बरहरवा। संवाददाता। दुर्गा पूजा शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कोटालपोखर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता सीओ अनोज कुमार ने की। बैठक में कोटालपोखर थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, विकास, अजीत, उत्तम, सरोज झा सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
नयी जीएसटी दरों के लागू होने से आम आदमी को लाभ: प्रदीप
राजमहल। संवाददाता। देश में 22 सितंबर से प्रभावी नई जीएसटी 2.0 को भाजपा ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों हर वर्ग के लोगों के लिए फायदेमंद बताया है। सोमवार को निरीक्षण भवन में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सह जीएसटी जिला संयोजक प्रदीप अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने लोगों को उपहार दिया है। इससे आम आदमी की क्रय शक्ति बढ़ेगी। केंद्र सरकार के इस कदम से व्यापारियों और उपभोक्ताओं सहित पूरे देश के लोगों को लाभ मिलेगा। मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष अजय चौधरी, जिला कोषाध्यक्ष किशोर जैन, निवर्तमान वार्ड पार्षद राजू सरकार, बरहरवा मंडल अध्यक्ष संजीव गुप्ता, पतना मंडल अध्यक्ष कुणाल किशोर मंडल सहित अन्य उपस्थित थे।
बस और ट्रक की टक्कर में तीन की मौत
रामगढ़। एजेंसी। सदर थाना क्षेत्र के छतरमांडू में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। यात्रियों से भरी बस और कोयला लदे ट्रक के बीच हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में लगभग से 24 अधिक यात्री घायल हो गए हैं। छह यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में ट्रक चालक बेंगावरी केरेडारी हजारीबाग निवासी मनीष कुमार और जेनामोड़ बोकारो निवासी महिला विलासो देवी शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल से रिम्स रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार धनबाद से रामगढ़ की ओर आ रही श्री गोकुल नामक बस संख्या (जेएच 10 बीएम 8219 )के चालक ने ओवरटेक करने के चक्कर में विपरीत दिशा से आ रहे कोयला लदे ट्रक संख्या (जेएच 13 सी 0232) से टकरा गई। इस हादसे में ट्रक चालक और एक महिला यात्री की मौत मौके पर ही हो गई। घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने गंभीर रूप से छह घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया। वहीं, दर्जनों यात्रियों का सदर अस्पताल में इलाज किया गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क दुर्घटना में जो बस क्षतिग्रस्त हुई उस पर एक अधिवक्ता भी सवार थे। रामगढ़ बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता गोला निवासी अरविंद कुमार पाठक भी रामगढ़ के लिए बस में बैठे थे। उन्हें क्या पता कि उनकी यह यात्रा उनकेे लिए आखिरी होगी। इलाज के दौरान रिम्स में उन्होंने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल में इनका हुआ इलाज दुर्घटना में बस सवार घायलों में बिजेंद्र रजवार और कान्हू कुमार (चास बोकारो), सूरज रजवार (बालीडीह, बोकारो), मधु रानी (बोकारो स्टील सिटी), सरिता कुमारी और डब्लू महतो (कतरास, धनबाद), सुरखी पांडेय एवं मंटू कुमार (पेटरवार), सगुफ़्ता उर्फ पम्मी (इंद्राजारा चरही), शिबू साव और पानो देवी (जैनामोड़ बोकारो), बसंती देवी (रांगामाटी, चास) के अलावा बोकारो निवासी एक ही परिवार के पांच बच्चे सहित आठ के अलावा अन्य के नाम शामिल हैं।
रांची नगर निगम ने चलाया स्वच्छता अभियान
रांची। एजेंसी। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत विगत 17 सितंबर से आगामी दो अक्टूबर तक संचालित स्वच्छता ही सेवा अभियान के अवसर पर सोमवार को रांची नगर निगम की ओर से राजधानी में स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का कार्य सोमवार को किया गया। इस अवसर पर रांची नगर निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और स्ट्रीट वेंडर्स के बीच जागरूकता अभियान चलाया और लोगों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं प्लास्टिक कैरी बैग जैसे हानिकारक सामग्रियों का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। नगर निगम ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करें।
करंट की चपेट में आने से दो भाइयों की मौत
