- शिवलोक परिसर में मनाया गया झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026
- लघु फिल्म, पारंपरिक नृत्य और सम्मान समारोह में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक
देवघर/वरीय संवाददाता। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को शिवलोक परिसर में जिला प्रशासन की ओर से ‘झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी अस्मिता, समृद्ध लोक परंपराओं और जल-जंगल-जमीन की गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा, उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, महापौर रवि कुमार राउत, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, मधुपुर नगर परिषद की अध्यक्ष दरक्शान परवीन एवं अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत महान आदिवासी विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा ने आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जल-जंगल-जमीन के संरक्षण में उनके योगदान को रेखांकित किया। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि आदिवासी समाज जिले और देश की महत्वपूर्ण ताकत है। सदियों से समाज ने प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आदिवासी समाज के कल्याण और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि पुलिस प्रशासन आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के साथ युवाओं को शिक्षा, खेल और रोजगार से जोड़ने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से प्रयासरत है। महोत्सव में आदिवासी समाज के संघर्ष, जीवनशैली और जल-जंगल-जमीन के संरक्षण पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक लोकनृत्य एवं संगीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले आदिवासी समाज के प्रबुद्ध लोगों, पारंपरिक कलाकारों और पेंटिंग प्रतियोगिता में शामिल स्कूली बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मौके पर अपर उपायुक्त हीरा कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
एयरपोर्ट पार्किंग व फुटकर विक्रेताओं के मुद्दे पर चैंबर
- एयरपोर्ट पार्किंग व्यवस्था का चैंबर ने लिया जायजा, 13 मिनट की पिक एंड ड्रॉप अवधि में शुल्क वसूली को बताया अनुचित
- फुटकर विक्रेताओं के मुद्दे पर भी जताई चिंता, निगम से स्पष्ट स्थान निर्धारण की मांग
देवघर/वरीय संवाददाता। संताल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, देवघर के प्रतिनिधिमंडल ने देवघर एयरपोर्ट का स्थल निरीक्षण कर पार्किंग शुल्क वसूली की व्यवस्था का जायजा लिया। चैंबर अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा एवं देवघर एयरपोर्ट एडवाइजरी कमिटी के सदस्य आलोक मल्लिक के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्यों ने संबंधित वेंडर एवं पार्किंग कर्मियों से पार्किंग व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। चैंबर ने कहा कि निर्धारित 13 मिनट की पिक एंड ड्रॉप अवधि में एयरपोर्ट से बाहर निकलने वाले वाहनों से पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग शुल्क और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी पार्किंग बूथ पर बड़े एवं स्पष्ट अक्षरों में प्रदर्शित करने की सलाह दी। चैंबर ने आम लोगों से भी अपील की कि एयरपोर्ट में प्रवेश करते समय पार्किंग पर्ची पर दर्ज ‘इन टाइम’ को अवश्य देखें और निर्धारित अवधि के भीतर वापस लौटने पर ही शुल्क संबंधी स्थिति की जांच करें। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव निरंजन कुमार सिंह, संयुक्त सचिव पंकज भालोटिया, विवेक अग्रवाल, संजय मालवीय, लक्ष्मण पटेल, ऋषि राज सिंह, विभूति ठाकुर, निलेश सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
टोटो-बाइक की टक्कर के बाद मारपीट, बचाने पहुंचे पुलिसकर्मी की अंगुली चोटिल
देवघर/संवाददाता। सत्संग चौक पर टोटो और बाइक के बीच टक्कर के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि टोटो चालक ने बाइक सवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होता देख टीओपी-5 के पुलिसकर्मी ब्रजेश कुमार सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान पुलिसकर्मी ब्रजेश कुमार सिंह के बाएं हाथ की एक अंगुली में चोट लग गई और खून निकलने लगा। घटना के बाद टीओपी-5 की टीम टोटो चालक और बाइक सवार दोनों को लेकर नगर थाना पहुंची। मामले को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
