मधुपुर। संवाददाता। करौं निवासी वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता नंदलाल रजक के आकस्मिक निधन पर सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि नंदलाल रजक पार्टी के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता थे। संगठन की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाती थी, उसका निर्वहन वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करते थे। उनके निधन से पार्टी ने एक कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है। उनके जाने से न केवल प्रखंड, बल्कि पूरे जिला भाजपा परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि नंदलाल रजक जैसे निष्ठावान कार्यकर्ता किसी भी संगठन की मजबूत नींव होते हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत से ही संगठन मजबूत बनता है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। मौके पर ऋषि सिंह, विष्णु चौधरी, सचिन राय, अशोक यादव, दिलीप ओझा, रूपेश कुमार सिंह, रणजीत सिंह, गोलक मंडल, प्रकाश यादव सहित दर्जनों भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
बकरे को पत्थर मारने से मना करने पर घर में घुसकर मारपीट, तीन घायल
- टांगी से हमला करने, महिला से छेड़खानी और चांदी की सिकड़ी छीनने का आरोप
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर थाना क्षेत्र के झालर गांव में बकरे को पत्थर मारने से मना करने पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी और उनका बेटा घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घटना 31 अक्टूबर की दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। इस संबंध में गांव निवासी 43 वर्षीय सदानंद मंडल ने मोहनपुर थाने में आवेदन देकर अशोक मंडल, दयानंद मंडल, सावित्री देवी सहित अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, उनका बकरा अशोक मंडल की बाड़ी में चला गया था। इसी दौरान दयानंद मंडल बकरे को पत्थर मारने लगा। जब सदानंद मंडल ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि कुछ देर बाद सभी लाठी-डंडे और टांगी लेकर उनके घर में घुस गए और जान मारने की नीयत से हमला कर दिया। मारपीट में सदानंद मंडल के सिर पर टांगी से वार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया। वहीं, उनके 18 वर्षीय बेटे सुबोध कुमार के सिर पर भी हमला कर घायल कर दिया गया। उनकी पत्नी पार्वती देवी (40) के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि महिला के बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया गया तथा गले से चांदी की सिकड़ी छीन ली गई। साथ ही कपड़े फाड़ने और छेड़खानी करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल देवघर रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्कूल जाने के लिए निकली नौ वर्षीय बच्ची लापता, पिता ने थाने में दिया आवेदन
सारवां/संवाददाता। सारवां थाना क्षेत्र के डहुआ गांव से नौ वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची के पिता बजरंगी दास ने थाने में आवेदन देकर पुत्री की गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस से बच्ची की खोजबीन कर सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, बजरंगी दास की नौ वर्षीय पुत्री दिव्या कुमारी एक नवंबर को स्कूल ड्रेस पहनकर और बैग लेकर घर से लखोरिया मोड़ स्थित लिटिल एंजेल स्कूल जाने के लिए निकली थी। दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के लोगों ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर बच्ची के बारे में जानकारी ली। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने बताया कि दिव्या उस दिन स्कूल पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से आसपास के गांवों और संभावित ठिकानों पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चल सका। बच्ची के अचानक लापता होने से परिजन परेशान हैं। पिता ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द खोजबीन कर बेटी को सकुशल बरामद करने की अपील की है। इधर, पुलिस ने आवेदन के आधार पर सनहा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए वास्तविक समय पर मॉक टेस्ट देना जरूरी : रंजन गुप्ता
