चितरा/संवाददाता।
पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह ने बुधवार को प्रथम पाली में चितरा कोलियरी के टीडी क्वारी हाजरी घर परिसर में अपने समर्थकों के साथ नुक्कड़ सभा की। इस दौरान उन्होंने ईसीएल कर्मियों को केंद्र सरकार द्वारा पारित एमएमडीआर संशोधन कानून के प्रावधानों के संबंध में जानकारी देते हुए इसके समर्थन में जागरूक किया। एमएमडीआर संशोधन कानून को लेकर झारखंड में राजनीतिक दलों के बीच मतभेद और आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आए हैं। रणधीर सिंह ने कहा कि खनिज संपदा झारखंड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और इससे राज्य सरकार को रॉयल्टी, जीएसटी, डीएमएफटी सहित विभिन्न मदों में राजस्व प्राप्त होता है। उन्होंने सभा के दौरान कोयले के रोड सेल और रेलवे रैक के माध्यम से परिवहन की गणना बताते हुए कहा कि खनिज संपदा से सरकार को मिलने वाले राजस्व और शुल्क की जानकारी आम लोगों एवं ईसीएल कर्मियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना जरूरी है। उन्होंने अपने संबोधन में झामुमो पर एमएमडीआर संशोधन कानून को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। रणधीर सिंह का कहना था कि कानून के वास्तविक प्रावधानों को समझे बिना इसके संबंध में गलत धारणा बनाई जा रही है। भाजपा की ओर से भी यह तर्क दिया गया है कि संशोधन से रॉयल्टी, डीएमएफटी और जीएसटी में राज्यों की हिस्सेदारी समाप्त नहीं होती। वहीं, झामुमो इस कानून को राज्य के खनिज एवं राजस्व अधिकारों के लिए नुकसानदेह बताते हुए इसका विरोध कर रहा है। सभा में रणधीर सिंह ने कोयला परिवहन से जुड़े आंकड़े भी रखे। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा प्रस्तुत गणना के अनुसार 30 टन कोयले वाले एक ट्रक से रॉयल्टी, जीएसटी, डीएमएफटी, फॉरेस्ट शुल्क और इंट्री शुल्क के रूप में करीब 62,400 रुपये की राशि बनती है। इसी तरह 58 बोगियों वाले एक रेलवे रैक में करीब 4,060 टन कोयला होने के आधार पर विभिन्न मदों में करीब 42.22 लाख रुपये की राशि की गणना बताई गई। उन्होंने कहा कि कोयले पर अतिरिक्त शुल्क बढ़ने से परिवहन लागत में भी वृद्धि हुई है। उनके द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार 450 रुपये प्रति टन अतिरिक्त शुल्क के आधार पर 30 टन के एक ट्रक पर 13,500 रुपये, जबकि 58 बोगियों वाले एक रेलवे रैक पर करीब 18.27 लाख रुपये का अतिरिक्त भार बैठता है। रणधीर सिंह ने दावा किया कि लागत बढ़ने का असर कोयले की बिक्री और रोड सेल पर पड़ रहा है। उन्होंने ईसीएल कर्मियों से कहा कि एमएमडीआर संशोधन कानून को लेकर तथ्यों को समझें और खनिज संपदा से राज्य तथा केंद्र सरकार को मिलने वाले राजस्व की पूरी जानकारी रखें। साथ ही पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि हेमंत सरकार का मंशा है कि अतिरिक्त शुल्क के दवाब से वैध कोयला का कीमत बढ़े, ताकि अवैध कोयला का कारोबार फलफूल सके और इसका सीधा फायदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंचे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ऐसा कदापि होने नहीं देगी। नुक्कड़ सभा के दौरान यूनियन नेता महेंद्र प्रसाद राणा, नवल किशोर राय के अलावा विलास राय, अमित सिंह, वरुण सिंह, सुबोध महतो, शंकर मल्लिक, कृष्णा पंडित, देवकरण राय, मुंशी राय, महेश राय, विकास राय, मनोज भोक्ता सहित अन्य समर्थक एवं कोलियरी कर्मी मौजूद रहे।
महिला पर गिरा पेड़, गंभीर रूप से घायल
मधुपुर/संवाददाता।