छत के सहारे घर में घुसा चोर, 28,970 रुपये नकद चोरी
- सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोरी की वारदात, नगर थाना में शिकायत दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सलोनाटांड़ निवासी सिनु राउत ने घर में चोरी की घटना को लेकर नगर थाना में शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत में बताया गया है कि रविवार की अहले सुबह करीब 2.20 बजे एक चोर छत के सहारे घर में घुसा और घर से 28,970 रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। शिकायतकर्ता ने चोर की पहचान कर लिए जाने की भी जानकारी पुलिस को दी है। मामले में नगर थाना पुलिस जांच कर रही है।
ट्रैक्टर के धक्के से मौत मामले में केस
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास 6 अगस्त की रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार महिंद्रा ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार अरविन्द बरनवाल उर्फ अरविन्द प्रसाद की मौत हो गयी थी। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था। इसे लेकर मृतक की पत्नी ललिता देवी ने नगर थाना में ट्रैक्टर के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज मामले के अनुसार अरविन्द बरनवाल स्कूटी से जलसार रोड टूकान का सामान देने जा रहे थे। इसी दौरान पटेल चौक के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर, जिसमें पानी का टैंकर लगा था और जिसका निबंधन नंबर जेएच 15भी 8369 था, के चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी में धक्का मार दिया। हादसे में अरविन्द गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर व टैंकर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी ने अज्ञात चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जर्जर दीवार गिरने से घायल का इलाज के दौरान काटना पड़ा बायां पैर
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के राजबाड़ी कास्टर टाउन में जर्जर दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल अनिल चौरसिया का इलाज के दौरान बायां पैर काटना पड़ा। घटना को लेकर उनके पुत्र विवेक कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर जर्जर दीवार की मरम्मत नहीं कराने वाले संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दर्ज मामले के अनुसार, 4 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच अनिल चौरसिया दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। घर से करीब तीन मकान पहले मिरिन्मय मंडल का मकान स्थित है, जिसकी दीवार काफी दिनों से जर्जर और क्षतिग्रस्त थी। आवेदन में कहा गया है कि दीवार की स्थिति को लेकर परिवार और मोहल्ले के लोगों ने मिरिन्मय मंडल से कई बार मरम्मत कराने को कहा था, लेकिन कोई आवश्यक कदम नहीं उठाया गया। मामले में कहा गया है कि उक्त रात अनिल चौरसिया जर्जर दीवार के पास से गुजर रहे थे, तभी दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गयी। हादसे में उनका बायां पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले गये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स, देवघर रेफर कर दिया गया। एम्स में इलाज के दौरान पैर की स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण उनका बायां पैर काटना पड़ा। मामले में विवेक कुमार ने बताया कि पिता के इलाज और अस्पताल में देखभाल में व्यस्त रहने के कारण तत्काल थाना में आवेदन नहीं दे सके। अब स्थिति सामान्य होने पर आवेदन देकर घटना की जांच, प्रत्यक्षदर्शियों व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर इंटरनेट बैंकिंग से 25 हजार की साइबर ठगी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के गणेश मार्केट के समीप निवासी रामनाथ केसरी से इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से 25 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उनसे रुपये की ठगी की। ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़ित रामनाथ केसरी रविवार को अपनी शिकायत लेकर साइबर थाना पहुंचे। उन्होंने साइबर थाना में शिकायत देकर ठगी की रकम वापस दिलाने के साथ मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत लेकर साइबर थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
जमीन विवाद में मारपीट, महिला समेत तीन घायल
देवघर/संवाददाता। पथरौल थाना क्षेत्र के गोनैया गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट में महिला समेत तीन लोग घायल हो गये। घायलों में मालती देवी, जितेंद्र दास और वीरेंद्र दास शामिल हैं। तीनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, मालती देवी खेत में धान रोप रही थी। इसी दौरान उसके चचेरे भाई लाठी, डंडा, फरसा और भुजाली लेकर खेत पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। मालती देवी ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गयी। मालती देवी को बचाने के लिए जितेंद्र दास और वीरेंद्र दास वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों पर भी लाठी, भुजाली और फरसा से हमला कर दिया गया। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। परिजनों ने घटना की जानकारी पथरौल पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सुरक्षित बेटी से ही मजबूत समाज का होगा निर्माण
-अभया दिवस पर उठी महिलाओं की सुरक्षा की आवाज
- देवघर ऑब्सटेट्रिक एंड गायनेकोलॉजी सोसाइटी ने एफओजीएसआई के साथ मनाया अभया दिवस
देवघर/संवाददाता। महिलाओं और बच्चियों के लिए सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में देवघर ऑब्सटेट्रिक एंड गायनेकोलॉजी सोसाइटी ने एफओजीएसआई के साथ मिलकर रविवार को ‘अभया दिवस’ मनाया। इस अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा, स्वतंत्रता और सम्मान के लिए सामूहिक आवाज उठाने का आह्वान किया गया। इस मौके पर जारी संदेश में कहा गया कि 9 अगस्त को अभया दिवस केवल स्मरण या शोक का दिन नहीं, बल्कि एक मजबूत संकल्प लेने का अवसर है। स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में चिकित्सक महिलाओं को जीवन के हर चरण में देखते हैं। किशोरावस्था से लेकर मातृत्व और वृद्धावस्था तक महिलाओं की देखभाल की जिम्मेदारी चिकित्सकों पर रहती है। ऐसे में जिम्मेदारी केवल चिकित्सकीय देखभाल तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा सामाजिक वातावरण तैयार करना भी जरूरी है, जहां महिलाएं बिना किसी डर के रह सकें। संदेश में कहा गया कि महिलाओं के स्वास्थ्य, प्रजनन अधिकारों और सामाजिक कल्याण के प्रति एफओजीएसआई की व्यापक प्रतिबद्धता के अनुरूप यह पहल की जा रही है। ”आज एक सुरक्षित बेटी, कल एक मजबूत समाज का निर्माण करती है।” इसी सोच के साथ बेटियों को केवल सुरक्षित रखने की नहीं, बल्कि उन्हें यह विश्वास दिलाने की जरूरत है कि दुनिया उनके लिए सुरक्षित हो सकती है।मौके पर डॉ मंजू बैंकर, डॉ अर्पिता गांधी, डॉ रीता ठाकुर, डॉ सिन्नी, डॉ के पल्लवी, डॉ किरण झा, डॉ नेहा प्रिया के अलावे शहर के कई महिला चिकित्सक उपस्थित थीं।
नशामुक्ति को लेकर 10 करोड़ प्रतिज्ञा का राष्ट्रीय अभियान
- 20 अगस्त तक चलेगा महाअभियान, 21 से 25 अगस्त तक रक्तदान अभियान
देवघर/संवाददाता। नशामुक्ति, स्वस्थ समाज और विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर ’10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रक्तदान शिविर के आयोजन को लेकर ब्रह्माकुमारी देवघर सेवा केंद्र में बैठक हुई। बैठक में अभियान की रूपरेखा एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान 20 अगस्त तक चलेगा, जबकि राष्ट्रीय रक्तदान अभियान 21 से 25 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। दोनों अभियान ब्रह्माकुमारी और भारत सरकार के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर पर संचालित किए जाएंगे। नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ देवघर प्रशासन द्वारा किए जाने का प्रस्ताव है। इसके लिए ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से जिला प्रशासन से संपर्क किया जा रहा है। अभियान के शुभारंभ समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवा संगठनों सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है। ब्रह्माकुमारी के