जामताड़ा। संवाददाता। विभागीय निर्देश के आलोक में महिला सशक्तिकरण केंद्र की ओर से महिला केंद्रित योजनाओं और कानून से संबंधित जानकारी महिला लाभार्थियों तक पहुंचाने को लेकर वन स्टॉप सेंटर राजबाड़ी, जामताड़ा में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ एवं अन्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने महिलाओं से संबंधित संचालित योजनाओं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना आदि से संबंधित विस्तारपूर्वक जानकारी दिया गया। वहीं इसके अलावा जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अंजू पोद्दार ने बाल विवाह निषेध अधिनियम पोक्सो घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण 2005 अधिक के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एक जागरूकता वाहन को भी रवाना किया गया। मौके पर महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका, चाइल्ड हेल्पलाइन के कर्मी आदि अन्य संबंधित उपस्थित थे।
दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला में 91 युवा शॉर्टलिस्ट व 53 सीधे हुए चयनित
रोजगार मेला में 10 नियोक्ताओं ने लिया भाग
जामताड़ा। संवाददाता। जिला नियोजनालय जामताड़ा के सौजन्य से सरकारी आईटीआई कॉलेज, जामताड़ा में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया। आयोजित रोजगार मेला का शुभारंभ जिला नियोजन पदाधिकारी विनोद कुमार ने किया। इस रोजगार मेले में कुल 10 निजी कंपनियों यथा मेसर्स जीएसए फाउंडेशन, मेसर्स नेशनल प्रोटेक्टिव सिक्योरिटी सर्विसेज, मेसर्स आस्क एचआर सॉल्यूशंस, मेसर्स सेवा सहयोग सिक्योरिटीज एंड फैसिलिटी मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स ए टू जेड कंसल्टेंसी, मेसर्स लेबोरनेट, मेसर्स एक्सप्रेस कंसल्टेंसी, मेसर्स आमधाने प्राईवेट लिमिटेड, मेसर्स एनटीटीएफ एवं मेसर्स अमास स्किल वेंचर्स शामिल हुए।
वहीं रोजगार मेले में जिला अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों से आए नियोजनालय से निबंधित आवेदक आवेदिका ने अपनी योग्यता एवं इच्छानुसार विभिन्न कंपनियों में आवेदन फॉर्म दिया, जिसमें विभिन्न कंपनी की ओर से 53 युवाओं का चयन किया गया। वहीं 91 युवाओं को प्रतीक्षासूची (शॉर्टलेस्ट) में रखा गया। मौके पर प्रभारी प्राचार्य दिलीप कुमार, यूएनडीपी कुलदीप सिंह, कम्प्यूटर ऑपरेटर संजय कुमार सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।
श्रीमद्भागवत कथा श्रवण कर पुण्य के भागी बन रहे श्रोता
सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ आयोजन का पांचवा दिन
नाला। संवाददाता। नाला प्रखंड क्षेत्र के श्रीपुर गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ आयोजन होने से आसपास क्षेत्र में पिछले चार दिनों से भक्ति की अविरल धारा बहने लगी है। इस धार्मिक अनुष्ठान में भक्त वैष्णवों की भीड़ लगातार उमड़ने लगी है। श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिन वृन्दावन धाम के कथावाचक विष्णुकांत शास्त्री जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के अंतर्गत “भगवान के भक्त प्रह्लाद चरित्र, भगवान श्रीकृष्ण का जन्मेत्सव प्रसंग का मधुर वर्णन किया।
इस मार्मिक प्रसंग में कथावाचक ने कहा कि दुख में सुमिरन सब करे, सुख में करे ना कोय। जो सुख में सुमिरन करे, तो दु:ख काहे को होय। भावार्थ: दु:ख में हर इंसान ईश्वर को याद करता है लेकिन सुख के समय भूल जाते हैं। अगर सुख में भी ईश्वर को याद करो तो दु:ख कभी आएगा ही नहीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण किसी के लिए अवतार हैं, तो किसी के लिए गीता का उपदेश देने वाले ब्रह्मनिष्ठ हैं। एक कृष्ण के इतने रूप, इतने चरित्र हैं कि जनमानस बस इतना ही कह सका, ‘हे कृष्ण! तुम सोलह कला सम्पूर्ण हो। इससे अधिक हम और कुछ नहीं कह सकते।’ श्रीकृष्ण को सम्पूर्ण अवतार, महा अवतार कहते हैं।
