- 35 बालिकाओं का नामांकन
मधुपुर। संवाददाता। स्वयंसेवी संस्था चेतना विकास की ओर से संचालित किसलय परियोजना के तहत बालिकाओं को शिक्षा के साथ कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए मधुपुर प्रखंड की दो पंचायतों दोलहा और सुगापहाड़ी की कुल 35 बालिकाओं का नामांकन कराया गया है। संस्था की कांती कुमारी ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें रोजगारपरक कौशल प्रदान करना है। इसके माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूकता फैलायी जा रही है। उन्होंने कहा कि बेटियां हुनरमंद बनकर अपने पैरों पर खड़ी हों और समाज में सम्मान के साथ अपनी अलग पहचान स्थापित करें, यही इस पहल का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर बालिकाएं रोजगार के अवसर हासिल कर सकेंगी। इससे वे अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ परिवार और समाज के विकास में भी योगदान देंगी। संस्था का प्रयास है कि किशोरियां शिक्षा और हुनर के बल पर आत्मनिर्भर बनें तथा बाल विवाह जैसी कुरीतियों से दूर रहकर अपने जीवन को नई दिशा दें।
दहेज प्रताड़ना का आरोप, पति ने कर ली दूसरी शादी
- दो वर्षीय बेटे के साथ घर से निकालने का आरोप, पीड़िता ने प्रशासन से लगायी न्याय की गुहार
मोहनपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के मोरने गांव की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और बच्चे के साथ घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में लिखित आवेदन देकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगायी है।
आवेदन के अनुसार, पीड़िता की शादी करीब ढाई वर्ष पूर्व मोरने गांव निवासी मुशर्रफ अंसारी के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती छह महीने तक वैवाहिक जीवन सामान्य रहा। इसके बाद पति सहित ससुराल के अन्य सदस्यों पर दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि करीब दो वर्ष पूर्व उसके साथ मारपीट कर उसे दो वर्षीय बेटे के साथ घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। वहीं, करीब पांच माह पूर्व उसके पति ने दूसरी शादी भी कर ली। पीड़िता के अनुसार, दूसरी शादी के बाद पति ने उसके और बच्चे के भरण-पोषण की जिम्मेदारी भी नहीं उठायी। पीड़िता ने आवेदन में यह भी बताया है कि पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ देवघर न्यायालय में पहले से मामला चल रहा है। उसने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे और उसके बच्चे को न्याय दिलाने की मांग की है।
सिकटिया बराज में छोड़े गए सात लाख मछलियों के बच्चे
- मत्स्य उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा, स्थानीय मछुआरों के लिए रोजगार और आमदनी के अवसर होंगे सृजित
चितरा/संवाददाता। सिकटिया बराज में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने और स्थानीय मछुआरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से मत्स्य विभाग की ओर से विशेष पहल की गई। इसके तहत बराज में सात लाख मछलियों के फिंगर साइज के बच्चे छोड़े गए। इनमें छह लाख रेहू, कतला एवं मृगल तथा एक लाख ग्रास कार्प के बच्चे शामिल हैं। इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी रणविजय कुमार ने बताया कि बराज में मछलियों के बच्चे छोड़ने का मुख्य उद्देश्य मत्स्य उत्पादन में वृद्धि करना और स्थानीय मछुआरों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि ग्रास कार्प मछलियां जलाशय में उपलब्ध घास और जलीय वनस्पतियों को खाकर तेजी से विकसित होती हैं। इससे बराज में मछली उत्पादन बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मछलियों के बड़े होने पर स्थानीय मछुआरों को आर्थिक लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में मत्स्य पालन की गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इस पहल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मछलियों के बच्चे जिला मत्स्य पदाधिकारी रणविजय कुमार, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी आरएन सहाय, जिला पशुपालन पदाधिकारी धनंजय कुमार, कुकराहा मुखिया महादेव सिंह, बड़बाद मुखिया जगन्नाथ रवानी एवं केलु सिंह ने संयुक्त रूप से बराज में छोड़े। मौके पर बमबम सिंह, संतोष कुमार कापरी, लखन कापरी, रोहित कुमार, त्रिपुरारी कापरी, सिकंदर कापरी, राधेश्याम कापरी, मुकेश कापरी सहित अन्य उपस्थित थे।
बिशनपुर दुर्गा मंदिर में क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए विशेष पूजा
- वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की हुई आराधना, महिलाओं ने अखंड सौभाग्य की कामना की
सारवां/संवाददाता। क्षेत्र में सुख-शांति, कल्याण और समृद्धि की कामना को लेकर बिशनपुर दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। पूजा कार्यक्रम मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पंडित बालमुकुंद पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की पूजा करायी। पूजा के दौरान मां को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए तथा क्षेत्र की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की गई।
मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महिलाओं ने परिवार के कल्याण, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना करते हुए मां के दरबार में पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र के लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। पूजा की व्यवस्था के संचालन में अमरेंद्र सिंह, सुनील सिंह, जैकी सिंह, प्रमोद रवानी, प्यारे लाल सिंह, संतोष सिंह, चंदन रवानी, दिनेश सिंह, विकास रवानी, कपिल देव रवानी, डमरू, विकास और विनोद सहित पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।
रक्तदान शिविर में 13 पदाधिकारियों और कर्मियों ने किया रक्तदान
