पाकुड़/संवाददाता। एसपी प्रभात कुमार ने जिला के सभी पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी के साथ मासिक क्राइम मीटिंग की। फरवरी महीने में किये गए कार्यों की समीक्षा के उपरांत सभी थाना, ओपी प्रभारी, संबंधित शाखा प्रभारी को जनवरी 2024 में प्रतिवेदित निष्पादित सभी कांडों का विस्तृत समीक्षोपरांत लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करते हुए अंतिम प्रतिवेदन समर्पित करने, सभी डीएसपी, पुलिस इंस्पेक्टर प्रभाग को लंबित सभी पर्यवेक्षण प्रतिवेदन एक सप्ताह के अंदर समर्पित करने, अनुसंधान की अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। क्राइम मीटिंग में एसपी ने आगामी लोकसभा आमचुनाव के मद्देनजर मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन के उपरांत मूलभूत आवश्यकता बलों की प्रतिनियुक्ति एवं अन्य तैयारियों के संबंध में समीक्षोपरांत आवश्यक दिशा- निर्देश दिया। उन्होंने अंतर राज्य, अंतर जिला सीमा पर स्थापित चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच चलाने, अवैध शराब के निर्माण, बिक्री के विरूद्ध अभियान चला कर इस पर पूर्णत: रोक लगाने के निर्देश दिया।
युवा संवाद कार्यक्रम और विकसित भारत कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से जल शक्ति मंत्री ने किया संवाद
पाकुड़/संवाददाता। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यूपी के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत युवा संवाद कार्यक्रम और विकसित भारत कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से संवाद किये। मुख्य अतिथि मंत्री सिंह ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने लोकसभा चुनाव की तैयारी के बाबत कहा अबकी बार, 400 पार के नारे को साकार करना है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। सदर प्रखंड के झिकरहाटी-कुनाईटोला में विकसित भारत कार्यक्रम के तहत स्वतंत्रदेव सिंह ने ग्रामीणों से संवाद किया। आने वाले लोकसभा चुनाव में राजमहल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करनी की बात कही। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के लक्ष्य को लेकर देश विकास के पथ पर अग्रसर है। देश में योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समुदाय को हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जन धन योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत योजना, उजाला योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, स्वच्छ भारत मिशन इत्यादि का लाभ सभी को मिला है। केंद्र की भाजपा सरकार ने इसमें कोई भेदभाव नहीं किया है। मौके पर मौजूद भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय ने कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़ है। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना लक्ष्य है। विधानसभा के विस्तारक जय प्रकाश यादव ने कहा कि भाजपा देश के विकास के लिए तत्पर है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सादेकुल आलम ने कहा कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और अब विपक्ष आम जनता को सब्जबाग दिखाना शुरू किया है। मौके पर विशेष रूप से प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, पूर्व जिला अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
बालक-बालिका ट्रायल चयन प्रतियोगिता का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में जिला स्तरीय जूनियर, सब जूनियर एथलेटिक्स अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20, बालक- बालिका ट्रायल चयन प्रतियोगिता का आयोजन जिला स्तरीय स्टेडियम बैंक कॉलोनी में आगामी 12 मार्च को आयोजित किया जाएगा। उक्त जानकारी एथलेटिक्स संघ के सचिव रणवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से विद्यालय, महाविद्यालय, क्लब के खिलाड़ी भी भाग ले सकते हैं। सिलेक्शन ट्रायल प्रतियोगिता में 60मी, 600 मी, 100 मी, 200 मी, 400मी, 1500 मी, 3000 मी, 5000मी, हाई जंप, लॉन्ग जंप, जैवलिन थ्रो, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, रिले स्पर्धा का आयोजन होगा। बताया कि सिलेक्शन ट्रायल में जो भी खिलाड़ी भाग लेते हैं उन खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, अंक प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य है। प्रतियोगिता में जो भी खिलाड़ी जिले से चयनित होंगे। वह आगामी 20 से 22 मार्च, 2024 को जिला के मेगा स्पोर्ट्स, कंपलेक्स कुमैठा स्टेडियम में आयोजित होने वाली 17वीं झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
