- इस्लाम मोहब्बत,भाईचारे व अमन चैन का पैगाम देता है : शकील खान कादरी
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय नबी बक्श रोड स्थित सुफी शाह शकील खान कादरी के खानकाह में 15 वां गौसुलवरा कांफ्रेंस का आयोजन अकीदत के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कारी अब्दुल नईम ने तिलावत-ए-क़ुरआन से की। कॉन्फ्रेंस की सदारत करते हुए पीर-ए-तरीकत हज़रत सूफ़ी शाह शकील ख़ान क़ादरी ने कहा कि इस्लाम इंसानियत, मोहब्बत,भाईचारे और अमन का पैग़ाम देता है। हमें चाहिए कि इस्लाम के बताए हुए रास्ते पर चलें और औलिया -ए-किराम की तालीमात को अपनी ज़दिंगी में उतारें।कहा कि हज़रत शेख अब्दुल क़ादिर जिन्हें गौस-ए-आज़म के नाम से जाना जाता है। जो इस्लामी इतिहास के महानतम औलिया में से एक हैं।गौस-ए-आज़म की करामातें बचपन से ही जाना जाता है। कॉन्फ्रेंस में हाफिज कारी अहमद नईमुद्दीन, मौलाना सिराज मिस्बाही, हाफिज शहीद रज़ा और मौलाना मोहम्मद नईम ने भी तक़रीर सुनाया। महफ़लि के आयोजन में सरफराज अहमद अशरफ़ी, एनुल होदा, पार्षद नौशाद आलम, अख़्तर निज़ामी, मुमताज़ निज़ामी, मुस्ताक निजामी, शमशेर बबलू आदि ने अहम किरदार निभाया। कार्यक्रम का समापन मुल्क और क़ौम की तरक़्क़ी, अमन चैन और शान्ती के दुआओं के साथ हुआ।
अनंत चतुर्थी आज, भगवान विष्णु की होगी अराधना
- बाजार में चहल-पहल बढ़ी, पूजन सामग्री व फलों की बिक्री खूब हुई
मधुपुर/संवाददाता। भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्दशी को मनाया जाने वाला पर्व अनंत चतुर्दशी शुक्रवार (आज) को मनायी जाएगी। सृष्टि के पालक भगवान विष्णु की अराधना, उपासना का व्रत उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर गुरुवार को बाजार में चहल-पहल बढ़ गई। पूजन सामग्री और फल आदि मिष्टान्न की खरीदारी की गई।
पौराणिक कथा अनुसार अनंत चतुदर्शी पर भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की पूजा और चौदह गांठ वाले अनंत सूत्र धारण करने की विशिष्ट परंपरा है। अनंत चतुर्दशी में श्रद्धालु पीला वस्त्र धारण कर भगवान विष्णु की विधि विधान पूर्वक पूजन कर कथा का श्रवण करेंगे
तथा चौदह गांठ वाले रक्षा सूत्र धारण कर धर परिवार के सुख शांति का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात प्रसाद वितरण होगा। पर्व मे व्रतधारी एक समय का मिष्टान्न भोजन सूर्यास्त के पूर्व करने का विधान है। ऐसी मान्यता है कि अनंत भगवान के पूजन करने से भक्तो के कष्ट, दुख, दारिद्र का नाश होकर वह सुखी, समृद्ध और वैभव सम्पन्न हो जाता है।
मधुमक्खियों के हमले में दो लोग घायल
- सीएसपी के सामने पेड़ से छत्ता गिरने के बाद मधुमक्खियों ने किया हमला
सारवां/संवाददाता। थाना क्षेत्र के बेहराकनारी स्थित सीएसपी में गुरुवार को पैसे की निकासी करने पहुंचे दो लोगों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना में गम्हरिया गांव निवासी फुलिया बीबी (50) और तस्लीम अंसारी (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सारवां पहुंचाया गया। सीएचसी में ऑन ड्यूटी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने दोनों का उपचार किया। बताया गया कि मधुमक्खियों के डंक से दोनों के शरीर पर कई जगह सूजन और जख्म हो गए थे। इलाज के दौरान शरीर से सैकड़ों मधुमक्खियों के डंक निकाले गए।
परिजनों ने बताया कि दोनों सीएसपी में पैसे की निकासी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान सीएसपी के सामने स्थित एक पेड़ से जंगली मधुमक्खियों का छत्ता टूटकर नीचे गिर गया। छत्ता गिरते ही हजारों की संख्या में मधुमक्खियां बाहर निकल आईं और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दोनों घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
विद्यालय से दो गैस सिलेंडर चोरी
-प्राथमिक विद्यालय जारा के रसोईघर का ताला तोड़कर चोरी
सारवां/संवाददाता। थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जारा में अज्ञात चोरों ने रसोईघर का ताला तोड़कर मध्याह्न भोजन (एमडीएम) बनाने के लिए रखे दो गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। मामले को लेकर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कुंदन यादव ने थाना में आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है। दिए गए आवेदन में प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बताया कि करमा पर्व को लेकर विद्यालय में दो दिनों की छुट्टी थी। गुरुवार को विद्यालय खोला गया तो रसोईघर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर एमडीएम बनाने के लिए रखे दोनों गैस सिलेंडर गायब पाए गए। उन्होंने बताया कि विद्यालय में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में चोर विद्यालय से तीन पंखे और एक डिवाइस भी चोरी कर चुके हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से विद्यालय प्रबंधन एवं ग्रामीणों में चिंता है। प्रधानाध्यापक ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन
- उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेलवरना में नुनुराम बने अध्यक्ष व मंजू कुमारी उपाध्यक्ष
सारठ/संवाददाता। विभागीय निर्देश के आलोक में गुरुवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेलवरना में विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन शांतिपूर्ण माहौल में किया गया। पर्यवेक्षक अमित कुमार झा एवं संदीप कुमार झा की देखरेख तथा अर्जुन पंडित की अध्यक्षता में आयोजित आमसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक शामिल हुए। आमसभा में पर्यवेक्षकों ने विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन की प्रक्रिया एवं इसके दायित्वों की जानकारी दी। इसके बाद 15 अभिभावक सदस्यों का चयन किया गया, जिसमें नौ महिला और छह पुरुष सदस्य शामिल हैं। चयनित सदस्यों के बीच नुनुराम यादव को अध्यक्ष तथा मंजू कुमारी को उपाध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से चुना गया। समिति के सदस्यों में अंजनी देवी, चंदा देवी, कुंती देवी, पुष्पा कुमारी, मंजू देवी, मालो देवी, शांति देवी, चंदन पंडित, कोकिल कुमार, प्रदीप कापड़ी, राजेश कुमार यादव एवं अमोद यादव शामिल हैं। इसके अलावा चार पदेन सदस्यों को भी समिति में शामिल किया गया।
मौके पर मुखिया जूली कुमारी, उपप्रमुख अनिता देवी, मुखिया प्रतिनिधि गौतम मंडल, रिंकू यादव, प्रभारी प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार राय, सहायक शिक्षक विश्वनाथ पंडित, अनिता सहाय, राजेश्वर प्रसाद सिंह, ललन प्रसाद साह, दुलारी देवी, कारी देवी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
60 पीडीएस दुकानों तक नहीं पहुंचा सितंबर का चावल
- सितंबर खत्म होने में चंद दिन शेष, राशन कार्डधारियों की बढ़ी चिंता
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर प्रखंड में सितंबर माह का चावल अब तक सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों तक नहीं पहुंच पाया है। सितंबर माह समाप्त होने में महज कुछ दिन शेष हैं, जबकि प्रखंड की करीब 60 पीडीएस दुकानों के डीलरों को अब तक चावल उपलब्ध नहीं कराया गया है। ऐसे में संबंधित राशन कार्डधारियों को सितंबर माह का अनाज समय पर मिलने को लेकर चिंता बढ़ गई है। मोहनपुर प्रखंड में कुल 129 जन वितरण प्रणाली दुकानें हैं। पीडीएस गोदाम प्रबंधक सुबोध कुमार राय के अनुसार, 24 सितंबर तक करीब 70 दुकानों के डीलरों को सितंबर माह का चावल उपलब्ध कराया जा चुका है। वहीं, लगभग 60 दुकानों के लिए चावल अभी उपलब्ध नहीं कराया गया है। सितंबर माह समाप्त होने और अक्टूबर माह शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। ऐसे में जिन दुकानों तक चावल नहीं पहुंचा है, वहां राशन वितरण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। कई कार्डधारी अपने डीलरों से राशन मिलने के संबंध में जानकारी ले रहे हैं।
गोदाम से दुकानों तक पहुंचाने में देरी : बड़ी संख्या में पीडीएस दुकानों तक चावल नहीं पहुंचने से अनाज के उठाव और वितरण की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लाभुकों का कहना है कि उन्हें प्रत्येक माह समय पर राशन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। हालांकि, अनाज के गमन में किसी तरह की अनियमितता या गड़बड़ी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्या कहते हैं अधिकारी : गोदाम प्रबंधक सुबोध कुमार राय ने बताया कि प्रखंड की 129 पीडीएस दुकानों में से करीब 70 दुकानों के डीलरों को सितंबर माह का चावल उपलब्ध कराया जा चुका है। लगभग 60 दुकानों के लिए चावल अभी उपलब्ध नहीं कराया गया है। वहीं, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सौरभ कुमार ने कहा कि गोदाम से डीलरों तक चावल पहुंचाने की जिम्मेदारी गोदाम प्रबंधक की है। चावल डीलरों तक किस प्रकार पहुंचाया जाएगा, यह गोदाम प्रबंधक के स्तर से देखा जाना है।
बच्चों के अधिकार व सुरक्षा को लेकर जागरूकता बैठक
- बाल विवाह व बाल शोषण रोकने को ग्रामीणों को किया जागरूक
