देवघर/वरीय संवाददाता। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, महेशमारा के छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत प्रभातफेरी निकाली। कार्यक्रम जिला उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित किया गया। प्रभातफेरी के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर विद्यालय के आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। छात्र-छात्राओं ने लोगों से इस कुप्रथा को समाप्त करने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्य विजय शंकर ठाकुर, कंचन गुप्ता, रानी ममता, रूपा केसरी, ज्योति शाही, भैरव मंडल, राकेश, धीरेंद्र भारती सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।
पुण्यतिथि पर शिवमंगल सिंह सुमन को दी श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने हिंदी के प्रसिद्ध कवि स्वर्गीय शिवमंगल सिंह सुमन की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शिवमंगल सिंह सुमन हिंदी साहित्य के शीर्ष कवियों में शामिल होने के साथ-साथ प्रखर चिंतक और विचारक भी थे।्र उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से कविता को नई विधा, दिशा और आयाम प्रदान किया।
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए बांटे पंपलेट
- झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिला प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में बाघमारा स्थित आईएसबीटी बस स्टैंड के समीप आम नागरिकों, वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों के बीच जागरूकता पंपलेट बांटे गए। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। परिवहन विभाग की टीम ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, इंडिकेटर का सही उपयोग करने और रात में हेडलाइट का उचित तरीके से प्रयोग करने की जानकारी दी गई। साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से होने वाले खतरों के प्रति सचेत किया गया। कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए संचालित हिट एंड रन मुआवजा योजना के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। अभियान को सफल बनाने में मोटरयान निरीक्षक प्रथम कुमार रजवार एवं अमित कुमार झा, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक शिव कुमार राय, आईटी सहायक अजय कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर संजीत कुमार सहित परिवहन विभाग के अन्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
2027 तक मलेरिया के स्वदेशी मामलों को शून्य करने का लक्ष्य पूरा करें : डॉ. रमेश
- एमपीडब्ल्यू और एएनएम कर्मियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-समीक्षा कार्यक्रम आयोजित
देवघर/वरीय संवाददाता। वर्ष 2027 तक मलेरिया के स्वदेशी मामलों को शून्य करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार की अध्यक्षता में नया सदर अस्पताल सभागार में वेक्टर जनित रोगों पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-समीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न सीएचसी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के एमपीडब्ल्यू और मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों की एएनएम शामिल हुईं। प्रशिक्षण के दौरान जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार यादव और जिला सलाहकार डॉ. गणेश कुमार यादव ने मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जापानीज इंसेफेलाइटिस और कालाजार के लक्षण, जांच एवं उपचार की जानकारी दी। साथ ही आईएचआईपी पोर्टल पर रियल टाइम डाटा दर्ज करने का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में जनवरी से अक्टूबर 2026 तक कर्मियों के कार्यों की समीक्षा की गई। जिनका निर्धारित लक्ष्य अधूरा पाया गया, उन्हें दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। मलेरिया और फाइलेरिया के लक्षण वाले तथा बिना लक्षण वाले मरीजों की जांच और रिपोर्टिंग पर विशेष जोर दिया गया। कर्मियों को स्लाइड संग्रह, आरडीके जांच, पॉजिटिव मरीजों का उपचार, एमएमडीटी किट वितरण और एमएफ सर्वे की रिपोर्ट उसी दिन या अगले दिन सुबह तक पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया। अधिकारियों ने समयबद्ध रिपोर्टिंग और मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मौके पर पिरामल फाउंडेशन के अभिषेक कात्यायन, एफएलए रवि सिन्हा, डीईओ कांग्रेस मंडल और एमपीडब्ल्यू राकेश कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
एमडीआर विधेयक के खिलाफ विधानसभा से पारित संकल्प का माकपा ने किया समर्थन
- केंद्र सरकार के विधेयक के खिलाफ लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष दलों से आंदोलन जारी रखने की अपील
देवघर/वरीय संवाददाता। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने झारखंड विधानसभा में एमडीआर विधेयक के खिलाफ पारित संकल्प का समर्थन किया है। माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि पार्टी पहले ही संसद में बिना चर्चा कराए राज्यों के अधिकारों को कमजोर करने वाले इस विधेयक का तीखा विरोध कर चुकी है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक से झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्यों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी। इससे सामाजिक सुरक्षा पर होने वाले खर्च पर भी संकट उत्पन्न हो सकता है। विधेयक कानून बनने की स्थिति में खनिजों पर अतिरिक्त उपकर के माध्यम से मिलने वाली राशि राज्य को नहीं मिल पाएगी। प्रकाश विप्लव ने कहा कि माकपा झारखंड विधानसभा से इस विधेयक के खिलाफ पारित संकल्प का समर्थन करती है। उन्होंने राज्य के सभी लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक दलों से अपील की कि वे केंद्र सरकार के इस विधेयक के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध जारी रखें।
माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट का छह दिवसीय एक्यूप्रेशर स्वास्थ्य शिविर शुरू
- दो दिसंबर तक चलेगा शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम करेगी उपचार
देवघर/वरीय संवाददाता। माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट की ओर से छह दिवसीय एक्यूप्रेशर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन शुरू किया गया। शिविर का उद्घाटन दिगंबर जैन न्यास बोर्ड के प्रांतीय अध्यक्ष ताराचंद जैन, राजस्थान स्थित राम मनोहर लोहिया आरोग्य जीवन संस्थान के प्रतिनिधि तथा माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी रमेश चंद्र मुंदड़ा ने संयुक्त रूप से किया। आयोजकों के अनुसार शिविर दो दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसमें प्रतिदिन सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम तीन से सात बजे तक मरीजों का उपचार किया जाएगा। शिविर में एक्यूप्रेशर, वाइब्रेशन, सुजोक और मैग्नेट थेरेपी के माध्यम से विभिन्न रोगों के उपचार की व्यवस्था की गई है। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम अपनी सेवाएं दे रही है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ताराचंद जैन ने एक्यूप्रेशर चिकित्सा पद्धति को वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि करीब 25 वर्ष पूर्व माहेश्वरी समाज के एक्यूप्रेशर चिकित्सक स्वर्गीय गोविंद प्रकाश मुंदड़ा ने देवघर की काजरिया कोठी में एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया था। उनके नेतृत्व में कई एक्यूप्रेशर चिकित्सक तैयार हुए थे। वक्ताओं ने माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के सेवा भाव और समाज के प्रति निस्वार्थ योगदान की सराहना की। मौके पर शिव प्रसाद मुंदड़ा, बिनोद नेवर, बिमल नेवर, विशाल मुंदड़ा, मनोज नेवर, प्रशांत माहेश्वरी, बहादुर सिंह कोठारी, राजेश टिबड़ेवाल, अर्जुन घीड़िया, गोपाल शर्मा, इंदु मुंदड़ा, आशा नेवर, गीता नेवर, निशी नेवर, सुनीता नेवर सहित शहर के कई गणमान्य लोग एवं माहेश्वरी सभा के सदस्य उपस्थित थे।
जब भी कुछ बड़ा करना होता है, बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने आता हूं : ईशान किशन
- बाबा मंदिर में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को बताया स्पेशल टैलेंट
देवघर/नगर संवाददाता। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचे। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उनके मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही क्रिकेट प्रेमियों और श्रद्धालुओं में उत्सुकता देखी गई। दर्शन-पूजन के बाद ईशान किशन ने अपनी धार्मिक आस्था साझा करते हुए कहा कि जब भी जीवन में कुछ बड़ा करना होता है या किसी महत्वपूर्ण लक्ष्य की ओर बढ़ना होता है, तो वह बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने यहां चले आते हैं। बाबा के प्रति उनकी गहरी आस्था है। यहां आकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है। उन्होंने बाबा से सुख-समृद्धि और सफलता की कामना की।
बातचीत के दौरान ईशान किशन ने बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा की जमकर सराहना की। उन्होंने वैभव को स्पेशल टैलेंट बताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में जिस बेखौफ अंदाज और आत्मविश्वास के साथ वह बड़े-बड़े गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं, वह असाधारण है। वैभव आने वाले समय में क्रिकेट का भविष्य हैं। इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन करना बड़ी उपलब्धि है।
दोहरा शतक लगाकर बनाई पहचान : ईशान किशन भारतीय क्रिकेट के चर्चित विकेटकीपर बल्लेबाजों में शामिल हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले ईशान ने वर्ष 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 126 गेंदों पर 200 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई। बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में शामिल है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के अलावा खेल, राजनीति और सामाजिक जगत की हस्तियां भी बाबा का आशीर्वाद लेने पहुंचती रहती हैं। शुक्रवार को ईशान किशन का आगमन शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
पेशरपुर जंगल में छापेमारी, तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार
- फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देकर करते थे ठगी, दो मोबाइल और चार सिम बरामद
देवघर/संवाददाता। साइबर अपराधियों के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार, 26 नवंबर को देवीपुर थाना क्षेत्र के पेशरपुर जंगल में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल में कुछ संदिग्ध लोग ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के बसमता गांव निवासी बेलाल अंसारी तथा देवीपुर थाना क्षेत्र के जमुनियां गांव निवासी विकास कुमार दास और सिकन्दर दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के पास से मिले मोबाइल और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में उनकी संलिप्तता सामने आई है।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम : पुलिस के मुताबिक, आरोपित फर्जी गूगल पे, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक का पदाधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से उपभोक्ताओं का कार्ड बंद कर देते थे। बाद में कार्ड दोबारा चालू कराने के नाम पर सहायता का भरोसा देकर ठगी करते थे। छापेमारी में पुलिस ने दो मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार मंडल, देवीपुर थाना के पुअनि प्रशांत कुमार सिंह सहित दोनों थानों के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
मोबाइल हैक कर बैंक खाते से तीन लाख रुपये की अवैध निकासी
- पाकुड़ के पीड़ित ने देवघर साइबर थाना पहुंचकर की शिकायत, टोल फ्री नंबर पर भी दर्ज कराई ऑनलाइन शिकायत
देवघर/संवाददाता। साइबर ठगों ने पाकुड़ जिले के इलामी गांव निवासी हसनूर्ज जमान का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से तीन लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली। घटना 26 से 28 अक्टूबर के बीच की बताई जा रही है। खाते से राशि निकाले जाने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित शिकायत दर्ज कराने देवघर साइबर थाना पहुंचा। हसनूर्ज जमान ने बताया कि वह पाकुड़ जिले का निवासी है। पाकुड़ में साइबर थाना नहीं होने के कारण वह शिकायत लेकर देवघर पहुंचा था। हालांकि, देवघर साइबर थाना में पहुंचने पर उसे अपने स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इसके बाद उसने साइबर अपराध के टोल फ्री नंबर पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। मोबाइल हैक कर खाते से तीन लाख रुपये की निकासी होने से पीड़ित परेशान है। उसने मामले में कार्रवाई कर राशि वापस दिलाने की उम्मीद जताई है।
गंभीर बीमारी से ग्रस्त चालक पुलिसकर्मी चंद्र कुमार मिश्रा का निधन
- पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी; पैतृक गांव भेजा गया पार्थिव शरीर
देवघर/संवाददाता। बुढ़ई थाना में पदस्थापित चालक पुलिसकर्मी चंद्र कुमार मिश्रा (46) उर्फ चुन्नू मिश्रा का गुरुवार देर रात निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से देवघर पुलिस परिवार में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, चंद्र कुमार मिश्रा का परिवार नगर थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में रहता था। गुरुवार रात वह परिवार से मिलने क्वार्टर पहुंचे थे। इसी दौरान देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद पार्थिव शरीर को डाबरग्राम स्थित पुलिस लाइन ले जाया गया, जहां पुलिसकर्मियों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। देवघर पुलिस की ओर से उनका पार्थिव शरीर बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड अंतर्गत पैतृक गांव नवकरही भेजने की व्यवस्था की गई। बताया जाता है कि चंद्र कुमार मिश्रा वर्ष 2009 में देवघर जिला बल में चालक के पद पर बहाल हुए थे। उन्होंने नगर थाना, करौं थाना और बुढ़ई थाना में अपनी सेवाएं दी थीं। उनके निधन पर सहकर्मियों और पुलिस अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन की छिनतई, बाइक सवार दो युवक फरार
- तिवारी चौक के समीप सुबह 11:40 बजे हुई घटना, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के तिवारी चौक के समीप शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना सुबह करीब 11:40 बजे की बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई छिनतई से इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार, तिवारी चौक के समीप स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली नेहा कुमारी शुक्रवार को छिनतई की शिकार हुईं। बताया जाता है कि बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चेन खींच ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों तेज रफ्तार से बाइक लेकर फरार हो गए। अचानक हुई घटना से नेहा कुमारी सकते में आ गईं। इसके बाद उन्होंने नगर थाना पहुंचकर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ आवेदन दिया और कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही थी, ताकि बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान की जा सके।
संदिग्ध परिस्थिति में 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत
- बांका के भंडरा गांव के निवासी थे संजीव यादव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
देवघर/संवाददाता। संदिग्ध परिस्थिति में 49 वर्षीय संजीव यादव की मौत हो गई। वह बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडरा गांव के निवासी थे। शुक्रवार को परिजन उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, रात में खाना खाने के बाद अचानक संजीव यादव की तबीयत बिगड़ने लगी। इसी दौरान उनके हाथ में फोड़ा निकलने लगा। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सुभाष चौक स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां कुछ देर इलाज कराने के बाद उन्हें बैद्यनाथधाम स्टेशन के समीप एक त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद दवा लिखी और बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार दोपहर परिजन उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल
- जमुई, दुमका और देवघर जिले के रहने वाले हैं घायल, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
देवघर/संवाददाता। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की पहचान सिंटू कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। दूसरे घायल दिवाकर मिश्रा दुमका जिले के सरैयाहाट के निवासी हैं। वहीं, तीसरे घायल श्याम प्रसाद साह देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नया चितकाठ गांव के रहने वाले हैं। तीनों अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
ऑटो से बैटरी और स्टेपनी चोरी मामले में एक गिरफ्तार, सामान बरामद
- 25 नवंबर की रात घर के बाहर खड़े ऑटो से हुई थी चोरी, पुलिस ने आरोपित को भेजा जेल
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना पुलिस ने ऑटो से बैटरी, स्टेपनी सहित अन्य सामान चोरी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कुंडा थाना क्षेत्र के ठाढ़ीदुलमपुर निवासी सरोज दास के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गए सामान भी बरामद कर लिए हैं।
मामले को लेकर कानीजोर निवासी राजेंद्र साह ने कुंडा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर की देर रात अपना ऑटो घर के बाहर खड़ा किया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने ऑटो से बैटरी, स्टेपनी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर ठाढ़ीदुलमपुर निवासी सरोज दास को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गए सामान बरामद कर लिए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।