सभी सदस्यों को शॉल व स्मृतिचिह्न देकर विदायी दी
जामताड़ा। संवाददाता। एसोसिएशन ऑफ वोलंेटरी ब्लड डोनर्स पश्चिम बंगाल के 13 सदस्यों ने विद्यासागर स्थित नंदनकानन में तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर के संग्रहालय को देखा एवं उनके द्वारा किए गए कार्यों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी प्राप्त की।
अशोक विश्वास के नेतृत्व में सुकांतो दासगुप्ता, मरण चक्रवर्ती, गौरहरि दास, उत्पल दास, असित कुमार दास, हीरोन कुमार मुखर्जी, दीपांकर राय चौधरी, गौतम कुमार, अशोक कर्मकार, अनिल मकाल, दीपक मजूमदार एवं राजेंद्र कुमार के दल ने विद्यासागर एवं आसपास के क्षेत्र का भ्रमण कर यह जानने प्रयास किया कि तत्कालीन समय में किन कठिन परिस्थितियों में विद्यासागर ने इस क्षेत्र को अपना कर्म भूमि के रूप में चयन किया था। जामताड़ा वोलेंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन के सचिव अरूप कुमार मित्र के नेतृत्व प्रदीप कुमार सरकार, मुक्ताराम दत्त, प्रबोध चंद्र, महाप्रसाद दत्ता, एनीमा टुडू, जितेंद्र सिंह, सुजीत मित्र, सुब्रत मिश्रा एवं भास्कर चांद ने जामताड़ा स्टेशन में सभी सदस्यों को शॉल एवं स्मृतिचिह्न देकर विदाई दी गई। सचिव ने सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि जामताड़ा जैसे जिले के लिए यह गर्व की बात है, हमारे जिले में ही नंदनकानन अवस्थित है, कहा कि निश्चित रूप से संगठन के सदस्यों के भ्रमण से हम सभी लोग जो रक्तदान के क्षेत्र में कार्य करते हैं उन्हें उत्साह प्राप्त होता है। इस तीन दिवसीय दौरे के क्रम में संगठन के सदस्यों के साथ संवाद भी किया गया एवं उन्हें रक्तदान के कार्यों के प्रति प्रेरित करते हुए यह कहा गया कि वर्तमान समय में सभी रक्तदाताओं को प्रशिक्षण की आवश्यकता है ताकि वह प्रशिक्षित रक्तदाता बनकर समाज में फैले रक्तदान के प्रति कुरीतियों को दूर कर सके एवं रक्तदान के प्रति युवाओं को आकर्षित कर उन्हें रक्तदान के महत्व को समझ सके।
आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका-सहायिका के पद रिक्त न रहे : सीडीपीओ
जामताड़ा। संवाददाता। प्रखंड के किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका तथा सहायिका का पद रिक्त नहीं रहे। इसकी जानकारी जामताड़ा सीडीपीओ श्रीमती भारती ने दी। उन्होंने कहा कि इसे सुनिश्चित करने को लेकर रिक्त पदों के विरुद्ध जामताड़ा प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका व सहायिका चयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जो आगामी 9 जनवरी 2024 से चल रही है और आगे 22 फरवरी 2024 तक चलेगी। उन्होंने कहा कि यह चयन प्रक्रिया ग्राम आम सभा के माध्यम से किया जा रहा है, जिसमें पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं ग्रामीणों के समक्ष चयन प्रक्रिया प्रारंभ करवाया जाता है, जो अभी चल रही है। बता दें कि जामताड़ा प्रखंड में कुल 11 केंद्रों में सेविका एवं सहायिका चयन करना है, जिसमें अभी तक कुल 08 केंद्रों में सेविका एवं सहायिका का चयन किया जा चुका है और शुक्रवार को चेगायडीह पंचायत के जिलिमटाड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका का चयन को लेकर ग्राम सभा रखा गया। सीडीपीओ श्रीमती भारती और पंचायत के मुखिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों के समक्ष चयन प्रक्रिया प्रारंभ किया गया। इसमें कुल चार सदस्यों ने आवेदन किया। सेविका का चयन प्रक्रिया शैक्षणिक के आधार पर किया गया, जिसमें तीन सदस्य इंटर पास होने के कारण उसे छांट दिया गया। उसमे से एक आवेदिका पूनम हेंब्रम को बीए पास रहने की वजह से जिलिमटाड़ा आंगनबाड़ी केंद्र का सेविका चुना गया। साथी सीडीपीओ श्रीमती भारती ने कहा आगामी 16 फरवरी को सहरपुरा पंचायत के कंचनबेड़ा आंगनबाड़ी केंद्र भवन में सहायिका का चयन किया गया और 20 फरवरी को उदलबनी पंचायत के मेंझिया पंचायत के धंधाड़ा आंगनबाड़ी केंद्र भवन में सहायिका का चयन किया गया। 22 फरवरी को बरजोड़ा पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र भवन बरजोड़ा 1 में सहायिका चयन किया जाएगा। मौके पर सुपरवाइजर कल्पना रानी सिंह, कुर्मी सदानंद महतो, पंचायत समिति सदस्य, एएनएम, जीएनएम, शिक्षक सहित ग्रामीण उपस्थित थे।