स्थानीय पथलचपटी मोहल्ला स्थित फूलदानी कुमारी रोड निवासी 50 वर्षीय हीरामुनी हेंब्रम बुधवार को अचानक पेड़ की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, हीरामुनी हेंब्रम बाजार से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर वह सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे रुक गईं। तभी तेज हवा के साथ अचानक पेड़ गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से वह घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासी छोटू ने तत्काल एचएचए फाउंडेशन से संपर्क किया। सूचना मिलते ही फाउंडेशन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल मधुपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। एक्स-रे जांच में पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। धटना मे एक बाईक भी क्षतिग्रस्त हुआ है। घायल महिला की मदद के दौरान फाउंडेशन की टीम से युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष धीरज यादव, दानिश इकबाल, सुशील रंजन (बंटी) एवं नगर मीडिया प्रभारी शहनवाज नूर मौजूद रहे। सभी ने मिलकर घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि मुसीबत की घड़ी में जरूरतमंद के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानव सेवा है।
पंचायत सेवक के निधन पर पूर्व मंत्री ने बंधाया ढाढस
सारवां/संवाददाता।
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत लखोरिया पंचायत के देवपहरी गांव निवासी सेवानिवृत्ति पंचायत सेवक सीताराम वर्मा का पैतृक घर में निधन हो जाने पर गांव में मातम छाया ग्रामीणों ने कहा वो जिंदादिल इंशान के साथ सरल स्वभाव के धनी थे। जानकारी मिलते ही शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देने व ढाढस बंधाने झारखंड सरकार के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख देवपहरी उसके घर पहुंच कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करने के साथ उन्होंने दिवगंत के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की कामना की और परिजनों को इस दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की इस अवसर पर पूर्व मंत्री हरिनारायण राय समाजसेवी चिरंजीव यादव झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र हाजरा सहित अन्य ने संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए कामना की।
नाले का गंदा पानी सड़क पर, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल
मधुपुर/संवाददाता।
मधुपुर अनुमंडल के करौं प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार क्षेत्र में नाली का गंदा व दुर्गंधयुक्त पानी सड़कों पर बहने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश के मौसम में चक्रवर्ती टोला, केवट टोला और राय टोला के लोग जलजमाव व कीचड़ की समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हैं। वहीं, सुभाष चौक से सिरियां गांव जाने वाली सड़क पर भी लगातार गंदा पानी बहने से राहगीरों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात में स्थिति बदतर हो जाती है। वर्षों पूर्व कुछ टोला में नालियों का निर्माण तो कराया गया, लेकिन नियमित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है। करौं-सिरियां मुख्य मार्ग पर भी गंदा और कीचड़युक्त पानी जमा रहने से लोगों को परेशानी हो रही है। बाजार क्षेत्र में करनेश्वर मंदिर, धर्मराज मंदिर, कोटाल काली मंदिर, सिंह भवानी मंदिर और दुर्गा मंदिर समेत कई धार्मिक स्थल हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिन्हें गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। सड़कों पर गंदगी और जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है
