- उपायुक्त ने अधिकारियों को शत-प्रतिशत घरों की जांच सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में बुधवार को प्रथम चक्र कुष्ठ रोगी खोज अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने जिले में 9 से 23 दिसंबर 2026 तक चलने वाले अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत जिलेभर में विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में एक पुरुष और एक महिला सदस्य शामिल रहेंगे, ताकि महिला और पुरुषों की स्वास्थ्य जांच सहजता से की जा सके। अभियान की निगरानी के लिए सुपरवाइजर भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। सभी प्रखंडों की सहिया को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, समाज कल्याण, कल्याण, पंचायती राज और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जिले के शत-प्रतिशत घरों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचें और कोई भी संभावित मरीज जांच से वंचित न रहे। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि शरीर पर हल्के रंग के दाग-धब्बे, जिनमें सुन्नपन हो, या हाथ-पैर में झनझनाहट जैसे लक्षण दिखने पर अनदेखी न करें। तत्काल स्वास्थ्यकर्मियों से जांच कराएं। समय पर पहचान और नियमित दवा के सेवन से कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को जिले के सभी विद्यालयों में जागरूकता एवं विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया। इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, एसीएमओ, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के एमओआईसी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य उपस्थित थे।
पात्र किसानों को फसल बीमा योजना का शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं : उपायुक्त
- अस्वीकृत आवेदनों की प्रखंड एवं पंचायतवार सूची उपलब्ध कराने का निर्देश
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय कक्ष में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2026) के क्रियान्वयन एवं प्रगति को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में खरीफ मौसम के तहत प्राप्त फसल बीमा आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान बीमा कंपनी के जिला प्रतिनिधि ने जिले में प्राप्त कुल आवेदनों और बीमित क्षेत्रफल की अद्यतन जानकारी समिति के समक्ष रखी। साथ ही आवेदनों में पाई गई तकनीकी त्रुटियों और अस्वीकृति के कारणों से भी अवगत कराया। अस्वीकृत आवेदनों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बीमा एजेंसी को लैंड रिकॉर्ड और लैंड एरिया मिसमैच से संबंधित सभी आवेदनों की प्रखंड एवं पंचायतवार सूची तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी को सूची के आधार पर त्वरित सत्यापन कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन सौंपने को कहा। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र किसानों के आवेदन किसी भी परिस्थिति में अनावश्यक रूप से अस्वीकृत नहीं किए जाएं। उन्होंने समिति के सदस्यों और संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना का लाभ सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला कृषि पदाधिकारी, नाबार्ड के अधिकारी, डीपीओ, एलडीएम, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, समिति के सदस्य और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
चिकित्सकों को वेक्टर जनित रोगों की पहचान व उपचार का दिया प्रशिक्षण
- व्यावहारिक शंकाओं और भ्रांतियों का किया गया समाधान
देवघर/वरीय संवाददाता। सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा के निर्देशानुसार बुधवार को नया सदर अस्पताल सभागार में जिला स्तरीय वेक्टर जनित रोग रिओरिएंटेशन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, रेफरल एवं सदर अस्पतालों में कार्यरत चिकित्सा पदाधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण में अतिथि प्रशिक्षक के रूप में एम्स देवघर के पीएसएम विभाग के प्रो. डॉ. बिजित विश्वास शामिल हुए। उनके साथ जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार यादव और जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार डॉ. गणेश कुमार यादव ने चिकित्सकों को विभिन्न रोगों की पहचान और उपचार से संबंधित जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जापानीज इंसेफेलाइटिस के लक्षण, आवश्यक जांच और समुचित उपचार की तकनीकी जानकारी प्रस्तुति के माध्यम से दी गई। प्रतिभागी चिकित्सकों का प्री-टेस्ट और पोस्ट-टेस्ट भी लिया गया। इसके बाद प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित कर उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। कार्यशाला में इंडीजिनस एवं एक्सोजिनस मामलों के लिए केस इन्वेस्टिगेशन फॉर्म भरने, फाइलेरिया मरीजों की सही स्टेजिंग करने तथा सामान्य और गंभीर मरीजों की पहचान से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही मरीजों को सदर अस्पताल, एम्स देवघर अथवा उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर करने की परिस्थितियों की जानकारी दी गई। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. अभय कुमार यादव और डॉ. गणेश कुमार यादव ने वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम, प्रभावी नियंत्रण, सर्विलेंस और समय पर रिपोर्टिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य चिकित्सकों को इन रोगों के निदान, उपचार और नियंत्रण के प्रति अधिक दक्ष एवं अद्यतन बनाना है। मौके पर पिरामल फाउंडेशन के जिला लीड अभिषेक कात्यायन, एफएलए रवि सिन्हा, डीईओ कांग्रेस मंडल और एमपीडब्ल्यू राकेश कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
