- दो का हुआ निष्पादन
सारवां/संवाददाता। उपायुक्त के निर्देश पर सारवां थाना सभागार में गुरुवार को अंचल अधिकारी (सीओ) राजेश कुमार साहा की देखरेख में थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्रशासन के समक्ष रखा। जनसुनवाई के दौरान सीओ ने दोनों पक्षों की बातें सुनीं और उनसे संबंधित दस्तावेज एवं साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा। अधिकारियों ने सभी दस्तावेजों की जांच कर मामलों की सुनवाई की। सीओ राजेश कुमार साहा ने बताया कि थाना दिवस में जमीन विवाद से संबंधित कुल छह मामले आए। इनमें सुनवाई के बाद दो मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष चार मामलों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी संदीप कुमार, अंचल निरीक्षक मणिलाल, कर्मचारी इंग्लिश वर्मा, पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
रांची में पहली बार डुरंड कप की मेजबानी
- 25 जुलाई से शुरू होगा 135वां संस्करण
- 23 अगस्त को कोलकाता में खेला जाएगा फाइनल, रांची में होंगे सात मुकाबले
मधुपुर/संवाददाता। एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डुरंड कप का 135वां संस्करण 25 जुलाई से शुरू होगा। इस बार प्रतियोगिता का आयोजन देश के पांच शहरों—कोलकाता, रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी—में किया जाएगा। टूर्नामेंट में 24 टीमें छह समूहों में हिस्सा लेंगी तथा कुल 43 मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल मैच 23 अगस्त को कोलकाता में होगा। झारखंड फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष विद्रोह कुमार मित्रा ने बताया कि डुरंड कप की शुरुआत वर्ष 1888 में तत्कालीन ब्रिटिश अधिकारी सर हेनरी मॉर्टिमर डुरंड ने शिमला से की थी। प्रारंभिक वर्षों में यह प्रतियोगिता केवल ब्रिटिश और भारतीय सेना की टीमों के बीच खेली जाती थी, लेकिन बाद में देश के पेशेवर फुटबॉल क्लबों को भी इसमें शामिल किया गया। आज डुरंड कप भारतीय फुटबॉल की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में गिना जाता है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 25 जुलाई को कोलकाता के युवा भारती क्रीड़ांगन में चिर-प्रतिद्वंद्वी मोहन बागान सुपर जायंट और ईस्ट बंगाल एफसी के बीच खेला जाएगा।
इस बार पहली बार रांची को भी डुरंड कप की मेजबानी का अवसर मिला है। रांची में 26 और 29 जुलाई तथा 4, 7, 10 और 13 अगस्त को लीग चरण के मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं, पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला 16 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। झारखंड में पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर फुटबॉल प्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय फुटबॉल देखने और सीखने का अवसर मिलेगा। साथ ही खेल अवसंरचना के विकास और झारखंड में फुटबॉल संस्कृति को भी नई मजबूती मिलेगी।
सिंह वाहिनी मंदिर में विपदतारिणी पूजा 18 को
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं बाजार स्थित सिंह वाहिनी मंदिर में विपदतारिणी पूजा 18 जुलाई को धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। पूजा को लेकर ग्रामीणों द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही है’ मंदिर के सरीप पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पूजा के अवसर पर करौं एवं आसपास के दर्जनों गांव से काफी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी। पूजा के अवसर पर 18 जुलाई को दो बजे के बाद प्रसाद का वितरण किया जाएगा। ज्ञात हो कि अगर बाजार क्षेत्र में किसी प्रकार का आफत विपद आने से माता सिंह वाहिनी के कृपा के आह्वान मात्र से हर बधाएं दूर हो जाता है। पूजा के अवसर पर महिलाऐं दुब घास पंडितो से अपने अपने बाहों में परिवार की मंगल कामना के लिए बंधवाती है। यूं तो कर्णेश्वर दुर्गा मंदिर, केवट दुर्गा मंदिर, बनिया पड़ा दुर्गा मंदिर में भी विपद तारणी पूजा एक सावन 18 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। जिसको लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है।
स्थापना दिवस पर अभाविप ने चलाया नशा मुक्ति अभियान
- विद्यार्थियों को बांटी अध्ययन सामग्री