जिससे बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय निवासी राजू राय, अशोक बाउरी, श्यामू बाउरी, आशीष आचार्य, कन्हाई मोदी, जया मंडल, बम शंकर मंडल, बगरू मंडल, असित सिंह, विष्णु चौधरी, परितोष चौधरी और विजय भंडारी समेत दर्जनों लोगों ने प्रखंड प्रशासन से बाजार की सभी गलियों और टोला में व्यवस्थित नाली निर्माण कराने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर नाले का गंदा पानी बहना स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। प्रशासन को शीघ्र पहल कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि बाजारवासियों और राहगीरों को राहत मिल सके।
बोतलबंद पानी के दाम को लेकर विवाद में मारपीट, ग्राहक घायल
जसीडीह/संवाददाता।
जसीडीह थानांतर्गत जसीडीह स्टेशन के टेंपो स्टैंड के समीप एक होटल में बोतल पानी के दाम को लेकर मालिक और ग्राहक के बीच विवाद होने से मारपीट हो गई। जिसमें ग्राहक घायल हो गया। ग्राहक एवं बिहार के लखीसराय जिला अंतर्गत सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के जकरपुरा गांव निवासी आशुतोष कुमार -26 वर्ष ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिनांक बीस सितंबर को बाबा धाम पूजा करने आया था और रात करीब ग्यारह बजे वापस दोस्तों के साथ घर लौटने के क्रम में जसीडीह स्टेशन के टेंपो स्टैंड वाले गेट के पास एक होटल में पानी का एक बोतल मांगा। होटल मालिक पानी का बोतल देकर बीस रुपए मांगा तो उसने बोला कि पानी का बोतल लोकल कंपनी का नार्मल है और हर जगह पंद्रह रुपए में मिलता है। इसी बात पर होटल मालिक अभद्र भाषा का प्रयोग कर गाली गलौज करने लगा। जब विरोध किया तो होटल मालिक ने स्टाफ के साथ मिलकर मारपीट करने लगा। साथ ही जान मारने की नीयत से लोहे के रड से माथा पर मारकर घायल कर दिया। साथ ही गले से सोने का चैन भी नोच लिया। आस पास के लोग और दोस्तों ने बीच बचाव कर बचाया। पुलिस ने आशुतोष कुमार के आवेदन पर जसीडीह थाना में मामला दर्ज कर होटल मालिक के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।
रेल कर्मियों ने राष्ट्र कवि दिनकर को जयंती मनाकर किया याद
जसीडीह/संवाददाता।
जसीडीह स्टेशन परिसर में बुधवार को रेल कर्मियों ने राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती समारोहपूर्वक मनाकर याद किये। समारोह की अध्यक्षता जसीडीह स्टेशन प्रबंधक सह राजभाषा कार्यान्वयन समिति, जसीडीह अध्यक्ष शंकर शैलेश ने की। स्टेशन प्रबंधक शंकर शैलेश ने प्रख्यात कवि दिनकर जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनकी राष्ट्र एवं हिन्दी के प्रति समर्पण एवं अनुपम योगदान के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी। मौके पर रेल सुरक्षा बल के साहिल कुमार सहायक उपनिरीक्षक, प्रभुनाथ सिंह यादव, प्रधान आरक्षी, सिनियर ट्रेन मैनेजर राकेश कुमार, मुख्य गाड़ी लिपिक मिनाक्षी कुमारी, सोनी चौरसिया, इंजीनियर प्रतिक कुमार, अशोक कुमार रजक आदि रेल कर्मियों ने दिनकर जी की जयंती पर अपने उदगार व्यक्त किए। वहीं उपस्थित कर्मियों को स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति के संयोजक शंकर कुमार केशरी ने संबोधित करते हुए दिनकर जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए लोगों का स्वागत किया।
दहेज उत्पीडन व भ्रूण हत्या का आरोपी पिता पुत्र को बंगाल पुलिस ने किया गिरफ्तार
मधुपुर/संवाददाता।
दहेज उत्पीडन और भ्रूण हत्या के मामले मे पश्चिम बंगाल आसनसोल साउथ पुलिस टीम आरोपी की तलाश मे मधुपुर पहुंची। यहाँ स्थानीय पुलिस के सहयोग से दलहा गांव में छापेमारी किया। छापेमारी में आरोपी श्याम सिंह और उसके पिता रणजीत सिंह को गिरफ्तार कर साथ ले गई। बताया जाता है कि वर्ष 2023 में हिंदू रीति रिवाज के साथ श्याम सिंह का विवाह आसनसोल की युवती से हुआ था। युवती ने अपने पति और श्वसुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और भ्रूण हत्या का शिकायत दर्ज कराते हुए आसनसोल साउथ थाना में मामला दर्ज कराया था। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट के निर्देश पर पुलिस कारवाई किया है।