लातेहार। एजेंसी। जिले के बारियातु थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरमरी ग्राम में सोमवार देर शाम बिजली करंट की चपेट में आने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रकाश उरांव (24) और विनय उरांव के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे।दोनों बजरमरी,बारियातु के निवासी थे। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार विनय अपने घर की छत के ऊपर बिजली तार में लगे बोदी को तोड़ रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गया। वहीं उसे करंट लगता देख उसका चचेरा भाई प्रकाश दौड़कर उसे बचाने गया और वह भी करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने के कारण दोनों युवक अचेत होकर गिर गए। इधर, घटना के बाद परिजनों नेे दोनों युवकों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए लाया गया। जहां डॉक्टर अशोक कुमार ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद बरियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि दोनों युवकों की मौत करंट की चपेट में आने से हुई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
नवरात्रि के पहले दिन विभिन्न दुर्गा मंदिरों से निकली कलश शोभा यात्रा
पथरगामा। संवाददाता। शारदीय नवरात्र को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांव में माहौल काफी भक्तियुक्त है। दुर्गा सप्तशती के पाठ जगह-जगह गूंज रहे हैं। दुर्गा पूजा के पहले दिन प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांव के पूजा पंडाल में कलश स्थापना किया गया। इस पावन मौके पर भव्य कलश शोभा यात्रा भी निकल गई। श्री श्री 108 वैष्णवी दुर्गा मंदिर रजौन मोड़, बिसाहा में दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर उरकुसिया नदी से 3551 कन्याओं द्वारा सोमवार को कलश शोभा यात्रा निकाली गई। कलश शोभा यात्रा की अगवाई पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव की पत्नी कल्पना देवी, बिसाहा पंचायत की मुखिया अनीता देवी, राजद जिलाध्यक्ष सुरेश प्रसाद यादव, सामाजिक कार्यकर्ता रजनीश कुमार, बमबम बगवे, कमेटी के अध्यक्ष नकुल राय, सचिव महेंद्र चौधरी, गणेश मंडल, कैलाश यादव, बिपिन यादव, बीरबल मंडल, नंदलाल पासवान आदि ने की। शोभा यात्रा में श्रद्धालु जय माता दी के जयघोष करते चल रहे थे। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, शरबत एवं फल की व्यवस्था की थी। प्रधान कलश की पूजा पंडित मृत्युंजय पाठक ने किया। यजमान के रूप में गोपाल मरीक एवं उनकी पत्नी रीना देवी थीं। उधर श्री श्री 108 वैष्णवी दुर्गा मंदिर, हिलावे में दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर 551 कन्याओं द्वारा चनाईचक स्थित उरकुसिया नदी से कलश शोभा यात्रा निकाली गई। कलश शोभा यात्रा की अगवाई पूजा कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मांझी, सचिव कृष्ण कुमार टिंकू एवं हिलावे पंचायत के मुखिया गौतम कुमार गुप्ता ने की। प्रधान कलश की पूजा पंडित दिवाकर तिवारी के द्वारा कराई गई। वहीं यजमान के रूप में रमेश मंडल सपत्नीक थे। भ्रमण के दौरान कलश कन्याओं के द्वारा जय माता की जयघोष से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया था। जगह जगह श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, शरबत आदि की व्यवस्था थी। इस मौके पर पथरगामा थाना के अवर निरीक्षक विनय कुमार सिंह दलबल के साथ कलश शोभा यात्रा के साथ चल रहे थे। मौके पर रवि मंडल, नरेंद्र मंडल, अनूप मंडल, नरेश मंडल, दिवाकर मंडल के अलावे सभी ग्रामवासी मौजूद थे। इधर श्री श्री 108 वैष्णवी दुर्गा मंदिर, लौगांय में दुर्गा पूजा के अवसर पर बड़का पोखर लौगांय से 151 कन्याओं के द्वारा कलश शोभा यात्रा निकाली गई, जिसकी अगवाई रानीपुर पंचायत की मुखिया जयरानी देवी ने की। पंडित यशवंत वाजपेयी के द्वारा प्रधान कलश की पूजा करने के बाद कलश कन्याएं अपने-अपने कलश में जल भरकर ग्राम भ्रमण के लिए निकलीं।
दुर्गा पूजा को लेकर महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई अभियान जोर-शोर से जारी