मधुपुर/संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपने 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर नगर परिषद के सहयोग से शनिवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों और स्वामी विवेकानंद मठ में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। अभियान के तहत परिषद के कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों के बीच कॉपी, कलम और चॉकलेट का वितरण किया। स्वामी विवेकानंद मठ में भी बच्चों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा नियमित शिक्षा ग्रहण करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मधुपुर नगर परिषद के उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज, अभाविप के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुदामा यादव, नगर मंत्री सूरज कुमार तथा पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू दुबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर शुभम कुमार, सागर जायसवाल, शौरव कुमार, सुमित कुमार, मुकेश कुमार, कृष्ण कुमार, विकास कुमार, श्रीधर मंडल, प्रीतम मेहरा, विकास मेहरा, शैलेश कुमार, चंदन कुमार और प्रिंस कुमार समेत कई कार्यकर्ताओं ने अभियान में भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त, शिक्षित और संस्कारित युवा ही समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं ने नशे से दूर रहने तथा शिक्षा को अपनाने का सामूहिक संकल्प
83 वर्षीय वृद्ध अपने खर्चे पर बेटे के साथ भर रहे सड़क के गड्ढे
- राहगीरों की सुरक्षा को दी प्राथमिकता
- समाजसेवा में वर्षों से सक्रिय हैं राधेश्याम साह
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी मुख्य बाजार से होकर गुजरने वाली स्टेट हाईवे पर बने गड्ढों को भरने का जिम्मा जहां संबंधित विभाग को उठाना चाहिए, वहीं यह काम एक 83 वर्षीय वृद्ध और उनका बेटा अपने खर्चे पर कर रहे हैं। पालोजोरी के समाजसेवी एवं व्यवसायी राधेश्याम साह अपने पुत्र प्रदीप साह उर्फ मंटु के साथ सड़क पर बने गड्ढों में मिट्टी और गिट्टी डालकर उन्हें भर रहे हैं, ताकि राहगीरों और विशेषकर बाइक सवारों को दुर्घटना से बचाया जा सके।
राधेश्याम साह ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। विभागीय स्तर पर लंबे समय से कोई पहल नहीं होने के कारण उन्होंने स्वयं यह कार्य शुरू किया। उनका कहना है कि लोगों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और यदि छोटे प्रयास से किसी की जान बच सकती है तो इससे बड़ी सेवा कोई नहीं। स्थानीय लोगों ने पिता-पुत्र की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। जहां अधिकांश लोग सड़क की बदहाली पर केवल शिकायत करते हैं, वहीं राधेश्याम साह और उनके पुत्र ने स्वयं आगे बढ़कर समस्या के समाधान का प्रयास किया है।
गौरतलब है कि राधेश्याम साह लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। 83 वर्ष की उम्र में भी उनका सेवा भाव और ऊर्जा युवाओं के लिए मिसाल बनी हुई है। उनकी इस पहल ने सड़क निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली और सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और ऐसे सामाजिक प्रयासों की आवश्यकता ही न पड़े। करप्शन के आरोप झेलती सरकारी विभाग हो या हम सब ठीक कर देंगे, यह बोलने वाले लोगों के लिए पिता और पुत्र की यह सामाजिक सेवा की टीम कई कई सवाल छोड़ जाते हैं।
वार्षिक नाग पूजा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी के जोरोपहाड़ी स्थित नागथान में गुरुवार को वार्षिक नाग बाबा की पूजा विधि विधान और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पालोजोरी सहित दूर दराज के सैकड़ो श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। अस्ताजोरा के गजानंद पाण्डेय और वरुण पाण्डेय ने पूजा के मुख्य आयोजक शनिश्चर राय के साथ विधि विधान से पूजा संपन्न कराई। पालोजोरी के जोरोपहाड़ी स्थित नाग मंदिर की महिमा दूर दूर तक फैली हुई है। यहां सच्चे मन से मांगी हर मुराद पूरी होती है। वहीं पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
कुरकुरे लदा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, चालक घायल
सारवां/संवाददाता। सारठ-सारवां मुख्य मार्ग पर मनिगढ़ी तरु चिंतन पार्क के समीप गुरुवार को कुरकुरे लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक को हल्की चोटें आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन (संख्या- बीआरजी क्यू 2801) देवघर से कुरकुरे लोड कर सारठ की ओर जा रहा था। इसी दौरान मनिगढ़ी तरु चिंतन पार्क के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही सारवां थाना के एएसआई धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। दुर्घटना में किसी अन्य के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मारगोमुंडा में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बैठक
- वोलेंटियरों को दिए गए निर्देश
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को बीडीओ शशि संदीप सोरेन की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर एसआईआर वोलेंटियरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एन्यूमरेशन फॉर्म से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया गया। बीडीओ ने वॉलेंटियरों को पात्र मतदाताओं की सही जानकारी एकत्र करने, योग्य मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज करने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया, कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने पर विशेष बल दिया। साथ ही कहा कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में संजय कांत, कमल कोल, कार्तिक नाथ ठाकुर, अमित कुमार, त्रिमूर्ति मुर्मू, रंजीत कुमार सहित सभी एसआईआर वॉलेंटियर उपस्थित थे।
