- इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन
देवघर/नगर संवाददाता। एएस कॉलेज, देवघर में बुधवार को बीसीए, बीबीए एवं यूजी सेमेस्टर-01 (सत्र 2026-30) के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, अध्ययन पद्धति एवं भविष्य की करियर संभावनाओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. डॉ. त्रिपुरारी प्रसाद सिंह ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता प्राप्त करने से पहले एक अच्छा इंसान बनना आवश्यक है। अनुशासन, ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और निरंतर परिश्रम को जीवन का आधार बनाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। बीसीए एवं बीबीए के समन्वयक प्रो. अनिल कुमार ने पाठ्यक्रमों की संरचना, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा व्यक्तित्व एवं कौशल विकास के अवसरों की जानकारी दी। प्रो. प्रसेनजीत मित्रा मुस्ताफी ने बीबीए के रोजगार एवं करियर अवसरों पर प्रकाश डाला, जबकि प्रो. सुदीप सुमन मित्रा ने बीसीए के पूर्व छात्रों की उपलब्धियों और आईटी क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। डॉ. किरण पाठक ने समय की पाबंदी, नियमित उपस्थिति और अनुशासित छात्र जीवन के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में आयोजित संवाद सत्र में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. भारती प्रसाद ने किया तथा सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मतदाता सूची में नाम व विवरण की जांच करें नागरिक : मेयर
- विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत त्रुटि होने पर प्रपत्र-8 से करा सकते हैं संशोधन
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम के महापौर रवि कुमार राउत ने नगरवासियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में अपने तथा परिवार के सभी सदस्यों के नाम और विवरण की समय रहते जांच करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नगर निगम क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम एवं विवरण सही होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए अत्यंत आवश्यक है।
महापौर ने युवाओं, महिलाओं और परिवार के मुखियाओं से आग्रह किया कि वे मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो तथा अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि, वर्तनी संबंधी गलती या अन्य विसंगति हो तो संबंधित मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर प्रपत्र-8 के माध्यम से आवश्यक संशोधन कराएं।
उन्होंने कहा कि समय रहते त्रुटियों का सुधार कराने से मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। महापौर ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार होने के साथ-साथ लोकतंत्र के प्रति उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। इसलिए सभी नागरिक प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी करें और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। साथ ही उन्होंने इस महत्वपूर्ण जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की भी अपील की।
युवती के अपहरण का आरोप, मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। देवीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाली एक महिला ने अपनी 18 वर्षीय पुत्री के कथित अपहरण का आरोप लगाते हुए देवीपुर थाना में लिखित आवेदन दिया है। मामले के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता की मां ने मामले में कहा है है कि 22 जून 2026 की शाम करीब छह बजे उनकी पुत्री करिश्मा कुमारी शौच के लिए घर से नदी की ओर गई थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान गांव में गाय चराने वाले एक व्यक्ति ने सूचना दी कि तीन-चार लोगों से सवार एक चारपहिया वाहन में युवती को ले जाया गया। मामले में दावा किया गया है कि वाहन में मौजूद लोगों में से एक की पहचान देवीपुर थाना क्षेत्र के अमैयासार गांव निवासी रोहित मंडल के रूप में हुई। दर्ज मामले के अनुसार, परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों एवं अन्य संभावित स्थानों पर युवती की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद 3 अगस्त को देवीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। महिला ने मामले में रोहित मंडल पर पुत्री के अपहरण का आरोप लगाते हुए उसके पिता, चाचा, मां, मामा तथा दो-तीन अन्य लोगों पर भी अपहरण की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि युवती की जल्द बरामदगी नहीं हुई तो उसके साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है। मामले में पुलिस से आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी पुत्री की सकुशल बरामदगी की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि आवेदन में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं, जिनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, रिम्स रेफर
देवघर/संवाददाता। देवीपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में राजपुरा गांव निवासी हदिस मियां ने देवीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर बस चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले के अनुसार, 2 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे उनके पुत्र नौशाद अंसारी (30) अपनी बाइक (रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 15एफ 2077) से देवघर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान संत जोसफ स्कूल खिरवातरी देवीपुर के पास विपरीत दिशा से तेज गति एवं कथित लापरवाही से आ रही एक बस (रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 10 एडी 6403 ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नौशाद अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एम्स, देवघर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल के पिता हदिस मियां ने थाना में दर्ज मामले में बस चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए मामले में शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक विद्यालय का शिक्षक लापता, मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उनकी पत्नी ने रिखिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर पति की खोजबीन कराने की मांग की है। मामले के अनुसार, वर्तमान में तारनीडीह वार्ड संख्या-26 स्थित सीता वाटिका के समीप किराये के मकान में रहने वाली बीना कुमारी ने बताया है कि उनके पति दरोगा कुमार शर्मा जो दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय जरमुंडी में शिक्षक हैं 21 जून 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल से घर लौटे थे। इसके बाद करीब 2 बजे उन्होंने गांव जाने की बात कही। दर्ज मामले के अनुसार उसी दिन शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच पत्नी की उनसे मोबाइल पर बातचीत हुई। उस दौरान उन्होंने बताया कि वे अपने पैतृक गांव संग्रामपुर पहुंच गए हैं। इसके अगले दिन से उनका मोबाइल बंद आने लगा और तब से उनका कोई संपर्क नहीं हो सका। मामले में यह भी उल्लेख किया गया है कि परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। पत्नी ने यह भी बताया है कि उनके पति पहले भी बिना किसी को बताए कहीं चले जाते थे और बाद में लौट आते थे। उन्होंने आवेदन में आशंका जताई है कि इस बार भी वे बिना सूचना दिए कहीं चले गए हैं। पीड़िता ने रिखिया थाना पुलिस से अपने पति की तलाश कराने की गुहार लगाई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच एवं खोजबीन शुरू कर दी है।
शिवगंगा तट पर कांवरिया का बैग चोरी
- मोबाइल, एटीएम कार्ड और नकदी ले उड़े चोर
देवघर/संवाददाता। श्रावणी मेले के दौरान चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला शिवगंगा तट का है, जहां उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजानवा थाना क्षेत्र निवासी कांवरिया श्रद्धालु राहुल यादव चोरी का शिकार हो गए। बताया गया कि राहुल यादव शिवगंगा तट पर अपना बैग रखकर स्नान करने चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर उनके बैग पर हाथ साफ कर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, बैग में रखा मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड तथा 2,500 रुपये नकद चोरी हो गए। स्नान कर लौटने पर बैग और उसमें रखे सामान गायब मिले, जिसके बाद उन्होंने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना की जानकारी संबंधित पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। श्रावणी मेले में बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के बीच लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस श्रद्धालुओं से अपने सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील कर रही है।
ड्यूटी के बाद बिगड़ी महिला गृह रक्षक की तबीयत, भर्ती
देवघर/संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बाबा धाम ड्यूटी पर तैनात बोकारो जिला गृह रक्षक वाहिनी की सदस्य राधा कुमारी की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर उनके सहकर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए भर्ती कर लिया। सहकर्मियों ने बताया कि राधा कुमारी की ड्यूटी पुलिस लाइन में लगी थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने आवासन पहुंचीं, जहां अचानक गिरकर बेहोश हो गईं। इसके बाद साथी कर्मियों ने तत्काल उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि राधा कुमारी बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड अंतर्गत बाराडीह गांव की निवासी हैं और श्रावणी मेला ड्यूटी के लिए देवघर आई थीं। फिलहाल सदर अस्पताल में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
दुर्गा मंदिर के पास मारपीट व जानलेवा हमले का केस
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के चित्तोलोढ़िया निवासी अमित साह की शिकायत पर मारपीट और जानलेवा हमला करने के आरोप में कुंडा थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दर्ज प्राथमिकी में अमित साह ने बताया है कि 4 अगस्त को वह दुर्गा मंदिर के पास खड़ा था। इसी दौरान महेंद्र राणा, विशाल राउत, टुनटुन राणा, विपिन राणा, धाओ राणा, विशाल मंडल और अर्जुन रेड्डी सहित सभी आरोपित वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने मिलकर लाठी-डंडा और तलवार से उन पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, शोर-शराबा सुनकर उनका पुत्र संजय कुमार बीच-बचाव करने के लिए दौड़ा, तो आरोपितों ने उस पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर कुंडा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और आरोपों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
बंद पड़ी हवाई सेवाओं पर कांग्रेस का हमला
- देवघर-कोलकाता, रांची व पटना उड़ानें बहाल करने की मांग
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. मुन्नम संजय ने देवघर एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए बंद पड़ी हवाई सेवाओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे झारखंड की जनता के साथ विश्वासघात बताया है। उन्होंने कहा कि जिस देवघर-कोलकाता हवाई सेवा का उद्घाटन स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, वह महीनों से बंद पड़ी है। वहीं देवघर-रांची और देवघर-पटना जैसी महत्वपूर्ण उड़ान सेवाएं भी लंबे समय से संचालित नहीं हो रही हैं।
