हिरणपुर/संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी ने हिरणपुर मंडल स्तरीय लाभुक संपर्क अभियान का शुभारंभ रानीपुर स्थित बूथ संख्या 170 एवं 171 से प्रारंभ किया। अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों से केंद्र सरकार की योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी ली। लाभुकों ने बताया मोदी सरकार की ओर से प्रदत लाभकारी योजनाओं में आवास, राशन, चिकित्सा, शिक्षा आदि विभिन्न जन हितकारी लाभ तो मिला ही इसके अलावा राष्ट्रीय हित में भी कई योजनाएं कार्यान्वित हैं। लाभुकों ने बताया कि मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अभियान के तहत मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं को लाभ के साथ साझा किया। मौके पर मंडल अध्यक्ष कैलाश सिंह, बूथ अध्यक्ष मोहनलाल साहा, पंचायत प्रभारी मनोज साहा, मृत्युंजय सिंह, राहुल तिवारी आदि भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
उत्पाद विभाग ने किराना दुकान में की औचक छापेमारी
हिरणपुर/संवाददाता। उत्पाद विभाग ने हिरणपुर पुलिस के सहयोग से शुक्रवार को महारो स्थित एक किराना दुकान में औचक छापेमारी की। जहां अवैध महुआ शराब के साथ दुकानदार कोयल मरांडी को गिरफ्तार किया गया। उत्पाद विभाग निरीक्षक सन्नी तिर्की के नेतृत्व में दुकान में छापेमारी की गई। जहां दो प्लास्टिक जग में रखे हुए करीब छह लीटर महुआ शराब को जब्त किया गया। हिरणपुर में अवैध शराब बनाने का धंधा फलफूल रहा है। तारापुर, लखनपुर, गोसाईपुर, तोड़ाई आदि जगहों में बेखौफ होकर महुआ शराब बनाया जा रहा है। जिसे हाट, बाजारों में खुलेआम बेचा जा रहा है। हिरणपुर दैनिक हाट परिसर में प्रतिदिन सुबह से शाम तक अवैध शराब का मजमा लगा रहता है। उधर जामबाद में नकली विदेशी शराब भी बनाया जा रहा है। इसे लेकर विभाग को कड़ी कार्रवाई करनी आवश्यक है। इस संबंध में उत्पाद निरीक्षक ने बताया कि अवैध शराब को लेकर निरन्तर छापेमारी जारी रहेगी। इसमें पकड़े जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
वीर बंधुओं को दिया गया एक दिवसीय प्रशिक्षण
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। वनाधिकार अधिनियम के अंतर्गत अबुआ वीर, अबुआ दिशोम अभियान के सफल कार्यान्वयन के लिए वीर बंधुओं को प्रखंड कार्यालय लिट्टीपाड़ा सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर देवकांत सिंह, सीआई ने बताया कि ग्राम स्तर पर ग्रामसभा आयोजित कर अधिक से अधिक संख्या में वनाधिकार अधिनियम के तहत दावों को प्राप्त करने, व्यक्तिगत वन अधिकार दावों के लिए वन अधिकार समिति बनाने के लिए अध्यक्ष, सचिव का चयन, दावों का भौतिक सत्यापन, जमीन का विवरण, व्यक्तिगत वन अधिकार अभिलेख तैयार करने, व्यक्तिगत वन अधिकार दावों के भौतिक सत्यापन के लिए सूचना देने, वन अधिकार समिति का प्रतिवेदन तैयार करने, वन क्षेत्र के सीमांकन की कार्रवाई करने का प्रशिक्षण के दौरान जानकारी दी गई। वनरक्षी स्टीफन हेम्ब्रम ने ग्राम सभा में सृजित दावों को मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से प्रविष्टि कराने के लिए जानकारी दी गई। मौके पर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी केसी दास, लिट्टीपाड़ा प्रखंड, अंचल के सभी राजस्व उप निरीक्षक अनिल पहाड़िया, अजय दत्ता, त्रिपुरारी राय, लक्ष्मी देहरीन, पंचायत सचिव कमल पहाड़िया, लिसू टुडू, देवेश मिश्र, वनरक्षी स्टीफन हेम्ब्रम एवं विभिन्न ग्राम पंचायत से आये वीर बंधुओं ने भाग लिया।
75 टन अवैध कोयला जब्त, आरोपियों पर केस दर्ज
महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के धावाडंगाल स्थित मैदान से थाना प्रभारी सनी सुप्रभात ने छापेमारी कर 75 टन कोयला जब्त किया। कोयला जब्त मामले को लेकर मामला दर्ज किया गया है। जिसमें गांव के ही चार व्यक्ति कुबराज सोरेन, शिवलाल सोरेन, मनवेल सोरेन एवं देवीलाल सोरेन के खिलाफ एकमत होकर कोयला चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज करवाया। थाना प्रभारी ने आवेदन में उल्लेख किया है कि गुप्त सूचना के आधार पर उक्त कोयला को जब्त किया गया। छानबीन के दौरान पता चला कि जिस जमीन पर कोयला रखा हुआ था। वह संबंधित चारों व्यक्तियों का है। थाना प्रभारी ने चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
नौ मार्च से अनिश्चितकालीन घेरा डालो, डेरा डालो के तहत आंदोलन करने को लेकर बीडीओ को दिया आवेदन
महेशपुर/संवाददाता। बीते 05 फरवरी को भाजपा प्रतिनिधिमंडल की ओर से योजना में की गई गड़बड़ी की शिकायत को लेकर बीडीओ को आवेदन दिया था। कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज प्रतिनिधिमंडल ने पुन: हस्ताक्षरित आवेदन देकर आगामी 09 मार्च से अनिश्चितकालीन घेरा डालो, डेरा डालो के तहत आंदोलन किये जाने का उल्लेख किया है। पूर्व जिला महामंत्री सुरेंद्र प्रसाद भगत, पूर्व उपप्रमुख सह जिला मंत्री रामचंद्र साहा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय भंडारी ने बीडीओ को दिये आवेदन में उल्लेख किया है कि बीते 05 फरवरी को योजना में की गई गड़बड़ी को लेकर शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की थी। उक्त मामले को लेकर 10 फरवरी को भी भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ से बातचीत की थी। उन्होंने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था।
भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मिस्ड कॉल करने को लेकर चलाया गया जनसंपर्क अभियान
पाकुड़/संवाददाता। भाजपा जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय के मार्गदर्शन में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मिस्ड कॉल करने को लेकर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। जिला के तीनों विधानसभा में यह अभियान चलाया गया। जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सदर प्रखंड के पंचायत उदय नारायणपुर, ग्राम-विक्रमपुर में लाभार्थियों की समृद्धि, मोदी की गारंटी एवं लाभार्थियों के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सह भाजपा नेता बाबूधन मुर्मू उपस्थित हुए। केंद्र की ओर से प्राप्त योजना के बारे में घर-घर जाकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उज्ज्वला गैस योजना, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, घर-घर जल नल योजना, बिजली इत्यादि के बारे में जानकारी दी। मौके पर नगर नबी के मंडल अध्यक्ष अरुण चौधरी, मोहन मंडल, रंजीत राजवंशी आदि उपस्थित थे। वहीं शहर के कई वार्ड में भी जनसंपर्क अभियान चलाते हुए घोषणा पत्र को लेकर सुझाव देने के लिए मिस्ड कॉल करवाया गया। मौके पर वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष संपा साह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, अनिकेत गोस्वामी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
सेवानिवृत्त सरिस्तेदार को कोर्ट कर्मियों ने दी विदाई
पाकुड़/संवाददाता। व्यवहार न्यायालय सभागार में शुक्रवार को समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त कर्मी को सम्मानित किया गया। मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बालकृष्ण तिवारी की उपस्थिति में सरिस्तेदार निर्मल सोरेन को कोर्ट कर्मियों ने विदाई दी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने निर्मल सोरेन को माला पहनाकर सम्मानित किया। मौके पर उपस्थित सभी कर्मियों एवं न्यायाधीशों ने निर्मल सोरेन के कार्यों की सराहना की। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के हाथों से आगामी मिलने वाले सेवानिवृत्ति लाभ सौंपा गया। कार्यक्रम में एडीजे प्रथम राकेश कुमार, सीजेएम शिल्पा मुर्मू, एसीजेएम विशाल मांझी, एसडीजेएम निर्मल कुमार भारती, फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट कमल प्रकाश, अहमद हुसैन खां, सरिस्तेदार, रिकॉर्ड कीपर
जनार्दन मालाकार, प्रधान लिपिक कुमार राजेश, नाजिर पुराण मंडल, ओम प्रकाश शर्मा, लेखापाल उपस्थित थे।
कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मनाया जन्मदिन
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। जदयू प्रखंड कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का शुक्रवार को 73वां जन्म दिन मनाया गया। मौके पर जिला अध्यक्ष गौतम मंडल उपस्थित हुए। मौके पर कार्यकर्ताओं ने केक काट कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्म दिन की बधाई दी। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कविराज किस्कू, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मनी टुडू, प्रखंड अध्यक्ष जीतलाल टुडू समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
चार अपराधियों की हथियार के साथ हुई गिरफ्तारी
-एसपी ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
पाकुड़/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र से हथियार के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। प्रेसवार्ता में एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में कोयला और पत्थर कारोबारियों को रंगदारी वसूलने की नीयत से अपराधी प्रवृत्ति के लोग हथियार का भय दिखाकर डरा-धमका रहे थे। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा के नन्दीपाड़ा बस्ती से चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से एक देसी पिस्टल, 09 जिंदा गोली ओर चार मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तार अपराधियों का नाम देवराज सरकार उर्फ निमवा उर्फ निमाई, विमान राजवंशी उर्फ बिद्ध राजवंशी, कन्हाई कुमार साहा और गौरी शंकर साहा उर्फ गौरव है। पूछताछ में गिरफ्तार अपराध कर्मियों ने बताया कि शामिल दो अन्य अपराधी अभी फरार हैं। पुलिस उन दोनों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा कि फरार अपराधियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा।
असंतुलित ट्रक सड़क किनारे पलटा
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। लिट्टीपाड़ा-हिरणपुर मुख्य सड़क स्थित रंगा नदी के समीप बीती गुरुवार देर रात केमिकल लदा ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या जेएच 10 सीएम 9052 मालदा से केमिकल का बोरा लेकर धनबाद की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार होने की वजह से रांगा पुल के मोड़ में चालक का संतुलन बिगड़ जाने से सड़क से नीचे जाकर ट्रक पलट गया। दुर्घटना में चालक और उपचालक को हल्की चोटें आई है। थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
डीसी ने जनता दरबार के माध्यम से आमजनों की समस्याएं सुनीं
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मृत्युंजय कुमार बर्णवाल ने शुक्रवार को जनता दरबार के माध्यम से आमजनों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने समस्याओं से डीसी को अवगत कराया। डीसी बर्णवाल ने उपस्थित लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। समस्या समाधान को लेकर उन्हें आश्वस्त कराया। जनता दरबार में शिकायतकर्ता की समस्याएं सुनने के पश्चात डीसी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को उनका समाधान करने को लेकर निर्देशित किया। सभी आवेदनों की भौतिक जांच करते हुए उसका समाधान जल्द से जल्द करने को लेकर आदेश दिया। इसके अलावा डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
बैंक सखियों को दिलायी गयी शपथ
पाकुड़/संवाददाता। स्वीप कोषांग मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत युवा मतदाताओं को वोट करने के लिए प्रेरित किया जाना है। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार, एडीपीओ जयेन्द्र मिश्रा, एसएमपीओ पवन कुमार ने कहा कि किसी का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है तो उसे बीएलओ के माध्यम से या वोटर एप्प के माध्यम से फॉर्म 06 अवश्य भरवायें। आरसेटी की ओर से प्रशिक्षित बैंक सखियों से अभिभावकों और आसपास के लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्हें स्वयं मतदान करने एवं दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलायी गयी। मौके पर डीपीएम जेएसएलपीएस निशिकांत नीरज, निदेशक आरसेटी कृष्णा दास, वरिष्ठ संकाय आरसेटी अमित कुमार बर्धन, जेएसएलपीएस के रीता कुमारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर भूषण कुमार समेत अन्य उपस्थित थे।