- एक सितंबर से आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार बंद करने की चेतावनी
- पांच माह से पोषाहार का भुगतान लंबित, एक सितंबर से आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार बंद करने की चेतावनी
सारवां/संवाददाता। सारवां व सोनारायठाढ़ी प्रखंड क्षेत्र की 166 आंगनबाड़ी सेविकाओं ने झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ के बैनर तले अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को आवेदन सौंपा। प्रखंड अध्यक्ष प्रमिला यादव के नेतृत्व में सेविकाओं ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रजनीश कुमार के नाम प्रधान सहायक निरंजन कुमार को आवेदन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
सेविकाओं ने बताया कि मार्च 2026 से दोनों प्रखंडों के 166 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार मद की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इसके बावजूद दुकानदारों से उधार राशन लेकर अब तक केंद्रों का संचालन किया जा रहा था। लगातार पांच माह से भुगतान लंबित रहने के कारण दुकानदारों ने अब उधार पर राशन देने से इनकार कर दिया है। ऐसी स्थिति में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन प्रभावित होने की बात कही गई है। सेविकाओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सितंबर 2026 तक पोषाहार की राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो वे एक सितंबर से आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार का वितरण पूरी तरह बंद कर देंगी। इसके लिए विभाग को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। इसके अलावा सेविकाओं ने मार्च 2026 से लंबित मानदेय के भुगतान की भी मांग की। उन्होंने बताया कि केंद्र से प्रति माह मिलने वाला करीब 4,500 रुपये का मानदेय भी अब तक लंबित है। सेविकाओं ने अन्य चार मांगों को भी आवेदन में शामिल करते हुए विभाग से शीघ्र पहल करने की मांग की है।
आवेदन सौंपने वालों में इंदु कुमारी झा, गीता कुमारी सिंह, पुतुल देवी, रेखा देवी, बीपी कुमारी, निभा देवी, गुड़िया कुमारी, रेणु कुमारी, चंदा कुमारी, रीना देवी, सुमन कुमारी, अंजू कुमारी, रीता कुमारी, मीना कुमारी, गायत्री देवी, आशा देवी, कल्पना देवी, बीना देवी, लालमणि देवी, संगीता देवी, सविता देवी, कुमारी सुष्मिता, कुसुम देवी सहित अन्य सेविकाएं शामिल थीं।
डकाय दुबे बाबा की पूजा करने गये श्रद्धालु की बाइक चोरी
सारवां/संवाददाता। सारवां थाना क्षेत्र के डकाय में आयोजित दुबे बाबा की वार्षिक पूजा समारोह के दौरान एक श्रद्धालु की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। घटना को लेकर सिरसा निवासी वीरेंद्र यादव ने सारवां थाना में आवेदन देकर पुलिस से चोरी गई बाइक की बरामदगी की मांग की है।
थाना में दिए आवेदन के अनुसार वीरेंद्र यादव 17 अगस्त को अपनी मोटरसाइकिल (जेएच 15 यू 1446) से डकाय दुबे बाबा की वार्षिक पूजा में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक मंदिर के समीप बैरियर के बगल में खड़ी की और पूजा करने के लिए मंदिर चले गए। पूजा समाप्त होने के बाद जब वह वापस लौटे तो निर्धारित स्थान से उनकी मोटरसाइकिल गायब थी। आसपास काफी खोजबीन करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए थाना में आवेदन दिया। पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी गई मोटरसाइकिल की खोजबीन और बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चितरा में पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचला, इलाज के दौरान मौत
चितरा/संवाददाता। थाना क्षेत्र के चितरा-दुलदुली मोड़ मुख्य सड़क स्थित एटीपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के क्रॉसिंग रोड के समीप सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में देवघर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबा गांव निवासी श्रीमंत रजक के 30 वर्षीय पुत्र अशोक रजक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अशोक रजक अपने दो भाइयों के साथ जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पबिया गांव में मनसा पूजा के निमंत्रण में शामिल होने गया था। पूजा का प्रसाद ग्रहण करने के बाद सोमवार शाम करीब चार बजे वह अपने भाइयों संजय कुमार रजक और मंटू रजक के साथ बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान चितरा क्रॉसिंग रोड के समीप बाइक फिसलने से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बताया जाता है कि इसी समय विपरीत दिशा से आ रहा पिकअप वाहन अशोक रजक को अपनी चपेट में लेते हुए निकल गया। वाहन का पहिया उसके सीने पर चढ़ जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक पर सवार दोनों अन्य युवक बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल अशोक को तत्काल सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। देवघर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चितरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर पुलिस को मिल गया है। वाहन के चालक और मालिक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है।
सामाजिक कार्यकर्ता महानंद की मां का निधन
मधुपुर/संवाददाता। संवाद संस्था के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता महानंद दास की 95 वर्षीय माता झूना देवी का आकस्मिक निधन चांदमारी मोहल्ला स्थित आवास पर हो गया। वह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। दर्जनों परिजनों और शुभचिंतकों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को पतरो नदी, लोराहाजोर घाट पर किया गया। उनके अग्रज पुत्र सुखदेव दास ने मुखाग्नि दी। निधन की सूचना पर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य लोगों और परिचितों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।
भर्ती परीक्षाएं रद्द करने का फैसला स्वागत योग्य : शबाना
मधुपुर/संवाददाता। राज्य की हेमंत सोरेन सरकार द्वारा जेएसएससी-सीजीएल समेत टीडीपीएल से जुड़ी भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले का झारखंड कांग्रेस प्रदेश कमेटी की महासचिव शबाना खातुन ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। शबाना ने कहा कि लंबे समय से छात्र-छात्राएं परीक्षा में अनियमितता और पारदर्शिता को लेकर अपनी आवाज उठा रहे थे। सरकार ने उनकी भावनाओं को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अब सरकार की प्राथमिकता ऐसी नई परीक्षा व्यवस्था तैयार करना होनी चाहिए, जो पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और पेपर लीक जैसी गड़बड़ियों से मुक्त हो। उन्होंने कहा कि नई परीक्षा प्रक्रिया में तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर ठोस इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे और मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ अन्याय न हो। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि परीक्षा रद्द होने से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए आगामी परीक्षा प्रक्रिया की स्पष्ट समय-सारणी जल्द जारी की जाए, ताकि छात्रों को लंबे समय तक अनिश्चितता का सामना न करना पड़े। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार नई भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाकर युवाओं में फिर से विश्वास कायम करेगी।
14 करोड़ की लागत से नौ सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण
- मंत्री ने किया ऑनलाइन शिलान्यास
मारगोमुंडा/संवाददाता। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत मार्गोमुंडा प्रखंड क्षेत्र में करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से नौ महत्वपूर्ण सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्य का ऑनलाइन शिलान्यास किया गया। सूबे के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने रांची से ऑनलाइन शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री प्रतिनिधि तनवीरूल हसन, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि इमरान अंसारी, दिनेश्वर किस्कू सहित अन्य लोगों ने नारियल फोड़कर विधिवत आधारशिला रखी।
योजना के तहत नवाडीह पीडब्ल्यूडी पथ से साहू टोला होते हुए चेतनारी तक 4.256 किमी, मधुपुर-लहरजोरी मुख्य मार्ग से चेतनारी होते हुए बगैया तक पांच किमी, पीपरा से जयंती नदी तक 4.35 किमी, चरघरा से घसको तक 1.20 किमी, पीडब्ल्यूडी उधोडीह पथ से टटकजोरी होते हुए बेहरापहाड़ी तक 3.49 किमी तथा बनसिमी चौक से कासीटांड़ तक दो किमी सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा मुख्य पथ से कल्याणपुर भाया बूढ़ीबगीचा होते हुए बदिया पीडब्ल्यूडी सड़क तक 4.10 किमी, साप्तर पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ से जलेया होते हुए पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ तक 3.70 किमी तथा जामा से जोगडीह चरपा तक 3.32 किमी सड़क का भी सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा।
ऑनलाइन संबोधन में मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि इन महत्वपूर्ण सड़कों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन एवं संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि सड़कें ग्रामीण विकास की आधारभूत जरूरत हैं और इनके बेहतर होने से आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि इमरान अंसारी ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की विकास योजनाओं का क्रियान्वयन होना खुशी की बात है। जर्जर सड़कों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत होगी। उपस्थित ग्रामीणों ने भी सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य पर खुशी जताते हुए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के दिनों में जर्जर सड़कों के कारण होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी। मौके पर मुखिया सुधीर यादव, जाकिर हुसैन, शौकत अंसारी, मो. अशफाक, समीर आलम, मकसद खान, उस्मान अंसारी, शहादत अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
एक सप्ताह बाद गांव में लौटी बिजली, नया ट्रांसफॉर्मर लगने से ग्रामीणों में खुशी
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड अंतर्गत सीरिया गांव में ट्रांसफॉर्मर जल जाने से पिछले एक सप्ताह से छाया अंधेरा आखिरकार दूर हो गया। नया ट्रांसफॉर्मर लगने के बाद गांव में बिजली बहाल हुई, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर जलने के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की, लेकिन एक सप्ताह तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
इसके बाद ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक सह मंत्री हफीजुल हसन से मामले की शिकायत की। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने तत्काल विभागीय अधिकारियों से बातचीत की और गांव में नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने का निर्देश दिया। इसके बाद नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली बहाल होने पर ग्रामीणों ने मंत्री हफीजुल हसन के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि मंत्री ने मामले का तत्काल संज्ञान लेकर समस्या का समाधान कराया, जिससे गांव में फिर से बिजली जल सकी। मंत्री को बधाई देने वालों में कीर्तन चौधरी, ललन चौधरी, प्रदीप चौधरी, रामदेव चौधरी, प्रिंस कुमार, सुबोध चौधरी, गोपी चौधरी, वचन देव चौधरी, राहुल चौधरी, त्रिवेणी चौधरी, शैलेंद्र चौधरी, चुन्ना चौधरी समेत दर्जनो ग्रामीण शामिल हैं।
माता मनसा को अश्रुपूरित नेत्रों से दी गई विदाई
सारठ/संवाददाता। सारठ बाजार के बाउरी टोला में मां मनसा की पूजा सम्पन्न होने के उपरांत मंगलवार को संध्या समय गाजे-बाजे के साथ सारठ के विभिन्न मुहल्लों का भ्रमण करते हुए सारठ चौक बजरंगबली मंदिर के रास्ते काली पोखर पहुंची। जहां माता मनसा की प्रतिमा को अश्रुपूरित नेत्रों से विदाई दी गई। मौके पर धनेश्वर बाउरी, राजकिशोर बाउरी, भूमेश्लर मिर्धा, कल्लु मिर्धा, अरुण बाउरी, कीर्तन मिर्धा, सुनील बाउरी,जितेन्द्र मिर्धा, दीपक बाउरी, सुनील नापित, शिबू बाउरी समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।
कोलियरी क्षेत्र में वार्षिक मनसा पूजा की धूम
चितरा/संवाददाता। चितरा कोलियरी क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को मनसा पूजा की धूम रही। क्षेत्र के बाउरी टोला, दमगढ़ा, तिलैया सहित विभिन्न गांव के मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां मनसा की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति तथा आरोग्य की कामना की। सुबह से ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आने जाने का सिलसिला शुरू हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। मनसा पूजा को लेकर पूजा समिति द्वारा आकर्षक ढंग से विद्युत सज्जा किए गए थे। पूजा स्थलों पर मां मनसा की प्रतिमा स्थापित कर विधि विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देर रात पूजा संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने मां को पुष्प, फल, दूध, प्रसाद एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर श्रद्धापूर्वक आराधना की। कई स्थानों पर महिलाओं ने विशेष रूप से पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली और संतान की मंगलकामना की। स्थानीय लोगों ने बताया कि मनसा पूजा क्षेत्र की समृद्ध लोक एवं धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मां मनसा को नागों की देवी तथा शक्ति और सुरक्षा की प्रतीक के रूप में श्रद्धा से पूजा जाता है। मान्यता है कि मां की आराधना करने से सर्पदंश सहित विभिन्न संकटों से रक्षा होती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। मनसा पूजा को लेकर चितरा कोलियरी क्षेत्र में पूरे दिन आस्था, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
मधुपुर स्टेशन के पानी में ई-कोलाई मिलने की कैग रिपोर्ट पर रेलवे ने दी सफाई
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले पेयजल की गुणवत्ता को लेकर कैग रिपोर्ट में सामने आए ई-कोलाई बैक्टीरिया की मौजूदगी के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वर्ष 2023-24 में स्टेशन के नलों से लिए गए पानी के नमूनों की जांच में ई-कोलाई पाए जाने की रिपोर्ट के बाद यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। हालांकि, पूर्व रेलवे ने वर्तमान जलापूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित बताते हुए कहा है कि अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 तक किए गए नवीनतम जल गुणवत्ता परीक्षण संतोषजनक पाए गए हैं।
कैग की सर्वे रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023-24 में मधुपुर स्टेशन के नलों से पानी के नमूने लिए गए थे। प्रयोगशाला जांच में इनमें ई-कोलाई बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी। ई-कोलाई की मौजूदगी सामान्यत: दूषित जल का संकेत मानी जाती है और इससे दस्त सहित पेट संबंधी संक्रमण का खतरा हो सकता है। रिपोर्ट सामने आने के बाद यात्रियों ने स्टेशन पर पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
पतरो नदी से होती है जलापूर्ति : पूर्व रेलवे के अनुसार मधुपुर स्टेशन की जलापूर्ति का स्रोत निकटवर्ती पतरो नदी है। नदी से विद्युत चालित पंपों और रिवर बोरिंग प्रणाली के माध्यम से पानी संग्रहित कर समर्पित पाइपलाइन से मधुपुर फिल्टर हाउस पहुंचाया जाता है। यहां प्रेशर फिल्टर के माध्यम से पानी का शोधन किया जाता है। इसके बाद निर्धारित मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर के जरिए क्लोरीनीकरण तथा पानी की गंदलापन कम करने के लिए एलम की डोजिंग की जाती है। शोधित पानी की आपूर्ति मधुपुर स्टेशन के अलावा आसपास की रेलवे कॉलोनियों और विभिन्न सेवा भवनों में की जाती है। रेलवे के मुताबिक यात्रियों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए स्टेशन पर वाटर कूलरों की संख्या भी बढ़ाई गई है। वर्ष 2023-24 में चार वाटर कूलर थे, जिनकी संख्या अब नौ कर दी गई है और सभी कार्यशील हैं।
पुराने टैंक और फिल्टर बदले गए : पूर्व रेलवे ने बताया कि जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वर्ष 2024-25 में कई अनुरक्षण एवं सुधार कार्य किए गए। मधुपुर फिल्टर हाउस के प्रेशर फिल्टर का ओवरहॉलिंग कराया गया। पुराने और क्षतिग्रस्त ओवरहेड टैंक को एसएमसी पैनलयुक्त नए टैंक से बदला गया। स्टेशन के पुराने ओवरहेड टैंक को भी नए एसएमसी पैनलयुक्त टैंक से प्रतिस्थापित किया गया है। रेलवे के अनुसार वाटर कूलरों की नियमित सफाई और विसंक्रमण किया जाता है। आपूर्ति जल का क्लोरीनीकरण भी सुनिश्चित किया जाता है। मधुपुर में संभावित सभी स्थानों पर ऑटो-क्लोरीनेटर लगाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है।
अप्रैल 2025 से जांच में पानी संतोषजनक : पूर्व रेलवे ने बताया कि जल गुणवत्ता की बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था के तहत विभिन्न बिंदुओं पर अवशिष्ट क्लोरीन की जांच प्रतिदिन की जाती है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक माह जीवाणुविज्ञान संबंधी जांच और समय-समय पर रासायनिक परीक्षण भी कराया जाता है। रेलवे के अनुसार अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 तक किए गए नवीनतम जल गुणवत्ता परीक्षणों के परिणाम पूर्णत: संतोषजनक पाए गए हैं।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं परीक्षणित पेयजल उपलब्ध कराना यात्री सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मधुपुर स्टेशन पर लगातार निगरानी, आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस बीच कैग रिपोर्ट में सामने आए पुराने नमूने और वर्तमान में संतोषजनक बताए जा रहे जल परीक्षणों के बीच यात्रियों के लिए यह जानना महत्वपूर्ण है कि स्टेशन के सभी पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता नियमित रूप से जांची जाती रहे और जांच के परिणाम सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराए जाएं।
हर्षोल्लास के साथ हुई मां मनसा की पूजा
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी सहित आसपास के कई गाँवों में मां मनसा की पूजा हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। पिछले तीन दिवसीय पूजा का कार्यक्रम मंगलवार को विधिवत रूप से संपन्न हो गया। बीते सोमवार की रात पालोजोरी ब्लॉक रोड स्थित मां मनसा मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं का जुटान पूजा को लेकर हुआ। मनसा पूजा को लेकर पालोजोरी बाजार में चहल पहल लगी रही।