तालाबों और छठ घाटों की सफाई में जुटा निगम
- पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को देवघर नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न तालाबों एवं घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से जलस्रोतों की स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया गया। इस दौरान नगर निगम की टीम और स्वच्छता कर्मियों ने शिवगंगा तालाब छठ घाट, झौंसागढ़ी (महेशमारा) स्थित तालाब सहित शहर के अन्य तालाबों एवं घाटों की साफ-सफाई की। अभियान के तहत तालाबों के घाटों, सीढ़ियों और किनारों पर जमा कचरा, पूजन सामग्री तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया गया। स्वच्छता कर्मियों ने व्यापक स्तर पर सफाई कर जलस्रोतों के आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया। वहीं, स्वच्छ सर्वेक्षण एवं हरित पहल के तहत परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
स्वच्छ देवघर के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी : नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य शहर के तालाबों को स्वच्छ बनाए रखने के साथ ही नागरिकों को कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक करना है। नगर निगम ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा, पूजन सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट नहीं फेंकें। शहर की स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। निगम ने कहा कि जनसहयोग से ही स्वच्छ देवघर और सुंदर देवघर के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
स्वच्छता महाकुंभ : तीन विद्यालयों में क्विज प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई जागरूकता
- स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर नगर निगम पहुंचा स्कूलों तक, 12 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं होंगे शामिल
देवघर/नगर संवाददाता। स्वच्छता के प्रति बच्चों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम की ओर से बुधवार को शहर के तीन प्रमुख विद्यालयों में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्वच्छता महाकुंभ के प्रथम चरण के तहत कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं के बीच कराया गया। इस क्रम में रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ, सेंट मैरी गर्ल्स हाई स्कूल तथा एसकेपी विद्या विहार में प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता, साफ-सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी जानकारी और जागरूकता का परिचय दिया। नगर निगम की ओर से बताया गया कि स्वच्छता महाकुंभ के तहत शहर के कुल 12 विद्यालयों में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जानी है। बुधवार को तीन विद्यालयों में प्रतियोगिता संपन्न हुई, जबकि शेष नौ विद्यालयों में गुरुवार, 26 नवंबर को प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ नगर निगम कार्यालय के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उनके सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। नगर निगम की इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कम उम्र से ही स्वच्छता के महत्व से परिचित कराना तथा उन्हें अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही बच्चों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।
अब चौक-चौराहों पर बस खड़ी की तो लगेगा जुर्माना, शहर में चलेगा विशेष अभियान
- चकाई मोड़ से अपर बिलासी तक अनधिकृत बस पड़ावों पर प्रशासन की नजर
- संयुक्त टीम करेगी पेट्रोलिंग, आईएसबीटी से ही बसों का संचालन अनिवार्य
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर शहर की बदहाल होती यातायात व्यवस्था और जगह-जगह सड़क किनारे बसों के अनधिकृत ठहराव पर अब प्रशासन सख्ती के मूड में है। शहर को जाम से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नगर निगम ने बस संचालकों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। अब निर्धारित बस पड़ाव के बजाय चौक-चौराहों और सड़कों पर बस खड़ी करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर नगर आयुक्त सुलोचना मीणा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), सहायक नगर आयुक्त, सिटी मिशन मैनेजर हिमांशु शेखर सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