विधायक ने पांच एमभीए ट्रांसफार्मर का फीता काट कर किया उद्घाटन
क्षेत्र में बिजली की समस्या दूर करने को लेकर किया जा रहा प्रयास : डा इरफान
नारायणपुर। संवाददाता। नारायणपुर प्रखंड के जंगलपुर में अवस्थित विद्युत सब स्टेशन में शुक्रवार को स्थानीय विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने पांच एमबीए ट्रांसफार्मर का फीता काटकर उद्घाटन किया। मौके से विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि इस सब स्टेशन में कुछ दिन पूर्व ही 5 एमबीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, जिस कारण से लोगों को निर्वाध बिजली नहीं मिल पा रही थी। वैकल्पिक तौर पर लोगों को दो-तीन घंटे का लोड सेडिंग कर बिजली उपलब्ध कराई जा रही थी। हालांकि रांची में भी 5 एमबीए का ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं था। लेकिन विभाग के सचिव एवं अधिकारियों से बातचीत कर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया और अपने जनता के लिए इसे समर्पित किया। अब क्षेत्र के लोगों को निर्बाध रूप से बिजली मिलेगी। बिजली की समस्या क्षेत्र में ना हो, इसको लेकर लगातार प्रयास किया जा रहा है। निर्बाध बिजली नहीं मिलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। मौके पर जिला परिषद सदस्य दीपिका बेसरा, राजू दत्ता, दीपक मंड़ल, मुबारक अंसारी, मनोज पंडित, कामदेव प्रसाद सिंह, विभाग के जेई एहसान अख्तर समेत अन्य मौजूद थे।
सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक
कुंडहित। संवाददाता। शुक्रवार को कुंडहित थाने में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से अंचल अधिकारी अमित किस्कु, जिला परिषद सदस्य रीना मंडल, थाना प्रभारी सुरेश कुमार दुबे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सरस्वती पूजा समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने बैठक में शांति पूर्वक सरस्वती पूजा का समारोह आयोजित करने का निर्देश दिया। कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान पंडाल में किसी प्रकार का तीव्र ध्वनि बजाने पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। थानाध्यक्ष ने कहा कि सरस्वती पूजा के मौके पर अशांति या हुड़दंग करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सरस्वती पूजा में भीड़-भाड़ वाले जगहों पर पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। पूजा समिति को भी इस बात का ख्याल रखना होगा कि पूजा पंडाल में किसी प्रकार का भगदड़ नही हो एवं सरकार द्वारा जारी किए गए गाइडलाइन के अनुसार ही पूजा होगी। मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरी मंडल, मदन लाल डोकानिया, जयदेव मंडल, गया प्रसाद चंद, शक्तिपद माजी, विजन घोष, सत्तार खान, जगबंधु घोष, रवि बाद्यकर, एएसआई आदि उपस्थित थे।
एडिशनल लैंग्वेज की परीक्षा हुई शांतिपूर्ण
कुंडहित। संवाददाता। शुक्रवार को प्रखंड के सिंहवाहिनी प्लस टू विद्यालय, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय कुंडहित तथा आदर्श मध्य विद्यालय स्थित परीक्षा केन्द्रों पर जैक द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटर की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। जानकारी के अनुसार, पहली पाली में आदर्श मध्य विद्यालय में मैट्रिक के सभी 49 के 49, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में सभी 46 तथा सिंहवाहिनी में सभी 91 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। वहीं द्वितीय पाली में आदर्श मध्य विद्यालय में इंटर के 240 में 236 प्रोजेक्ट के 352 में 346, सिंहवाहिनी के 452 में 449 छात्र-छात्राओं ने एडिशनल लैंग्वेज की परीक्षा दी। द्वितीय पाली में तीनों केद्रो में कुल 13 छात्र-छात्रा अनुपस्थित रहे। तीनों केंद्रो में मजिस्ट्रेट की उपस्थिति व पुलिस बल की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मौके पर सिंह वाहिनी प्लस टू विद्यालय के केंद्राधीक्षक मंतोष कुमार मंडल, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय के केंद्राधीक्षक संजय कुमार माजी तथा आदर्श मध्य विद्यालय की केंद्राधीक्षक इशरूफा खातून सहित तमाम वीक्षक तथा पुलिस बल मौजूद रहे।
अवैध विद्युत कनेक्शन को लेकर 4 पर प्राथमिकी
