- कृषि विज्ञान केंद्र सुजानी में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन
- 12 प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती की तकनीक एवं व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी
देवघर/वरीय संवाददाता। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत कृषि विज्ञान केंद्र, सुजानी में सीआरपी एवं कृषि सखियों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को शुरू हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला उद्यान पदाधिकारी एवं कृषि विज्ञान केंद्र देवघर के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान ने संयुक्त रूप से किया। जिला उद्यान पदाधिकारी के प्रायोजन से आयोजित इस प्रशिक्षण में कुल 12 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सीआरपी एवं कृषि सखियों को प्राकृतिक खेती की अवधारणा, सिद्धांत, तकनीकी पहलुओं और व्यावहारिक विधियों से अवगत कराना है, ताकि वे ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के बीच प्राकृतिक खेती का प्रचार-प्रसार कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यक्रम समन्वयक सह मृदा वैज्ञानिक डॉ. राजन कुमार ओझा एवं वैज्ञानिक डॉ. विवेक कश्यप ने प्राकृतिक खेती से संबंधित विभिन्न तकनीकी विषयों पर जानकारी दी। जिला उद्यान पदाधिकारी ने कहा कि पारिस्थितिकी तंत्र की सेवाएं और प्राकृतिक खेती एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हैं। प्राकृतिक खेती कृषि की पारंपरिक एवं रसायनमुक्त पद्धति है, जिसमें रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के स्थान पर गाय का गोबर, गोमूत्र, गुड़, बेसन और मिट्टी के सूक्ष्मजीवों जैसे स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग किया जाता है। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान ने राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत एकीकृत कृषि प्रणाली के माध्यम से खेती में विविधीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को जीवामृत, बीजामृत, घनजीवामृत, आच्छादन, वाफसा, स्थानीय संसाधनों से प्राकृतिक कृषि आदान तैयार करने, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जैव विविधता एवं प्राकृतिक तरीके से फसल प्रबंधन की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न प्राकृतिक खेती मॉडलों और तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। प्रतिभागियों को किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने, गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा किसान समूहों के साथ समन्वय स्थापित करने का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में केंद्र के रोहित कुमार दास, चंदन कुमार रमानी एवं मृत्युंजय राउत सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
तकनीकी रूप से दक्ष बनेंगे देवघर के युवा : उपायुक्त
- तकनीकी रूप से दक्ष बनेंगे देवघर के युवा : उपायुक्त
- रैंप योजना के तहत 100 युवाओं को नि:शुल्क आवासीय प्रशिक्षण के लिए रांची किया रवाना
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड औद्योगिक आधारभूत संरचना विकास निगम की रैंप (आरएएमपी) योजना के तहत कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए गुरुवार को देवघर जिले के चयनित 100 युवाओं को रांची रवाना किया गया। केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईपीईटी), हेहल, रांची में आयोजित होने वाले इस नि:शुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर सूचना भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक और कौशल का युग है। केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योगों की मांग के अनुरूप तकनीकी दक्षता हासिल करना युवाओं के लिए जरूरी है। प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थान में मिलने वाला तीन और चार माह का आवासीय प्रशिक्षण उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने युवाओं से पूरी लगन और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की। कहा कि आधुनिक मशीनों और प्लास्टिक प्रोसेसिंग की बारीकियों को सीखकर युवा अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं। आने वाले समय में देवघर के देवीपुर में निर्माणाधीन प्लास्टिक पार्क शुरू होने के बाद प्रशिक्षित युवाओं को अपने गृह जिले में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। इससे पलायन कम होगा और जिले के औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी। उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। मान्यता प्राप्त संस्थान से मिलने वाला प्रशिक्षण उन्हें उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार करेगा। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। मौके पर जिला कौशल विकास पदाधिकारी शैलेंद्र साह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, निदेशक एके जोशी एवं उनकी टीम तथा सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
पीडीएस घोटाले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाकपा माले का धरना
- एसएफसी के तत्कालीन सहायक गोदाम प्रबंधक की गिरफ्तारी की मांग
- मध्याह्न भोजन, पेंशन और शिक्षक नियुक्ति का मुद्दा भी उठाया
देवघर/वरीय संवाददाता। भाकपा माले की जिला कमेटी की ओर से बुधवार को समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। संगठन ने जिले में जन वितरण प्रणाली में कथित अनाज घोटाले की सीबीआई जांच कराने सहित विभिन्न मांगें उठाईं। ज्ञापन में कहा गया कि देवघर जिले में गरीबों के हक का राशन और सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी सुरक्षित नहीं है। संगठन के अनुसार, अप्रैल 2026 से अब तक जन वितरण प्रणाली में बड़े पैमाने पर अनाज घोटाला हुआ है। इसकी केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए। संगठन ने राज्य खाद्य निगम के गोदाम के तत्कालीन सहायक गोदाम प्रबंधक कोमल कुमार पाठक को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही सभी जन वितरण प्रणाली दुकानों में सरकारी अधिकारियों की निगरानी में राशन वितरण सुनिश्चित करने तथा देवघर के जिला आपूर्ति पदाधिकारी और सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को तत्काल पद से हटाने की मांग की गई। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का बकाया पेंशन अविलंब भुगतान करने, सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना का संचालन फिर से विद्यालय प्रबंधन समिति के माध्यम से कराने और वेंडर व्यवस्था समाप्त करने की मांग उठाई गई। शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत सरकारी स्कूलों में 30:1 के अनुपात में शिक्षकों की नियुक्ति करने की भी मांग की गई। धरना को संबोधित करते हुए जिला सचिव रघुनाथ पंडित, रुपलाल यादव, सुरेश दास, जगदीश्वरन मंडल और रमेश पंडित ने कहा कि गरीबों के राशन, बच्चों के भोजन और बुजुर्गों की पेंशन में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों व कर्मियों को दिलाई संविधान दिवस की शपथ
- समाहरणालय सभागार में हुआ कार्यक्रम, न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्श अपनाने की अपील
देवघर/वरीय संवाददाता। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने जिले के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराते हुए शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी को संविधान दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की आत्मा होने के साथ राष्ट्र की प्रगति का मूल आधार भी है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को अपनाकर सभी को राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप देश की संप्रभुता, समाजवाद, पंथनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक गणराज्य की भावना को बनाए रखने तथा नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एवं अवसर की समानता सुनिश्चित करने के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, जिला शिक्षा अधीक्षक, डीआईओ, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, डीएमएफटी की टीम सहित समाहरणालय के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
देवघर एयरपोर्ट बनेगा संताल परगना की आर्थिक प्रगति का नया द्वार
- चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट निदेशक से की मुलाकात
- कार्गो टर्मिनल, नई उड़ानें और यात्री सुविधाओं के विस्तार का रखा प्रस्ताव
देवघर/वरीय संवाददाता। संताल परगना के आर्थिक विकास को गति देने और देवघर एयरपोर्ट को क्षेत्रीय व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में गोपाल कृष्ण शर्मा की अध्यक्षता में संताल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को एयरपोर्ट निदेशक राजेश एवं टर्मिनल मैनेजर सूर्या से मुलाकात की। बैठक में व्यापारिक उड़ानों, यात्री सुविधाओं और एयरपोर्ट के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल एवं कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मण पटेल शामिल थे। उन्होंने कहा कि देवघर एयरपोर्ट की सुविधाओं और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार होने से व्यापारियों, उद्यमियों, निवेशकों, पर्यटकों और आम नागरिकों को नई संभावनाएं मिलेंगी। चैंबर की ओर से एयरपोर्ट पर कार्गो टर्मिनल और माल ढुलाई की सुविधा शुरू करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। इससे स्थानीय उत्पादों, कृषि सामग्री और औद्योगिक वस्तुओं के परिवहन को गति मिलेगी। इसके अलावा पार्किंग और पिकअप-ड्रॉप की स्पष्ट समय-सीमा एवं नियम निर्धारित कर सार्वजनिक करने का सुझाव दिया गया। बैठक में हैदराबाद, जयपुर, सूरत, चेन्नई, पुणे और अहमदाबाद जैसे प्रमुख व्यापारिक एवं औद्योगिक शहरों के लिए नई हवाई सेवाएं शुरू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। साथ ही अन्य प्रमुख एयरलाइंस को देवघर से उड़ान संचालन के लिए प्रोत्साहित करने की मांग रखी गई, ताकि यात्रियों को अधिक विकल्प और बेहतर समय-सारणी मिल सके। प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने का सुझाव दिया। देवघर की धार्मिक एवं पर्यटन महत्ता को संताल परगना के अन्य पर्यटन स्थलों से जोड़कर एयरपोर्ट को क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन प्रवेश द्वार बनाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन और चैंबर के बीच नियमित बैठक एवं संवाद की व्यवस्था स्थापित करने की मांग की गई।
निजी वाहनों से पिकअप-ड्रॉप पर शुल्क नहीं : बैठक में एयरपोर्ट निदेशक राजेश ने चैंबर के सुझावों को क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी वाहनों से पांच से दस मिनट तक पिकअप-ड्रॉप करने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। पार्किंग शुल्क केवल व्यावसायिक किराये के वाहनों से वसूला जाता है।
मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर शहीद जवानों और नागरिकों को दी श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने हमले में शहीद हुए वीर जवानों एवं निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मुंबई आतंकी हमला भारतीय इतिहास का ऐसा काला दिन है, जिसे चाहकर भी भुलाया नहीं जा सकता। आतंकियों की यह कायराना हरकत देश की संप्रभुता और शांति पर सीधा हमला थी। उन्होंने शहीद जवानों के साहस, बलिदान और देश के प्रति समर्पण को नमन करते हुए मृत नागरिकों को भी श्रद्धांजलि दी।
कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ठगी, एक साइबर अपराधी गिरफ्तार
- कैशबैक और एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड चालू कराने का झांसा देकर बनाता था लोगों को शिकार, दो मोबाइल और दो सिम बरामद
देवघर/संवाददाता। जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर और पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में साइबर थाना पुलिस ने 25 नवंबर को पथरड्डा ओपी क्षेत्र के दुधवाजारी गांव में छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव निवासी मिथुन कुमार दास (23) के रूप में हुई है। वह बंधू महरा का पुत्र है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पथरड्डा ओपी क्षेत्र में एक व्यक्ति फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, एयरटेल पेमेंट बैंक और फोन-पे का कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी कर रहा है। वह पीएम किसान योजना के नाम पर भी आम लोगों को झांसे में लेता था। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आई है।
कैशबैक का प्रलोभन देकर करता था ठगी : पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी गूगल-पे, फोन-पे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का प्रलोभन देता था। इसके अलावा एपीके फाइल भेजकर और फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद कराकर उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर भी ठगी करता था।
दो मोबाइल और दो सिम बरामद : पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए हैं। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबर के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह देवघर साइबर थाना कांड संख्या 142/2024 में जेल जा चुका है। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक नागेंद्र प्रसाद सिन्हा, पथरड्डा ओपी प्रभारी पुअनि मोतीराम देवगम सहित पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम शामिल थी।
मोबाइल खरीदने के नाम पर 30 हजार की धोखाधड़ी
देवघर/संवाददाता। खिजुरिया भूतबंगला निवासी अर्पिता अपर्णा के साथ मोबाइल खरीदने के नाम पर 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता ने नगर थाना में शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, मोबाइल खरीदने के नाम पर उनके साथ 30 हजार रुपये की ठगी की गई है। मामले को लेकर पीड़िता ने नगर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चोरी की नीयत से घर में घुसा युवक, पुलिस ने पकड़ा
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के भगवान टॉकीज के समीप एक घर में चोरी की नीयत से घुसे युवक को नगर थाना पुलिस ने पकड़ लिया। घटना गुरुवार सुबह की है। जानकारी के अनुसार, भगवान टॉकीज के समीप निवासी अनुनय कुमार दत्त के घर में एक युवक चोरी की नीयत से घुस गया था। इसकी सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को पकड़कर थाना ले आई। घटना के संबंध में अनुनय कुमार दत्त ने नगर थाना में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऑपरेशन ‘वज्र 2.0’ में देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक ही रात में 64 वारंटी गिरफ्तार
- 108 वारंटों का किया गया निष्पादन, जिले के 18 थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चलाया विशेष समकालीन अभियान
देवघर/संवाददाता। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से देवघर पुलिस ने अपराधियों एवं विभिन्न आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 25 एवं 26 नवंबर की मध्यरात्रि को जिलेभर में विशेष समकालीन अभियान ‘ऑपरेशन वज्र 2.0’ चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 64 वारंटियों एवं वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस की ओर से चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान जिले में कुल 108 वारंटों का निष्पादन किया गया। अभियान में जिले के 17 थाना एवं ओपी क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक कांडों में वांछित आरोपितों और न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर फरार चल रहे लोगों को गिरफ्तार किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं मोहनपुर थाना क्षेत्र से 9, चितरा थाना क्षेत्र से 5 और मधुपुर थाना क्षेत्र से 5 वारंटियों की गिरफ्तारी हुई। नगर थाना क्षेत्र से 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा रिखिया एवं सारवां थाना क्षेत्र से 4-4, जसीडीह, पाथरोल एवं पाथरड्डा ओपी क्षेत्र से 3-3 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में सारठ, करौं एवं बुढ़ई थाना क्षेत्र से 2-2 तथा कुंडा, पालोजोरी, मारगोमुंडा, देवीपुर एवं खागा थाना क्षेत्र से एक-एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई। इस प्रकार पूरे जिले में एक ही रात चलाए गए अभियान के दौरान कुल 64 गिरफ्तारियां की गईं। देवघर पुलिस के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ इस तरह का विशेष अभियान अपराध नियंत्रण, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और न्यायालय द्वारा जारी वारंटों के निष्पादन के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
संत माइकल एंग्लो विद्यालय में मना संविधान दिवस, विद्यार्थियों ने ली शपथ
देवघर/संवाददाता। संथाल परगना के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में से एक संत माइकल एंग्लो विद्यालय के ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित शाखा में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान के प्रति सम्मान एवं उसकी मूल भावना को स्मरण करते हुए किया गया। सर्वप्रथम छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को संत माइकल एंग्लो विद्यालय के चेयरमैन डॉ जे.सी द्वारा संविधान की प्रस्तावना उद्देशिका का सामूहिक वाचन करा संविधान की शपथ दिलाई गई ।मौके पर डॉ. राज द्वारा विद्यार्थियों को संविधान के महत्व और मूल्यों की जानकारी दी गई। बच्चों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के साथ मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में भी बताया गया। डॉ. राज ने संविधान बनाने की प्रक्रिया, संविधान सभा के सदस्यों और उनके योगदान की जानकारी दी।
अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग गंभीर रूप से घायल
देवघर/संवाददाता। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घायलों में जसीडीह थाना क्षेत्र के गिद्धनी निवासी जैकी कुमार और बाराकोला निवासी प्रकाश मांझी शामिल हैं। वहीं, मधुपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी अमलमनी टुडू, देवघर निवासी गुलटन राय एवं दुखन राउत तथा देवीपुर थाना क्षेत्र के महुआतर निवासी माखन राणा भी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी छह घायलों का देवघर सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
अलाव तापने के दौरान कपड़े में लगी आग, 60 प्रतिशत शरीर झुलसा
देवघर/संवाददाता। अलाव तापने के दौरान कपड़े में आग पकड़ लेने से 30 वर्षीय एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घायल का नाम पिंटू कोल है। वह जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के चेतनीखपरी गांव का रहने वाला है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि पिंटू कोल घर में अलाव ताप रहा था। इसी दौरान अचानक उसके कपड़े में आग पकड़ ली। आग की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। इस घटना में उसके शरीर का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा जल गया है। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
पारिवारिक विवाद में युवती ने खुद को किया घायल
देवघर/संवाददाता। पारिवारिक विवाद में आवेश में आकर 21 वर्षीय एक युवती ने अपना सिर फोड़ लिया। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल युवती की पहचान सृष्टि झा के रूप में हुई है। वह नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया की रहने वाली बताई जाती है। घटना के संबंध में युवती के साथ अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि गुरुवार की सुबह घर में घरेलू विवाद हुआ था। इसी दौरान आवेश में आकर उसने अपना सिर फोड़ लिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
दुष्कर्म के आरोपित कौशल किशोर मंडल गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
देवघर/संवाददाता। जिले के मोहनपुर थाना की पुलिस ने थाना कांड संख्या 187/26 के कथित दुष्कर्म के आरोपित घोरमारा निवासी कौशल किशोर मंडल को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले को लेकर बताया जाता है कि मोहनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने 19 नवंबर को थाना में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। दर्ज शिकायत में महिला ने आरोप लगाया था कि वह घरेलू काम से बाजार आई थी। इसी दौरान कौशल किशोर मंडल ने उसे घर छोड़ने की बात कहकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। महिला के अनुसार, रास्ते में आरोपित ने एक झाड़ीनुमा स्थान पर बाइक रोक दी। इसके बाद उसे आवास दिलाने का झांसा देकर पकड़ लिया और उसके साथ गलत काम करने लगा। महिला के चिल्लाने पर उसके ही गांव का एक व्यक्ति वहां पहुंचा। इसके बाद आरोपित धमकी देते हुए बाइक लेकर मौके से फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।