जयंती पर याद किये गये राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर
मघुपुर/संवाददाता।
स्थानीय भेडवा स्थित राहुल अध्ययन केन्द्र में बुधवार को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती मनाई गई। मौके उपस्थित लोगों ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस दौरान केन्द्र के संरक्षक धनंजय प्रसाद ने विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि आधुनिक हिंदी साहित्य जगत में रामधारी सिंह दिनकर का एक विशिष्ट स्थान है। वो राष्ट्रकवि के साथ राष्ट्रीय उद्घोषक कवि भी थे। उनकी क्रांतिकारी देशभक्ति कविताएं स्वतंत्रता सेनानियों की जुबां पर रहती थी। उनकी कविताओं में अटूट देशप्रेम के साथ किसान, मजदूर, सर्वहारा, दलित व महिलाओं की दुर्दशा पर उत्कृष्ट आक्रोश और मानवता के लिए अदम्य प्रशंसा से परिपूर्ण है। दिनकर जी ने साम्राज्यवादी शक्तियों से मुक्ति के लिए हिंसात्मक मार्ग की स्वीकृति ही नहीं बल्कि प्राथमिकता भी देते हैं। दिनकर जी का गहन अध्ययन और गंभीर चिंतन उनके गद्य रचनाओं से प्रतिलक्षित होता है। उन्होंने कविता के आलावे गद्य में संस्मरण, यात्रा वृत्तांत, आलोचना, निबंध व बोद्ध कथाएं लिखी है। संस्कृति के चार अध्याय, नामक इतिहास और संस्कृति के संबद्ध बिषय की उनकी पुस्तक में सुक्ष्म अन्वेषियी दृष्टि और भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी अटूट आस्था उजागर होती है। उनकी भाषा सरल, असरदार और संगीतमय है। उनमें जोरदार ढंग से अपनी बातें कहने की अद्भुत क्षमता है। दिनकर जी अपने बयालिस वर्षों के साहित्यिक जीवन में पचास से अधिक पुस्तकों की रचना किये और हिन्दी साहित्य जगत में अपना अमिट छाप छोड़ने है। भला ऐसे विभूति को कैसे बिसराया जा सकता है। उन्हें याद करना लाजिमी है। इसके अलावे कई लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
राजेंद्र पुल पर नॉन -इंटरलाकिंग कार्य के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
मधुपुर/संवाददाता।
दानापुर रेल मंडल अंतर्गत राजेंद्र पुल स्टेशन पर नए पुल को दोहरी रेल लाइन से जोड़ने सहित अन्य विकास कार्यों को लेकर नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य शुरू किया गया है। रेलवे द्वारा कराए जा रहे इस कार्य के कारण मुख्य रेलखंड समेत विभिन्न रेल शाखाओं पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे के अनुसार यह कार्य 21 सितंबर से शुरू होकर 4 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को निर्धारित तिथियों पर रद्द करने का निर्णय लिया गया है। एनआई कार्य के कारण लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा है। रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों के मार्ग में किए गए बदलाव की जानकारी जारी की गई है। 12303 पूर्वा एक्सप्रेस, 12317 अकाल तख्त एक्सप्रेस, 15047 एवं 15049 पूर्वांचल एक्सप्रेस, 13047 विभूति एक्सप्रेस तथा 13105 सहित कई ट्रेनों का परिचालन निर्धारित तिथियों पर बदले हुए मार्ग से किया जाएगा। वहीं, मौर्य एक्सप्रेस का परिचालन भी जसीडीह-देवघर होकर कराया जाएगा। 