आदिवासी महारैली का हुआ आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शहर के लड्डू बाबू आम बागान के पास आदिवासी एकता मंच की ओर से आदिवासी महारैली का आयोजन किया गया। महारैली के तहत जिला मुख्यालय में विशाल जुलूस निकाला गया। मौके पर विशेष कर पूर्व एमएलए टी सोरेन, डॉ. सुशील मरांडी, मुखिया जंतु सोरेन, प्रो. निर्मल मुर्मू, रस्का हेंब्रम समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। महारैली के माध्यम से वक्ताओं ने आदिवासियों को बांटने की साजिश को विफल करने की बात कही। सीएनटी और एसपीटी एक्ट को बरकरार रखने और आदिवासी जमीन की सुरक्षा को लेकर एकजुटता पर बल दिया। वहीं समापन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
बिना अनुमति के मुख्य सड़क पर चल रहे हैं कोयला लदे डंपर
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। पाकुड़-लिट्टीपाड़ा मुख्य सड़क पर बिना अनुमति के कोयला लदे डंपर चल रहे हैं। जिससे आम जनता में भय और आक्रोश का माहौल है। कोयला अधिक ढोने के चक्कर में डंपर मालिक कोयला पाकुड़ के लोटामारा में अनलोडिंग कर हिरणपुर-लिट्टीपाड़ा मुख्य सड़क से होकर पचुवाड़ा कोयला लोडिंग तेज गति से की जा रही है। मुख्य सड़क होकर विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों के साथ सामान्य लोगों को हाट बाजार आने-जाने में भय बना रहता है। लिट्टीपाड़ा में चार प्राइवेट विद्यालय, एक मध्य विद्यालय व एक प्लस टू उच्च विद्यालय है। वहीं हिरणपुर में भी आधा दर्जन से ज्यादा प्राइवेट विद्यालय के साथ आठ सरकारी विद्यालय मुख्य सड़क के किनारे स्थित है। बच्चे साइकिल से मुख्य सड़क होकर विद्यालय पढ़ने जाते हैं। सामाजिक कार्यकर्ता साहेब हांसदा का कहना है कि कोयला डंपर चलाने के लिए कोयला कंपनी की अलग सड़क है। बीते दिनों लिट्टीपाड़ा के युवकों व सामाजिक कार्यकर्ता के साथ पूर्व जिप सदस्य शिवचरण मालतो ने डंपर नहीं चलाने देने को लेकर सड़क जाम किया था। जिला परिवहन पदाधिकारी पीएम कुजूर ने कहा कि कोयला डंपर हिरणपुर- लिट्टीपाड़ा मुख्य सड़क पर चलने की जानकारी उन्हें नहीं है।
1229 द्वितीय मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की दी गयी जानकारी
पाकुड़/संवाददाता। लोकसभा चुनाव-2024 के सफल संचालन को लेकर रविवार को प्रशिक्षण कोषांग के तत्वावधान में राज हाईस्कूल एवं धनुषपूजा विद्यालय में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर का आयोजन नोडल पदाधिकारी डॉ. कृष्णकांत कनवाड़िया की अध्यक्षता में हुई। प्रशिक्षण शिविर में 1229 द्वितीय मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्हें उनके अधिकार, कर्तव्यों व दायित्वों से अवगत कराया गया। मौके पर ईवीएम, वीवीपैट का प्रदर्शन किया गया। साथ ही मास्टर ट्रेनर की ओर से ईवीएम, वीवीपैट की संपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में मतदान के दौरान काम आने वाले विभिन्न प्रपत्रों के संधारण की जानकारी भी दी गई। इस दौरान ईवीएम व वीवीपेट मशीनों के रख रखाव व उपयोग के बारे में प्रायोगिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों से हेंड्स ऑन करवाया गया। प्रशिक्षण में सभी को उनके कर्तव्य, दायित्व बताएं। मतदान अधिकारी-द्वितीय अमिट स्याही, मतदान रजिस्टर एवं मतदाता पर्ची का भार साधक होगा।
डबल इंजन वाली सरकार में तीव्र गति से हुआ विकास : स्वतंत्र देव