पालोजोरी व खागा थाना में लगा थाना दिवस
- राजस्व मामलों की हुई सुनवाई
पालोजोरी/संवाददाता। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गुरुवार को पालोजोरी एवं खागा थाना परिसर में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना क्षेत्र से आए लोगों के राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई की गई। थाना दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पालोजोरी थाना प्रभारी संजय कुमार, खागा थाना प्रभारी राजेश कुमार यादव, एसआई साधन गोराई, शेखर सिंह, गुपिन रजवार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
रेल लाइन के समीप मिला एक व्यक्ति का शव
जसीडीह/संवाददाता। जीआरपी जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे गोदाम के समीप डाउन रेल लाइन के किलोमीटर संख्या -323/28-26 के पास गुरुवार को एक 55 वर्षीय पुरुष का शव मिला। सूचना पाकर जीआरपी जसीडीह थाना के एएसआई पवन कुमार मिश्रा एवं आरपीएफ पदाधिकारी घटना स्थल पहुंचे। साथ ही शव एवं घटना स्थल की छानबीन कर शव को कब्जे में कर लिया। साथ ही पुलिस ने जीआरपी जसीडीह थाना में यूडी कांड दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। जीआरपी जसीडीह पुलिस ने बताया कि मृतक व्यक्ति के पास पहचान के लिए कोई सामान बरामद नहीं हुआ। शव की पहचान को लेकर छानबीन की जा रही है।
लंबित मनरेगा योजनाओं की समीक्षा
- ई-केवाईसी व जियो टैगिंग में तेजी लाने के निर्देश
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को बीडीओ शशि संदीप सोरेन की अध्यक्षता में मनरेगा के तहत लंबित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों, पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों एवं पंचायत सहायकों ने भाग लिया। इस दौरान लंबित योजनाओं की प्रगति, मजदूरों के ई-केवाईसी तथा जियो टैगिंग की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ शशि संदीप सोरेन ने कहा कि मनरेगा की योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी मजदूरों का ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही सभी लंबित योजनाओं की जियो टैगिंग निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें तथा लंबित योजनाओं का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रत्येक स्तर पर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में बीपीओ राजाराम प्रसाद, आवास कोऑर्डिनेटर कमल कोल, सहायक अभियंता जय प्रकाश तिर्की, कनीय अभियंता आनंद मेहता, बादशाह अली, अजीत कुमार, पंचायत सचिव भुनेश्वर यादव, नागेंद्र दास, विजय पांडेय, किशोर किस्कू, सुरेश दास, राजेश कुमार, जैनुल अंसारी, बबीता राय एवं मुरारी मंडल सहित सभी पंचायतों के रोजगार सेवक एवं पंचायत सहायक उपस्थित रहे। बैठक में सभी कर्मियों को लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करते हुए मनरेगा योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रखंड मुख्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर पहले दिन ही स्थगित
-एक दिन में केवल 70 आवेदनों की प्रक्रिया पूरी किए जाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों ने जतायी नारजगी
- उपायुक्त के निर्देश पर नयी तिथि की होगी घोषणा
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड मुख्यालय में 9 और 10 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाला ड्राइविंग लाइसेंस शिविर पहले दिन गुरुवार को हंगामे के बीच स्थगित कर दिया गया। उपायुक्त के निर्देश पर प्रखंड स्तर पर आयोजित इस शिविर का शुभारंभ देवघर डीटीओ कार्यालय के अधिकारियों, एमवीआई तथा अन्य कर्मियों ने बीडीओ चंदन कुमार सिंह की उपस्थिति में किया। हालांकि, एक दिन में केवल 70 आवेदनों की प्रक्रिया पूरी किए जाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, शिविर में लाइसेंस बनवाने के लिए करीब एक हजार अभ्यर्थी पहुंचे थे। इनमें बड़ी संख्या अन्य प्रखंडों के आवेदकों की भी थी। जब यह स्पष्ट किया गया कि पहले दिन केवल 70 स्लॉट पर ही कार्य होगा, तो मौके पर असंतोष का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने शिविर को तत्काल स्थगित कर दिया।
बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध 70 स्लॉट में भी अधिकांश आवेदन सारठ प्रखंड के बाहर के लोगों के हैं, जिससे स्थानीय युवाओं में आक्रोश स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर आयोजित शिविर का उद्देश्य संबंधित प्रखंड के युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। इस संबंध में एमवीआई के साथ पूरी स्थिति से उपायुक्त को अवगत कराया जाएगा और उनके निर्देश के बाद शिविर की नई तिथि घोषित की जाएगी।
बीडीओ ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन स्थानीय युवाओं के हितों को प्राथमिकता देने का प्रयास करेगा, ताकि उन्हें अपने ही प्रखंड में लाइसेंस बनवाने की सुविधा मिल सके।
