास्थ्यकर्मी एवं दर्जनों कांग्रेसजन मौजूद थे।
अंतिम सोमवारी पर उपायुक्त ने किया मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण
- सुरक्षा और सुगम जलार्पण के दिए निर्देश
- अहले सुबह से ही रूटलाइन और विधि व्यवस्थाओं का लिया जायजा
देवघर/वरीय संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला, 2026 की चौथी और आखिरी सोमवारी के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रही। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुलभ और कतारबद्ध जलार्पण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से रात्रि से ही उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और रूटलाइन की वास्तविक स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न पॉइंटों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस के जवानों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देवघर आने वाले सभी कांवड़िया हमारे अतिथि हैं। सभी अधिकारी और जवान पूरी संवेदनशीलता और ‘सेवा भाव’ के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा श्रद्धालुओं को हरसंभव सहयोग प्रदान करें, ताकि किसी भी शिवभक्त को कोई असुविधा न हो। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने नंदन पहाड़, कालीबाड़ी, कुमुदिनी घोष रोड, बरमसिया, सरकार भवन, बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, जलसार मोड़, शिवराम झा चौक सहित बाबा मंदिर के आसपास के तमाम संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों का भ्रमण किया। साथ ही श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए मेला क्षेत्र में बनाए गए विभिन्न सेवा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सूचना केंद्र और मातृत्व विश्राम गृह पूरी तरह सक्रिय रहें ताकि बिछड़े लोगों और महिला श्रद्धालुओं को तुरंत राहत मिले। स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं और चिकित्सकों की उपलब्धता चौबीस घंटे सुनिश्चित रखने के साथ विद्युत केंद्र और पेयजलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आए, इसे लगातार मॉनिटर करने का निर्देश दिया। आगे मेला क्षेत्र के निरीक्षण के पश्चात उपायुक्त ने बाबा मंदिर प्रांगण में स्थित केंद्रीय कंट्रोल रूम का रुख किया। वहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र और रूटलाइन की निगरानी की। कंट्रोल रूम से ही उन्होंने मेला क्षेत्र में तैनात विभिन्न दंडाधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रसारित किए।इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, संबंधित अधिकारी, दंडाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी उपस्थित थे। ‘नि:शुल्क सेवालय’ सेवा शिविर में शिवभक्तों की हुई सेवा - चाय, शरबत, लस्सी, जूस व फल के साथ चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय तिवारी चौक रोड एवं जलसार पार्क के समीप संचालित ‘नि:शुल्क सेवालय’ सेवा शिविर में बोल बम कांवरियों की सेवा पूरे श्रद्धा एवं समर्पण के साथ की जा रही है। श्रावणी मेला के दौरान यह सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए सेवा एवं समर्पण की मिसाल बना हुआ है। शिवभक्त रंजन कुमार चौधरी के नेतृत्व में शुरू किए गए इस शिविर में कांवरियों के लिए गर्म चाय, शुद्ध पेयजल, शरबत, ठंडा, कोल्ड ड्रिंक, लस्सी, लीची जूस, माजा, नारियल पानी, नींबू पानी, हलवा, फलाहारी हलवा सहित केला, अनार एवं अमरूद आदि फल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा की समुचित व्यवस्था भी की गई है। शिविर में रंजन कुमार चौधरी, देब कुमार, चुन्ना सिंह, प्रभाष गुप्ता, सरिता चौधरी, उत्तम साह, लक्ष्मी देवी चंद्रवंशी, मनीष चौधरी, बृजेश सिंह, निशांत तिवारी, जितेंद्र सोनी, चुन्नू कुमार, जितेंद्र मालाकार, आशीष चौधरी, सत्येंद्र सिंह, कोमल साह, बबलू राय, मिलन सिंह, रवि शेखर, धर्मराज, अंकित कुमार, प्रकाश शर्मा, मनोज राय, विनय तिवारी, बबली बरनवाल सहित बड़ी संख्या में लोग सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। इस अवसर पर राष्ट्रवादी संगठन ‘सैल्यूट तिरंगा’ के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष एवं शिवभक्त रंजन कुमार चौधरी ने समाजसेवी प्रभाष गुप्ता एवं सरिता चौधरी को पुष्पमाला एवं बुके देकर सम्मानित किया।
श्रावणी मेला में दुकानदारों से रंगदारी वसूली के मामले में बाबा परिहस्त गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
- स्कूटी की डिक्की से 35,960 रुपये, डायरी और स्कूटी बरामद, एक आरोपी फरार
देवघर/संवाददाता। श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा मंदिर परिसर स्थित काउंटरों, शिवगंगा तट एवं आसपास के स्थायी-अस्थायी दुकानदारों से डराने-धमकाने के आरोप में कुण्डा पुलिस ने कुख्यात बाबा परिहस्त गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। पुलिस ने इनके पास से रंगदारी के रूप में वसूले गये 35,960 रुपये, एक डायरी और नीले रंग की होंडा डियो स्कूटी पंजीयन संख्या जेएच-15एके-9839) बरामद की है। वहीं गिरोह का एक सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कुण्डा थाना प्रभारी पुअनि प्रशांत कुमार के बयान पर मामले में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के अनुसार, 23 अगस्त को वे पुलिस बल के साथ श्रावणी मेला के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए थाना क्षेत्र में गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि बाबा परिहस्त गिरोह के सक्रिय सदस्य बाबा मंदिर परिसर स्थित काउंटरों, शिवगंगा तट एवं आसपास के स्थायी-अस्थायी दुकानदारों से डराकर अवैध रंगदारी वसूल रहे हैं। वसूली की रकम लेकर तीन अपराधकर्मी एक स्कूटी से कुण्डा थाना क्षेत्र के नौलखा मंदिर के पास बंटवारे के लिए आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस ने नौलखा मंदिर के मेन रोड के पास शहर की ओर से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की। उसी दौरान नीले रंग की स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार उसे घुमाकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दो युवकों को स्कूटी समेत पकड़ लिया जबकि एक युवक भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपी : पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव सरेवार खुशीदत्त द्वारी लेन शिवगंगा लेन, सत्यम मिश्रा बिलासी प्रोफेसर कॉलोनी, थाना नगर जिला देवघर के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान अनुभव खवाड़े लक्ष्मीपुर चौक के रूप में बतायी गयी है।