- बीडीओ रजनीश कुमार ने भी किया रक्तदान, बोले- एक यूनिट रक्त बचा सकता है किसी की जान
सारवां/संवाददाता। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड सरकार के तहत जिले के निर्देश पर प्रखंड सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार की देखरेख में हुआ। इस दौरान बीडीओ ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इसके लिए प्रेरित किया। शिविर में कुल 13 पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस अवसर पर बीडीओ रजनीश कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बढ़कर कोई दूसरा दान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसकी जान बचायी जा सकती है। इसलिए लोगों को आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए।
उन्होंने रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि रक्तदान करने से शरीर में रक्त की स्थायी कमी नहीं होती है। शरीर प्राकृतिक रूप से रक्त की पूर्ति करता है। इसलिए स्वस्थ लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंदों को नया जीवन देने का अवसर मिलता है। शिविर में प्रभारी बीपीआरओ दिलीप कुमार राय, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संजय सोरेन, सेवानिवृत्त बीएओ विजय कुमार देव, समाजसेवी मुना राय सहित 13 पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का संकल्प लिया।
डीएवी के क्लासरूम में जहरीले सांप की दस्तक, बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
- कक्षा के अंदर सांप मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, अभिभावकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता
चितरा/संवाददाता। डीएवी पब्लिक स्कूल, एसपी माइंस, ईसीएल चितरा के एक क्लासरूम में सांप मिलने का मामला सामने आने के बाद विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। क्लासरूम के अंदर सांप दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
बताया जाता है कि क्लासरूम के अंदर सांप दिखाई देने से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस घटना ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा कक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई करने आते हैं। ऐसे में कक्षा के अंदर सांप का पहुंचना गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते सांप पर नजर नहीं पड़ती तो कोई अप्रिय घटना हो सकती थी।
अभिभावकों ने विद्यालय परिसर की नियमित सफाई, जंगल-झाड़ियों की कटाई, कक्षाओं की नियमित जांच तथा सांपों एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।
क्या कहते हैं डीएवी प्राचार्य
इस संबंध में डीएवी प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि क्लासरूम में सांप मिलने की जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में तथा विद्यालय के आसपास जंगल-झाड़ियां होने के कारण सांप एवं अन्य जहरीले जीव-जंतु परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। उन्होंने बताया कि क्लासरूम की खिड़कियों में जाली लगवाने के लिए प्रबंधन से बातचीत की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
चित्रगुप्त पूजा की तैयारी को लेकर बैठक, 11 नवंबर को होगी पूजा
मधुपुर/संवाददाता। चित्रगुप्त पूजा की तैयारी को लेकर मंगलवार को कुंडू बंगला स्थित चित्रगुप्त मंदिर परिसर में चित्रगुप्त महापरिवार की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापरिवार के वरीय सदस्य बच्चन कुमार सिन्हा ने की। इसमें पूजा को लेकर विभिन्न तैयारियों पर चर्चा करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 11 नवंबर को भगवान चित्रगुप्त की पूजा धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ की जाएगी। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। वहीं शाम को महापरिवार के सदस्यों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अगले दिन 12 नवंबर को प्रात: पूजन के बाद शाम में भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। पूजा समारोह को सफल बनाने के लिए महापरिवार के सभी सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा सभी से सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में बच्चन कुमार सिन्हा, पंकज पीयूष, दिलीप कुमार सिन्हा, बिनोद कुमार सिन्हा, जितेन्द्र कुमार, मुरारी मोहन सिन्हा, विजय कुमार श्रीवास्तव, अभय कुमार सिन्हा, अजित कुमार सिन्हा, सात्विक सुमन, ऋत्विक पीयूष सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
लंबित कांडों की समीक्षा कर अनुसंधान में लायें तेजी : एसपी
- एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया मारगोमुंडा थाना का वार्षिक निरीक्षण, दिए निर्देश
- सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों का भी लिया जायजा
मारगोमुंडा/संवाददाता। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मंगलवार को मार्गोमुंडा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, विधि-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की कार्य व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने थाना में संधारित विभिन्न अभिलेखों एवं पंजियों का अवलोकन किया। उन्होंने उनके रख-रखाव और अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। साथ ही थाना भवन एवं परिसर का भौतिक निरीक्षण कर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति और कार्य व्यवस्था की भी समीक्षा की।
एसपी ने कहा कि वार्षिक निरीक्षण के दौरान थाना की सभी कार्यप्रणालियों की समीक्षा की गई है। क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई और आगे की कार्रवाई की संभावनाओं का भी आकलन किया गया। उन्होंने थाना में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके लंबित रहने के कारणों की जांच करने और अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया। अनुसंधान में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान क्षेत्र के कई सक्रिय अपराधियों को भी बुलाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा की गई। उनसे यह जानकारी लेने का प्रयास किया गया कि वे अपराध की दुनिया से दूर हुए हैं या अब भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं। एसपी ने नवनियुक्त चौकीदारों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अपने-अपने बीट क्षेत्र में सूचना तंत्र मजबूत और सक्रिय रखने को कहा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी समय रहते पुलिस तक पहुंचनी चाहिए, ताकि किसी भी अपराध या अप्रिय घटना को होने से पहले रोका जा सके और इलाके में शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके। मौके पर थाना प्रभारी शशि कपूर सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
कंप्यूटर क्लास के लिए निकली युवती लापता
- दो नवंबर को मामा के घर से निकली थी, पिता ने जसीडीह थाना में दर्ज कराया सनहा
जसीडीह/संवाददाता। थाना क्षेत्र के रोहिणी स्थित अपने मामा के घर से कंप्यूटर क्लास करने निकली 21 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में युवती के पिता ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर सनहा दर्ज कराया है तथा पुलिस से पुत्री की खोजबीन करने की गुहार लगायी है।
आवेदन के अनुसार, युवती जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़कुंआ गांव की रहने वाली है। वह रोहिणी स्थित अपने मामा के घर रहकर कंप्यूटर की पढ़ाई कर रही थी। बीते दो नवंबर को वह मामा के घर से रोहिणी हटिया चौक के समीप स्थित कंप्यूटर क्लास जाने के लिए निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर से युवती की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पिता ने जसीडीह थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी और पुत्री को तलाशने में सहयोग की मांग की। पिता ने पुलिस को युवती का हुलिया बताते हुए कहा है कि उसका रंग गोरा और कद करीब पांच फीट पांच इंच है। घटना के समय उसने काले रंग का छींटदार सूट-सलवार पहन रखा था। उसके पास एक बैग भी था, जिसमें कंप्यूटर क्लास से संबंधित कागजात और मोबाइल फोन था। पुलिस ने आवेदन के आधार पर सनहा दर्ज कर युवती की तलाश में आवश्यक कार्रवाई शुरू करने की प्रक्रिया की है। परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि युवती के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर पुलिस या परिवार को सूचित करें।
22 से 24 नवंबर तक चलेगा प्लस पोलियो विशेष अभियान
- 34,522 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
सारठ सीएचसी में बीडीओ और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ की बैठक
सारठ/संवाददाता। प्लस पोलियो विशेष अभियान 2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बैठक हुई। बीडीओ चंदन कुमार सिंह और सीएचसी प्रभारी डॉ. गुडाकेश ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान बीडीओ ने एसएनआईडी 2026 के तहत चलाए जाने वाले अभियान की जानकारी ली और निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में बताया गया कि आगामी 22 से 24 नवंबर तक प्रखंड के सभी गांवों में विशेष प्लस पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव की खुराक पिलाई जाएगी। विभाग की ओर से प्रखंड में कुल 34,522 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए पूरे प्रखंड में 175 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं। कार्यक्रम की निगरानी और बेहतर संचालन के लिए 37 सुपरवाइजर प्रतिनियुक्त किए जाएंगे। वहीं, सहिया, एएनएम सहित कुल 356 स्वास्थ्य कर्मियों को अभियान में लगाया जाएगा। मंगलवार को सभी सुपरवाइजरों को कार्यक्रम के संचालन और जिम्मेदारियों को लेकर विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। अभियान के पहले दिन यानी 22 नवंबर को सभी 175 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर बूथ पर दवा पीने से छूट गए बच्चों को पोलियो की खुराक देंगे। बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. यशोधरा नायक, अर्चना कुमारी, बीपीएम शंकर शरण पंकज, डब्ल्यूएचओ एफएम अलका झा, बीआरपी मनोज राय, अनिता कुमारी, निरंजन राय, सागरिका तिवारी, राजीव तिवारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
सारठ पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, हुआ भव्य स्वागत
- कहा, झारखंड को अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा ने बनाया, राज्य की दुर्दशा देखकर वापस लौटा
सारठ/संवाददाता। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने मंगलवार को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर और बासुकीनाथ धाम में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे सारठ पहुंचे, जहां पूर्व मंत्री रणधीर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान रघुवर दास ने कहा कि झारखंड का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा ने किया है। उन्होंने कहा कि ओडिशा में रहते हुए उनसे झारखंड की दुर्दशा देखी नहीं गई। इसी कारण उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति को अपना त्यागपत्र सौंपा और झारखंड की जनता की सेवा करने के लिए वापस लौटे हैं। उन्होंने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले एक महीने से विपक्षी दल एकजुट होकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। इंडी गठबंधन देश में वंशवाद की राजनीति थोपना चाहता है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ये सभी वंशवादी राजनीति के प्रतीक हैं। देश में लोकतंत्र चलेगा, वंशवाद नहीं। इस मौके पर पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, संजय यादव समेत भाजपा के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।