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के बैजनाथपुर गांव में चेतना विकास देवघर के तत्वावधान में गुरुवार को बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आंगनबाड़ी सेविका गीता कुमारी सिंह ने की। इस दौरान बच्चों के अधिकार, शिक्षा का महत्व, बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल शोषण एवं बच्चों के साथ होने वाली हिंसा की रोकथाम को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। बैठक में बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने, स्कूल से बाहर रहने वाले बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं से जोड़ने पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। इस दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम (पीसीएमए) की जानकारी देते हुए बताया गया कि बाल विवाह करने, उसमें सहयोग करने अथवा विवाह में शामिल होने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। इसके तहत दो वर्ष तक की सजा और एक लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है।
बैठक में पोक्सो एक्ट, बाल श्रम, बाल तस्करी एवं बच्चों के अधिकारों की जानकारी देने के साथ हेल्पलाइन नंबर 1098 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में भी बताया गया। अंत में उपस्थित सदस्यों ने बाल विवाह एवं बाल शोषण मुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली। मौके पर सहायिका बेबी कुमारी, चेतना विकास के संस्था प्रतिनिधि चंदन कुमार राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद थीं।
बारिश में मिट्टी-खपरैल का घर गिरा, सरकारी सहायता की मांग
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर प्रखंड के रघुनाथपुर पंचायत अंतर्गत गोरई गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण गीता देवी पति संजय यादव का मिट्टी-खपरैल का मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। घर की दीवार गिरने से परिवार के समक्ष रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। बताया गया कि लगातार बारिश के कारण मकान की दीवार अचानक गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार का कोई सदस्य इसकी चपेट में नहीं आया। मकान गिरने के बाद परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल गीता देवी अपने भाई के घर में रहने को मजबूर हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर सरकारी स्तर पर आवास अथवा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत कराना मुश्किल है। वहीं, ग्रामीणों ने भी संबंधित अधिकारियों से घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
मोहनपुर पुलिस ने बरामद किया गुम मोबाइल, मालिक को सौंपा
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को गुम हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया। थाना प्रभारी संदीप कृष्ण की पहल पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मालदा, पश्चिम बंगाल निवासी महादेव सरकार का मोबाइल बरामद किया। मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की और फोन को उसके मालिक महादेव सरकार के सुपुर्द कर दिया। गुम हुआ मोबाइल वापस मिलने पर महादेव सरकार ने मोहनपुर पुलिस के प्रति आभार जताया। थाना प्रभारी संदीप कृष्ण ने बताया कि पुलिस लोगों की शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करती है। गुम या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए पुलिस स्तर से लगातार प्रयास किया जाता है। उन्होंने लोगों से मोबाइल गुम होने अथवा चोरी होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
प्रमुख पति समेत नौ नामजद और करीब 30 अज्ञात पर प्राथमिकी
- एसडीओ ने थाना प्रभारी को जमीन से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच का दिया निर्देश
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर अंचल क्षेत्र के चोपा मौजा में करीब तीन एकड़ घेराबंदी वाली जमीन को लेकर उत्पन्न विवाद के मामले में मोहनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्रखंड प्रमुख के पति रंजीत यादव, युवा राजद जिला अध्यक्ष नवीनदेव यादव, ऋषिदेव यादव, संतोष यादव, बिहारी यादव, बलराम यादव, प्रियांशु कुमार, कुंदन यादव और मिथिलेश यादव समेत करीब 30 अज्ञात लोगों को नामजद किया है।
प्राथमिकी के अनुसार, 22 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे नामजद एवं अज्ञात लोगों के एकमत होकर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश करने और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में जबरन जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने तथा पूर्व में कथित रूप से मांगी गई 10 लाख रुपये की रकम का जिक्र करते हुए जमीन खाली नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 156/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। इधर, पीड़ित पक्ष की ओर से अनुमंडल पदाधिकारी को भी लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई। आवेदन के बाद एसडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोहनपुर थाना प्रभारी को पत्र भेजकर जमीन विवाद से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच कर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
बारिश में मिट्टी-खपरैल का घर गिरा, परिवार के समक्ष रहने की समस्या
- पीड़ित ने सीओ को आवेदन देकर सरकारी सहायता की लगाई गुहार
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रक्ति पंचायत के बेहराकानारी गांव में लगातार हुई बारिश के कारण एक किसान का मिट्टी-खपरैल का घर अचानक गिर गया। घर गिरने से परिवार के समक्ष रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। गनीमत रही कि घटना के समय घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। बताया गया कि बारिश के कारण शांति देवी का मिट्टी एवं खपरैल से बना मकान अचानक ध्वस्त हो गया। मकान गिरने से घर में रखा सामान भी प्रभावित हुआ है। पीड़िता के अनुसार, यही उनका एकमात्र आवास था। घर गिरने के बाद परिवार के सामने रहने के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है। घटना के बाद पीड़ित शांति देवी ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच कराने तथा सरकारी स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि अपने स्तर से नया मकान बनवा सके। पीड़िता ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार आवास या अन्य सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
-कोलियरी में कोयला उत्पादन भी प्रभावित
चितरा/संवाददाता। चितरा कोलियरी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश के कारण जहां आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है, वहीं चितरा कोलियरी में कोयला उत्पादन एवं परिवहन कार्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। बारिश के कारण खदान क्षेत्र में जगह-जगह जलजमाव और कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे भारी वाहनों के परिचालन तथा खदान के अंदर मशीनों के संचालन में परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण कोलियरी के विभिन्न कार्यस्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों पर फिसलन बढ़ गई है। मिट्टी गीली होने के कारण भारी मशीनों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इससे उत्पादन कार्य की रफ्तार धीमी पड़ने के साथ कोयला परिवहन पर भी असर पड़ने की बात सामने आ रही है। खदान क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों को भी बारिश के बीच अपने कार्यों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। चितरा कोलियरी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लगातार बारिश से कच्चे रास्ते कीचड़ में तब्दील हो गए हैं। कई स्थानों पर जलजमाव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन भरी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। बारिश के कारण बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम रही। आवश्यक कार्यों से घरों से निकलने वाले लोगों को छाता और बरसाती का सहारा लेना पड़ा। वहीं, स्कूली बच्चों, मजदूरों तथा रोजाना काम के लिए आवागमन करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि, लगातार बारिश से किसानों के चेहरे पर राहत भी देखने को मिल रही है। खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से धान सहित खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है। लेकिन निचले इलाकों में अत्यधिक जलजमाव के कारण फसलों को नुकसान की आशंका भी बनी हुई है।
धान के लिए फायदेमंद तो सब्जियाँ के लिए नुक्शान होने की चिंता
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड क्षेत्र में दो दिनों से लगातार रुक-रुक कर तेज बारिश होने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली तथा धान की फसलों को भी इस बारिश से लाभ पहुंचेगा लेकिन सब्जी एवं अन्य फसलों की नुकशान की सम्भावनाएं भी जतायी जा रही है। हालांकि इस बारिश से मुख्य सडको पर जल जमाव हो जाने से आवागमन करने वाले राहगीरों को कठिनाइयों का सामना भी करना पडा। साथ ही इस बारिश का असर बाजारों से लेकर सडकों में भी असर दिखने को मिला। आवाजाही कम होने से बाजारों में सीधा असर दिखने को मिला, अन्य दिनों के वनिस्पत स्थानीय बाजारों में बिक्री में मंदी दिखी।