15027 संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस की 25, 26, 27, 28, 29 एवं 30 सितंबर तथा 1 और 2 अक्टूबर को शुरू होने वाली यात्राएं जसीडीह- देवघर-दुमका-भागलपुर-मुंगेर-बरौनी के रास्ते संचालित की जाएंगी। मार्ग में बदलाव के कारण इन ट्रेनों के निर्धारित समय में भी परिवर्तन होने की संभावना है। इसके अलावा 18622 एवं 18623 हटिया-पटना पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, पटना-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस, हावड़ा-मोकामा तथा हावड़ा-रक्सौल सहित कुछ ट्रेनों का परिचालन निर्धारित दिनों में प्रभावित रहेगा। रेलवे द्वारा कुछ ट्रेनों को रद्द किए जाने से नियमित यात्रियों के साथ-साथ दूर-दराज की यात्रा करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मधुपुर, जसीडीह सहित प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन की स्थिति और परिचालन संबंधी जानकारी लेने के लिए यात्रियों की भीड़ देखी जा रही है। सहयोग कार्यालय एवं पूछताछ केंद्रों पर भी यात्रियों की संख्या बढ़ गई है।
प्रमुख पति, राजद जिला अध्यक्ष पर रंगदारी, मारपीट, गाली गलौज, पिस्तौल दिखाकर जमीन हड़पने का आरोप
मोहनपुर/ संवाददाता।
मोहनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौपा गांव निवासी अवधेश महथा ने थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी प्रखंड प्रमुख पति रंजीत यादव, राजद युवा जिला अध्यक्ष नवीनदेव यादव, ऋषि देव यादव, रूपायडीह गांव निवासी वार्ड सदस्य संतोष यादव, बलराम यादव,करणीबाघ मोहल्ला निवासी बिहारी यादव झारखंड सरकार के एक मंत्री के खास करीबी बताई जा रहे हैं। सिंगरायडीह गांव निवासी प्रियांशु कुमार, जसीडीह थाना क्षेत्र के धावा घाट गांव निवासी कुंदन कुमार, मोहनपुर थाना क्षेत्र के घाघरा मोड गांव निवासी मिथिलेश यादव के विरुद्ध एवं 25 से 30 अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध गंदी गंदी गाली- गलौज देते हुए घर घुस गया एवं घर का सीसीटीवी कैमरा तोड़ कर रजनीश कुमार को मार कर जख्मी कर दिया। ऋषि देव यादव रजनीश के पॉकेट से मोबाइल छीनकर मलिक को दो वर्ष पूर्व रंगदारी 10 लाख मांगे थे नहीं दिया। बोलो हम लोग का मांग पूरा करेगा नहीं तो जमीन खाली कर दो नहीं तो जान से मार देंगे। मारपीट की घटना सुनकर जब मेरा भतीजा पिंटू यादव आया तो उसके साथ बेहरमी से मारपीट कर नवीन देव यादव ने 10 भर का सोने का चेन एवं 5100 नगद रुपया पॉकेट से छिंन लिया। उपरोक्त सभी लोग मेरे घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दिया। रंजीत यादव जाते-जाते पीड़ित अवधेश यादव के गला दबाकर जान करने का प्रयास किया जिसमें उसका दाम घटने लगा जिससे मेरी जान जा सकती थी। उपरोक्त सभी व्यक्ति जान करने पर उतारू हो गया जाते-जाते प्रियांशु कुमार मिथिलेश कुमार संतोष कुमार एलइडी टीवी फाइबर एवं घर का सामान तोड़फोड़ कर लूटपाट करके ले गया। रंजीत यादव अपने लाइसेंसी पिस्टल लेकर पीड़ित के घर पहुंच कर गोली मारने की धमकी दिया। उपरोक्त सभी व्यक्ति लड़ाकू एवं दबंग प्रवृत्ति के आदमी है कभी भी मेरे साथ अनहोनी घटना कारित कर सकती है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है। पूर्व में कांड संख्या -194/2024 मौजा -चोपा -789 जमाबंदी नंबर 41, डाक संख्या 16 कल रकवा 6 एकड़ 3 डिसमिल जमीन है जिसमें लगभग तीन एकड़ जमीन का घेराबंदी कर एवं घर बनाकर बसोनवास कर रहे हैं उस जमीन को हड़पने की नीयत से पूर्व में भी मारपीट हुई है। जिसमें प्रमुख पति रंजीत यादव, राजद जिलाध्यक्ष नवीन देव यादव, ऋषि देव यादव के विरुद्ध मामला मोहनपुर थाने में पुलिस ने मामला दर्ज किया था। अनुमंडल में मामला लंबित मोहनपुर थाना क्षेत्र के चौपा गांव निवासी अवधेश यादव एवं मुकेश यादव बनाम रंजीत यादव नवीन देव यादव ऋषि देव यादव के विरुद्ध क्रिमिनल मिस केस एसडीओ कोर्ट में मामला लंबित है उसके बावजूद भी तीनों नामजाद व्यक्तियों ने जमीन को हड़पने की नीयत से लगातार पीड़ित के साथ मारपीट धमकी एवं अन्य केस में फंसने की साजिश करते रहता है।