- तीन दिन से नौ वर्षीय दिव्या कुमारी की तलाश में जुटे हैं परिजन, एसपी से की बात
सारवां/संवाददाता। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास शुक्रवार को सारवां प्रखंड के डहुवा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने तीन दिन से लापता नौ वर्षीय बच्ची दिव्या कुमारी के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बच्ची के पिता बजरंगी दास, मां और अन्य परिजनों से बातचीत कर उनकी परेशानी सुनी तथा प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
परिजनों ने बताया कि तीन दिन पूर्व दिव्या निजी स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह लापता हो गई। परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की और थाने में आवेदन देकर बच्ची को तलाशने की गुहार लगाई। इसके बावजूद अब तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों ने पूर्व मुख्यमंत्री से बच्ची की जल्द बरामदगी और मामले में न्यायसंगत कार्रवाई कराने की मांग की। इस पर रघुवर दास ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बात की है और मामले में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित करने का सुझाव दिया है, ताकि बच्ची की जल्द से जल्द बरामदगी हो सके। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री रणधीर सिंह भी एसपी से मिलकर मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए दबाव बना रहे हैं। इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, सारवां मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, संजय प्रसाद, मनीष राज, लखोरिया मंडल अध्यक्ष सुनील मंडल, सीताराम हाजरा, पंकज सिंह सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुमार के रसोइया रहे दोयमतेलियाडीह निवासी मृतक सोनू राउत की मौत का मामला भी उनकी मां मुन्नी देवी ने पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। उन्होंने अपने बेटे की मौत के मामले में न्याय दिलाने की मांग की।
टोटो को बचाने के प्रयास में पलटा यात्री टेंपो, वृद्ध महिला की मौत
-चालक समेत कई यात्री घायल, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर थाना क्षेत्र के पटवाबाद-नवाब मोड़ मुख्य मार्ग एनएच-114ए पर मंगलवार को साबेजोर के समीप टोटो को बचाने के प्रयास में एक यात्री टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार 67 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत कई यात्री घायल हो गए। मृतका की पहचान दुर्गापुर गांव निवासी हाजरा बीबी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, टेंपो यात्रियों को लेकर मधुपुर से नवाब मोड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान नवाब मोड़ से पहले विपरीत दिशा से आ रहा एक टोटो अचानक टेंपो के सामने आ गया। टोटो को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से संतुलन खो दिया, जिससे टेंपो सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में टेंपो में सवार यात्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल हाजरा बीबी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल चालक समेत अन्य यात्रियों का अनुमंडल अस्पताल और निजी अस्पतालों में इलाज कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर मधुपुर-गिरिडीह मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाया। उचित कार्रवाई और मुआवजा दिलाने का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम हटाया। इधर, हादसे के बाद टोटो चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टोटो को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिट्टी के दीप जलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण और कुम्हारों के रोजगार को बढ़ावा देने का संदेश
- वीर कुंवर सिंह चौक पर झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ ने आयोजित किया दीपोत्सव कार्यक्रम
- पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह हुए शामिल
देवघर/नगर संवाददाता। दीपावली के अवसर पर मिट्टी के दीपों के उपयोग को बढ़ावा देने और कुम्हार समाज के पारंपरिक व्यवसाय को संरक्षित करने के उद्देश्य से शहर के वीर कुंवर सिंह चौक पर झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ के बैनर तले दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने मिट्टी के दीप जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ किया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय कारीगरों के हित में आगे आने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशियों और सकारात्मकता का पर्व है। इस पर्व पर मिट्टी के दीपक जलाने की परंपरा हमारी संस्कृति और विरासत से जुड़ी हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस दीपावली में अधिक से अधिक मिट्टी के दीपक जलाएं। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान मिलेगा, बल्कि कुम्हार समाज के पारंपरिक व्यवसाय को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में पारंपरिक कारीगरों के रोजगार को बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मिट्टी के दीपक खरीदने से स्थानीय कुम्हारों की मेहनत को सम्मान मिलेगा और उनके परिवारों की आजीविका को भी सहारा मिलेगा।
पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि दीपावली के मौके पर मिट्टी का दीपक जलाना केवल धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का निर्वहन नहीं है, बल्कि यह कुम्हार समुदाय के अस्तित्व और उनके पुश्तैनी कारोबार को बचाने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि बाजार में आधुनिक सजावटी लाइटों और अन्य कृत्रिम रोशनी के साधनों का प्रचलन बढ़ा है। इसके कारण मिट्टी के दीपक बनाने वाले कुम्हारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि वह दीपावली पर मिट्टी के दीपक खरीदकर इस पारंपरिक व्यवसाय को जीवित रखने में अपनी भूमिका निभाए। कार्यक्रम के दौरान दीप जलाकर भारतीय संस्कृति, परंपरा और स्वदेशी उत्पादों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। आयोजन में प्रजापति समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि कुम्हार समाज पीढ़ियों से मिट्टी के बर्तन और दीपक बनाकर समाज की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखता आया है। ऐसे कारीगरों को प्रोत्साहित करने से पारंपरिक कला और रोजगार दोनों का संरक्षण संभव है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक नारायण दास, भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, रीता चौरासिया, संतोष पासवान, विजया सिंह, सचिन सुल्तानिया, पंकज भदौरिया, झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ के जिलाध्यक्ष उमाशंकर प्रजापति, महामंत्री रंजीत पंडित, सदस्यता प्रभारी गोपाल पंडित, विमल पंडित, अजीत पंडित, कुंदन पंडित, पुष्पनारायण पंडित, हराधन पंडित, हेमंत पंडित, जितेन्द्र पंडित, ईश्वरी पंडित, स्नेहा सुमन, सुनिधि कुमारी, एकता कुमारी, संजय पंडित, भास्कर, गोविंद, भीम, सुरेन, विकास राय, जयराम, आकाश, विनीत, सौरभ, आयुष, प्रतीक, सनोज, श्रेया, अभिषेक, अशोक, राजेश, राकेश सहित प्रजापति समाज के काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र के अपहरण का आरोप, नशीला पदार्थ सुंघाकर कार में ले जाने की शिकायत
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सिंघवा रोड में स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र को कथित तौर पर नशीला पदार्थ सुंघाकर चारपहिया वाहन में ले जाने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्र को रास्ते में छोड़ दिया गया, जहां से वह किसी तरह अपने घर पहुंचा। मामले को लेकर छात्र के पिता सिंघवा निवासी छोटू कुमार महथा ने नगर थाना में लिखित शिकायत देकर जांच और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, छोटू कुमार महथा का पुत्र अंसुमन कुमार मंगलवार, 3 नवंबर को सुबह करीब 7:50 बजे घर से प्रतिदिन की तरह किड्स स्कूल जाने के लिए निकला था। करीब 10 बजे वह घबराई हुई हालत में घर पहुंचा। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह साई कृपा सीमेंट दुकान के दक्षिण की ओर स्थित गली में था। इसी दौरान वहां पहले से काले शीशे लगी एक सफेद चारपहिया गाड़ी खड़ी थी। छात्र के अनुसार, जैसे ही वह गाड़ी के पास पहुंचा, उसमें बैठे एक अज्ञात व्यक्ति ने दरवाजा खोलकर उसे खींच लिया और अंदर बैठा लिया। आरोप है कि इसके बाद उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघाया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। छात्र ने बताया कि वाहन में एक महिला समेत दो पुरुष मौजूद थे। आरोपितों ने उसके साथ मारपीट भी की। हालांकि, बेहोशी के कारण उसे यह याद नहीं है कि उसे कहां-कहां ले जाया गया। आरोपितों ने उससे नाम-पता पूछा, जिसके बारे में उसने सही जानकारी दी। बाद में उसे कहां छोड़ा गया, इसकी जानकारी भी छात्र को स्पष्ट रूप से नहीं है। किसी तरह घर पहुंचने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए कालीबाड़ी स्थित नवजीवन अस्पताल ले गए। घटना की सूचना डायल 112 पर भी दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। छात्र के पिता ने थाना प्रभारी से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
लैब इन बॉक्स प्रशिक्षण में सात उच्च विद्यालयों के विज्ञान शिक्षकों ने लिया भाग
- भौतिकी के 75 विषयों के प्रयोगों की दी गई जानकारी, कक्षा में ही प्रयोग के माध्यम से पढ़ाने पर जोर
सारठ/संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेलवरना में लैबकेफे की ओर से लैब इन बॉक्स के उपयोग को लेकर विज्ञान शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सारठ प्रखंड के सात उच्च विद्यालयों सहित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के विज्ञान शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को भौतिकी जैसे कठिन विषय को प्रयोग के माध्यम से सरल और रुचिकर बनाना था। विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए लैब इन बॉक्स फिजिक्स किट के प्रभावी उपयोग के संबंध में प्रशिक्षकों तनय भास्कर और श्रीजीत चटर्जी ने शिक्षकों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बॉक्स में उपलब्ध 75 विषयों से संबंधित प्रायोगिक उपकरणों के इस्तेमाल की विधि बताई। प्रशिक्षण के दौरान प्रकाश का परावर्तन, विद्युत परिपथ सहित भौतिकी के विभिन्न महत्वपूर्ण पाठों को प्रयोग के जरिए समझाने का तरीका प्रदर्शित किया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि इन उपकरणों की मदद से विद्यार्थियों को प्रयोगशाला ले जाए बिना कक्षा में ही छोटे-छोटे प्रयोग कराए जा सकते हैं। इससे बच्चों की विषय के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे सैद्धांतिक जानकारी को आसानी से समझ सकेंगे। शिक्षकों को बताया गया कि नियमित कक्षा शिक्षण के दौरान इन उपकरणों का इस्तेमाल कर पढ़ाई को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण में उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेलवरना के दिलीप कुमार राय, करैहिया के अमित कृष्णन, ओझाडीह के राजेंद्र कुमार, डींडाकोली के सुबोध कुमार झा, फुलचुवां के लक्ष्मण कुमार, कुकराहा के अपूर्व मंडल, पथरड्डा के महेश प्रसाद यादव तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सारठ के ब्रह्मदेव महतो ने भाग लिया। प्रशिक्षण के बाद शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में लैब इन बॉक्स किट के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोग आधारित शिक्षा दे सकेंगे।
विपक्ष लोकतंत्र बचाने नहीं, अराजकता फैलाने में जुटा : रघुवर दास
- दिल्ली की रैली को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने उठाए सवाल, वंशवाद और घुसपैठियों के संरक्षण की राजनीति करने का लगाया आरोप
- छठ के बाद देवघर में भाजपा निकालेगी पदयात्रा
देवघर/नगर संवाददाता। एसआईआर के बहाने इंडिया गठबंधन की ओर से चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर पलटवार किया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने सोमवार को देवघर परिसदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्षी गठबंधन पर देश में भ्रम और अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र बचाने के नाम पर जनता को गुमराह कर सत्ता हासिल करना चाहता है। एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित विपक्ष की रैली में भीड़ जुटने के दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दस लाख लोगों के शामिल होने का दावा करने वालों की वास्तविकता सामने आ गई है। जनता अब इस तरह की राजनीति को समझने लगी है।
रघुवर दास ने कहा कि भाजपा एक जिम्मेदार राजनीतिक दल के रूप में जनता के सामने सही तथ्य रखने और विपक्ष के भ्रमजाल को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से पार्टी झारखंड में प्रेस कॉन्फ्रेंस और पदयात्रा के माध्यम से लोगों के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की रैली में कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने एक बार फिर वंशवाद की राजनीति को प्रदर्शित किया है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव जैसे नेता लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन उनकी राजनीति परिवारवाद के ईद-गिर्द घूमती है। देश लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलता है, किसी परिवार की इच्छा और तानाशाही से नहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का काम हो रहा है। भाजपा में सामान्य परिवार से आने वाले लोगों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। विपक्ष इस बात से परेशान है कि गरीब परिवार का व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री और आदिवासी समाज की महिला राष्ट्रपति बन सकती है।
एसआईआर और घुसपैठ के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा :
पूर्व मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी सवाल उठाए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने की बात कहकर जनता को गुमराह कर रहा है। उनके अनुसार, मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान मृत, स्थानांतरित और निर्धारित पते पर नहीं मिलने वाले लोगों के नामों की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चुनावी हार के कारणों का आत्ममंथन करने के बजाय बार-बार चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रहे हैं। रघुवर दास ने विपक्ष पर विदेशी तत्वों और घुसपैठियों के मुद्दे पर भी जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
हेमंत सरकार पर महिला सुरक्षा को लेकर निशाना : रघुवर दास ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सिंडिकेट और माफियाओं के इशारे पर चल रही है। महिला सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने हाटगम्हरिया और संथाल परगना क्षेत्र में महिलाओं के साथ हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक ओर मां दुर्गा और मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उनके अनुसार, राज्य सरकार महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान देने में विफल रही है।
छठ के बाद देवघर में निकलेगी पदयात्रा : प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने भी विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के दावे खोखले हैं और जनता उसके साथ नहीं है। उन्होंने बताया कि विपक्ष की रैली के जवाब में भाजपा पांच नवंबर को दुमका में रैली और पदयात्रा आयोजित करेगी। इसके बाद छठ पूजा के बाद देवघर में भी पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ है तथा वर्तमान सरकार से परेशान है। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, पूर्व विधायक नारायण दास, जिला महामंत्री सुनीता सिंह, डॉ. राजीव, मुकेश पाठक, संजय यादव, अभयानंद झा, विशाखा सिंह, रीता चौरसिया सिंह, जयकांत मंडल, सुलोचना देवी, विजया सिंह, अलका सोनी, दिवाकर गुप्ता, मनोज मिश्रा, महेश प्रसाद राय, धनंजय तिवारी, अमृत, पप्पू यादव और सौरभ कश्यप सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
छठ घाटों पर तैयारियों का जायजा लेने उतरे महापौर
- रामपुर और नौलखा तालाब में युद्धस्तर पर काम
देवघर/नगर संवाददाता। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देवघर नगर निगम ने विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को महापौर रवि कुमार राउत ने रामपुर तालाब और नौलखा तालाब सहित प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी जरूरी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। महापौर सबसे पहले वार्ड संख्या 25 स्थित रामपुर तालाब पहुंचे। वहां चल रहे साफ-सफाई, घाट सुदृढ़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ पर्व को देखते हुए तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद उन्होंने नौलखा तालाब का निरीक्षण किया। यहां सफाई अभियान के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी घाट का निर्माण कराया जा रहा है। महापौर ने कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और स्थानीय छठ पूजा समिति के सदस्यों से भी मुलाकात कर उनकी मांगें सुनीं।
रोशनी, पेयजल और चेंजिंग रूम पर जोर : महापौर ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, स्वच्छता और समर्पण का प्रतीक है। नगर निगम का प्रयास है कि किसी भी घाट पर छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। इसके लिए पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा, शुद्ध पेयजल और चेंजिंग रूम सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान रामपुर तालाब में पार्षद प्रतिनिधि राजू हरि और वार्ड जमादार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।
बाबा नायक धाम पहुंचे पूर्व सीएम रघुवर दास, पूजा-अर्चना कर मांगा आशीर्वाद
- धाम की धार्मिक पहचान को मजबूत करने और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने पर दिया जोर
मधुपुर/संवाददाता। करौं प्रखंड के गंजोबारी स्थित प्रसिद्ध बाबा नायक धाम में मंगलवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विधिवत पूजा-अर्चना की। पुजारी वासुदेव भगत के सानिध्य में पूजा संपन्न हुई। इस दौरान उन्होंने बाबा नायक का आशीर्वाद लेकर झारखंड सहित पूरे देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। पूजा के बाद रघुवर दास ने कहा कि बाबा नायक धाम की धार्मिक पहचान झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि देश-विदेश में इसकी विशिष्ट पहचान है। बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विदेशों से भी श्रद्धालु और पर्यटक धाम आते हैं। ऐसे में इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बाबा नायक धाम के समग्र विकास के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए सामूहिक प्रयास और सभी का सहयोग अपेक्षित है। धाम का विकास इस तरह किया जाना चाहिए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, बलबीर राय, विश्वनाथ रवानी, दिलीप यादव, रवि रवानी, अनूप भैया, सुनीता चौधरी, पूर्णानंद राय, रूपेश कुमार, प्रकाश यादव, नंदलाल तिवारी, मदन चक्रवर्ती, बिंदेश्वरी मंडल, उत्तम मंडल, अजीत रवानी, कामेश्वर यादव, हलधर मंडल, तपन राय, आनंद मंडल, संतोष सिंह, हरदेव मास्टर, तितु मंडल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित थे।