-कार्यक्रम में आलमगीर आलम और मंत्री बन्ना गुप्ता ने जिले वासियों को दी योजनाओं का स्वागत
जिले के महागामा प्रखंड में मंगलवार को विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आलमगीर आलम एवं मंत्री बन्ना गुप्ता ने जिले वासियों को विभिन्न योजनाओं की सौगात दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं का लाभ अवश्य लें। महागामा नगर पंचायत में अमृत 2.0 के तहत 83 करोड़ की लागत से शहरी जलापूर्ति योजना का शिलान्यास किया गया। नगर पंचायत क्षेत्र में शुद्ध जल जलापूर्ति योजना से प्राप्त होगा। इस योजना से लगभग 8200 घरों में जल पहुंचाना संभव हो सकेगा और 2025 तक यह जलापूर्ति योजना पूर्ण होगी। इस योजना में लोहाटी, खादरा घाट एवं महागामा में तीन पानी टंकी बनाया जाना है। हर घर में पहुंचेगा जल, तभी बनेगा स्वस्थ और खुशहाल झारखंड। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए चलाए जा रहे हैं। पहले क्षेत्र में जाते थे तो कोई विधवा को पेंशन नहीं था। कोई दिव्यांग का पेंशन नहीं था। कोई बुजुर्ग का पेंशन नहीं था। सरकार ने राज्य में सर्वजन पेंशन योजना लाकर सभी लोगों को पेंशन से आच्छादित किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार ने कोविड काल में जहां मानवता के रिश्ते कमजोर हुए थे, उस समय भी राज्य सरकार ने बसों, हवाई जहाज, ट्रेन से अपने लोगों को अपने राज्य लाने का कार्य किया था। पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उन्हीं के प्रयास से महागामा में 300 बेड का अस्पताल का शिलान्यास किया जा सका है। 83.01 करोड़ की लागत से महागामा में अमृत 2.0 के तहत महागामा शहरी जलापूर्ति योजना का शिलान्यास किया जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने जिले के महागामा प्रखंड मुख्यालय से 04 किलोमीटर की दूरी पर स्थित महुआरा, जिसके विकास में राज्य सरकार के साथ-साथ ईसीएल द्वारा भी सामाजिक दायित्वों का निर्वाह किया जाता रहा है। दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि मॉडल डिग्री कॉलेज महागामा का संथालपरगना में एक अलग ही पहचान होगा। कार्यक्रम के दौरान डीसी जिशान कमर ने जिला अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास एवं नियुक्ति पत्र से संबंधित जानकारी प्रदान की। बताया गया कि 64 अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 631.80 करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। मौके पर कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष बेबी देवी, एसपी नाथू सिंह मीणा, डीडीसी स्मिता टोप्पो, एसी प्रेमलता मुर्मू, एलआरडीसी जितेश जायसवाल, महागामा एसडीओ राजीव कुमार समेत जिले के तमाम पदाधिकारी गण एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।
ठेकेदार पर सड़क निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग करने का आरोप
-सड़क निर्माण के दौरान पानी का नहीं होता है छिड़काव
बोआरीजोर/संवाददाता। तैतरडीहा सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल का किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार तय मानक के तहत सड़क का निर्माण नहीं कर रहा है। मुनाफे के चक्कर में घटिया माल का उपयोग कर रहा है। जिससे सड़क समय से पहले उखड़ने लगेगी। घटिया निर्माण को लेकर लोगों में आक्रोश है। सड़क निर्माण के दौरान पानी का छिड़काव (तरी) नहीं किया जा रहा है। उच्च अधिकारियों द्वारा सड़क निर्माण की एक बार भी जांच नहीं की गई। जिसके कारण ठेकेदार अपनी मनमर्जी से सड़क का निर्माण कर रहा है। लंबे इंतजार के बाद सीसी रोड बनाने का काम शुरू किया गया। लेकिन निर्माण कार्य में गर्दी, घटिया बालू का उपयोग किया जा रहा है। अगर ऐसी सामग्री का उपयोग किया गया तो सड़क एक महीने भी नहीं चलेगी। उन्होंने बताया ठेकेदार को इस संबंध में अवगत कराया गया लेकिन उन्होंने गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने की बात कही है। ग्रामीणों ने मार्ग के निर्माण की जांच अफसरों से करने की मांग की है।
सालाना इजलास में हजरत मौलाना पीर इरफान मजाहिरी की जिन्दगी पर किताब की रस्म ए इजरा
बसंतराय। संवाददाता खानकाह इरफानिया जहाजकित्ता गोड्डा, झारखंड का तीसरा सालाना इजलासे आम खत्म हुआ। जिसमें साहब ए करामात बुजुर्ग कुतुबुल आफताब हजरत मौलाना पीर इरफान साहब मजाहिरी रहमतुल्लाही अलैह (चिश्ती कादरी नक्शबंदी सोहरवर्दी) के खुलफा और मुरीदीन के अलावा बड़ी तादाद में लोगों ने शिरकत की। इस इजलास में हजरत के दस खुलफा शरीक थे। उन सब ने हजरत के फर्जन्द, खलीफा व मोजाज मुफ्ती मोहम्मद सुफियान कासमी के सर पर दस्तार बांध कर हजरत के जानशीन होने का ऐलान किया। इसी तरह हजरत पीर साहब की जिंदगी पर प्रकाशित होने वाली 256 पेज की किताब “हयाते मौलाना मोहम्मद इरफान जहाजी” की रस्म ऐ इजरा अमल में आई। इसी के साथ जिक्र व अजकार वगैरा का तीन रोजा प्रोग्राम भी बहुत अच्छे तरीके से खत्म हुआ। इजलास में खास तौर से अपने देश की खुशहाली, तरक्की, भाईचारगी, और अम्न व सलामती के लिए दुआ की गई। इजलास के बाद बहुत से लोग मुफ्ती मोहम्मद सुफियान कासमी के हाथ पर बैअत हुए।
इजलास को खिताब करते हुए मुफ्ती मोहम्मद इलियास साहब कासमी दुमकावी ने कहा कि हमारी जिंदगी का मकसद सिर्फ और सिर्फ एक होना चाहिए और वह यह की अल्लाह हमसे राजी हो जाए। क्योंकि अगर अल्लाह राजी हो जाए तो हमारी दुनिया भी कामयाब और हमारी आखिरत भी कामयाब। और अगर अल्लाह हमसे राजी ना हो तो दुनिया व आखिरत दोनों बर्बाद है।
मौलाना मोहम्मद शफीक साहब कासमी कटिहारी ने कहा कि हमें कोशिश करनी चाहिए कि हम ज्यादा से ज्यादा अल्लाह का जिक्र करें। और हर वक्त अल्लाह के ध्यान में मशगूल रहें। इसके साथ ही उन्होंने कुतुबुल अकताब हजरत मौलाना मोहम्मद इरफान मजाहिरी की बहुत सी करामतों को तफसील से सुनाया और कहा कि हमारे पीर व मुर्शिद को अल्लाह ने बुलंद मकाम से नवाजा है। मौलाना मोहम्मद सलीमुद्दीन साहब कासमी बाघाकोल ने कहा कि मौलाना इरफान साहब मजाहिरी बहुत सी खूबियों के मालिक थे। मौलाना मोहम्मद रिफाकत साहब जामिया मुमताजुल उलूम गरभूडीह सिनपुर ने कहा कि हमारे पीर व मुर्शिद हजरत मौलाना मोहम्मद इरफान साहब मजाहिरी बड़े दर्जे के औलिया अल्लाह में से हैं। लेकिन अफसोस की बात यह है कि उनकी जैसी कदर करनी चाहिए हम लोग नहीं कर सके। मौलवी मोहम्मद शाहनवाज साहब सीनपूरी ने कहा कि आदमी की निजात के लिए इमान के बाद अमल बेहद जरूरी है। हजरत मौलाना पीर इरफान मजाहिरी के जान नशीन मुफ्ती मोहम्मद सुफियान कासमी ने कहा कि हमें अल्लाह से अपना ताल्लुक मजबूत करना चाहिए और सिर्फ ताल्लुक नहीं बल्कि अल्लाह का इश्क और अल्लाह की मोहब्बत दिल में समा जाए हमें इसके लिए मुजाहदा करना चाहिए अगर ऐसा हो जाता है तो इससे बढ़कर कोई और दौलत नहीं। याद रहे कि बाद नमाज मगरिब इजलास का आगाज कारी मोहम्मद जावेद साहब उस्ताद माहद इरफानिया खानकाह जहाजकित्ता की तिलावत से हुआ। मौलाना शमशाद खादिम दुमकावी और दानिश खुशहाल गोड्डावी ने बेहतरीन कलाम पेश किया। और निजामत के फराइज मौलाना मोहम्मद शाहिद रहमानी सिंगारपूरी ने अंजाम दिए। इसी तरह असर की नमाज से पहले और असर के बाद माहद इरफानिया खानकाह जहाजकित्ता के बच्चे और बच्चियों का बेहतरीन प्रोग्राम हुआ। यह इजलास मुफ्ती मोहम्मद सुफियान कासमी की दुआ पर खत्म हुआ। इस इजलास में इलाके के बहुत से उलमा ऐ केराम शरीक थे जिन में मौलाना नोमान साहब, मौलाना सरफराज साहब कासमी, मौलाना अतिफ साहब, मुफ्ती गुलाम सरवर साहब, मौलाना शमशेर साहब वगैरह शामिल हैं। इजलास के बाद हजरत मौलाना पीर इरफान साहब के जानशीन मुफ्ती मोहम्मद सुफियान कासमी के हाथ पर 15-20 लोग बैअत हुए। जिन में मौलाना जाफर साहब रजौन, मोहम्मद शाहमीर वगैरह शामिल हुए।
वेतन विसंगति को दूर करने के लिए मंत्री को सौंपा ज्ञापन
गोड्डा। संवाददाता छठे वेतनमान में हुए विसंगति को दूर करने की मांग गोड्डा के शिक्षकों की ओर से लगातार की जा रही है। सरकार की ओर से सकारात्मक रुख नहीं अपनाने की स्थिति में गोड्डा समेत पांच जिला के शिक्षक उच्च न्यायालय गए। उच्च न्यायालय ने दो महीने के अंदर वित्त विभाग और शिक्षा विभाग को शिक्षकों के अभ्यावेदन पर सकारात्मक पहल करने का निर्देश दिया। इसी संदर्भ में गोड्डा के शिक्षकों ने डॉ. योगेश्वर महतो के नेतृत्व में मंत्री आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता और विधायक दीपिका सिंह पांडेय को वेतन विसंगति दूर कराने के लिए ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर इमरान, मुर्शिद, गुड्डू , पंकज कुमार दास, रस्किन किस्कू, रांबिन सोरेन, बिनोद गुप्ता, दिनेश कुमार पंडित, राणा प्रताप रंजन, सीता कुमारी, रानी मरंडी, राजवंशी ब्रह्म आदि मौजूद थे। यह जानकारी संयोजक डॉ. मौसम कुमार ठाकुर ने दी।