पाकुड़/संवाददाता। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर रविवार को दो दिवसीय दौरे के क्रम में उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस पहुंचे। जहां उन्होंने प्रेस वार्ता किया। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार में देशवासी पूरी तरह से सुरक्षित है। 10 वर्षों के कार्यकाल को देखा जाए तो पूरे देश में एक भी आतंकी घटना नहीं घटी। लोग पूरी तरह से सुरक्षित रहे, पहले जहां श्रीनगर लाल चौक पर तिरंगा फहराना मुश्किल था वहीं आज आन, बान, शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए जश्न मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीब, किसान, आदिवासी, पिछड़ों के लिए कई योजनाओं की शुरूआत की और इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि जहां भी डबल इंजन की सरकार है, वहां विकास तीव्र गति से हुआ है। लेकिन वैसे प्रदेश जहां भाजपा की सरकार नहीं है, वहां की स्थिति यदि देखी जाए तो वहां अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। सरकारी योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच रही है। बिजली और पानी लोगों को उपलब्ध नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीति को बिजनेस नहीं मानती बल्कि राजनीति सेवा भावना के साथ करती है। वहीं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, नरेंद्र मोदी की तुलना हिटलर से करने के बाबत पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस सपा, बसपा की सरकार के कार्यकालों को देखेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव जनता लड़ रही है। जनता एक बार फिर केंद्र में भाजपा की सरकार बनायेगी। मौके पर भाजपा के प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय, उपाध्यक्ष हिसाबी राय, मीरा प्रवीण सिंह, विक्रम मिश्रा समेत अन्य मौजूद थे।
जवानों ने किया फ्लैग मार्च
पाकुड़/संवाददाता। आने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नगर थाना क्षेत्र में रूट चार्ट के निर्धारण को लेकर नगर थाना प्रभारी अजय आर्यन के नेतृत्व में एसएसबी के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। शहर के विभिन्न रूटों से फ्लैग मार्च गुजरी।
पत्रकार का निधन
पाकुड़/संवाददाता। पत्रकार काशीनाथ साह का निधन रविवार देर रात हो गया। उनके निधन की खबर सुनकर पत्रकारों में शोक देखा गया। प्रेस क्लब के सदस्यों ने उनके निधन पर शोक जताया। स्वर्गीय साह ने लंबे समय तक जिला में पत्रकारिता किया। कम संसाधन के बावजूद उस समय उन्होंने जन मुद्दे को प्रमुखता से उठाते थे। निधन को लेकर प्रेस क्लब की ओर से 11 मार्च को शोक सभा का भी आयोजन किया गया।
जल शक्ति मंत्री ने मोदी की गारंटी वाली बात लोगों को बताया
महेशपुर/संवाददाता। उत्तरप्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह वर्तमान सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जिला के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। महेशपुर प्रखंड के सिंगना गांव में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। लोकसभा प्रत्याशी ताला मरांडी, दुर्गा मरांडी, मिस्त्री सोरेन, सुपल मरांडी भी मुख्य रूप से उपस्थित थे। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अबकी बार फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने मोदी की गारंटी वाली बात एवं मिलने वाली सुविधाओं के बाबत विस्तार से लोगों को बताया। मौके पर करुणा मंडल, नसिंर्ग सोरेन, लोचन यादव, मानो मुर्मू, रुबिलाल हांसदा समेत कई लोग उपस्थित थे।
लूटकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन
अमड़ापाड़ा/संवाददाता। बीते दिनों थाना क्षेत्र में बंदूक दिखा कर लूट की घटना को अंजाम देने के मामले का पुलिस ने उद्भेदन किया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि बीते दिन अमड़ापाड़ा निवासी शकंर भगत के किराना दुकान से कट्टा दिखाकर 38 हजार रुपए की लूट हुई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते एक आरोपी लिट्टीपाड़ा क्षेत्र के जीतपुर के रहने वाले एमेली मरांडी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि एमेली मरांडी पूर्व में भी अपराधी घटना को अंजाम दे चुका है। एमेली मरांडी ने स्वीकार किया कि उनके साथी लेटबाड़ी निवासी सुरेश साह एवं तोड़ाई निवासी ठाकुर टुडू ने मिलकर घटना का अंजाम दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया बाकी अपराधी जल्द पुलिस के गिरफ्त में होंगे।