श्रीकृष्ण का जन्म क्यों हुआ भक्तों के उद्धार के लिए और दुष्टों के संहार के लिए। यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत। अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम।’जब-जब धर्म की हानि होगी, जब-जब अधर्म बढ़ेगा, तब-तब दुष्टों का नाश करने और साधु अन्त:करण के व्यक्तियों का कल्याण करने मैं आता हूं।’ श्रीकृष्ण ने ‘गीता’ में यह वचन स्वयं कहा है। ‘कृष्ण’ शब्द का अर्थ है कि जो आकर्षित करने की शक्ति रखता है, जिसके भीतर चेतनता पूरे शिखर पर है। जैसे चुम्बक का काम है लोहे को अपनी ओर खींचना, ऐसे ही संसार का कल्याण करने को, जीवों का उद्धार करने को, जीवों को सन्मार्ग पर लाने को, खुद भगवान अपने ही रूप को एक जगह एक विशेष रूप में समाहित कर लेते हैं। उनके इस प्रकटीकरण को ‘अवतार’ कहा जाता है। उपस्थित भक्त-वैष्णव धार्मिक नृत्य के साथ लंबे समय तक झुमते रहे।
स्पीकर ने बागडेहरी में किया थाना भवन का शिलान्यास
कुंडहित। संवाददाता। सोमवार को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रविंद्र नाथ महतो ने बंगाल सीमा पर स्थित कुंडहित प्रखंड के बागडेहरी में थाना भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। शिलान्यास के लिए बागडेहरी पहुंचे स्पीकर श्री महतो का स्थानीय कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्पीकर श्री महतो ने चिन्हित स्थल पर नारियल फोड़ कर 267 लाख की लागत से बनने वाले थाना भवन का शिलान्यास किया। मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पीकर श्री महतो ने कहा कि जल्द ही बागडेहरी क्षेत्र के सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं विकास की अधुरी गाथा पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड बनने के बाद 24 सालों तक बागडेहरी थाना भवन के अभाव में किराए के कच्चे मकान में चलना काफी अफसोसजनक है। हालाकि बंगाल सीमा पर स्थित बागडेहरी थाना को अब भवन का अभाव झेलना नहीं पड़ेगा। मौके पर नाला एसडीपीओ मनोज कुमार महतो, थाना प्रभारी रामपुकार शर्मा के अलावे झामुमो के स्थानीय नेता एवं कार्यकर्तागण उपस्थित थे।
हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकाली गई मंगल कलश यात्रा
जामताड़ा। संवाददाता। सोमवार को नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत शंकरपुर गांव में श्री राम सेवा दल के तत्वावधान में श्री श्री 108 हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गईं। इस भव्य कलश शोभा यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा वरिष्ठ नेता सह पूर्व जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल सम्मिलित हुए। कलश शोभा यात्रा में सैकड़ो की संख्या में माताएं बहनें नव वस्त्र धारण कर माथे पर कलश लेकर चल रही थी। साथ ही, हाथ में ध्वजा पताके लेकर श्री राम भक्त और धार्मिक झांकियां के साथ पूरा शंकरपुर गांव में पूरा भक्तिमय माहौल बना हुआ था। जय श्री राम के नाम से पूरा माहौल गुंजायमान हो रहा था। भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल, महंत नवल किशोर जी और अयोध्या से आए हुए कथावाचक शशिधर महाराज जी रघुनंदन जी के साथ आगे आगे चल रहे थे। हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के सुअवसर पर सांध्यकालीन भजन संध्या का आयोजन किया गया। भाजपा वरिष्ठ नेता बिरेंद्र मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि कलश शोभा यात्रा के साथ त्रिदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की शुरुवात हो गई। प्रत्येक दिन अलग अलग धार्मिक अनुष्ठान होगा। इस कलश शोभा यात्रा के साथ ही संध्याकालीन भजन संध्या और अयोध्या से आए हुए कथा वाचक श्री महाराज जी के मुख वृंद से हम सभी को राम कथा सुनने का सौभाग्य प्राप्त होगा। इस तरह के धार्मिक अनुष्ठान और मंदिर निर्माण के शुभ कार्य के लिए सभी सनातनियों को आगे आकर पूर्ण रूप से सहयोग करना चाहिए। मौके पर मुख्य रूप से भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष रंजीत यादव, पाबिया भाजपा मंडल अध्यक्ष कार्तिक भंडारी, पाबिया भाजपा मंडल महामंत्री राजेंद्र मंडल, बैद्यनाथ पंडित, सुभाष पंडित, गुणाधर पंडित, रामप्रकाश पंडित, सुभाष पंडित सहित तमाम ग्रामवासी उपस्थित थे।
नाबालिक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का चार आरोपी गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस ने 24 घंटा के अंदर में मामले का किया खुलासा
जामताड़ा। संवाददाता। जिले के नाला थाना अंतर्गत 9 मार्च की रात्रि में नाबालिक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने की घटना घटी थी। इस संबंध में 10 मार्च को पीड़िता की मां ने नाला थाना में लिखित शिकायत की गई, जिसके आधार पर थाना कांड संख्या 31/2024 दर्ज कर विभिन्न धारा के साथ पोक्सो एक्ट धारा भी लगाया गया। उक्त दर्ज कांड में अविलंब पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करते हुए छापेमारी कर इस कांड में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
जामताड़ा पुलिस ने 24 घण्टे के अंदर मामले का उद्भेदन किया है। उक्त मामले का खुलासा एसपी अनिमेष नैथानी ने सोमवार को अपने कार्यालय में किया। आगे उन्होंने बताया कि पीड़िता की मां के लिखित शिकायत में बताया गया कि पीड़िता कुछ दिन पूर्व अपने मामा के घर रह रही थी, जहां से 6 मार्च को प्राथमिकी अभियुक्त ने बिना किसी सूचना दिए ही मामा घर से पीड़िता को कहीं ले गया और इसी क्रम में 10 मार्च को वादिनी द्वारा अपनी बेटी को घर के पीछे खलिहान में आपत्तिजनक रूप में रोते हुए देखी, तो वादिनी के द्वारा अपनी बेटी से पूछताछ करने पर बताई की 9 मार्च के रात्रि में चारों अभियुक्तों ने बारी बारी से दुष्कर्म किया। नाला पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया एवं चारों गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ किया गया तो उक्त चारों अभियुक्तों ने उक्त कांड में अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया है। गिरफ्तार चारों प्राथमिकी अभियुक्तों को जामताड़ा व्यवहार न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेजा गया और अग्रेसर कार्रवाई करते हुए चारों को जेल भेज दिया गया। छापेमारी दल में थाना प्रभारी प्रदीप राणा, हवलदार वकील महतो, जवान अजीत कुजूर, राजेंद्र प्रसाद दास, शिव शंकर पांडेय शामिल थे।
नदीधाम में श्रीकृष्ण बाल लीला का वर्णन सुन श्रद्धालु हुए मंत्रमुग्ध
फतेहपुर। संवाददाता। फतेहपुर प्रखंड के नदीधाम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन कथा वाचक मुकेश हरि महाराज ने श्रीकृष्ण बाल लीला, कालिया मंथन तथा गोवर्धन पूजा का सुंदर चित्रण किया गया। कथावाचक मुकेश महाराज जी ने रविवार को सुकदेव गोस्वामी ने राजा परीक्षित को जो भागवत कथा सुनाए थे, उसी के क्रम में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीला, माखन चोरी पुतना वध, खगासुर वध तथा जमल अर्जुन उद्धार की कथा के साथ वृन्दावन चौरासी कोस का कारण भी श्रद्धालुओं को सुनाई। उन्होंने कहा कि भगवान की लीलाएं मानव जीवन के लिए प्रेरणादायक हैं। भगवान कृष्ण ने बचपन में अनेक लीलाएं की। बाल कृष्ण सभी का मन मोह लिया करते थे। नटखट स्वभाव के चलते यशोदा मां के पास उनकी हर रोज शिकायत आती थी। मां उन्हें कहती थी कि प्रतिदिन तुम माखन चुरा के खाया करते हो, तो वह तुरंत मुंह खोलकर मां को दिखा दिया करते थे कि मैंने माखन नहीं खाया। कथावाचक ने कहा कि भगवान कृष्ण अपनी सखाओं और गोप-ग्वालों के साथ गोवर्धन पर्वत पर गए थे। वहां पर गोपिकाएं 56 प्रकार का भोजन रखकर नाच गाने के साथ उत्सव मना रही थी। कृष्ण के पूछने पर उन्होंने बताया कि आज के ही दिन देवों के स्वामी इंद्र का पूजन होता है। इसे इंद्रोज यज्ञ कहते हैं। इससे प्रसन्न होकर इंद्र व्रज में वर्षा करते हैं, जिससे प्रचुर अन्न पैदा होता है। भगवान कृष्ण ने कहा कि इंद्र में क्या शक्ति है। उनसे अधिक शक्तिशाली तो हमारा गोवर्धन पर्वत है। इसके कारण ही वर्षा होती है, अत: हमें इंद्र से बलवान गोवर्धन की पूजा करनी चाहिए। बहुत विवाद के बाद श्री कृष्ण की यह बात मानी गई और व्रज में गोवर्धन पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति के सागर में मंत्रमुग्ध दिखे। मौके पर श्रद्धालु आदि उपस्थित रहे।