- अधुनिक सेनेटरी वेयर, बाथरूम फिटिंग्स और अन्य उत्पादों की विस्तृत रेंज एक ही स्थान पर देखने की सुविधा मिलेगी
देवघर/नगर संवाददाता। शहर के सुशील सेनेटरी एम्पोरियम परिसर में शनिवार को जकवार के नए डिस्प्ले शोरूम का शुभारंभ किया गया। जिसका उद्घाटन झारखंड जकवार के हेड मनीष कूपन ने किया। शोरूम के शुरू होने से शहरवासियों को अब जकवार के आधुनिक सैनिटरी वेयर, बाथरूम फिटिंग्स और अन्य उत्पादों की विस्तृत रेंज एक ही स्थान पर देखने की सुविधा मिलेगी। शुभारंभ के अवसर पर प्रतिष्ठान से जुड़े लोगों के अलावा शहर के गणमान्य नागरिक एवं ग्राहक मौजूद रहे।
जकवार हेड श्री कपूर ने बताया कि शोरूम को आधुनिक स्वरूप में तैयार किया गया है। यहां जकवार के विभिन्न उत्पादों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है, जिससे ग्राहक अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार उत्पादों का चयन कर सकेंगे। शोरूम में आधुनिक डिजाइन वाले सैनिटरी वेयर, नल, बाथरूम फिटिंग्स, शॉवर, एक्सेसरीज सहित घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए उपयोगी विभिन्न उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं।
इस अवसर पर सुशील सेनेटरी एम्पोरियम के प्रोपराइटर अमरनाथ ने बताया कि वर्तमान समय में घर के निर्माण एवं इंटीरियर में ग्राहकों की पसंद तेजी से बदल रही है। लोग अब बेहतर गुणवत्ता के साथ आकर्षक डिजाइन और आधुनिक सुविधाओं वाले उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जकवार के उत्पादों को शहर में ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि डिस्प्ले शोरूम में ग्राहकों को उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन, उपयोगिता और कीमत से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार विभिन्न उत्पादों को सामने से देखकर और उनकी खूबियों की जानकारी लेकर खरीदारी का निर्णय ले सकेंगे। इससे ग्राहकों को उत्पाद चयन में भी सुविधा होगी। कहा कि देवघर में जकवार के डिस्प्ले शोरूम की शुरुआत स्थानीय ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों को भी इसका लाभ मिलेगा। बदलते समय के साथ बाथरूम और होम इंटीरियर में आधुनिक उत्पादों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में एक ही स्थान पर विभिन्न उत्पादों की रेंज उपलब्ध होने से ग्राहकों का समय और मेहनत दोनों बचेंगे। शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित लोगों ने नए डिस्प्ले शोरूम के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि सुशील सेनेटरी एम्पोरियम के माध्यम से ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद एवं बेहतर सेवा उपलब्ध होगी। मौके पर सुशील सेनेटरी एम्पोरियम के ओमप्रकाश, हर्ष कौशल, सरिता बरनवाल, नीतू बरनवाल के अलावा झारखंड जकवार टीम के सदस्य मौजूद थे।
दो साल से बंद पड़ी जल मीनार, ग्रामीणों ने मरम्मत की लगाई गुहार
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड क्षेत्र के दीवान डुमरिया गांव में पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी जल मीनार को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से जल मीनार की तकनीकी जांच कराकर अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि लाखों रुपये की लागत से निर्मित यह जल मीनार पिछले करीब दो वर्षों से खराब पड़ा है। इसके बंद रहने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी की व्यवस्था करने में काफी परेशानी हो रही है। खासकर गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जल मीनार के चालू रहने से काफी हद तक पानी की समस्या दूर हो जाती थी, लेकिन लंबे समय से इसके बंद रहने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जानकारी के अनुसार, 14वें वित्त आयोग मद से वित्तीय वर्ष 2019-20 में एजेंसी एवं लाभुक समिति के माध्यम से सौर ऊर्जा चालित जल मीनार का निर्माण कराया गया था। निर्माण के बाद करीब तीन वर्षों तक जल मीनार के माध्यम से ग्रामीणों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध होता रहा। बाद में रखरखाव के अभाव और तकनीकी खराबी के कारण यह योजना धीरे-धीरे बंद हो गई और पिछले दो वर्षों से पूरी तरह ठप है। ग्रामीणों का कहना है कि जल मीनार में आई खराबी का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक उपकरणों की मरम्मत अथवा बदलने की कार्रवाई की जाए। यदि समय रहते जल मीनार को चालू करा दिया जाता है तो गांव के लोगों को पेयजल संकट से काफी राहत मिल सकती है। मौके पर ग्रामीण निशाकर प्रसाद राय, गफुर मियां, निरंजन प्रसाद राय, राजकिशोर राय, बम शंकर राय, गिरीश राय, गौरांग राय, हेमंत राय, राकेश राय समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
गिधनी मोड़ पर मिला एक वृद्ध का शव
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत गिधनी मोड़ देवघर के रास्ते गम्हरिया गांव स्थित यादव मेंसन के समीप शनिवार को एक 70 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। सूचना पाकर जसीडीह थाना के सब इंस्पेक्टर रामानुज सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। साथ ही घटनास्थल की छानबीन कर शव को कब्जे में कर लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। सब इंस्पेक्टर श्री सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान के लिए छानबीन की जा रही है।
सोनवा डंगाल में वृद्ध की बेरहमी से हत्या, शव फेंका
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के सोनवा डंगाल में शनिवार को वृद्ध की बेरहमी से हत्या कर शव फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रिखिया थाना क्षेत्र के बिहरोजी गांव निवासी रामकी महतो (65) के रूप में बताई गई है। शव के माथे पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। घटना स्थल के समीप झाड़ी से मृतक की साइकिल और चप्पल बरामद की गई, जबकि थोड़ी दूरी से मोबाइल व चार्जर मिला है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई शकील अहमद, अजय कुमार सिंह, मुखिया अनिल कुमार साह, पंसस पप्पू राव सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के बेटे डमरू यादव ने बताया कि उनके पिता रोज देवघर स्थित पेड़ा दुकान में काम करने जाते थे और रात करीब 10 बजे घर लौटते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन हड़पने के इरादे से उनके गोतिया लगातार उनके पिता को परेशान करते थे। करीब एक माह पूर्व भी गोतिया द्वारा उनके घर को ध्वस्त कर उनके पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। डमरू यादव के अनुसार, शनिवार की रात उनके गोतिया के चार-पांच लोग सोनवा डंगाल में घात लगाए बैठे थे। उनके पिता को अकेला पाकर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जमीन विवाद को लेकर पूर्व से ही विवाद चला आ रहा था। खबर लिखे जाने तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी।
यूपीआई के जरिए खाते से 26 हजार की अवैध निकासी
देवघर/संवाददाता। खाते से यूपीआई के जरिए 26 हजार रुपये की अवैध निकासी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के भोड़ाजमुआ निवासी अनवर अंसारी ने साइबर थाना में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा यूपीआई के माध्यम से उनके खाते से 26 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अवैध निकासी से संबंधित लेनदेन और अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।
ऑनलाइन सामान मंगाने के चक्कर में गंवाए 17,920 रुपये
देवघर/संवाददाता। ऑनलाइन सामान मंगाने के चक्कर में जसीडीह थाना क्षेत्र के सिमराडीह निवासी विष्णु प्रसाद यादव 17,920 रुपये की साइबर ठगी के शिकार हो गए। इस संबंध में वह शिकायत लेकर साइबर थाना पहुंचे। विष्णु प्रसाद यादव ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर कम कीमत में टेंट, लाइट का सामान एवं साउंड मिक्सर बेचे जाने का प्रचार देखा था। इसके बाद प्रचार में दिए गए वाट्सऐप नंबर पर कॉल किया। बातचीत के दौरान वह साइबर ठग के झांसे में आ गए। इसके बाद उनसे 13 बार में कुल 17,920 रुपये ऑनलाइन पेमेंट करा लिया गया। भुगतान करने के बाद जब सामान नहीं भेजा गया तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दी। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
टोटो चालक से 500 रुपये रंगदारी मांगने का आरोप, दो गिरफ्तार
देवघर/संवाददाता। श्रावणी मेला के दौरान टोटो चालकों से रंगदारी मांगने के मामले में नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नगर थाना क्षेत्र के झौसागढ़ी सदर अस्पताल रोड निवासी आजाद चौहान तथा लक्ष्मीपुर चौक निवासी आलोक मठपति शामिल हैं। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। घटना को लेकर रोहिणी निवासी टोटो चालक राज नारायण वर्णवाल (49) ने नगर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है।मामले में कहा है कि वह रौशन दास, निवासी चमारीडीह, जसीडीह के टेम्पो को किराये पर चलाते हैं। श्रावण माह में वह टेम्पो से कांवरियों व यात्रियों को देवघर के पुराने बस स्टैंड, सदर अस्पताल, बैजनाथपुर व शहर के अन्य स्थानों से जसीडीह रेलवे स्टेशन तथा जसीडीह से देवघर शहर लाते हैं। मामले के अनुसार, श्रावण माह के दौरान देवघर के राम मंदिर मोड़ एवं सदर अस्पताल रोड के आसपास तीन-चार असामाजिक तत्व टेम्पो-टोटो चालकों से प्रतिदिन 100 रुपये रंगदारी के रूप में लेते थे। रुपये नहीं देने पर मारपीट करने तथा शहर में टेम्पो-टोटो नहीं चलने देने की धमकी दी जाती थी। चालक के अनुसार, डर के कारण वह भी प्रतिदिन 100 रुपये देता था।
मामले में बताया गया है कि 8 अगस्त की रात करीब 12.15 बजे बैजनाथपुर से कांवरियों को बैठाकर जसीडीह रेलवे स्टेशन ले जाने के दौरान करीब 12.30 बजे सदर अस्पताल के पास वही तीन लोग टेम्पो रोककर 500 रुपये रंगदारी मांगने लगे। चालक ने 500 रुपये देने में असमर्थता जताते हुए प्रतिदिन लिये जाने वाले 100 रुपये लेने की बात कही। आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर तीनों ने टेम्पो का शीशा तोड़ दिया और चालक के साथ मारपीट की। साथ ही टेम्पो में बैठे कांवरियों को डराकर वहां से भगा दिया। इसी दौरान एक कांवरिये ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस के पहुंचते ही तीनों भागने लगे, जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गये आरोपियों ने अपना नाम आजाद चौहान और आलोक मठपति बताया। वहीं भागने वाले तीसरे आरोपी का नाम अमित मंडल बताया गया है, जो कालीराखा का रहने वाला बताया गया है। घटना के बाद चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। इलाज के बाद उसने नगर थाना में आवेदन देकर गिरफ्तार दोनों आरोपियों के साथ फरार अमित मंडल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
संगठन विस्तार को लेकर भाजपा ने की बैठक
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय डालमिया कूप के समीप स्थित निजी सभागार में शनिवार को संगठन मजबूती को लेकर भारतीय जनता पार्टी नगर इकाई की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष रवि रवानी ने की। इस दौरान पार्टी संगठन को मजबूत और अधिक व्यापक बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष रवि रवानी ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक नए लोगों को भाजपा के विचार एवं संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय होकर लोगों से संपर्क बढ़ाने की जरूरत है। बैठक में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर भी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर अध्यक्ष ने कहा कि जिन भारतीय नागरिकों की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाने तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार कराने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को गंभीरता से लेते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र युवाओं एवं मतदाताओं तक पहुंच बनाने तथा उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने की अपील की। बैठक में भाजपा नगर अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रहीं मिती कुमारी के अलावा विनय वर्मा, विनोद गोंड, विजय चौधरी, सतनारायण रवानी, अजीत खंडेलवाल, सत्यम भैया, चुनूं दुबे, मदन यादव, संजय मिश्रा, शैलेंद्र गौतम, प्रकाश गुप्ता, मालती सिन्हा, सुनीता जायसवाल समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
एसआईआर को लेकर बूथों में विशेष कैंप आयोजित
- नये मतदाताओं को जोड़ने के लिए बांटे गए फॉर्म
चितरा/संवाददाता। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर शनिवार को चितरा के मध्य विद्यालय स्थित तीनों बूथों सहित क्षेत्र के विभिन्न बूथों में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन करने के साथ-साथ योग्य नये मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराए गए। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण एवं युवा मतदाता कैंप में पहुंचे और एसआईआर से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कैंप में बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों द्वारा लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम में संशोधन कराने तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से ऐसे युवाओं को फॉर्म उपलब्ध कराया गया, जो निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके हैं और पहली बार मतदाता बनने के योग्य हैं। बीएलओ ने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने आवेदन जमा करें, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इस दौरान मतदाताओं को एसआईआर के उद्देश्य एवं प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। इस मौके पर बूथ में बीएलओ इतूरानी दत्त, ताप्ती कुमारी दे, रजनी देवी के अलावा सुबोध अड्डी, प्रीतम अड्डी सहित अन्य उपस्थित थे।
रास्ते में रोककर व्यक्ति से 40 हजार रुपये की छीनतई
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र के चोरडीहा गांव के समीप एक व्यक्ति को रास्ते में जबरन रोककर 40 हजार रुपये छीनने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर देवीपुर थाना क्षेत्र के अमैयासार गांव निवासी दुबराज मंडल (52) ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुबराज मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि छह अगस्त को वह अपने ससुराल से देवीपुर थाना क्षेत्र स्थित अमैयासार गांव स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चोरडीहा गांव के समीप फील्ड में पहुंचने पर पहले से घात लगाए तीन नामजद सहित छह लोगों ने सड़क पर बाइक खड़ी कर उन्हें जबरन रोक लिया। आवेदन के अनुसार, आरोपितों में चित्तौलोड़िया गांव निवासी पांडेय कुमार मंडल, गंगाधर कुमार राणा एवं विपिन कुमार राणा शामिल हैं। दुबराज मंडल का आरोप है कि तीनों नामजद आरोपित उन्हें पकड़कर झाड़ी की ओर ले गए। वहां आरोपितों ने उनसे कहा कि क्या वे ही दुबराज मंडल हैं और किसी व्यक्ति के जमीन संबंधी मामले में पैरवी कर रहे हैं। इसके बाद कथित रूप से आरोपितों ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि आज उनका काम तमाम कर देंगे। दुबराज मंडल ने आरोप लगाया है कि इसके बाद आरोपितों ने उनकी पैंट की जेब से जबरन 40 हजार रुपये निकाल लिए। घटना के बाद आरोपितों ने उन्हें धमकी दी कि वह चुपचाप घर चले जाएं और घटना के संबंध में किसी को जानकारी दी तो उन्हें जान से हाथ धोना पड़ेगा। घटना के बाद पीड़ित ने जसीडीह थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आवेदन के आधार पर नामजद आरोपितों एवं तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
विशेष कैंप में बीएलओ ने किया फॉर्म 6 का वितरण
पालोजोरी/संवाददाता। चुनाव आयोग के निर्देश पर शनिवार को पालोजोरी के सभी बूथों पर विशेष कैंप लगाया गया। विशेष कैंप में बूथ लेवल ऑि़फसर ने मतदाता सूची में नाम चढ़ाने के लिए फॉर्म 6 का वितरण किया। बीडीओ पार्थ नंदन, बीपीआरओ सुभाष चंद्र राय, पंचायत सचिव पवन कुमार ने कई बूथों का जायजा लिया और बीएलओ को आवश्यक निर्देश दिए। आज रविवार को भी बूथ पर विशेष कैंप लगाया जाएगा।
नमो सेवा शिविर में कांवरियों की सेवा में जुटे सांसद
- भोजन के साथ ठहरने की भी है शिविर में व्यवस्था
देवघर/नगर संवाददाता। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान सुल्तानगंज से बाबानगरी देवघर तक कांवरिया पथ में शिवभक्तों की सेवा का सिलसिला लगातार जारी है। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ निशिकांत दुबे के सौजन्य से कांवरिया पथ में संचालित नमो सेवा शिविर में पूरे सावन माह कांवरियों को विभिन्न प्रकार की नि:शुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शनिवार को सांसद डॉ निशिकांत दुबे और उनकी धर्मपत्नी अन्नुकांत दुबे ने शिविर पहुंचकर कांवरियों की सेवा की और उनकी सुविधाओं का जायजा लिया। उत्तरवाहिनी गंगा सुल्तानगंज से कांवर में गंगाजल लेकर करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए श्रद्धालु बाबानगरी देवघर पहुंचते हैं। कठिन और लंबी यात्रा के दौरान कांवरियों को राहत देने के उद्देश्य से नमो सेवा शिविर में सेवा कार्य संचालित किया जा रहा है। यहां आने वाले कांवरियों को विश्राम के साथ भोजन और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कांवरियों को मिल रही नि:शुल्क सुविधाएं : नमो सेवा शिविर में कांवरियों के लिए नि:शुल्क भोजन और फलाहार की व्यवस्था की गई है। लंबी पैदल यात्रा के कारण थकान और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा यात्रा के दौरान अपने परिजनों या साथियों से बिछड़ने वाले कांवरियों की मदद के लिए खोया-पाया सूचना केंद्र की व्यवस्था की गई है। शिविर में कांवरियों के मनोरंजन और मानसिक राहत के लिए भी व्यवस्था की गई है। लगातार पैदल यात्रा के बीच कुछ समय विश्राम करने के दौरान श्रद्धालु इन सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। सेवा शिविर के माध्यम से कांवरियों को यात्रा के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
सांसद ने सेवा कार्य में लिया हिस्सा : शनिवार को सांसद डॉ निशिकांत दुबे और अन्नुकांत दुबे ने शिविर में पहुंचकर कांवरियों की सेवा की। उन्होंने श्रद्धालुओं को भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में कार्यकर्ताओं का सहयोग किया। इस दौरान शिविर में मौजूद कार्यकर्ताओं से सेवा व्यवस्था की जानकारी भी ली गई। नमो सेवा शिविर में सावन के पूरे महीने कांवरियों की सेवा जारी रखने की व्यवस्था की गई है। सेवा कार्य में भाजपा कार्यकर्ता और अन्य सहयोगी लगातार अपनी भूमिका निभा रहे हैं। शिविर का उद्देश्य कठिन पैदल यात्रा कर बाबानगरी पहुंचने वाले शिवभक्तों को यात्रा के दौरान यथासंभव सुविधा और सहयोग उपलब्ध कराना है।
सेवा में जुटे भाजपा कार्यकर्ता : इस अवसर पर शेषाद्री दुबे, हरि किशोर सिंह, देवता पांडेय, मुकेश पाठक, अभयानंद झा, सोनाधारी झा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं ने कांवरियों के बीच भोजन एवं फलाहार वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया। श्रावणी मेले के दौरान सुल्तानगंज से देवघर तक कांवरिया पथ पर लाखों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं। ऐसे में जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविर कांवरियों के लिए राहत का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। नमो सेवा शिविर में भी सावन माह के दौरान लगातार सेवा कार्य जारी रखने की बात कही गई है।
दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं को सुगम जलार्पण कराना प्राथमिकता : उपायुक्त
- डीसी-एसपी की संयुक्त ब्रीफिंग
देवघर/वरीय संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने शनिवार को बीएड कॉलेज परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, अधिकारियों एवं बाहर से आए पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफ किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि सोमवारी के दिन श्रावणी मेला में सर्वाधिक भीड़ होती है। ऐसे में बड़ी संख्या में देवघर पहुंचने वाले कांवरियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। सभी पदाधिकारी पूरी सजगता, कर्तव्यनिष्ठा, विनम्रता एवं सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सभी की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण कराना होनी चाहिए, ताकि कतार बिना किसी अनावश्यक गैप के लगातार आगे बढ़ती रहे।
उपायुक्त ने कहा कि दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालु देवघर से राज्य की अच्छी छवि लेकर लौटें, इसके लिए उन्हें हरसंभव सुविधा एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं बेहतर संचार व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा कि कॉर्डिनेशन एवं कम्युनिकेशन गैप की कोई गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि मेला में प्रतिनियुक्त बाहर से आए पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी अब मेला व्यवस्था से परिचित हो चुके हैं। ऐसे में क्यू मैनेजमेंट एवं ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी ओपी एवं यातायात ओपी के प्रभारी डीएसपी रैंक के अधिकारी होंगे, जो अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगे। उन्होंने भीड़ नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित जलार्पण कराने पर विशेष जोर दिया। मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, एसडीओ देवघर रवि कुमार, एसडीओ मधुपुर, सिविल सर्जन, एसडीपीओ, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।