करमाटांड़। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांव में अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा चोरी करने को लेकर छापामारी किया गया। छापेमारी के दौरान बारादाहा गांव के चार लोगों पर अवैध तरीके से बिजली चोरी करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज किया गया। विद्युत कनीय अभियंता रफीक आलम के लिखित आवेदन पर करमाटांड़ थाना कांड संख्या 8/24 धारा 135,136 भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें बारादाहा गांव में अकबर हुसैन, सुल्तान अंसारी के साथ-साथ ईट भट्ठे में अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा खपत करने के आरोप में अनवर अंसारी एवं हमीद अंसारी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराया गया।
दो साइबर अपराघियों को कोलकाता पुलिस ने लिया ट्रांजिट रिमांड पर
करमाटांड़। संवाददाता। करमाटांड़ थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल कोलकाता लाल बाजार की पुलिस आरोपियों की तलाश में पहुंची, जिसमें छापेमारी के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में तेतुलबंधा गांव से मनोज कुमार राणा और मंझलाडीह गांव से अशोक कुमार मंडल है, जिसके पास से दो मोबाइल फोन एवं एक लैपटॉप जब्त किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर जामताड़ा न्यायालय ट्रांजिट रिमांड पर ले गए। कोलकाता लाल बाजार मानिकतला के एसआई संजय कुमार विश्वास ने बताया कि विगत 3 नवंबर 2023 को ठाणे प्राथमिकी दर्ज कराया गया था, जिसमें ठगी करने का आरोप लगाया गया है। इस छापेमारी में करमाटांड़ थाना के पुलिस बल राजेंद्र उरांव समेत कई पुलिस बल भी शामिल थे।
डोकीडीह गांव के दोनों समुदाय के लोगों के साथ प्रशासन ने किया बैठक
नारायणपुर। संवाददाता। गत वर्ष नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के डोकीडीह में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन को लेकर दो समुदाय में आपसी झड़प हो गई थी, जिसे लेकर नारायणपुर पुलिस ने प्रशासन की मौजूदगी में प्रतिमा विसर्जन करवाया था, जिस कारण क्षेत्र में दो समुदायों के बीच आपसी तनाव बढ़ गई थी। जिसे देखते हुए इस वर्ष प्रशासन ने सरस्वती पूजा से पूर्व डोकीडीह गांव के दो समुदाय के लोगों को थाना में बुलाकर शांतिपूर्ण माहौल में सरस्वती प्रतिमा का विसर्जन करने का निर्देश दिया। बैठक में नारायणपुर बीडीओ मुरली यादव, सीओ सफी आलम, थाना प्रभारी दिलीप कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार चौधरी ने उपस्थित लोगों को जरूरी हिदायत देते हुए आपसी तालमेल और सूझबूझ से प्रतिमा का विसर्जन करने का निर्देश दिया। कहा कि अगर गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी कोई व्यवधान किसी व्यक्ति ने डाला तो दोनों समुदाय के लोगों की जिम्मेवारी बनती है कि वह तुरंत प्रशासन को खबर करें, अन्यथा हंगामा होने कारण लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रतिमा विसर्जन को लेकर रूट चार्ट का भी अध्ययन किया एवं कहा कि जिस रूट चार्ट के अनुसार प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाना है उसी रूट पर प्रतिमा का विसर्जन कराया जाएगा। इसके बाद भी अगर कोई समुदाय प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल करते हैं तो प्रशासन सख्ती से पेश आएगी। मौके पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रतिनिधि मंजर मोहाली, मो सद्दाम, मो नसीम, मो फारूक सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।
सड़क पर गिरकर 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत
करमाटांड़। प्रतिनिधि। करमाटांड़ मुख्य बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया के समीप 45 वर्षीय एक व्यक्ति चलते-चलते गिर जाने से घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान करों थाना क्षेत्र के नंदुवाडीह गांव के चंदन सोरेन के रूप में किया गया। चंदन सोरेन एक मजदूर किसान थे। राशन खरीदने को लेकर करमाटांड़ बाजार आए थे। घटना की खबर सुनते ही थाना के एसआई संजय कुमार साहब पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिजन को सूचित किया। वही 108 एंबुलेंस के माध्यम से मृतक को जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।