सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के चोवा मड़वा स्थित दुर्गा मंदिर में माघी दुर्गा पूजा समिति की ओर से 43 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत एकादशी के अवसर पर वार्षिक अष्टयाम समारोह का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष की देखरेख में आयोजित समारोह में विश्व कल्याण, क्षेत्र की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना को लेकर देवी मां की विधिवत पूजा-अर्चना कर अखंड अष्टयाम का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने दुर्गा मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। अष्टयाम के दौरान आधा दर्जन कीर्तन-भजन मंडलियों ने देवी गीतों के साथ राम-कृष्ण धुन प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। देवी मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस अवसर पर मुखिया सुलेखा देवी, समिति के प्रणव सिंह, प्रमुख राउत, मुकुट सिंह, कांग्रेस यादव, राजेंद्र सिंह, अजीत सिंह, राजेश सिंह, नंदकिशोर यादव, शंकर राउत, सुधीर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
करौं में धूमधाम से मनाया गया करमा पर्व
- भाई-बहन के अटूट प्रेम का दिखा रंग
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड क्षेत्र में भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और समर्पण का पर्व कर्मा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संताल परगना के प्रमुख लोकपर्वों में शामिल कर्मा को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में दिन-रात कर्मा गीतों की गूंज सुनाई देती रही। पर्व को लेकर गांवों में उत्सवी माहौल बना रहा।
कर्मा पर्व के अवसर पर सुबह से ही महिलाएं और युवतियां स्नान-ध्यान कर पूजा स्थल पर पहुंचीं और पारंपरिक कर्मा गीतों के साथ पूजा-अर्चना की। विभिन्न गांवों में आकर्षक पंडाल बनाए गए थे, जहां रात में विधि-विधान के साथ कर्म डाली की पूजा की गई। पूजा-अर्चना के दौरान महिलाओं ने भाई की सुख-समृद्धि, दीर्घायु और परिवार की खुशहाली की कामना की। करौं प्रखंड के सीरियां, डूमरतर, रन्हा, सालतर, गौरीपुर, गोविंदपुर, डिंडोकोली, रानीडीह, कैनबेरिया, फोफनाद, चांदचौरा, करौं पहाड़ी, आलमपुर, देवपुर, आसनसोल, चकदहा, परतापुर, सियाकनारी, नावाडीह, बालमो, बेहराजाल, लकरछरा, बेलकियारी, दुबरा, शामपुर, बसकुप्पी सहित विभिन्न गांवों में कर्मा पर्व की विशेष धूम रही। पर्व को लेकर बहनें अपने भाइयों के घर पहुंचीं और सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग
लिया।
सेंट जेवियर्स स्कूल में विद्यार्थियों के बीच हुआ क्विज प्रतियोगिता
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय सेंट जेवियर्स मिशन स्कूल में विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास एवं सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। चार समूहों में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के बीच ज्ञान और प्रतिभा की रोचक जंग देखने को मिली। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को चार अलग-अलग समूहों में विभाजित किया गया था। सभी समूहों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही। विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान, त्वरित बुद्धि एवं विषयों से जुड़े प्रश्नों का आत्मविश्वास के साथ जवाब देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप ‘ए’ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन दिनेश मोदी एवं सचिव अरुण मोदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और सीखने की भावना है। विद्यालय के प्राध्यापक अंकित चौरसिया ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों के मानसिक विकास, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय में ऐसे शैक्षणिक आयोजनों का नियमित आयोजन होना चाहिए। प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता ग्रुप ‘ए’ के विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई ।
राजमिस्त्री के बेटे ने मेहनत से रचा इतिहास
- यूजीसी नेट में सफल होकर बढ़ाया साप्तर का मान
मधुपुर/संवाददाता। प्रखंड के साप्तर गांव निवासी युवा आकाश वर्मा ने यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार, गांव और मधुपुर कॉलेज का नाम रोशन किया है। 18 सितंबर को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। सफलता के साथ आकाश ने सहायक प्रोफेसर पद के लिए पात्रता हासिल करने के साथ पीएचडी के लिए भी पात्रता प्राप्त की है।
राजमिस्त्री पिता रोहित वर्मा एवं गृहिणी माता मुन्नी देवी के पुत्र आकाश ने ग्रामीण परिवेश में रहकर कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा साप्तर से, मैट्रिक की पढ़ाई एमएलजी हाई स्कूल, मधुपुर तथा स्नातक मधुपुर कॉलेज से किया। इसके बाद बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर और एएस कॉलेज, देवघर से बीएड की डिग्री प्राप्त की। आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उनकी उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।
घटवाल-घटवार मेलर समाज ने मनाया आदिम जनजाति सांस्कृतिक करमा महोत्सव
- पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं व युवतियों ने प्रस्तुत किए लोकगीत-नृत्य
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। घटवाल-घटवार आदिवासी समाज की ओर से सोमवार को खिजुरिया पंचायत के कुशमाहा गांव स्थित मैदान में प्रखंड स्तरीय आदिम जनजाति सांस्कृतिक करमा महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। महोत्सव करम गोसाईं, करमा पर्व और जावा गोसाईं की पारंपरिक मान्यताओं एवं लोक संस्कृति को समर्पित रहा। इसमें समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। महोत्सव के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करमा पूजा संपन्न कराई गई। महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीत व लोकनृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर प्रस्तुत नृत्य से आदिवासी संस्कृति की समृद्ध विरासत जीवंत हो उठी। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश दिया गया। मौके पर पूर्व मंत्री हरिनारायण राय ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी महोत्सव का आयोजन सामूहिक रूप से किया गया है। इसका उद्देश्य समाज की पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाज, लोकगीत, लोकनृत्य और धार्मिक मान्यताओं को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में सांस्कृतिक पहचान बनाए रखना जरूरी है। कार्यक्रम में प्रखंड उपाध्यक्ष रामनारायण राय मेलर, जयकांत मंडल, समाजसेवी विश्वनाथ राय मेलर, समिति अध्यक्ष दामोदर सिंह मेलर, निरंजन राय, बीरेंद राय, धर्मेंद्र राय, मुन्ना राय, नागेश्वर राय, मंटू राय, संजय राय, अजय कुमार समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।
बसाहा में भी एसआईआर सत्यापन में फर्जी दस्तावेजों का हुआ है इस्तेमाल : रणधीर सिंह
- प्रशासन से गहन जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग, निर्वाचन आयोग से शिकायत करने की कही बात
चितरा/संवाददाता। पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत चल रहे मतदाता सत्यापन कार्य में कथित अनियमितताओं और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को सहरजोरी स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने पालोजोरी प्रखंड के बसाहा पंचायत में एसआईआर सत्यापन के दौरान कथित तौर पर फर्जी आवासीय एवं जाति प्रमाण पत्रों के इस्तेमाल की सूचना मिलने का दावा किया।
रणधीर सिंह ने कहा कि इससे पूर्व नवादा क्षेत्र में भी एसआईआर सत्यापन कार्य में गड़बड़ी का मामला सामने आया था, जिसके बाद अंचलाधिकारी सारठ के निर्देश पर पत्थरड्डा थाना में मामला दर्ज कराया गया था। उन्होंने कहा कि अब बसाहा पंचायत से भी इसी तरह की शिकायत सामने आ रही है। ऐसे में प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सारठ के बीडीओ एवं सीओ से मांग है कि एसआईआर सत्यापन के दौरान संदिग्ध अथवा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने अथवा सत्यापन कराने के मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि उनके अनुसार पूरे सारठ विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे नाम मतदाता सूची में शामिल हैं, जिनकी नागरिकता, निवास अथवा एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकरण को लेकर सत्यापन की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किए जाने की भी जांच होनी चाहिए।
रणधीर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि संताल परगना में बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियां मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान प्रत्येक संदिग्ध दस्तावेज और मतदाता प्रविष्टि की नियमानुसार जांच होने से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर पार्टी के वरीय नेताओं के माध्यम से निर्वाचन आयोग एवं केंद्रीय चुनाव आयोग को लिखित शिकायत दी जाएगी। साथ ही प्रशासन से मांग की कि एसआईआर जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता या फर्जी दस्तावेज के इस्तेमाल की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच की जाए।
26 सितंबर को राजभवन घेराव में शामिल होने का आह्वान
- देवीपुर में कांग्रेस की बैठक, संगठन मजबूती पर भी हुई चर्चा
देवीपुर/संवाददाता। देवीपुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी की विशेष बैठक मंगलवार को प्रखंड अध्यक्ष नकुल दास की अध्यक्षता में हुई। बैठक में देवघर विधानसभा प्रभारी संजीत कुमार सिंह मौजूद थे। इस दौरान देवघर विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने सहित आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस की ओर से घोषित 26 सितंबर को रांची में राजभवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई। बैठक में श्रीराम मंदिर चंदा चोरी के आरोपों और खान एवं खनिज संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में पार्टी की ओर से किए जा रहे कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई। देवघर विधानसभा प्रभारी संजीत कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों और उनसे जुड़े अधिकारों का मुद्दा राज्य के हित से जुड़ा हुआ है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 सितंबर को प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए प्रखंड कांग्रेस कमेटी सक्रिय रूप से कार्य करेगी। मौके पर प्रदेश सचिव नागेश्वर सिंह, दीपक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी गणेश दास, प्रखंड उपाध्यक्ष डॉ. केके रमानी, सुबोध कापरी, सहादत अंसारी, कार्तिक दास, जलील अंसारी, आनंद मंडल, गंगाधर यादव, दिनेश दास, सज्जाद अंसारी, मुस्तकीम अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
घोषपुर में 26-27 सितंबर को होगा दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट
- तैयारी बैठक में आयोजन को सफल बनाने पर चर्चा, विजेता टीम को मिलेंगे 50 हजार
मोहनपुर/संवाददाता। घोषपुर मैदान में 26 एवं 27 सितंबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट को लेकर मंगलवार को झामुमो भगवानपुर कार्यालय में तैयारी एवं समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार मंडल ने की। इस दौरान टूर्नामेंट के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में अब तक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 35 हजार रुपये तथा तृतीय और चतुर्थ पुरस्कार के रूप में 15-15 हजार रुपये दिए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन एवं देवघर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश पासवान के शामिल होने की बात कही गई है। विशिष्ट अतिथि के रूप में देवघर के महापौर रवि कुमार राउत, आंदोलनकारी चिन्हीकरण आयोग के सदस्य नरसिंह मुर्मू, झामुमो देवघर जिलाध्यक्ष संजय कुमार शर्मा, उपमहापौर टिप चटर्जी एवं झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य परिमल कुमार सिंह के शामिल होने की जानकारी दी गई। बैठक में जिला उपाध्यक्ष नवल किशोर हेम्ब्रम, प्रखंड उपाध्यक्ष श्रीकांत प्रसाद यादव एवं लोथो मुर्मू, सह सचिव सिकंदर कुमार राउत, बिनोद बेसरा, अनिल मुर्मू, प्रेमलाल मरांडी, सुशील मुर्मू, हेमलाल टुडू, लक्खन मरांडी, लखेस्वर मुर्मू, संदीप मुर्मू एवं किशोर मुर्मू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रकृति पूजा का पर्व करमा धूमधाम से मना
- बहनों ने उपवास कर भाइयों की सलामती के लिए की पूजा-अर्चना, लोकगीतों से गूंजे गांव
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रकृति पूजा का महान पर्व करमा धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। करम एकादशी के अवसर पर महिलाओं ने उपवास रखकर अपने भाइयों की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। पर्व को लेकर गांवों में दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा। झीकटी, मनजोरी, सिरसा, भुरकुंडा, ताराजोरा, परसोडीह, बिसनपुर, दानीपुर, बैजनाथपुर, लखोरिया, बधनी, जारा, पत्थरलेरा, बलीडीह, दलदली, बनवरिया, डकाय, लच्छूडीह, पहरिया, नवाडीह, भंडारो, रोशन, डूबा सहित अन्य गांवों में सामूहिक चौपाल पर करम डाली स्थापित की गई। महिलाओं ने करम डाली को आकर्षक ढंग से सजाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद जागरण कार्यक्रम शुरू हुआ। पूजा के दौरान पारंपरिक करमा लोकगीतों की प्रस्तुति से गांव और टोले गूंज उठे। महिलाओं एवं युवतियों ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य भी किया। देर रात तक चौपालों पर भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा। ग्रामीणों के अनुसार करमा पर्व प्रकृति, भाई-बहन के प्रेम और सामाजिक एकता से जुड़ा पारंपरिक पर्व है। मान्यता है कि बहनें अपने भाइयों की सलामती और सुख-समृद्धि के लिए करमा पर्व मनाती हैं। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ इसका निर्वहन किया जाता है।
कोलियरी क्षेत्र में धूमधाम से मनाई गई करमा पूजा
- भाइयों की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए बहनों ने रखा उपवास, श्रद्धा-भक्ति से की पूजा-अर्चना
चितरा/संवाददाता। कोलियरी क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को करमा पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की लंबी आयु, सुख-समृद्धि एवं स्वस्थ जीवन की कामना को लेकर उपवास रखा और विधि-विधान के साथ करम देवता की पूजा-अर्चना की। करमा गीतों और मांदर की थाप से देर शाम तक गांवों का माहौल भक्तिमय एवं उत्सवी बना रहा। कोलियरी क्षेत्र के भवानीपुर, जमुआ, दमगढ़ा, बरमरिया, दुधिचुआ, नवाडीह, धमना, पलमा, कुकराहा, दिग्घी, मुर्गाबनी, बनवारी डंगाल-खून, ताराबाद सहित विभिन्न गांवों में करमा पर्व धूमधाम से मनाया गया। पर्व को लेकर कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। महिलाओं एवं युवतियों ने पूजा स्थल की साफ-सफाई कर आकर्षक ढंग से सजावट की तथा पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार करम डाल स्थापित कर पूजा की। शाम होते ही पूजा स्थलों पर महिलाओं और युवतियों की भीड़ जुटने लगी। करम डाल को फूल, अक्षत, सिंदूर, दीप एवं अन्य पूजन सामग्री से सजाकर करम देवता की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद महिलाओं ने करमा पर्व से जुड़ी पारंपरिक कथा का श्रवण किया और परिवार की सुख-शांति तथा भाइयों की दीर्घायु की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद विभिन्न गांवों में पारंपरिक करमा गीत और नृत्य का दौर शुरू हुआ। मांदर की थाप पर महिलाएं एवं युवतियां पारंपरिक गीत गाते हुए नृत्य करती नजर आईं। कई स्थानों पर देर रात तक सामूहिक रूप से करमा गीत गूंजते रहे। बच्चों एवं युवाओं में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। करमा पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती का प्रतीक माना जाता है। बहनें अपने भाइयों की दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना करते हुए उपवास रखती हैं। वहीं यह पर्व प्रकृति, लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति लोगों की आस्था को भी दर्शाता है।