सारवां/संवाददाता। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए केवल विषयों का अध्ययन और प्रश्नों का अभ्यास करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि परीक्षा के समय और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को मानसिक एवं शारीरिक रूप से तैयार करना भी जरूरी है। मसल मेमोरी और अचेतन मन हमारे व्यवहार, आदतों और प्रदर्शन को प्रभावित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह बातें भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के मैनेजर सह मुंशी प्रेमचंद पुस्तकालय के अध्यक्ष रंजन गुप्ता उर्फ पपलू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सप्ताह में कम से कम तीन से चार दिन वास्तविक परीक्षा की परिस्थितियों में मॉक टेस्ट देने की आदत डालनी चाहिए। यदि वास्तविक परीक्षा सुबह नौ से 11 बजे या दोपहर एक से तीन बजे निर्धारित है, तो सप्ताह में दो से तीन दिन उसी समय पर मॉक टेस्ट देना चाहिए। इस दौरान परीक्षा की समय-सीमा, नियम और अनुशासन का पूरी तरह पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शरीर और मस्तिष्क नियमित दिनचर्या एवं अभ्यास के अनुसार स्वयं को ढाल लेते हैं। यदि कोई विद्यार्थी परीक्षा के निर्धारित समय पर सोता है, खेलता है या अन्य गतिविधियों में व्यस्त रहता है, तो वास्तविक परीक्षा के दौरान उसे नींद, थकान, भूख और एकाग्रता की कमी जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसके विपरीत, नियमित रूप से निर्धारित समय पर मॉक टेस्ट देने से शरीर और मस्तिष्क उस समय बेहतर प्रदर्शन करने के अभ्यस्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षाएं रविवार को होती हैं, तो विद्यार्थियों को रविवार को उसी समय अभ्यास करने का विशेष प्रयास करना चाहिए। रंजन गुप्ता ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अपनी तैयारी को केवल ज्ञान अर्जित करने तक सीमित न रखें, बल्कि परीक्षा के वातावरण और समय के अनुरूप स्वयं को प्रशिक्षित करें। यह छोटी-सी आदत वास्तविक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में काफी मददगार साबित हो सकती है।
रामलीला मैदान की रैली ऐतिहासिक, जनमानस का उबाल भाजपा के लिए खतरे की घंटी : अशोक वर्मा
- मतदाता सूची से हटाए गए नामों को लेकर तीन किलोमीटर लंबी श्रृंखला बनी आकर्षण का केंद्र
मधुपुर/संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अशोक वर्मा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की विशाल रैली को ऐतिहासिक बताते हुए इसे देश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण संदेश करार दिया है। सोमवार को दिल्ली से लौटने के बाद प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि रैली में उमड़ा जनसैलाब देशभर में बढ़ते जनाक्रोश और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रतीक है। यह भाजपा के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने कहा कि रैली में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचे थे। हालांकि, यातायात अवरोध और जगह-जगह बैरिकेडिंग के कारण कई लोग रामलीला मैदान तक नहीं पहुंच सके। इसके बावजूद रैली में कार्यकर्ताओं और आम लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। अशोक वर्मा ने बताया कि झारखंड के सभी जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अच्छी भागीदारी रही। छोटानागपुर के टाना भगत पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे, जो आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के नाम कपड़े पर लिखकर करीब तीन किलोमीटर लंबी श्रृंखला बनाई गई। यह रैली का प्रमुख आकर्षण रहा। विभिन्न राज्यों के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। साधु-संतों की भी बड़ी भागीदारी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेनों के रद्द होने और रास्तों में अवरोध पैदा किए जाने के कारण बड़ी संख्या में लोग दिल्ली के बाहर ही फंसे रह गए। इसके बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान की रैली ने जनता के बीच एक नई राजनीतिक चेतना का संदेश दिया है। रैली में उमड़ा जनसमर्थन भाजपा के लिए स्पष्ट चेतावनी है।
प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को मिला प्रमाण पत्र
- तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बच्चों ने सीखी आपात स्थिति में मदद करने की तकनीक
मधुपुर/संवाददाता। शहर के पनाहकोला रोड स्थित भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी कार्यालय में सोमवार को तीन दिवसीय प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शिविर-2026 का समापन हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। राज्य प्रशिक्षण पदाधिकारी, रेडक्रॉस रांची सह चेयरमैन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संगठन, बोकारो के डॉ. एसपी वर्मा ने प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण शिविर में बच्चों ने सभी सत्रों में काफी रुचि और अनुशासन के साथ भाग लिया। प्रशिक्षकों के अनुभव और मार्गदर्शन से उन्होंने प्राथमिक उपचार से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की हैं। डॉ. वर्मा ने कहा कि प्राथमिक उपचार का ज्ञान प्रत्येक व्यक्ति के लिए उपयोगी