छह प्रमुख स्थानों पर अनधिकृत ठहराव की समस्या
बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों में बसों के अनधिकृत ठहराव और सड़क किनारे बस खड़ी करने से उत्पन्न हो रही यातायात समस्या पर गंभीर चर्चा हुई। चकाई मोड़, बीआईटी मेसरा, कुंडा मोड़, क्लब ग्राउंड, भुरभुरा मोड़ और अपर बिलासी सहित कई स्थानों पर बसों के अनधिकृत ठहराव की समस्या सामने आई। इसके कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बनती है और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है।
संयुक्त टीम करेगी पेट्रोलिंग, उल्लंघन पर कार्रवाई : नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि चिह्नित स्थानों पर जिला परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम नियमित रूप से पेट्रोलिंग और निगरानी करेगी। बस संचालकों एवं चालकों को निर्धारित बस पड़ाव का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाने के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आईएसबीटी से ही बसों का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश : बैठक में स्पष्ट किया गया कि देवघर स्थित आईएसबीटी (इंटर स्टेट बस टर्मिनल) में ही बसों का निर्धारित ठहराव एवं संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। कोई भी बस शहर के चौक-चौराहों या सड़कों पर अनधिकृत रूप से खड़ी नहीं की जाएगी। सभी बस संचालकों को निर्धारित बस पड़ाव का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने का निर्देश दिया जाएगा।
जाम से मुक्ति दिलाना प्राथमिकता : नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा देना और अनावश्यक जाम की समस्या दूर करना नगर निगम एवं संबंधित विभागों की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत देवघर पुलिस ने एक माह में बरामद किये 65 मोबाइल फोन, धारकों को लौटाया
- एसपी प्रवीण पुष्कर ने पुलिस कार्यालय परिसर में मोबाइल धारकों को सौंपे उनके खोये हुए फोन, मोबाइल वापस मिलने पर खिले लोगों के चेहरे
देवघर/संवाददाता। चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन के दोबारा मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे पर बुधवार को उस वक्त खुशी लौट आयी, जब देवघर पुलिस ने उनके खोये हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस सौंपे। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल धारकों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी प्रवीण पुष्कर ने बारी-बारी से मोबाइल फोन के वास्तविक धारकों को उनके बरामद मोबाइल सौंपे। इस अवसर पर एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देश के आलोक में चोरी एवं गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए ऑपरेशन मुस्कान चलाया गया था। इस अभियान के तहत देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की गयी। अभियान के दौरान महज एक माह में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 65 मोबाइल फोन बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि बरामद मोबाइल फोन के धारकों की पहचान एवं आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को वापस लौटा दिये गये। लंबे समय से अपने मोबाइल फोन के मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए पुलिस की यह कार्रवाई राहत भरी रही। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर की।
नगर थाना से बाबा मंदिर थाना तक हुई बरामदगी : ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद किये। इसमें नगर थाना पुलिस ने नौ मोबाइल फोन बरामद किये, जबकि जसीडीह थाना पुलिस को तीन मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली। देवीपुर थाना क्षेत्र से छह, रिखिया थाना क्षेत्र से चार और मोहनपुर थाना क्षेत्र से चार मोबाइल फोन बरामद किये गये। इसी प्रकार पालोजोरी थाना क्षेत्र से पांच, सारठ थाना क्षेत्र से चार, सारवां थाना क्षेत्र से दो, मधुपुर थाना क्षेत्र से छह तथा पाथरोल थाना क्षेत्र से तीन मोबाइल फोन बरामद किये गये। वहीं करौं थाना क्षेत्र से दो, बुढ़ई थाना क्षेत्र से एक, खागा थाना क्षेत्र से एक, सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र से एक और मारगोमुंडा थाना क्षेत्र से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अलावा बाबा मंदिर थाना क्षेत्र से सात तथा कुंडा थाना क्षेत्र से पांच मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किये। इस तरह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 65 मोबाइल फोन बरामद कर उनके धारकों को वापस सौंपे गये।
एक माह के अभियान में 65 लोगों को मिला खोया मोबाइल : ऑपरेशन मुस्कान के तहत देवघर पुलिस की ओर से चलाये गये इस अभियान में जिले के शहरी से लेकर ग्रामीण थाना क्षेत्रों तक कार्रवाई की गयी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस की सक्रियता से एक माह के भीतर 65 मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल फोन की बरामदगी और सत्यापन के बाद उन्हें संबंधित धारकों को सौंपने से लोगों को बड़ी राहत मिली।