डॉ. संजय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित सेवा का बंद हो जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट निर्माण के लिए झारखंड की जनता ने अपनी जमीन दी और राज्य सरकार ने बिजली, पानी, सुरक्षा समेत सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं, इसके बावजूद लोगों को नियमित हवाई सेवा से वंचित रखा जा रहा है। इसे उन्होंने झारखंड की उपेक्षा बताया। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी, हैदराबाद सहित अन्य शहरों के लिए नई उड़ानें शुरू होना स्वागतयोग्य है, लेकिन पहले उन सेवाओं को बहाल किया जाना चाहिए जिनका उद्घाटन बड़े स्तर पर किया गया था। उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि आखिर किन कारणों से देवघर-कोलकाता उड़ान सेवा बंद करनी पड़ी और इसे दोबारा शुरू करने में देरी क्यों हो रही है। कांग्रेस नेता ने इस मुद्दे पर देवघर के सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि संसद में झारखंड की जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रालय से देवघर-कोलकाता, देवघर-रांची तथा देवघर-पटना हवाई सेवाओं को तत्काल पुन: शुरू करने की मांग की। साथ ही कहा कि झारखंड की जनता अब अपनी उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेगी और इस मुद्दे पर जवाब चाहती है।
श्रावणी मेला में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, 42.5 किलो संदिग्ध पेड़ा नष्ट
- तीन प्रतिष्ठानों पर दो-दो हजार रुपये का जुर्माना, जांच अभियान लगातार जारी
देवघर/वरीय संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी की निगरानी में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने मेला क्षेत्र के विभिन्न पेड़ा प्रतिष्ठानों, होटल एवं भोजनालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों की त्वरित जांच भी की गई।
निरीक्षण के दौरान गंगा साह पेड़ा भंडार, गणेश पेड़ा भंडार, बैद्यनाथ पेड़ा भंडार, अन्नपूर्णा पेड़ा भंडार, महावीर पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार, बाबा पेड़ा भंडार, मां अन्नपूर्णा भोजनालय, अजय भोजनालय एवं शिव होटल एंड रेस्टोरेंट सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कुल 45 पेड़ा नमूनों की जांच में 42 नमूने सही जबकि तीन नमूने संदिग्ध पाए गए। इसके बाद 42.5 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर गंगा साह पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार तथा शिव होटल एंड रेस्टोरेंट पर दो-दो हजार रुपये का ऑन-द-स्पॉट जुर्माना लगाया गया। सभी कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का पालन करने, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग करने तथा खोवा, पेड़ा और पनीर की प्रत्येक खेप की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में मिलावट, असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध लाइसेंस निरस्तीकरण सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बताया कि श्रावणी मेला अवधि तक यह विशेष निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा, प्रकाश चन्द्र गुग्गी, शैलेश कुमार यादव, संजय कुमार, अंजली वीणा मिंज सहित विभागीय कर्मी एवं पुलिस बल मौजूद थे।
बोल बम के जयघोष के बीच नमो सेवा शिविर बना कांवरियों की आस्था और सेवा का केंद्र
देवघर/नगर संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला के सातवें दिन कांवरिया पथ पर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के सौजन्य से संचालित नमो सेवा शिविर शिवभक्तों के लिए सेवा और समर्पण का प्रमुख केंद्र बना रहा। खजुरिया मोड़ से आगे स्थित इस शिविर में प्रतिदिन हजारों कांवरियों को नि:शुल्क भोजन, शीतल पेयजल, विश्राम, प्राथमिक उपचार, स्वच्छ शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में एक समय में लगभग 200 कांवरियों के बैठकर भोजन करने की व्यवस्था है, जबकि प्रतिदिन चार से पांच हजार श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर 10 हजार लोगों तक भोजन कराने की व्यवस्था भी रखी गई है। लगभग 400 श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम की सुविधा के साथ प्राथमिक उपचार केंद्र भी संचालित किया जा रहा है। शिविर की विशेष पहचान कोलकाता से आई भजन मंडली है, जो दिन-रात शिवभक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देकर कांवरियों को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान कर रही है। शिविर के सुपरवाइजर शैलेंद्र सिंह और सतीश कुमार ने बताया कि दिल्ली, कोलकाता सहित विभिन्न स्थानों से आए 300 से 400 स्वयंसेवक चौबीसों घंटे सेवा कार्य में जुटे हैं। भीड़ वाले दिनों में अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जाती हैं। गौरतलब है कि शिविर का उद्घाटन सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, उनकी पत्नी अणुकांत दुबे एवं उनके पुत्र ने स्वयं कांवरियों को भोजन परोसकर किया था। श्रद्धालुओं ने शिविर की सुव्यवस्थित व्यवस्था, स्वच्छता और सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे श्रावणी मेले का प्रेरणादायी सेवा केंद्र बताया।
भर्ती परीक्षाओं की कथित धांधली पर भाजयुमो ने राहुल गांधी से मांगा जवाब
देवघर/नगर संवाददाता। भारतीय जनता युवा मोर्चा के देवघर जिला अध्यक्ष आशीष दुबे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नाम खुला पत्र जारी कर झारखंड की प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने की मांग की है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर युवाओं में भारी आक्रोश है, लेकिन इस विषय पर कांग्रेस और राहुल गांधी की चुप्पी सवाल खड़े करती है।
आशीष दुबे ने कहा कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा तथा 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग परीक्षा में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आंदोलनरत हैं। उनका आरोप है कि राज्य सरकार युवाओं की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के पेपर लीक मामले में राहुल गांधी छात्रों के समर्थन में मुखर रहे थे, लेकिन झारखंड के युवाओं के आंदोलन पर उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि क्या उन्हें राज्य के युवाओं की समस्याओं की जानकारी नहीं है या वे जानबूझकर इस मुद्दे पर मौन हैं। भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड के युवा निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चाहते हैं तथा कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने और राज्य के युवाओं के हित में अपनी प्रतिक्रिया देने का आग्रह किया।