पाकुड़/संवाददाता। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की न्याय यात्रा आगामी 02 फरवरी को पाकुड़ में प्रवेश करेगी। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में यात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमर कस लिया। रविवार को राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम की मौजूदगी में जिला मुख्यालय के लडडू बाबू आम बागान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव तनवीर आलम ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को बताया कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा 2 फरवरी को पश्चिम बंगाल होते हुए पाकुड़ विधानसभा में प्रवेश करेगी। नसीपुर के पास उनका कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा को लेकर सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। मौके पर मौजूद मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि न्याय यात्रा का मुख्य उद्देश्य है देश के लोकतंत्र की रक्षा को लेकर जनता को जागृत करना। उन्होंने कहा कि सभी पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभी से ही तैयारी में जुट जाएं। वहीं बैठक में यात्रा के सफल संचालन को लेकर रणनीति तय की गई। वहीं पार्टी पदाधिकारी को अलग-अलग जवाबदेही सौंपी गई। बैठक में पार्टी के प्रदेश सचिव सेमिनुल इस्लाम, जिला अध्यक्ष कुमार सरकार, साहिबगंज जिला अध्यक्ष बरकत खान, जिला प्रवक्ता मुख्तार , यूथ कांग्रेस के तस्लीम आरिफ उर्फ बुलेट, एएस गांगुली, अमीर हमजा, पियारूल इस्लाम, बेलाल, देबू विश्वास, हाजीकुल आलम, रामविलास महतो समेत जिला भर के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
राजनीति में कथनी और करनी में होने लगा है फर्क : आलमगीर
पाकुड़/संवाददाता। आजकल कई राजनीतिक दल हैं जो जनता के समक्ष जो बातें रखते हैं उस पर वह कायम नहीं रह पाते। उपर्युक्त बातें बिहार में वर्तमान में उपजे राजनीतिक उथल-पुथल के बीच जिला मुख्यालय में रविवार को ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कही। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने कहा था कि वे मर जाएंगे लेकिन भाजपा में नहीं जाएंगे। वहीं भाजपा की ओर से भी यह कहा गया था कि नीतीश को कभी उनलोग गठबंधन में नहीं लेंगे। लेकिन राजनीति में कथनी और करनी में फर्क होने लगा है। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान राजनीतिक परिप्रेक्ष्य को देखते हुए राहुल गांधी ने न्याय यात्रा प्रारंभ की है। नीतीश कुमार के जाने के बाद इंडिया गठबंधन का भविष्य क्या होगा से संबंधित सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि समय का इंतजार कीजिए।
राहुल गांधी भारत के गरीब, मजदूर, बेरोजगार, महिला, दलित को न्याय दिलाने निकले हैं यात्रा पर : मीर
पाकुड़/संवाददाता। न्याय यात्रा के जिला आगमन को ले कर रूट चार्ट तय करने सर्किट हाउस पहुंचे कांग्रेस- झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा झारखंड में 02 फरवरी को पश्चिम बंगाल होते हुए दिन के ढ़ाई बजे पाकुड़ पहुंचेगी। कांग्रेस प्रभारी ने यात्रा कार्यक्रम की डिटेल जानकारी देते हुए कहा कि 14 जनवरी से राहुल जी की न्याय यात्रा शुरू की गई है। 67 दिनों की यात्रा मणिपुर से मुंबई तक मुंबई में पूरी होगी। झारखंड में उनकी आठ दिनों की यात्रा होगी जो 800 किलोमीटर की होगी। प्रत्येक दिन कम से कम 100 किलोमीटर उनकी यात्रा का कार्यक्रम है। अभी केवल पाकुड़ जिले का रूट तैयार किया गया है। कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि राहुल गांधी भारत के गरीब, मजदूर, बेरोजगार, महिला, दलित को न्याय दिलाने के लिए यात्रा पर निकले हैं। झारखंड में निश्चित रूप से उनकी न्याय यात्रा कामयाब और सफल होगी। राजनीतिक भावना से ऊपर उठ कर यह यात्रा है। मौके पर मंत्री आलमगीर आलम, कांग्रेस नेता बंधु तिर्की मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव तैयारी के मद्देनजर बूथ समिति होंगे सशक्त
पाकुड़/संवाददाता। लोकसभा चुनाव तैयारी के मद्देनजर शहर की सभी बूथ समिति को सशक्त बनाने के उद्देश्य को लेकर भाजपा नगर अध्यक्ष पंकज साहा की अध्यक्षता में बूथ संख्या 398 में बूथ समिति की बैठक हुई। मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सह राजमहल विधानसभा प्रभरी बाबुधन मुर्मू मौजूद थे। बैठक में भाजपा प्रदेश नेतृत्व के दिये गये दिशा-निर्देश से उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया गया। वहीं आने वाले चुनाव को देखते हुये अपना बूथ सबसे मजबूत के नारे के साथ सशक्त बनाने का आह्वान किया गया। वहीं बूथ समिति को सक्रिय करते हुये नये वोटर से संपर्क करने का निर्देश दिया गया। पीएम ने लाला लाजपत राय के जीवन पर भी प्रकाश डाला। वहीं मौके पर दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं जिले भर के कई शक्ति केन्द्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम के मन की बात कार्यक्रम को सुना।
एक दिवसीय जिला स्तरीय मल्टी स्टेक होल्डर कंसल्टेशन कार्यक्रम का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार के अध्यक्ष बाल कृष्ण तिवारी की अध्यक्षता में व्यवहार न्यायालय परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय मल्टी स्टेक होल्डर कंसल्टेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बाल कृष्ण तिवारी, अपर सत्र न्यायाधीश-द्वितीय चौधरी एहसान मोईज, एसपी प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ. मंटू कुमार टेकरीवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पॉक्सो एक्ट से संबंधित कई बिंदु पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय चौधरी एहसान मोईज ने एमएसीटी एक्ट पर प्रकाश डालते कहा कि सड़क दुर्घटना में समय पर कागजात कोर्ट में जमा होने से मृतकों के परिजनों को मुआवजा की राशि समय पर मिलती है। पुलिस पदाधिकारियों को संदेश देते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने आदेश में स्पष्ट कहा है कि सड़क दुर्घटना के मामले में किसी हालत में 48 घंटे के अंदर दुर्घटना सूचना ट्रिब्यूनल को भेज देनी है। दुष्कर्म पीड़ितों के अधिकार के बाबत भी कई अहम जानकारी दी गई। वहीं मौके पर कई कानूनी प्रक्रिया पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।
एक दिवसीय दिवा रात्रि वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
-विजेता, उपविजेता टीम को किया जाएगा पुरस्कृत
पाकुड़/संवाददाता। स्वामी विवेकानंद की स्मृति और जिला स्थापना दिवस को लेकर जिला वॉलीबॉल संघ की ओर से शहर के रेलवे मैदान में एक दिवसीय दिवा रात्रि वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू, निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष संपा साहा, भाजपा नेता अनुग्रहित प्रसाद साहा, नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार, पत्थर व्यावसायिक राजिबुल शेख समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और स्वामी विवेकानंद मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्वलित किया। इसके उपरांत जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी व खेल प्रेमी प्रवीण कुमार सिंह के निधन पर 02 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर विशेष रूप से सहायक यांत्रिक अभियंता अभिषेक रंजन, यातायात पर्यवेक्षक ज्योतिर्मयी साहा, स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेंब्रम, संघ सचिव हिसाबी राय, अनिकेत गोस्वामी, राणा शुक्ला, निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल कुलदीप यादव, कनीय अभियंता संदीप साह, ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन के अध्यक्ष अखिलेश कुमार चौबे, सचिव संजय कुमार ओझा, कनीय अभियंता रणधीर पासवान, ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस के अध्यक्ष राजनाथ वर्मा, राजमहल लोकसभा विस्तारक मनोज सिंह मौजूद थे। एसडीपीओ विमल ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन से निश्चित ही खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा होता है। मौके पर मौजूद संघ के अनिकेत गोस्वामी ने बताया कि जिला वॉलीबॉल संघ हर वर्ष स्वामी विवेकानंद जयंती पर प्रतियोगिता आयोजित करती है। प्रतियोगिता के समापन के बाद सभी विजेता, उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं मौके पर बड़ी संख्या में संघ के सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुन्ना रविदास, लाल्टु भौमिक, सचिन भैरव समेत अन्य ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सांसद और विधायक ने संयुक्त रूप से पांच सड़कों का किया शिलान्यास
-राज्य में बिछायी जा रही है सड़क का जाल : सांसद
महेशपुर/संवाददाता। राजमहल सांसद विजय हांसदा व महेशपुर विधानसभा विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने रविवार को प्रखंड के विभिन्न गांवों तक जोड़ने वाली पांच सड़कों का शिलान्यास किया। यह सड़क मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना अंतर्गत गायबाथन पंचायत के ग्राम-गोविंदपुर से नारगीटोला तक विशेष मरम्मत कार्य निर्माण सड़क की लम्बाई 12.40 किलोमीटर है। जिसकी प्राक्कलित राशि 510.357 लाख रुपये है। वहीं बरमसिया से बाथनडांगा तक सड़क का विशेष मरम्मत कार्य इस सड़क की लम्बाई 3.20 किलोमीटर है। जिसकी प्राक्कलित राशि 210.672 लाख रुपये है। तेलियापोखर पंचायत के नन्दनपाड़ा से बलियापतरा तक विशेष मरम्मत कार्य, सड़क की लबाई 2.90 किलोमीटर है। इस सड़क की प्राक्कलित राशि 87.349 लाख रुपये है। जिसके बाद धोबोरना से निरबांध तक विशेष मरम्मत कार्य इस सड़क की लम्बाई 3.10 किमी है। सड़क की प्राक्कलित राशि 139.663 लाख है। जिसके बाद बलियाडांगा से बरहाबाद तक विशेष मरम्मत कार्य पथ की लम्बाई 3.85 किलोमीटर है। जिसकी प्राक्कलित राशि 142.207 लाख है। पांचों सड़कों का विशेष मरम्मत कार्य कुल 10 करोड़, 90 लाख, 24 हजार 08 सौ रुपये है। वहीं सासंद विजय हांसदा ने कहा कि झारखंड में सड़क का जाल बिछायी जा रही है। क्षेत्र में 2024 तक कोई ऐसा गांव सड़क विहीन नहीं रहेगा। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से समय दर समय समस्या को लेकर मिलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे सभी बुनियादी सुविधा को दुरूस्त किया जा रहा है। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अनारुद्दीन मियां, जिप सदस्य सह झामुमो नेता समसून मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अलफ्रेंड हेम्ब्रम, जेम्स सुशील हेम्ब्रम, कालिदास सोरेन, प्रखंड सचिव माइकल मुर्मू समेत ग्रामीण विभाग के अभियंता धर्मदास एवं दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।