बिग बाजार के बाहर से बाइक चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र स्थित बिग बाजार के बाहर से एक मोटरसाइकिल चोरी कर लिये जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर मधुपुर थाना क्षेत्र के मनियाडीह निवासी अफजल अंसारी ने नगर थाना में अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। दर्ज शिकायत के अनुसार, अफजल अंसारी सामान की खरीदारी करने बिग बाजार आये थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल बिग बाजार के बाहर खड़ी कर दी और खरीदारी करने के लिए अंदर चले गये। कुछ देर बाद जब वह खरीदारी कर वापस लौटे, तो जिस स्थान पर बाइक खड़ी की थी, वहां से गायब मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चल सका। अंतत: उन्होंने घटना की शिकायत नगर थाना पुलिस से की। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गयी है।
सीसीटीवी ठीक करने के दौरान सीढ़ी से गिरकर मोबाइल दुकानदार गंभीर रूप से घायल
- पुलिस ने घायल को पहुंचाया सदर अस्पताल, प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सारवां मोड़ स्थित जानकी मंदिर के पास सीढ़ी से गिरकर एक मोबाइल दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान कुंडा थाना क्षेत्र के तपोवन असनपुर गांव निवासी पप्पू कुमार यादव के रूप में हुई है। वह सारवां मोड़ स्थित जानकी मंदिर के पास मोबाइल दुकान चलाता है। घटना बुधवार सुबह की है। बताया जाता है कि पप्पू कुमार यादव अपनी दुकान के बाहर सीढ़ी लगाकर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को ठीक कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर सीढ़ी से फिसल गया और वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही पीसीआर-3 नंबर की पेट्रोलिंग गाड़ी पर सवार पुलिस पदाधिकारी की नजर घायल दुकानदार पर पड़ी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे उठाकर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
व्हाट्सएप ग्रुप में मैसेज के बाद एएनएम के खाते से 44 हजार रुपये की अवैध निकासी
देवघर/संवाददाता। स्वास्थ्य उपकेंद्र चांदडीह में एएनएम के पद पर कार्यरत सुप्रिया के बैंक खाते से साइबर ठगी कर 44 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गयी। घटना को लेकर पीड़िता ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। दर्ज शिकायत में पीड़िता ने बताया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसीडीह का एक व्हाट्सएप ग्रुप संचालित होता है, जिसमें वह भी जुड़ी हुई है। उक्त ग्रुप में बीपीएम शालिनी शद्दु के नाम से एक मैसेज भेजा गया था। मैसेज में जिलाधिकारी कार्यालय से राजेंद्र त्रिपाठी नामक व्यक्ति का फोन आने की बात कही गयी थी। साथ ही फोन पर विनम्रता और अच्छे व्यवहार से बात करने की सलाह दी गयी थी। पीड़िता के अनुसार, उक्त मैसेज के कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से फोन आया। इसके कुछ देर बाद ही उनके दो अलग-अलग बैंक खातों से क्रमश: 42 हजार और दो हजार रुपये की निकासी कर ली गयी। दोनों खातों से कुल 44 हजार रुपये निकलने के बाद पीड़िता को साइबर ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी। पुलिस प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
दुकान के काउंटर से 15 हजार नकद व मोबाइल चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
- दुकानदार की पत्नी के अंदर जाते ही घटना को दिया अंजाम
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सर्कुलर रोड जटाही स्थित एक जनरल स्टोर की दुकान से नकद करीब 15 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिये जाने का मामला सामने आया है। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले को लेकर दुकानदार रविन्द्र कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दिये गये आवेदन में दुकानदार ने बताया है कि वह सर्कुलर रोड जटाही के पास जनरल स्टोर चलाते हैं। मंगलवार को वह अपने पैतृक गांव बिहार के जमुई जिले के दादपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गये थे। उनकी पत्नी निशा वर्णवाल देवघर स्थित घर पर ही थीं और दुकान में बैठी हुई थीं। बताया कि देर शाम करीब आठ बजे उनकी पत्नी किसी काम से दुकान के अंदर घर में चली गयीं। उस समय दुकान खुली हुई थी और मोबाइल फोन दुकान में ही चार्जिंग पर लगा हुआ था। कुछ देर बाद जब वह वापस दुकान में पहुंचीं, तो मोबाइल फोन गायब मिला। इसके बाद उन्होंने दूसरे के मोबाइल से अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। पति ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो उसमें एक युवक दुकान में प्रवेश करते हुए दिखाई दिया। युवक ने चार्जिंग में लगा मोबाइल फोन और दुकान के गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपये निकाल लिये और वहां से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई है। इधर, शिकायत मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।