प्रतिनिधियों ने बताया कि 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान का उद्देश्य केवल 10 करोड़ लोगों की प्रतिज्ञा दर्ज करना नहीं है, बल्कि इसे व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए नागरिकों को नशामुक्त, स्वस्थ और मूल्यनिष्ठ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। अभियान के माध्यम से राजयोग मेडिटेशन, मूल्य शिक्षा, युवा सहभागिता और सामुदायिक जनजागरण जैसे कार्यक्रमों के जरिए लोगों में आत्मबल, आत्मसम्मान एवं सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। बताया गया कि यह अभियान ब्रह्माकुमारी की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि को समर्पित है। बैठक में अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए मीडिया की भूमिका पर भी चर्चा हुई। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों से विशेष रूप से संपर्क कर अभियान के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सहयोग का आग्रह करने का निर्णय लिया गया।
जल, जंगल और जमीन से जुड़ी आदिवासी संस्कृति की दिखी झलक
- विश्व आदिवासी दिवस पर संत मेरी मिडिल स्कूल में कार्यक्रम, पारंपरिक नृत्य संगीत ने मोहा मन
देवघर/नगर संवाददाता। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर संत मेरी मिडिल स्कूल परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सीएनआई चर्च में विशेष प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुति के माध्यम से आदिवासी संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली की जीवंत झलक देखने को मिली। आदिवासी गीतों के माध्यम से जल, जंगल और जमीन के साथ आदिवासी समाज के गहरे जुड़ाव और उसके अस्तित्व में इनके महत्व को रेखांकित किया गया। पारंपरिक परिधान में पहुंचे लोगों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आदिवासी समाज के पूर्वजों के इतिहास, संघर्ष और देश के प्रति उनके समर्पण की गाथा को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए शिक्षा, एकता और विकास की दिशा में आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर उत्थान और विकास के लिए कदम से कदम मिलाकर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सचिव अरविंद किस्कू ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस मनाने का उद्देश्य समाज की परंपराओं, जीवनशैली और सांस्कृतिक पहचान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाज के भविष्य के उत्थान और विकास पर विचार करना है। इस अवसर पर देश की आजादी के लिए शहीद हुए वीरों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। साथ ही देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राज्य के मुख्यमंत्री के लिए ईश्वर से मंगलकामना की गई। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी संस्कृति, सामाजिक एकता और समाज के विकास का संदेश प्रमुखता से सामने आया।
पालोजोरी बाजार के दूबे मंदिर में आज वार्षिक पूजा
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी बाजार स्थित बाबा दूबे मंदिर में आज सोमवार को वार्षिक पूजा का आयोजन किया गया है। मंदिर प्रबंधक सह मुख्य पुजारी उत्तम दत्ता की देखरेख में पूजा का आयोजन होगा। पालोजोरी सहित आसपास के दर्जनों गाँवों से श्रद्धालु पूजा में शामिल होंगे। बाबा दूबे के पास सच्चे मन से मांगी मुराद जरूर पूरी होती है।
जसीडीह के बदलाडीह में मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस समारोह
जसीडीह/संवाददाता। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर शनिवार को जसीडीह के बदलाडीह गांव में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झामुमो देवघर जिला के पूर्व उपाध्यक्ष सह वरीय नेता सरोज कुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सरोज कुमार सिंह ने कहा कि आदिवासी समाज देश की समृद्ध विरासत और परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पीढ़ी दर पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने में आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए समाज के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली हमारी सामाजिक विरासत को समृद्ध करती है। इनके संरक्षण के साथ शिक्षा और विकास के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने सिदो-कान्हू के संघर्ष और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया। समारोह में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल हुए। मौके पर सोमरा मुर्मू, मंडल सोरेन, गोडे मुर्मू, सुकुल मरांडी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
पतंजलि परिवार ने शुरू किया निशुल्क चलंत कांवरिया सेवा शिविर
- रातभर कांवरियों की सेवा में जुटे कार्यकर्ता, प्रसाद के साथ दर्द निवारक तेल से की मालिश
देवघर/नगर संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथधाम पहुंचने वाले कांवरियों की सेवा के लिए पतंजलि परिवार देवघर की ओर से निशुल्क चलंत कांवरिया सेवा शिविर शुरू किया गया। नंदन पहाड़ योग कक्षा के सौजन्य से रविवार को अंजुला मेंशन होटल से पतंजलि के संरक्षक संजय मालवीय एवं महामंत्री संजीव कुमार सिंह ने झंडी दिखाकर सेवा वाहन को रवाना किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भारत स्वाभिमान के प्रांतीय सदस्य सह जिला अध्यक्ष अनुज कुमार त्यागी ने किया। चलंत सेवा शिविर के माध्यम से देवतुल्य कांवरियों को रात्रि सेवा के दौरान प्रसाद के रूप में हलुआ-पुड़ी, दिव्य पेय एवं शर्बत उपलब्ध कराया गया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता सेवा कार्य में शामिल हुए। दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता रातभर जागकर कांवरियों की सेवा में जुटे रहे। लंबी पैदल यात्रा से थके कांवरियों को राहत पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं ने पतंजलि बाम, पीड़ादायक तेल, दिव्य धारा एवं महलम आदि से मालिश कर सेवा की। इससे थके हुए कांवरियों को काफी राहत मिली। वहीं मातृशक्ति की महिलाओं ने कांवरियों के लिए प्रसाद तैयार करने में सहयोग किया और स्वयं पूड़ी बेलने का कार्य किया। सेवा शिविर में कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांवरियों की सेवा को उन्होंने सामाजिक दायित्व के साथ-साथ बाबा बैद्यनाथ की सेवा का माध्यम माना है। शिविर के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है कि यात्रा के दौरान थकान से परेशान श्रद्धालुओं को भोजन, पेयजल और आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जा सके। सेवा शिविर को सफल बनाने में महामंत्री संजीव कुमार सिंह, योग गुरु शंभू कुमार बरनवाल, श्रीप्रकाश चौधरी, हरेंद्र कुमार, राजेश गोस्वामी, रामेश्वर मोदी, विभूति ठाकुर, शिवकुमार बरनवाल, नरेंद्र मिश्रा, बबलू केसरी, धीरेंद्र कुमार, रंजीत केसरी, संतोष केसरी, रंजीत विश्वकर्मा, मुकेश कुमार, विनोद वर्मा, विनोद बरनवाल, अजय पौदार, सुभाष प्रसाद, जयप्रकाश नारायण, उमेश, संजय, शिव शंकर, कमल, सुनील, स्नेह, सुमित, सौरव सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।
इंटक नेताओं ने आदिवासियों के साथ मनाया विश्व आदिवासी दिवस
- आदिवासी महिलाओं के बीच साड़ी का वितरण, हितों की सुरक्षा का लिया संकल्प
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र के बदलाडीह गांव में इंटक नेताओं ने आदिवासी समाज के साथ विश्व आदिवासी दिवस मनाया। इस दौरान सिदो-कान्हू की प्रतिमा एवं भगवान बिरसा मुंडा के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही आदिवासी हितों की सुरक्षा, भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में देवघर जिला इंटक अध्यक्ष अनंत मिश्रा, प्रदेश इंटक सचिव अजय कुमार, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सह इंटक कार्यकारिणी सदस्य प्रमिला देवी सहित अन्य नेताओं ने आदिवासी महिलाओं के बीच साड़ी का वितरण किया। अनंत मिश्रा ने कहा कि आदिवासी समाज को अपनी भाषा, संस्कृति और मूलभूत अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। अजय कुमार ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस का उद्देश्य आदिवासी समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और भाषा, संस्कृति व इतिहास के संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। प्रमिला देवी ने कहा कि कांग्रेस आदिवासी सभ्यता और परंपराओं के संरक्षण तथा उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।