है। दुर्घटना या किसी आपात स्थिति में समय पर सही प्राथमिक उपचार मिलने से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकें भविष्य में जरूरतमंदों की सहायता करने में काफी कारगर साबित होंगी। बताया गया कि तीन दिवसीय शिविर में दर्जनों बच्चों ने भाग लेकर प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें आपात परिस्थितियों में घायलों की मदद करने और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। मौके पर रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव महेंद्र घोष, सह सचिव प्रेम पाठक, कोषाध्यक्ष रंजन कुमार, सच्चिदानंद सिंह, शारदा प्रसाद सिन्हा, सुल्तान अहमद, दिलीप, दीपक मिश्रा, आलोक कुमार, विनोद प्रसाद, शाकिब खान, निरंजन कुमार सहित सोसायटी के कई सदस्य उपस्थित थे।
दुकान का एसबेस्टस तोड़कर नकदी समेत सामान की चोरी
- गल्ले से 1600 रुपये और किराना सामग्री ले उड़े अज्ञात चोर
सारवां/संवाददाता। थाना क्षेत्र के बलिडीह गांव निवासी अशोक यादव की किराना दुकान में अज्ञात चोरों ने एसबेस्टस तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान के गल्ले में रखे नकद रुपये सहित किराना का सामान लेकर फरार हो गए। घटना को लेकर दुकानदार ने सारवां थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दिए गए आवेदन के अनुसार, अशोक यादव की बलिडीह मोड़ पर छोटी किराना दुकान है। प्रतिदिन की तरह गत रात दुकान बंद कर वह अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान का एसबेस्टस टूटा हुआ है। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर गल्ले में रखे 1600 रुपये नकद गायब मिले। इसके अलावा दुकान से निरमा, चायपत्ती, साबुन सहित अन्य किराना सामान भी चोरी कर लिए गए थे। दुकानदार ने आशंका जताई है कि रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने एसबेस्टस तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
रोडसेल में हाइवा परिचालन का पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने किया विरोध
- कहा- किसी भी सूरत में मजदूरों का हक छीनने नहीं दिया जाएगा, रोजगार की रक्षा के लिए हर स्तर पर करेंगे संघर्ष
चितरा/संवाददाता। चितरा कोलियरी में रोडसेल के तहत कोयला ढुलाई में हाइवा परिचालन की प्रस्तावित योजना को लेकर विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को पूर्व मंत्री रणधीर सिंह चितरा कोलियरी के गिरजा लोडिंग ऑफिस परिसर पहुंचे और कैजुअल मजदूरों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रोडसेल में हाइवा परिचालन की योजना का कड़ा विरोध करते हुए मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। बैठक में पूर्व मंत्री ने कहा कि चितरा कोलियरी में वर्षों से स्थानीय गरीब मजदूर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं। ऐसे में रोडसेल में हाइवा परिचालन शुरू होने से यदि पारंपरिक रूप से काम कर रहे कैजुअल मजदूरों की रोजी-रोटी प्रभावित होती है, तो इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में मजदूरों का हक छीनने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास और परिवहन व्यवस्था में बदलाव के नाम पर वर्षों से रोजगार से जुड़े मजदूरों को बेरोजगार करना उचित नहीं है। कोलियरी प्रबंधन को कोई भी निर्णय लेने से पहले मजदूरों के हितों और उनके भविष्य का ध्यान रखना चाहिए। मजदूरों का रोजगार और आजीविका गंभीर विषय है। इसकी अनदेखी कर कोई नई व्यवस्था लागू नहीं की जानी चाहिए। रणधीर सिंह ने मजदूरों को आश्वस्त किया कि उनके रोजगार और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने मजदूरों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि आपसी एकता और सामूहिक संघर्ष से ही अपने अधिकारों की रक्षा संभव है।
मौके पर विलास राय, संजय मिश्रा, गोविंद कुमार, सतीश महतो, धर्मेंद्र राय, मुन्ना मिश्रा, सुकुमार मंडल, संतलाल रजक, काजल अड्डी, अमित सिंह, दिलीप भोक्ता, जुगनू यादव, सोनू यादव, श्याम सुंदर यादव, जयराम रजक, प्रयाग रजक, पंकज राय, रामचंद्र राय, राजेश वर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत सहायता केंद्र की जानकारी को लेकर ग्रामीणों की बैठक आयोजित
- सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों को जोड़ने और समस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा
मारगोमुंडा/संवाददाता। ग्राम पंचायत सहायता केंद्र (जीपीएससी) को लेकर पिपरा पंचायत के खमरबाद गांव में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों को पंचायत सहायता केंद्र के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान प्रेरणा भारती संस्था के अरुण कुमार निर्झर ने बताया कि सरकार की ओर से समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से प्रत्येक पंचायत में पंचायत सहायता केंद्र की स्थापना की गई है। इसके लिए पंचायत सहायकों का चयन भी किया गया है। पंचायत सहायकों को रोटेशन के आधार पर ग्रामीणों से संपर्क कर सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों की पहचान करने तथा उनके आवेदन प्राप्त कर संबंधित पंचायत या प्रखंड स्तरीय विभागों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि पंचायत सहायकों को इसके लिए प्रशिक्षण दिया गया है। पंचायत भवन में उनके लिए कार्यालय की व्यवस्था भी की गई है, जिसे प्रतिदिन खोलने का प्रावधान है। हालांकि, ग्रामीणों के बीच पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण अधिकांश लोग इस केंद्र की जानकारी और सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने गांव की सामूहिक समस्याओं के साथ-साथ व्यक्तिगत समस्याओं को लेकर भी पंचायत सहायता केंद्र में आवेदन दे सकते हैं। इसके अलावा गांव की समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामसभा, महिलाओं की समस्याओं के लिए महिला सभा और बच्चों से जुड़े मुद्दों पर बालसभा आयोजित करने का प्रावधान है। इन बैठकों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों की समस्याओं को भी विकास योजनाओं में शामिल किया जा सकता है। वहीं, पंचायत समन्वयक कविता सोरेन ने महिलाओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मातृत्व सुरक्षा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहने की अपील की। बैठक में दर्जनों ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं।
अनारकली प्लस टू हाईस्कूल से चोरी हुई पांच सोलर बैटरी बरामद, दो गिरफ्तार
- एक नाबालिग भी शामिल, दोबारा चोरी की योजना बनाते समय पुलिस ने दबोचा
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी थाना क्षेत्र के अनारकली प्लस टू हाईस्कूल से चोरी हुई पांच सोलर बैटरी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों स्कूल परिसर के आसपास मंडरा रहे थे और वहां बची अन्य बैटरियों की चोरी की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों अनारकली प्लस टू हाईस्कूल से पांच सोलर बैटरी की चोरी हुई थी। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल संदिग्ध फिर से स्कूल के आसपास घूम रहे हैं और शेष बैटरियों को भी चोरी करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि स्कूल से पांच सोलर बैटरी की चोरी नाबालिग ने की थी, जबकि मुस्तफा ने चोरी की बैटरियां खरीदी थीं। मुस्तफा गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। दोनों इस बार मिलकर स्कूल से अन्य बैटरियों की चोरी करने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई पांचों सोलर बैटरियां बरामद कर लीं। इस संबंध में दर्ज कांड संख्या 71/2026 के तहत आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी मुस्तफा को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को रिमांड होम भेजने की प्रक्रिया की जा रही थी। इस कार्रवाई से स्कूल में हुई चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
पूर्व वार्ड सदस्य रूमा देवी का निधन, क्षेत्र में शोक
पालोजोरी। संवाददाता। ग्राम पंचायत भुरकुंडी के नवाडीह निवासी एवं पूर्व वार्ड सदस्य रूमा देवी (70) का रविवार को निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। रूमा देवी अपने सरल और मिलनसार स्वभाव के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन पर जिला परिषद सदस्य दीपक मुर्मू, पालोजोरी मुखिया अंशुक साधु, पूर्व मुखिया रंजीत कुमार बास्की सहित अन्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, उद्घाटन मैच में मरांडी एफसी विजयी
चितरा/संवाददाता। कोलियरी क्षेत्र के तुलसीडाबर मैदान में एससीएफसी क्लब तुलसीडाबर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ सोमवार को हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन ग्राम प्रधान प्रदीप टुडू, मुखिया प्रतिनिधि सुजीत रजक और जोग मांझी मानेश्वर मरांडी ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया। उद्घाटन मुकाबला मरांडी एफसी और मास्टर टीम के बीच खेला गया। इसमें मरांडी एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ दो गोल दागे और जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई। वहीं, दूसरा मुकाबला द ब्लू वैरियर और एसआर इलेवन के बीच हुआ। इसमें द ब्लू वैरियर ने एक गोल से जीत दर्ज की। आयोजकों के अनुसार, इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह देखा गया। मौके पर हरिसन हेंब्रम, सुरेश मुर्मू, श्याम सुंदर टुडू, नूनलाल मुर्मू, भीम मरांडी सहित आयोजन समिति के सदस्य और काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।