स्कूटी की डिक्की से मिले 35,960 रुपये : पूछताछ में दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने खुद को बाबा परिहस्त गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान उनके समूह के सदस्य बाबा मंदिर परिसर स्थित काउंटरों, शिवगंगा तट एवं आसपास के स्थायी-अस्थायी दुकानदारों से डराकर रंगदारी वसूलते हैं। कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की में रंगदारी से वसूली गयी रकम और डायरी होने की जानकारी दी। स्कूटी की डिक्की खोल कर जब जांच की गई तो उसमें रखा 500 रुपये के 37 नोट, 200 रुपये के 27 नोट, 100 रुपये के 105 नोट, 50 रुपये के 23 नोट, 20 रुपये के 11 नोट, 10 रुपये के 19 नोट तथा 20 रुपये के 38 सिक्के, कुल 35,960 रुपये, के साथ एक डायरी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार डायरी में दुकानदारों से रंगदारी के रूप में वसूली गयी रकम का उल्लेख है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अनुभव खवाड़े के साथ मिलकर बाबा परिहस्त गिरोह के लिए काम करते हैं। दोनों के अनुसार मंदिर परिसर एवं शिवगंगा के आसपास के दुकानदारों को भय दिखाकर नियमित रूप से रंगदारी वसूली जाती है। वसूली गयी रकम अनुभव खवाड़े के साथ मिलकर आदित्य चौबे उर्फ बिक्कू चौबे प्रोफेसर कॉलोनी के पास पहुंचाने की बात भी आरोपियों ने पुलिस को बतायी। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कहा कि इसी रकम से उनके बाबा ग्रुप का खर्च निकलता है। पुलिस ने बरामद 35,960 रुपये, डायरी एवं स्कूटी को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त कर लिया। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को रंगदारी वसूली एवं रंगदारी की रकम बरामद होने के आरोप में विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में केशव सरेवार और सत्यम मिश्रा ने बताया कि वे बाबा परिहस्त गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं तथा दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
इन पर दर्ज हुआ मामला : कुण्डा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के बयान पर केशव सरेवार, सत्यम मिश्रा, फरार अनुभव खवाड़े एवं आदित्य चौबे उर्फ बिक्कु चौबे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कि गई है।
छापेमारी टीम में थे शामिल : कार्रवाई में कुण्डा थाना प्रभारी पुअनि प्रशांत कुमार के साथ पुलिस बल एवं चौकीदार सच्चिदानंद मंडल, अनिल मंडलशामिल थे। दोनों चौकीदारों को बरामदगी के दौरान साक्षी बनाया गया।
धमनियां मोड़ के पास भीषण सड़क हादसा, 16 श्रद्धालु घायल
देवघर/संवाददाता। बिहार के जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर धमनियां मोड़ के समीप रविवार देर रात करीब ढाई बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बासुकीनाथ धाम से दर्शन-पूजन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 16 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें कई की स्थिति गंभीर बतायी गयी है। घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं को पहले चकाई सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सोमवार को घटना में गंभीर रूप से घायल अभिजीत कुमार, रवि मेहता और गोलू सिंह को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया गया कि सभी पीड़ित बिहार के औरंगाबाद जिले के अंबा, हसपुरा और दाउदनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी बाबा धाम एवं बासुकीनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने के बाद पिकअप से राजगीर घूमने जा रहे थे। यात्रा के दौरान पिकअप में अधिक लोगों के बैठने की जगह बनाने के लिए बांस-बल्ली के सहारे दो मंजिला ढांचा तैयार किया गया था। इसी ढांचे पर कई श्रद्धालु सो रहे थे।
सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी से बिगड़ा संतुलन : घायलों ने बताया कि माधोपुर पेट्रोल पंप से डीजल भराने के बाद पिकअप आगे बढ़ी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन की तेज रोशनी चालक की आंखों पर पड़ी। इससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और उसने गाड़ी को बायीं तरफ काट दिया। इसी दौरान पिकअप सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूटकर पिकअप पर गिर गया और वाहन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। पिकअप के ऊपर सो रहे श्रद्धालु नीचे गिरकर दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी। घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. सुशील कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया और गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर किया।
इन घायलों का चल रहा इलाज : हादसे में धर्मेंद्र मेहता, उदय मेहता, अभिजीत कुमार और शशि कुमार गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। वहीं चंचल मेहता, सरिता कुमारी, राजा कुमार, राहुल कुमार, चंदन कुमार, हीरा पासवान, रविरंजन कुमार, सत्या कुमारी, गुड़िया कुमारी, धनंजय पासवान और सरिता देवी का इलाज जारी है।