वहीं झामुमो नेता इश्तियाक मिर्जा ने कहा कि सारठ प्रखंड के अलावा अन्य प्रखंडों के अधिक संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने से समस्या उत्पन्न हुई। उन्होंने प्रशासन और सरकार से आग्रह किया कि जिस प्रखंड में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किया जाए, वहां के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के निर्देश पर सभी प्रखंडों में इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, इसलिए प्रत्येक प्रखंड के युवाओं को अपने-अपने क्षेत्र में अधिकतम लाभ मिलना चाहिए। प्रशासन से उन्होंने जल्द नई तिथि घोषित कर स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
सिंचाई सुविधा के लिए किसानों ने खुद बनाई पानी रोकने का जुगाड़
चितरा/संवाददाता। सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से परेशान चितरा के बरमरिया गांव के किसानों ने अपनी सूझबूझ और सामूहिक प्रयास से धमना-बरमरिया जोरिया में अस्थायी बांध बनाकर पानी रोकने का जुगाड़ किया है। किसानों की इस पहल से अब आसपास के लगभग 50 एकड़ भूमि में स्थित खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचेगा, जिससे धान की खेती करने वाले किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
बरमरिया के किसान गंगाधर महतो, परशुराम वर्मा, सुगुधन महतो और अरविंद कुमार ने श्रमदान कर जोरिया में मिट्टी, पत्थर की सहायता से अस्थायी अवरोध तैयार किया। इससे बहकर निकल जाने वाला पानी रुक गया और खेतों की सिंचाई संभव हो सकी।
किसानों ने बताया कि सिंचाई का कोई स्थायी साधन नहीं है। समय पर पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण धान की रोपाई प्रभावित होने लगती है। ऐसे में फसल को बचाने के लिए उन्होंने स्वयं आगे आकर यह पहल की। उनका कहना है कि यदि पानी नहीं रोका जाता तो खेत सूख जाते और भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता। किसानों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि धमना-बरमरिया जोरिया पर स्थायी चेक डैम का निर्माण कराया जाए, ताकि हर वर्ष किसानों को इस तरह अस्थायी जुगाड़ का सहारा न लेना पड़े और क्षेत्र के किसानों को नियमित सिंचाई की सुविधा मिल सके।
डीएवी चितरा ने बहुउद्देशीय हॉल और दो-शिफ्ट बस सेवा की मांग को लेकर किया पत्राचार
चितरा/संवाददाता। एस पी माइंस चितरा कोलियरी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ईसीएल से विद्यालय में बहुउद्देशीय हॉल के निर्माण और एलकेजी से कक्षा द्वितीय तक के बच्चों के लिए पूर्व की तरह दो-शिफ्ट बस सेवा बहाल करने की मांग की है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार सीबीएसई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण आवश्यक है, जिससे शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं सामुदायिक गतिविधियों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। वहीं वर्तमान में एक ही शिफ्ट में बस संचालन होने से छोटे बच्चों को भीड़भाड़ में यात्रा करनी पड़ रही है। डीएवी प्रबंधन ने दो-शिफ्ट व्यवस्था बहाल करने के लिए ईसीएल से शीघ्र सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएवी प्राचार्य डॉ राघवेंद्र तिवारी ने कहा कि विद्यालय में बहुउद्देशीय भवन और दो शिफ्ट में बस संचालन अति आवश्यक है। संबंधित सेवा व सुविधा के लिए ईसीएल को पत्राचार किया गया है।
आज जसीडीह के विभिन्न क्षेत्रों में पांच घंटे विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह के विभिन्न क्षेत्रों में दस जुलाई को पांच घंटे विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित। उक्त जानकारी सहायक विद्युत अभियंता जसीडीह डेविड कुमार हांसदा ने दी। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला 2026 में निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु रख रखाव कार्य के लिए मानिकपुर पीएसएस 11केभी कुमैठा फीडर दस जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक बंद रहेगा। जिसके कारण मानिकपुर पीसीएस के सभी 11केवी फीडर कुमैठा, चमारीडीह, सिंघवा, मानिकपुर, सरासनी, गोपालपुर, दर्दमारा, संथाली, टावाघाट, कोठिया, सिकदारडीह, इंडस्ट्रियल एरिया, एमपी माइनिंग, बिरला आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
छिनतई के आरोपी को भेजा जेल
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी थाना क्षेत्र के भूरकुण्डी में भुरकुण्डी के ही परेश मुर्मू के साथ हुई छिनतई के आरोपी को पालोजोरी पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है। घटना बीते सात जुलाई की है। कुमगढ़ा के सरजहान अंसारी ने परेश मुर्मू से दो हजार रूपये की छिनतई की थी। पालोजोरी थाने में शिकायत के बाद पुलिस द्वारा फौरी कार्रवाई करते हुए आरोपी सरजहान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया।