मसलिया/निज संवाददाता। मसलिया थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी का मामला सामने आया है। आश्रम मोड़-दलाही मुख्य सड़क पर गेनुवाडीह के समीप बीते वर्ष मवेशियों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे में 8 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार उपचालक का बायां हाथ बांह से अलग हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिहार से एलपी ट्रक संख्या बीआर 06 जीएफ 8005 में करीब 14 मवेशियों को पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। गेनुवाडीह के तीखे मोड़ के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में 3 बड़े मवेशियों और 5 मवेशियों के बच्चों की मौत हो गई, जबकि उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि हादसे के बाद ट्रक में बचे 6 मवेशियों को पशु तस्कर चारपहिया वाहन से लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को उठवाकर थाना परिसर में लाया। मृत मवेशियों को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर दफना दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आश्रम मोड़-दलाही मुख्य सड़क पर कई स्थानों पर तीखे मोड़ और सड़क किनारे घनी झाड़ियां हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहन समय पर दिखाई नहीं देते। लोगों का आरोप है कि इसी मार्ग का इस्तेमाल मवेशियों को पश्चिम बंगाल ले जाने के लिए किया जाता है। भाजपा के बसमत्ता मंडल उपाध्यक्ष तरुण कुमार मंडल ने मवेशी तस्करी पर रोक लगाने की मांग की है।
डिवाईडर से टकराई क्रेटा, चालक सहित पांच घायल
शिकारीपाड़ा/निज संवाददाता। दुमका रामपुरहाट मार्ग यानि एनएच 114 ए पर शिकारीपाड़ा थाना अंतर्गत पथराकट्टा के पास बुधवार की देर शाम डिवाईडर से टकरा कर क्रेटा कार दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इस दुर्घटना में कार के चालक एवं चार सवार सभी घायल हो गये और कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जाता है कि चालक एवं चारों कार सवार शराब के नशे में धुत्त थे जो दुर्घटना की वजह बना। जानकारी के अनुसार चारों युवक ड्राईवर के साथ बिहार के भागलपुर से पश्चिम बंगाल के तारापीठ जा रहे थे। झारखण्ड के सीमा में पहुंचने के बाद ही सभी शराब पी ली थी और तारापीठ की आ जा रहे थे कि कार डिवाईडर से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क मरम्मत और सुरक्षा उपायों को दें प्राथमिकता: डीसी
दुमका/निज संवाददाता। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, कन्वेक्स मिरर एवं आवश्यक संकेतक लगाने, स्कूल बसों को पीले रंग में पेंट करने तथा सड़कों के गड्ढों की मरम्मत से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारी को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट की पहचान कर सड़क मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, साइनेज, रंबल स्ट्रिप एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे स्थानों की सूची तैयार करने को कहा गया, जहां सड़क पर गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका रहती है या तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है। बैठक में हिट एंड रन के मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से करने पर जोर दिया। उपायुक्त ने जिले में लगातार ड्रंक एंड ड्राइव जांच अभियान चलाने का निर्देश देते हुए नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा। पकड़े जाने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। निर्धारित मानक से अधिक क्षमता वाले लाइट या बल्ब लगे वाहनों की भी नियमित जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने को कहा गया। हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने जिले में संचालित सभी स्कूल बसों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पीले रंग में रखने तथा प्रत्येक स्कूल बस में जीपीएस और सीसीटीवी सिस्टम अनिवार्य रूप से स्थापित कराने को कहा, ताकि बच्चों की सुरक्षा और स्कूल बसों की निगरानी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को शहर में जाम की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा नगर परिषद, थाना प्रभारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को आपसी समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता आदि मौजूद थे।
दिवंगत भाजपा नेता सर्वेश्वर मंडल के परिजनों से मिले सांसद निशिकांत दुबे
सरैयाहाट/निज संवाददाता। भाजपा के दिवंगत नेता सर्वेश्वर मंडल के निधन के बाद सांसद निशिकांत दुबे बुधवार को सरैयाहाट पहुंचे और उनके आवास पर जाकर परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। सांसद ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में भाजपा परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने सर्वेश्वर मंडल के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ता का निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। सांसद ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
आचार संहिता उल्लंघन मामले में विधायक स्टीफन मरांडी कोर्ट में हुए हाजिर
दुमका/नगर संवाददाता। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान कथित आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से जुड़े मामले में महेशपुर से झामुमो विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी बुधवार को एमपी-एमएलए के विशेष न्यायाधीश मोहित चैधरी की अदालत में उपस्थित हुए। मामला महेशपुर थाना कांड संख्या 168/2019 तथा जीआर संख्या 08/2022 से संबंधित है। आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू रहने के बावजूद बिना अनुमति चुनाव प्रचार वाहन का उपयोग किया गया और आचार संहिता का उल्लंघन किया गया। इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 171 तथा लोक संपत्ति अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से अब तक 5 गवाहों की गवाही कराई जा चुकी है। इससे पहले भी अभियोजन पक्ष की ओर से दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 311 के तहत आवेदन दाखिल किया जा चुका है। उस समय मामला बयान के लिए निर्धारित था। इसके बाद अभियोजन की ओर से पुन: धारा 311 के तहत आवेदन दाखिल कर अतिरिक्त साक्ष्य प्रस्तुत करने का अनुरोध किया गया है। लोक अभियोजक चंपा कुमारी की ओर से दाखिल आवेदन में कहा गया है कि घटना के समय आदर्श आचार संहिता प्रभावी थी। वहीं, बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता राजा खान ने अभियोजन के धारा 311 के आवेदन का प्रतिउत्तर न्यायालय में दाखिल कर दिया है। अब धारा 311 के आवेदन पर 11 सितंबर को सुनवाई होगी।
गुमरो पंचायत में एसआईआर जनसुनवाई में 136 लोग पहुंचे
मसलिया/निज संवाददाता। मसलिया प्रखंड के गुमरो पंचायत भवन में बुधवार को अनमैप मतदाताओं के मामलों को लेकर जनसुनवाई आयोजित की गई। विभिन्न मतदान केंद्रों से संबंधित मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया गया था। मतदान केंद्र संख्या 240 बड़ा चंदन के 11, 241 सितपहाड़ी के 47, 242 गुमरो के 9, 243 पोखरिया के 32 तथा 244 जेरुवाखिलकनाली के 3 मतदाताओं समेत कुल 102 लोगों को नोटिस जारी किया गया था, जिनमें 51 लोग जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखा। वहीं, मतदान केंद्र संख्या 242 गुमरो में 155 अनमैप मामलों को लेकर जारी नोटिस के विरुद्ध 85 लोग जनसुनवाई में पहुंचे। इस प्रकार बुधवार की जनसुनवाई में कुल 136 लोगों ने भाग लिया। शेष मामलों की सुनवाई 15 सितंबर को की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने मतदाताओं के दस्तावेजों एवं संबंधित अभिलेखों की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों ने निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर दस्तावेज प्रस्तुत करने की अपील की। मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी, दुमका-1 सह जिला कल्याण पदाधिकारी गौतम मोदी, गुमरो पंचायत की मुखिया सावित्री मुर्मू, पंचायत सचिव कृष्णेन्दू मिश्रा, महेंद्र मड़ैया, शिवनाथ महतो, मलय कुमार, रंजीत कुमार, सिदाम मंडल मौजूद थे।
सदर अस्पताल को यथावत रखने की मांग, सिविल सोसायटी ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
दुमका/निज संवाददाता। सिविल सोसायटी दुमका के प्रतिनिधिमंडल ने सदर अस्पताल दुमका को पूर्व की तरह यथावत संचालित रखने की मांग को लेकर संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त के कार्यालय कक्ष में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी आयुक्त से विस्तृत चर्चा की गई। सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि झारखंड सरकार द्वारा सृजित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल वर्तमान में सदर अस्पताल दुमका के भवन में संचालित हो रहा है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल का नया भवन दुमका शहर से करीब 7 किलोमीटर दूर रिंग रोड के समीप बनकर तैयार है, जिसमें करीब 500 बेड की व्यवस्था है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि स्थानांतरण के बाद सदर अस्पताल दुमका के दैनिक बा’ विभाग एवं अंतरवासी विभाग को बंद किए जाने की बात सामने आ रही है। इसको लेकर सिविल सोसायटी ने सवाल उठाया कि यदि मेडिकल कॉलेज अस्पताल के साथ सदर अस्पताल का विलय किया गया है तो इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए और यदि समायोजन नहीं किया गया है तो सदर अस्पताल को बंद करने का निर्णय किस परिस्थिति में लिया जा रहा है। सिविल सोसायटी ने आयुक्त से आग्रह किया कि सदर अस्पताल शहर के मध्य में स्थित है और यहां आमजन को विशेषकर रात के समय आसानी से पहुंचकर स्वास्थ्य सेवा प्राप्त हो जाती है। ऐसे में जिला मुख्यालय में पूर्व से स्वीकृत सदर अस्पताल को पूर्व की भांति यथावत संचालित रखा जाए। प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा के दौरान आयुक्त ने यातायात व्यवस्था का मुद्दा भी गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित परिवहन विभाग के पदाधिकारी से दूरभाष पर बात कर गति सीमा निर्धारित करने तथा आवश्यक स्थानों पर गति सीमा संबंधी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार के आसपास तेज रफ्तार ट्रकों एवं अन्य मालवाहक वाहनों का आवागमन होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर आयुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई के लिए बातचीत की। उन्होंने जनहित में सदर अस्पताल को यथावत रखने की दिशा में हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में सिविल सोसायटी दुमका के अध्यक्ष राधेश्याम वर्मा, सचिव संदीप कुमार, जय बमबम, कार्यकारिणी सदस्य भवानी शंकर प्रसाद, रामाकांत साह, अनूप कुमार सिन्हा एवं मयंक राज शामिल थे।
सिलाजोड़ी बालू घाट से रात में अवैध बालू उठाव
रानेश्वर/निज संवाददाता। मयूराक्षी नदी के रानेश्वर प्रखंड स्थित सिलाजोड़ी बालू घाट से रात के अंधेरे में अवैध बालू उठाव को लेकर श्यामपुर गांव के ग्रामीणों ने उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय सिलाजोड़ी बालू घाट से ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध रूप से बालू उठाकर श्यामपुर के खेल मैदान में डंप किया जाता है। इसके बाद डंप किए गए बालू को लोडर के माध्यम से हाइवा में लोड कर दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बालू उठाव का विरोध करने या माफियाओं से इस संबंध में सवाल करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के खेल मैदान में बालू डंप किए जाने से बच्चों के खेलकूद पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध बालू उठाव पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
एनजीटी की पाबंदी के बावजूद सड़कों पर दौड़ रहे बालू लदे दर्जनों ट्रैक्टर
मसलिया/निज संवाददाता। मसलिया अंचल क्षेत्र के पश्चिमी भाग में एनजीटी की पाबंदी के बावजूद अवैध बालू कारोबार जारी है। शाम ढलते ही बालू कारोबारी सक्रिय हो जाते हैं और दर्जनों ट्रैक्टरों से बालू की ढुलाई शुरू कर दी जाती है। ग्रामीणों के अनुसार, गुमरो, बास्कीडीह और रानीघाघर पंचायत के विभिन्न गांवों में शाम के बाद एक के बाद एक ट्रैक्टर पहुंचते हैं। इनमें कई ट्रैक्टर सीमावर्ती देवघर जिले के सरसा, रघुवाडीह समेत आसपास के गांवों के बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दिन में ट्रैक्टरों को इधर-उधर छिपाकर रखा जाता है और अंधेरा होते ही बालू लदे ट्रैक्टर सड़कों पर दौड़ने लगते हैं। तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की आवाजाही से राहगीरों और ग्रामीणों के बीच दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
पंचायत समिति की बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और पंचायत विभाग की योजनाओं की समीक्षा
गोपीकांदर/निज संवाददाता। गोपीकांदर प्रखंड सभागार में बुधवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख मरसीलता मरांडी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बीडीओ विजय प्रकाश मरांडी ने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं सरकार की योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पंचायत राज, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। पंचायत राज विभाग की समीक्षा के दौरान पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति एवं लंबित कार्यों की जानकारी ली गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, एंबुलेंस सेवा तथा विभिन्न बीमारियों की रोकथाम को लेकर चर्चा की गई। मलेरिया, डायरिया समेत अन्य बीमारियों पर विशेष निगरानी रखने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में मध्याह्न भोजन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, नामांकन एवं ड्रॉपआउट बच्चों से संबंधित जानकारी ली गई। विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर बनाने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मियों को सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित आनंद, शिक्षा कार्यक्रम पदाधिकारी शमीम परवेज, महिला पर्यवेक्षिका बोबी कुमारी, पंचायती राज पदाधिकारी उमेश साह, मुखिया ज्योतिष बास्की, संगीता मुर्मू, इनोसेंट हेंब्रम, जोगाय गृही, माइकल हेंब्रम, सुनील कुमार मंडल आदि मौजूद थे।
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर पीडीजे ने की बैठक
दुमका/निज संवाददाता। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका सुधांशु कुमार शशि की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान अधिक से अधिक लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों के निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की पहचान, मामलों का अद्यतन डाटा तैयार करने, संबंधित पक्षकारों को नोटिस उपलब्ध कराने तथा सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। जिला जज ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में निष्पादन योग्य मामलों का डाटा निर्धारित प्रारूप में तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकार को समय पर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत विवादों के सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से पक्षकारों को समय और धन की बचत के साथ शीघ्र न्याय प्राप्त होता है।
दस्तावेजों की जांच में बरतें पूरी सतर्कता: डीसी
दुमका/निज संवाददाता। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने एसआईआर को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में डीसी ने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा की जा रही जनसुनवाई एवं सत्यापन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। इस दौरान जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों, प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच और योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि एसआईआर के तहत किए जा रहे सभी कार्यों में पूरी गंभीरता और सावधानी बरती जाए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं उनके साथ प्रस्तुत सभी आवश्यक दस्तावेजों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत गहनता से जांच करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्यापन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और दस्तावेजों का समुचित सत्यापन करने के बाद ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने जिले के किसी भी मतदान केंद्र पर फॉर्म-6 की संख्या शून्य नहीं रहने देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 प्राप्त होने पर उसकी जांच करते हुए सभी योग्य एवं पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्राप्त फॉर्म-6 का नियमानुसार ससमय निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
65 करोड़ से बनेगी कोठिया-गादीझोंपा पीडब्ल्यूडी सड़क, विधायक ने किया शिलान्यास
सरैयाहाट/निज संवाददाता। राज्य संपोषित योजना के तहत पथ निर्माण विभाग की ओर से कोठिया से गादीझोंपा तक बनने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क का बुधवार को विधायक प्रदीप यादव ने शिलान्यास किया। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि कोठिया-गादीझोंपा सड़क क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और संवेदक को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। विधायक ने बताया कि कोठिया से गादीझोंपा तक बनने वाली सड़क की कुल लंबाई करीब 17 किलोमीटर है और इसके निर्माण पर लगभग 65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के तहत सड़क निर्माण के लिए 21 मौजा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की जाएगी। वहीं, सड़क निर्माण की जद में आने वाले चापाकलों को नियमानुसार दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े। विभाग ने परियोजना का निर्माण कार्य डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सड़क के बन जाने से आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और प्रखंड मुख्यालय समेत अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंच आसान होगी। कार्यक्रम में पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता नित्यानंद शाह सहित विधायक के समर्थक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 331 गर्भवती महिलाओं की जांच
सरैयाहाट/निज संवाददाता। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट में बुधवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 331 गर्भवती महिलाओं का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया और उनकी प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभा रानी प्रसाद के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने शिविर में पहुंचीं सभी गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच की। इस दौरान अल्ट्रासाउंड, रक्त जांच, रक्तचाप, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और यूरिन समेत अन्य आवश्यक जांच की गई। डॉ. प्रभा रानी प्रसाद ने गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं को नियमित प्रसव पूर्व जांच कराने, पौष्टिक आहार लेने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी। अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की समय पर स्वास्थ्य जांच कर संभावित जटिलताओं की पहचान करना और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना है। शिविर के सफल संचालन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
मंत्री सुदिब्य कुमार सानू को झामुमो ने दी श्रद्धांजलि
जामा/निज संवाददाता। मंत्री सुदिब्य कुमार सानू के असामयिक निधन पर मंगलवार को जामा प्रखंड सभागार परिसर एवं रामगढ़ बाजार स्थित डाक बंगला परिसर में झामुमो की ओर से शोकसभा आयोजित की गई। पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखा तथा ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। शोकसभा में झामुमो प्रमंडलीय कमेटी के अध्यक्ष विभीषण मुर्मू, प्रखंड सचिव गौतम दर्व, विशू टुडू, प्रफुल्ल मंडल, लंबोदर यादव, निर्मल किस्कू आदि मौजूद थे।