महागामा। संवाददाता। दुर्गा पूजा को लेकर महागामा नगर पंचायत ने तैयारी तेज कर दी है। कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल के निर्देश पर पर्यवेक्षक मोहम्मद फिरोज अंसारी की निगरानी में पूरी टीम सफाई अभियान में जुट गई है।नगर क्षेत्र के प्राचीन दुर्गा मंदिर परिसर, सार्वजनिक स्थल और विसर्जन पोखर की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। पर्यवेक्षक मोहम्मद फिरोज अंसारी ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी के आदेश के आलोक में सफाई कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।उन्होंने आगे कहा कि नगर पंचायत की ओर से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, फॉगिंग व अन्य स्वच्छता संबंधी कार्य भी किए जाएंगे।
सनौर में दुर्गा पूजा को ले निकली भव्य कलश शोभायात्रा
बसंतराय। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र स्थित सनौर प्राचीन दुर्गा मंदिर परिसर से सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में 201 कन्याओं ने सिर पर पवित्र कलश रखकर गांव-गांव भ्रमण किया। पूरे मार्ग में भक्तों ने जयकारों के साथ कलश यात्रा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़े, भक्ति गीत और शंखध्वनि से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा। कलश यात्रा के पश्चात मंदिर परिसर में विधिवत पूजन-अर्चना के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने कलश स्थापना की गई। इसके साथ ही शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो गई। पूजा के उद्घाटन अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं और पुरुषों ने माता रानी से सुख-समृद्धि, शांति और परिवार के मंगल की कामना की। पूजा समिति के अध्यक्ष साजन कुमार मिश्रा ने बताया कि नवरात्र के पावन अवसर पर नौ दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, संध्या आरती और प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। दुर्गा सप्तशती के पाठ के साथ-साथ प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर में हाजिरी लगाएंगे।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सनौर दुर्गा मंदिर की यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर साल बड़े हर्षोल्लास के साथ कलश शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है। इस बार 201 कन्याओं द्वारा कलश स्थापना किए जाने से आयोजन का महत्व और भी बढ़ गया है। भक्तों में उत्साह इस कदर था कि सुबह से ही मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल रहा। आसपास के गांवों से भी लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंचे।
तीन बाइक चोर धराया, चोरी की तीन बाइक बरामद
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता। रविवार को नगर थाना की पुलिस ने तीन बाइक चोर को पकड़ने में कामयाबी पायी। बाइक चोरों की निशानदेही पर चोरी हुआ तीन बाइक भी बरामद किया गया। एक बाइक साहिबगंज जिला में चोरी की गई थी। पुलिस के द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार लगातार एंटी क्राईम वाहन चेकिंग किया जा रहा है। रविवार को अपराह्न 2.35 बजे दिवा गश्ती के क्रम में नहर चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान नहर चौक की ओर से आ रहे एक मैरुन रंग का स्कूटी पुलिस पार्टी को देखकर भागने लगा। पुलिस बल द्वारा उक्त स्कूटी को पीछा कर पकड़ लिया गया। पकड़ाये व्यक्ति ने अपना नाम राकेश कुमार (22), पिता संतलाल साह, साकिन सिमड्डा (लालपुर) थाना गोड्डा (मु) बताया। गहराई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि बरामद स्कूटी गोड्डा रिलायंस मॉल के पास से बीते रात्रि चोरी किया है। इस संदर्भ में गोड्डा नगर थाना कांड संख्या-189/2025, दिनांक 21.09.2025, धारा 303(2),317(5) बीएनएस के तहत कांड अंकित किया गया है। रविवार को ही संध्या गश्ती के क्रम में समय रात्रि करीब 9 बजे वरीय पदाधिकारी के आदेशानुसार जिला मुख्यालय के हटिया चौक के पास एंटी क्राईम वाहन चेकिंग अभियान के क्रम में ग्राम कन्हवारा की ओर से एक मोटर साइकिल हीरो स्पेलण्डर प्लस में बैठे दो व्यक्ति आते दिखाई दिया। जिसे रोकने का इशारा किया गया। पुलिस बल को देखकर चालक सीट पर बैठे व्यक्ति के द्वारा तेजी से उक्त मोटर साइकिल को मोड़ कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल के सहयोग से भागते हुए बिना नम्बर प्लेट का मोटरसाइकिल एवं उस पर बैठे दोनों व्यक्ति को पकड़ा गया। चालक सीट पर बैठे व्यक्ति का नाम पता पूछने पर रंजन मंडल (24), पिता बनारसी मंडल, ग्राम कसबा गोड्डा, घाट पहाड़पुर, थाना गोड्डा (मु) बताया। बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम संतोष सिंह (28), पिता स्व ऋषिदेव सिंह, पता कसबा गोड्डा, बजरंगबली मंदिर के पास, थाना गोड्डा (मु) बताया। दोनों से कड़ाई से पूछताछ करने पर संतोष सिंह के घर से बिना नम्बर प्लेट का एक होण्डा सीडी 110 ड्रीम डिलक्स मोटर साइकिल काला बलू रंग का बरामद किया। रंजन मंडल द्वारा अपने स्वीकारोक्ति बयान में उक्त मोटरसाइकिल चोरी की बात बताई, जिसे बेचने के लिए अपने जीजा सुभाष मंडल, पिता स्व कार्तिक मंडल, ग्राम कल्याणचक, थाना तीनपहाड़, जिला साहेबगंज के पास से लाये जाने की बात बताये। कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
आपराधिक इतिहास
प्राथमिकी अभियुक्त रंजन मंडल के विरुद्ध रामगढ़ (दुमका) थाना कांड संख्या 61/2023, दिनांक 27.07.23, धारा 147, 148, 149, 353, 333, 307, 379, 342, 323, 325, 504, 506 भादवि दर्ज है।
कौन-कौन थे छापामारी दल में शामिल
छापामारी टीम में पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली, नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रोहित कुमार यादव, भोलानाथ दास, बिपिन कुमार यादव, शशिकांत, सहायक अवर निरीक्षक बासुदेव उरांव एवं उषा कुमारी शामिल थीं।
‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ शिविर में शामिल महिलाओं को कराया गया योग का अभ्यास
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता।राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान 2025 के तहत सोमवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में योग के बारे में शिविर में शामिल महिलाओं जागरूक किया गया। योग शिक्षक लीली कुमारी के द्वारा योग का अभ्यास कराया गया। योग शिक्षक लीली कुमारी ने बताया कि तनाव को दूर करने और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग बेहद जरूरी है। बढ़ती व्यस्तता के बीच हमारी जिंदगी में तनाव बढ़ता जा रहा है, जो हमारे ब्रेन और बॉडी दोनों पर नकारात्मक असर डाल रहा है। योग शरीर को लचीला बनाता है। साथ ही मांसपेशियों में ताकत और शरीर की वसा कम करके मांसपेशियों को आकार देने में भी मदद करता है। शरीर और मन दोनों को सेहतमंद बनाए रखने के लिए नियमित रूप से दिनचर्या में योगासनों को शामिल करके लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा, योग का अभ्यास शरीर, श्वांस और मन को जोड़ता है। साथ ही योग से शरीर, विचार हमेशा स्वस्थ सकारात्मक रहते हैं। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाए जाने का सभी से आग्रह किया। इस मौके पर निवर्तमान वार्ड पार्षद सोनी देवी, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर, यूसीएफ प्रहाद कुमार, बेबी कुमारी, एएनएम अराधना कुमारी, रीना कुमारी, जूली कुमारी आदि उपस्थित थीं।
भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक
साहिबगंज। संवाददाता। भाजपा के नगर अध्यक्ष संजय पटेल की अध्यक्षता में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत पूर्व विधायक अनंत ओझा के कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में पूर्व विधायक अनंत ओझा मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान सांसद खेल महोत्सव के तहत साइक्लोथम कार्यक्रम की तैयारी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मानने को लेकर चर्चा की गई। मौके पर गौतम यादव, रामानंद साह, धर्मेंद्र कुमार, जयप्रकाश सिन्हा, चांदनी देवी, सिंधु पांडे, संतोष चौधरी, दिनेश पांडे, प्रमोद झा, आदित्य राज ठाकुर, जयकांत वर्मा, रतन चंद्र दास व अन्य थे।
दुर्गा पूजा को ले पूजा कमेटी की बैठक
राजमहल। संवाददाता। दुर्गा पूजा का आयोजन शौहार्दपूर्ण एंव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सीओ सह प्रभारी बीडीओ मो यूसुफ की अध्यक्षता में पूजा कमेटी के सदस्यों के साथ थाना परिसर में सोमवार को बैठक हुई। थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने पूजा समिति के सदस्यों से गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। मौके पर पंकज घोष, तुषार चक्रवर्ती, मधुसूदन राय, सुखवा उरांव, किशन बर्मन व अन्य थे।
गोड्डा कला के क्षेत्र में जीवंत: एसडीओ
गोड्डा। संवाददाता। गुरुकुल डांस एकेडमी एवं गोड्डा प्राइड के संयुक्त तत्वावधान में नवरात्रा के अवसर पर 29 सितंबर को सप्तमी की शाम स्थानीय गांधी मैदान में भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया जा रहा है। उक्त आयोजन को लेकर रविवार शाम स्थानीय शीतला नगर स्थित मां भवानी विवाह भवन परिसर में आयोजित पांच दिवसीय वर्कशॉप का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, अतिविशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो तथा बतौर विशिष्ट अतिथि जिला कला-संस्कृति संयोजक सुरजीत झा एवं रेनबो म्यूजिकल ग्रुप के सचिव मनीष कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पूर्व नगर उपाध्यक्षा वेणु चौबे, जीसस एंड मेरी इंग्लिश कॉन्वेंट स्कूल के निदेशक अतुल्य भास्कर, सेंट मेही पब्लिक स्कूल के निदेशक प्रवीण महतो गुरुकुल की निदेशिका आरती सिंह, गोड्डा प्राइड के निदेशक सुमन पंडित, पी एंड डी डांस एकेडमी के निदेशक प्रेमचंद महतो, नटराज डांस एकेडमी की निदेशिका मोनालिसा कुमारी, विकास कुमार, प्रेम कुमार राजा साह सहित बड़ी संख्या में डांडिया के प्रतिभागी एवं उनके अभिवावक उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन विवाह भवन के प्रोपराइटर राजेश कुमार साह ने किया।
कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र का शुभारंभ
पंच टीम। साहिबगंज। कलश स्थापना के साथ गुरुवार से जिला भर में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो गया। प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की गई। इसके पूर्व जिला भर में कन्याओं ने कलश शोभा यात्रा निकाली। पुरोहित के कलश स्थापना के पश्चात पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना का शुभारंभ हुआ। इधर मंगलहाट स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की कलश यात्रा का विधायक मो ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने फीता काटकर व नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। पूजा समिति के सुभाष चंद्र दास, राजेश मंडल, विकास यादव, दुर्गा मंडल, श्रवण मंडल सहित अन्य ने विधायक को अंग वस्त्र एवं चुनरी भेंट कर स्वागत किया। मौके पर झामुमो युवा मोर्चा जिला सचिव सह विधायक प्रतिनिधि मो मारूफ उर्फ गुड्डू, सीओ मो युसूफ व थाना प्रभारी हसनैन अंसारी व अन्य थे।
नौ दिवसीय श्रीराम कथा को लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी
मंडरो/संवाददाता। मंडरो एवं सदर प्रखंड के मिर्जाचौकी एवं हाजीपुर फौजदारी दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा की प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा सोमवार को आचार्य पंडितों द्वारा सभी देवी देवताओं को आवाह्न कर विधिवत मां दुर्गा पाठ कर प्रारंभ किया गया। वहीं हाजीपुर दुर्गा मंदिर परिसर में पूजा समिति द्वारा नौ दिवसीय श्रीराम कथा को लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई जिसे नगर भ्रमण कराया गया। 551 कन्याओं द्वारा कलश माथे पर लेकर हाजीपुर, राजगांव, फौजदारी, शाहाबाद का भ्रमण किया। इस संबंध में पूजा समिति अध्यक्ष बंटी यादव ने बताया कि वृन्दावन से आई साध्वी कृष्ण प्रिया द्वारा रामायण पर आधारित श्री राम कथा पर प्रवचन दो बजे से संध्या आठ बजे तक श्रवण कराया गया जिसे नौ दिवसीय किया जाएगा। इस कथा को श्रवण करने के लिए क्षेत्र के श्रद्धालुओं की प्रबल इच्छा थी। मौके पर सचिव चंदशेखर यादव, कोषाध्यक्ष दीपक यादव, पूर्व अध्यक्ष सिकन्दर वर्णवाल सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं सैकड़ों बालिकाएं व महिलाएं इस शोभायात्रा में शामिल हुए।
सीएस ने गांव का किया दौरा
बोरियो। संवाददाता। सीएस डॉ रामदेव पासवान ने सोमवार को कालाज़ार प्रभावित गाँव बोरियो संथाली में आईआरएस द्वितीय चक्र कीटनाशी छिड़काव कार्य का निरीक्षण की। इस दौरान उन्होंने सभी कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण छिड़काव का निर्देश दिया। मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विनोद कुमार, एफएलए मो मुशाहिद अख्तर, एमटीएस मनोहर पंडित, सहिया सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे। इधर सीएस ने सदर अस्पताल का भी निरीक्षण कर चिकित्सकों व कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिया।