जसीडीह/संवाददाता। एएस महाविद्यालय, देवघर में मंगलवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं को कई महत्वपूर्ण टिप्स दिये गये। महाविद्यालय स्तर पर मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने छूटे भारतीय नागरिक का नाम जुड़वाने एव किसी के प्रभाव में न आने के लिए अभियान चलाने के लिए ब्रांड एम्बेसडर के चयन के लिए नाम मांगा गया है। पूर्व नोडल पदाधिकारी को इस कार्यक्रम को सफल करने के लिये जिला निर्वाचन से तालमेल बनाये रखने की बात कही गयी।
बैठक मे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर अशोक कुमार के महाविद्यालय के अब तक के चुनाव कार्य में सहयोगात्मक रूख की सराहना की और 2024 के चुनाव में इस महाविद्यालय का सहयोगात्मक स्तर पर प्रथम नाम रहे इसका प्रयास रहेगा। उन्होंने सभी युवाओं से अपील की चुनाव ऐप को डाउनलोड करने एवं अद्यतन सूचना युवा मतदाता को देते रहे। प्राचार्य के संबोधन के पूर्व जिला प्रशासन द्वारा एक सभा की गयी थी, जिसमे उपायुक्त देवघर भी उत्साहवर्धन के लिये आये थे। कार्यक्रम में डॉक्टर एनके द्विवेदी, डॉक्टर अनिल ठाकुर, प्रो एमपी सिंह, प्रो मुकेश कुमार, डॉक्टर जेएन सिंह, डीसी वर्मा, हुसैन जी, डॉक्टर एसएस महतो, एके मांझी, प्रो डीपी मंडल, निशिकांत, उमेश राम, पिंटू राम, मुकुल कुमार, देवानंद आदि उपस्थित थे।
रात्रि रक्त संग्रह को लेकर प्रखंडस्तरीय टास्क फोर्स का गठन
जसीडीह/संवाददाता। देवघर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बीडीओ कक्ष में मंगलवार को बीडीओ जितेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में रात्रि रक्त संग्रह कार्यक्रम के संचालन हेतु किया गया। प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक के दौरान बताया गया है फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत फाइलेरिया रोगियों की पुष्टि के लिए रात्रि रक्त पट कार्यक्रम किया जाना है। माइक्रोफाइलेरिया रात्रि में ही मानव शरीर में विचरण करते हैं, इसलिए यह कार्यक्रम रात्रि में ही किया जाता है। बीडीओ श्री यादव ने कहा प्रखंड में यह कार्यक्रम तीन से 15 अक्टूबर तक किया जाना है। जिसमें दो क्षेत्र का चयन क्रमश: सेंटिनल साइट एवं रेंडम साइड का चयन किया गया है। सेंटीनल साइटम में चित्तौलोढ़िया यहां 5 वर्ष के बच्चों के लिए 0 3 अक्टूबर चार एवं सात अक्टूबर को उक्त कार्यक्रम किया जाएगा। जहां तीन दिनों में 300 रक्त पट का लक्ष्य रखा गया है। वहीं रेंडम साइड में इस वर्ष ग्राम देवपुर का चयन किया गया है। यहां नौ, एवं 13 अक्टूबर को यह कार्यक्रम किया जाएगा। यहां भी तीन दिनों में 300 रक्त पट का लक्ष्य रखा गया है। कुल 600 रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। उक्त कार्यक्रम हेतु दो टीम गठन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा किया गया है। यह कार्यक्रम रात्रि 8:30 बजे से 12:00 बजे तक किया जाना है। रात्रि का कार्यक्रम होने के कारण कार्यक्रम का सूचना लिखित जसीडीह थाना एवं कुंडा थाना को पत्राचार किया जा चुका है। दोनों थाना से सहयोग की अपेक्षा भी की जा रही है। पंचायत शंकरी के मुखिया एवं देवपुर के ग्राम के वार्ड से सहयोग हेतु रात्रि में तीन अलग-अलग टोला के में बैठने की व्यवस्था का आग्रह किया गया है। सुविधा के अनुरूप किसी भी टोला में उक्त कार्यक्रम कर सकते हैं और कम से कम एक रात्रि में 100 रक्त पट संग्रह का लक्ष्य प्राप्त करवाने के लिए सहयोग की जरूरत है। सभी वार्ड परिषद, जेएसएलपीएस की दीदीयों को भी इस कार्यक्रम में सहयोग के लिए कहा गया है। सीडीपीओ से भी आग्रह किया गया है की सेविका को उक्त कार्यक्रम में लगाया जाए। बैठक में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अमांदा कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विश्वनाथ चौधरी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ग्रामीण, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थाना प्रभारी, वार्ड सदस्य, बीपीएम शालिनी साहू, पर्यवेक्षिका शालू कुमारी, मंजूषा कुजूर, लक्ष्मी कुमारी, सरिता कुमारी, रमेश झा, शशांक शेखर, लक्ष्मीनारायण राउत, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर नीरज कुमार, आसिफ हुसैन, राहुल, वासुदेव मंडल, राहुल आदि उपस्थित थे। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि एक भी ड्रॉप आउट बच्चा नहीं छूटना चाहिए। सभी एएनएम से या सुनिश्चित कर लें उनसे सर्टिफिकेट ले लें कि आप उनके क्षेत्र में एक भी बच्चा छूटा हुआ नहीं है। सभी को टीका लग गया है। आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के लिए उन्होंने सभी से अपील की। साथ ही कहा कि सर्वे कार्य सही ढंग से करना है। एक भी बच्चा नहीं छूटना चाहिए। नौ से 14 अक्टूबर तक मिशन इंद्रधनुष फेस टू कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।
भारत को जानो प्रतियोगिता के विजेता हुए संत माइकल और आरमित्रा के बच्चे
देवघर/वरीय संवाददाता। भारत विकास परिषद देवघर शाखा ने मंगलवार को अपने महत्वपूर्ण संस्कार प्रकल्प के अंतर्गत भारत को जानो प्रतियोगिता का आयोजन रेड रोज स्कूल के प्रशाल में आयोजित किया। प्रतियोगिता में देवघर के 12 विद्यालय एसकेपी विद्या विहार, दीनबंधु स्कूल, तक्षशिला विद्यापीठ, आर. मित्रा स्कूल, ब्राइट कैरियर स्कूल, संत माइकल एंग्लो विद्यालय, रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ, देवघर सेंट्रल स्कूल, संत मैरी गर्ल्स स्कूल, रेड रोज स्कूल और उमा नलिनी ब्रह्म सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों ने भाग लिया। इससे पूर्व यह सभी विद्यालय अपने यहां लिखित प्रतियोगिता आयोजित कर जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों के लिए दो-दो बच्चों की टीम का चयन कर आज की प्रतियोगिता के लिए भेजा।
भारत को जानो प्रतियोगिता क्विज मास्टर आर. मित्रा के शिक्षक श्रीकांत जायसवाल द्वारा बड़े ही आकर्षक ढंग से दो चरणों में संपादित किया गया। पहले चरण में सभी विद्यालयों के बीच लिखित प्रश्नोत्तरी के द्वारा 6 विद्यालयों को शॉर्ट लिस्ट किया गया। इसके बाद जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में अलग-अलग कौन बनेगा करोड़पति अंदाज में क्विज प्रोजेक्टर के माध्यम से कराया गया। जूनियर वर्ग में संत माइकल, ब्राइट कैरियर स्कूल, आर. मित्रा स्कूल, संत मेरी गर्ल्स स्कूल, रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ, रेड रोज स्कूल और तक्षशिला विद्यापीठ ने ओरल राउंड में प्रवेश किया। 6 राउंड के क्विज में आर. मित्रा स्कूल के आदित्य पांडेय और आचमन दीप विजेता बने।जबकि संत माइकल एंग्लो विद्यालय के बच्चे समर्थ गौतम और आशुतोष कुमार उपविजेता बने। स्थान पर रहे संत मेरी गर्ल्स स्कूल के संजुगता और सिमरन शर्मा। इधर सीनियर ग्रुप में संत माइकल एंग्लो विद्यालय, ब्राइट करियर स्कूल, एसकेपी विद्या विहार, आर. मित्रा प्लस टू स्कूल, रेड रोज स्कूल और उमा नलिनी ब्रह्म सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चे ओरल राउंड के लिए क्वालिफाई किया। 6 राउंड में आयोजित ओरल क्विज में संत माइकल एंग्लो विद्यालय के बच्चे श्रेयम आजाद और अर्चना कुमारी विजेता बने। जबकि आरमित्रा स्कूल के बच्चे धीरज कुमार और अनुज कुमार गौरव उपविजेता बने। ब्राइट कैरियर स्कूल के बच्चे शिवम कुमार और रौशन कुमार तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों के विजेता देवघर शाखा का प्रतिनिधित्व प्रांतीय प्रतियोगिता में करेंगे जो 5 नवंबर को देवघर शाखा के आतिथ्य में संपन्न होगा। प्रतियोगिता आरंभ के पूर्व आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ सरोज कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय निदेशक इग्नू और युधिष्ठिर प्रसाद राय, सचिव रेड रोज स्कूल का स्वागत भारत विकास परिषद देवघर शाखा के अध्यक्ष आलोक मल्लिक और सचिव एसपी भुईयां बिलास ने किया। कार्यक्रम का संचालन रूपा केशरी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में भारत विकास परिषद की ओर से कार्यक्रम के संयोजक रामसेवक सिंह गुंजन, परिषद के सचिव एसपी भुईयां बिलास, वित्त सचिव रंजीत कुमार बरनवाल, वरीय सदस्य कंचन शेखर, प्रशांत कुमार सिन्हा, अभय कुमार, डॉ. राजेश राज, प्रीति कुमारी, अतिथि प्रमेश वर्मा सहित कई सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के पांच पंचायतों के बूथ कमेटी की हुई बैठक
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी प्रखंड के भुरकुंडी में मंगलवार झारखंड मुक्ति मोर्चा की बैठक हुई। बैठक में पालोजोरी, कुंजबोना, बसबुटिया, सगराजोर और भुरकुण्डी पंचायत के बूथ कमेटी गठन के सदस्य मौजूद थे। सर्वप्रथम कार्यकर्ताओं ने पुण्यतिथि स्व. हाजी हुसैन अंसारी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जानकारी के अनुसार बूथ कमेटी के सदस्यों में जोश भरने जिला अध्यक्ष संजय शर्मा और पार्टी के पूर्व प्रत्याशी परिमल सिंह उर्फ भूपेन सिंह सहित अन्य कई नेता मौजूद थे। बैठक में मुख्य रुप से उपस्थित झामुमो जिला अध्यक्ष ने कहा की आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पार्टी कैसे मजबूत हो, बूथ कमिटी कैसे सशक्त हो, पार्टी का संगठन कैसे धारदार हो, सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी कैसे लोगों तक पहुंचे, इस पर विशेष ध्यान देने की जरुरत है। सभी ने एक स्वर में कहा कि आने वाले चुनाव में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा भारी मतों से विजय होगी। वहीं श्री सिंह ने कहा कि पार्टी में हर घर से एक कार्यकर्ता जोड़ने का लक्ष्य बूथ कमेटी के सदस्य रखेंगे। जिस तरह से राज्य के मुख्यमंत्री यहाँ के दलित, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए चिंतित रहते हैं, उसी का परिणाम है कि उपचुनाव में विपक्ष का सूपड़ा साफ हो रहा है और राज्य के लोगों को हेमंत सोरेन पर विश्वास बढ़ता जा रहा है। मौके पर जिला उपाध्यक्ष इश्तियाक मिर्जा, पालोजोरी प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल रहीम, प्रखंड सचिव मोहन सोरेन, युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष सुरेश मरांडी, सुरेन्द्र रवानी, युवा मोर्चा के प्रखंड सचिव अफरीदी, मीडिया प्रभारी भवेश दास आदि मौजूद थे।
पीड़ित परिवार से मिले भूपेन सिंह : बूथ कमेटी की बैठक के बाद जेएमएम नेता भूपेन सिंह भुरकुंडी में एक पीड़ित परिवार से मिले, जहां बीते दिनों एक युवक की मौत हो गई थी। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता करते हुए अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
सड़क पर गड्ढा या गड्ढे पर सड़क…
- हाल प्रखंड कार्यालय तक जाने वाली सड़क का
- वाहन चालकों व राहगीरों को हो रही है परेशानी
पालोजोरी/संवाददाता। मामला समझ से परे है। सड़क पर गड्ढा या गड्ढे पर सड़क है? यह नजारा पालोजोरी बाजार से प्रखंड कार्यालय तक जाने वाली सड़क का है, जहां से रोजाना प्रखंड कार्यालय के अधिकारी और कर्मी पार होते हैं। पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण सड़क की स्थिति ऐसी बनी हुई है कि वाहन चालक और राहगीर दोनों को परेशानी हो रही है। छोटे वाहन कभी भी दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। जानकारी हो कि वर्षों पहले इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन 2019 के बाद निर्माण कार्य बंद पड़ा हुआ है। लोगों को समझ में आ नहीं रहा है कि काम बंद क्यों है?
जनता से किये वायदे को कर रहा हूं पूरा : रणधीर
- 6.88 करोड़ की लागत से दो पुल व पीसीसी निर्माण के लिए विधायक ने रखी आधारशिला
- चुनाव बाद जनता को प्रताड़ित करने वाले अधिकारियों का करेंगे हिसाब
चितरा/संवाददाता। सूबे के पूर्व कृषि मंत्री सह सारठ विधायक रणधीर सिंह ने मंगलवार को कुल लगभग 6.88 करोड़ रुपए की लागत से दो व एक पीसीसी पथ निर्मांवके लिए आधारशिला रखी। जिसमें मुख्य रूप से पालोजोरी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सीमलगढ़ा पंचायत के मोहनपुर गांव में मुखमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत मोहनपुर से बसकुपी जोरिया में 2.38 करोड़ की लागत से पुल निर्माण। सारठ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कुकराहा पंचायत के रतना गांव में संबंधित योजना के तहत 4.40 करोड़ की लागत से मंजूरगिला-रतना जोरिया में पुल निर्माण एवं बड़बाद पंचायत के मझलीबाद गांव में जिला परिषद के तहत 11 लाख की लागत से गेदन रजवार के घर से सेन टोला तक पीसीसी पथ निर्माण शामिल है। इस अवसर पर विधायक सिंह ने तीनों गांव में शिलापट्ट का विधिवत फीता काटकर योजनाओं का शिलान्यास किया। मौके पर मोहनपुर में विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता के साथ किए गए वादे को क्रमबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत पूरा करने का काम किया जा रहा है। कहा कि पिछले 30 वर्षों में विकास काम जितना क्षेत्र में नहीं हुआ था, उससे कई गुणा अधिक विकास का काम हमने अपने नौ वर्ष के कार्यकाल में कर दिखाया है, जो क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात है। विधायक ने आगे कहा कि अगर जनता मुझे दोबारा सेवा करने का मौका देती है तो मैं बता दूं कि जो भी विकास का काम अब तक हुआ है वह तो सिर्फ ट्रेलर था, पूरी फिल्म आगामी चुनाव के बाद दिखाएंगे। विधायक सिंह ने यह भी कहा कि जनता को प्रताड़ित करने वाले अधिकारियों का नाम मेरे लाल डायरी लिखा जा रहा है, आगामी चुनाव के बाद सबका हिसाब लिया जायेगा। साथ ही विधायक सिंह विपक्षी नेताओं पर भी जमकर बरसे। मौके पर विभाग के सहायक अभियंता दिलीप कुमार मरांडी, कनीय अभियंता राजकुमार गौरव के अलावा मोहनपुर में गणेश मंडल, उदय शंकर पांडेय, सुशांत तांती, किशन गिरि, जय प्रकाश पांडेय, जगन्नाथ दास, राजीव मोहली, पारस पांडेय, मुकुंद पांडेय, धीरेन यादव, दुर्योधन हांसदा, मनोज सिंह, धनंजय पांडेय, विष्णु पांडेय, श्रवण मंडल, हीरालाल पांडेय, शंभूनाथ पांडेय, हीरालाल महतो, अभिमन्यु पांडेय, प्रमोद सिंह, दिलीप सिंह, सपन मिश्रा आदि मौजूद थे। इधर मझलीबाद में अशोक हजारी, राकेश सिंह, संजय सिंह, टिंकू सिंह, गुड्डू सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
भाजपा पथरड्डा मंडल के साथ विधायक ने की बैठक
- 51 शक्ति केन्द्रों के प्रभारी हुए शामिल
चितरा/संवाददाता। भाजपा पथरड्डा मंडल के 51 शक्ति केन्द्रों के प्रभारी के साथ सारठ विधायक रणधीर सिंह ने मंगलवार को सहरजोरी स्थित अपने आवासीय कार्यालय में बैठक किया। जिसकी अध्यक्षता विधायक स्वयं कर रहे थे। बैठक के दौरान विधायक सिंह ने शक्ति केन्द्रों के प्रभारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती पर जोर देने को कहा। साथ ही आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का निर्देश उन्होंने दिया। इस मौके पर विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि विश्व के लोकप्रिय एवं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा देश की बागडोर सौंपने के लिए एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी के हाथों को मजबूती प्रदान करना है। इसके लिए अभी से क्षेत्र में तैयारी शुरू कर दें। साथ ही केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करें, ताकि क्षेत्र एक एक जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही विधायक सिंह ने प्रभारियों को पार्टी हित के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया। बैठक में ऋषिकेश तिवारी, रणधीर राय, नेपाल तिवारी, योगेंद्र तिवारी, मुकेश राय, पंचानन ओझा, अशोक राउत, सुभाष रवानी, संजय चंद्रवंशी, अर्जुन मंडल, कुंदन वर्मा आदि मौजूद थे।
श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा को ले निकाली गयी शौर्य संचलन रथ यात्रा पहुंची देवघर
- विहिप बजरंग दल सहित सनातन धर्मप्रेमियों रथ का भव्य स्वागत
देवघर/नगर संवाददाता। श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर पूरे देश में विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल के तत्वावधान में शौर्य संचलन रथयात्रा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत पूरे झारखंड प्रांत में भी 29 सितम्बर से शौर्य संचलन रथयात्रा कार्यक्रम चल रहा है, जो 8 अक्टूबर को रांची में एतिहासिक धर्म सभा के साथ समाप्त होगा। आज 3 अक्टूबर को शौर्य संचलन रथयात्रा का शुभागमन देवघर में हुआ। रथयात्रा जैसे ही मोहनपुर के बुढवाकुडा पहुंचा वहां देवघर जिला विश्व हिन्दू परिषद् बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं सनातन धर्म के लोग रथयात्रा के आगवानी में मौजूद थे। दोपहिया वाहन काफिले के साथ श्रीराम जय घोष करते हुए रथयात्रा मोहनपुर चोपामोड पहुंचा जहां मंदिर में धर्म सभा हुआ। तत्पश्चात् रथयात्रा देवघर के शिवलोक परिसर पहुंचा और यहां एक विशाल एतिहासिक धर्म सभा का आयोजन किया गया। जहां काफी संख्या में सनातन धर्म के लोग उपस्थित थे। धर्म सभा को साधु संत के साथ साथ क्षेत्रीय मंत्री विरेंद्र सिन्हा बिमल, साध्वी लाडली शरण ने अपने ओज पूर्ण विचारों से उपस्थित लोगों के मन मस्तिष्क में नये उत्साह के संदेश का संचार किया। आज के इस एतिहासिक मौके पर विश्व हिन्दू परिषद् बजरंग दल के सभी दायित्ववान सदस्यों के साथ साथ विशाल संख्या में सनातन धर्म के लोग उपस्थित थे। कल 4 अक्टूबर को रथयात्रा देवघर से प्रस्थान कर सारवां, सारठ व पालोजोरी होते हुए आगे के लिए प्रस्थान करेगा। मौके पर क्षेत्र मंत्री वीरेंद्र विमल, विधायक नारायण दास, प्रांत सह मंत्री रामनरेश सिंह, जिला मंत्री विक्रम सिह, अभीषेक मिश्रा, संजय देव, राकेश बरनवाल, राकेश नरौने, रीता चौरसिया, संतोष दे, शिवनाथ राव, अजय जजवाड़े, विकास, वशिष्ठ, विक्की कुमार, आचार्य माधव, आनंद यादव, सूरज राज सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
रंगदारी की मांग को लेकर दुकानदार को चाकू मारकर किया घायल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के जसीडीह मुख्य मार्ग पर स्थित दुर्गाबाड़ी के पास एक कॉस्मेटिक दुकानदार के साथ रंगदारी नहीं देने पर चाकू मारकर घायल कर देने का मामला प्रकाश में आया है। घटना शाम सात बजे के आसपास की बताई जाती है। घायल दुकानदार को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया है। जिसका नाम सुधाकर कुमार वर्णवाल है जो बेलाबगान का रहने वाला है। घायल सुधाकर ने बताया कि वह अपनी दुकान में सामान बेच रहा था। इस दौरान एक युवक दुकान के अंदर आया और रंगदारी की मांग को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध किया तो उस पर बदमाश ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस घटना में उसके बाएं हाथ में चोट लग गयी। बताया कि हमला करने वाले अपराधी ने उसे रंगदारी की मांग की थी। बताया की रंगदारी नहीं देने पर उसने जान मारने की धमकी दे डाली। बदमाश का कहना था कि तुम्हें दुकान चलाना है तो रंगदारी देनी होगी। सुधाकर कुमार ने बताया कि हमलावर हिरणा इलाके का रहने वाला है। उसके साथ दो-तीन अज्ञात बदमाश भी थे। घटना के बाद वह सीधे नगर थाना पहुंचा। नगर थाना पुलिस द्वारा उसे पहले इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही नगर पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।