- क्विज, निबंध, नृत्य, वाचन व पेंटिंग प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, विजेता जिला स्तर पर लेंगे भाग
सारठ/संवाददाता। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को मध्य विद्यालय बामनगामा में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने क्विज, निबंध, नृत्य, वाचन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडली में बामनगामा के पीजीटी शिक्षक अमरेंद्र कुमार सिंह, पथरड्डा उच्च विद्यालय के अखिलेश कुमार, कुकराहा उच्च विद्यालय के अमित कुमार तथा फुलचुवां उच्च विद्यालय की शिवा चौधरी सहित अन्य शिक्षक शामिल थे। प्रतियोगिता में क्विज में रौनक कुमार, निबंध में प्रियांशु कुमार और पेंटिंग में आदर्श कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सफल प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। निर्णायक मंडली के सदस्य अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य झारखंड राज्य के गौरवशाली 26 वर्षों की उपलब्धियों, विरासत और सांस्कृतिक पहचान को उजागर करना है। इसके माध्यम से राज्य के महापुरुषों, आंदोलनकारियों, सभ्यता, संस्कृति और भौगोलिक विशेषताओं से विद्यार्थियों को परिचित कराया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मान पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजन में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं कार्यालय कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को बचाने में पुलिया से टकराई बाइक, युवक घायल
- चकरमा गांव के समीप हुआ हादसा, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त की
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर थाना क्षेत्र के देवघर-गोड्डा मुख्य मार्ग पर चकरमा गांव के समीप बुधवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बंधु कुरूमटांड़ गांव निवासी गिरधारी राय के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया गया कि गिरधारी राय मोहनपुर हाट से बाइक पर सवार होकर देवघर जा रहे थे। इसी दौरान चकरमा गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित पुलिया से टकराकर नीचे गिर गई। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने इसकी सूचना मोहनपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसआई श्वेत प्रकाश दुबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बस से टकराई स्कॉर्पियो, आगे का हिस्सा बस के पीछे धंसा, सवार घायल
- बलियापुर मोड़ के पास हादसा, संकरी सड़क पर बस को पास देने के दौरान अचानक लगा था ब्रेक
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर खागा थाना क्षेत्र के बलियापुर मोड़ के समीप बुधवार सुबह बदना बस और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बस के पिछले हिस्से में धंस गया। हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, देवघर से आ रही बदना बस बलियापुर मोड़ के पास संकरी सड़क पर सामने से आ रही दूसरी बस को रास्ता देने के लिए अचानक रुक गई। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सीधे बस के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बस के पीछे धंस गया। बताया जाता है कि स्कॉर्पियो बिहार नंबर की थी और उसमें चार लोग सवार थे। सभी किसी शादी समारोह से लौट रहे थे। दुर्घटना में अगली सीट पर बैठे चालक समेत अन्य लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही खागा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।
कार्तिक पूर्णिमा पर संकट मोचन धाम में भजन-प्रवचन व महाआरती
- भक्तिमय भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु, खिचड़ी महाप्रसाद का हुआ वितरण
मधुपुर/संवाददाता। करौं प्रखंड के पाथरोल स्थित कालीधाम संकट मोचन मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार देर रात भजन-प्रवचन, संकीर्तन एवं हनुमान जी की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बजरंगबली के दरबार में माथा टेका और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
बताया जाता है कि संकट मोचन धाम में वर्ष 2002 से प्रत्येक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के सहयोग से महाआरती, भजन-कीर्तन और खिचड़ी महाप्रसाद वितरण की परंपरा चली आ रही है। इसी परंपरा के तहत कार्तिक पूर्णिमा पर विशेष भजन संध्या एवं प्रवचन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के पुजारी गौतम पाठक ने सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से की। इसके बाद कथा वाचक महाराज नीतीश कृष्णा जी ने अपने प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता का संदेश दिया। वहीं भजन गायक लाल्टू पाल एवं रामजी रवानी ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। नाल पर सुरेन दास, राम रवानी और उपेंद्र रवानी ने संगत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। मंदिर प्रबंधक दिलीप पाठक ने बताया कि प्रत्येक पूर्णिमा को भक्तों के सहयोग से भजन संध्या, महाआरती और खिचड़ी प्रसाद वितरण किया जाता है। इसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्याम सिंह, रामभोक्ता, संतोष तुरी, संतोष पांडेय, मुकेश मिश्रा, नंदलाल तिवारी, महेंद्र तिवारी, किशुन साह, अमरनाथ पाठक, नवीन पाठक, माधो मंडल, उपेंद्र रवानी, सुरेंद्र दास सहित अन्य ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
करौं में जनसुनवाई, आवास से लेकर जमीन और राशन कार्ड तक की शिकायतें पहुंचीं
- बीडीओ ने आवेदनों की जांच कर त्वरित निष्पादन का दिया भरोसा
मधुपुर/संवाददाता। उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार को करौं प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी ऋषिराज की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों के मौके पर ही निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की।
ग्रामीणों की सुविधा के लिए जनसुनवाई स्थल पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई थी। यहां अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास, डॉ. भीमराव अंबेडकर आवास, जमीन संबंधी विवाद, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र तथा राशन कार्ड से संबंधित शिकायतों के आवेदन प्राप्त किए गए। संबंधित विभागों के कर्मियों ने आवेदकों की समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की। इस अवसर पर बीडीओ ऋषिराज ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से समाधान करना है। प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार स्वीकृति एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े। मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नीतीश कुमार चौधरी, पंचायती राज पदाधिकारी सदाब अंसारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कृष्ण राणा, प्रभारी अंचल निरीक्षक अमरेश झा, नेपाल किस्कू, पेंशन विभाग के रिंकू पंडित, विनोद कुमार मंडल, राजेश कुमार सिंह, आकाश झा, दिवाकर झा, मुखिया सोहराब अंसारी, सुनील राय, संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
स्काउट्स एंड गाइड्स के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
- सात जिलों के 25 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने पर जोर
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय बावन बीघा स्थित रेलवे ट्रेनिंग पार्क में पूर्वी रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की ओर से आयोजित पांच दिवसीय पेट्रोल लीडर्स (गश्ती दल) ट्रेनर्स प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन स्काउट्स एंड गाइड्स के राज्य आयुक्त (मुख्यालय) सुभ्रब्रत दास सहित अन्य अतिथियों ने ध्वजारोहण कर किया। प्रशिक्षण शिविर में पूर्वी रेलवे के सात जिलों से कुल 25 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। शिविर के प्रारंभिक सत्र में प्रतिभागियों को स्काउट्स एंड गाइड्स आंदोलन की मूल भावना, अनुशासन, एकता और संगठन के प्रति समर्पण के महत्व की जानकारी दी गई। दूसरे सत्र में शिविर का निरीक्षण किया गया तथा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के उद्देश्यों और उसकी उपयोगिता से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान गश्ती प्रणाली की महत्ता, प्रभावी नेतृत्व क्षमता, सामूहिक कार्यशैली, आत्मनिर्भरता और अनुशासन जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि पेट्रोल लीडर्स प्रशिक्षण का उद्देश्य स्काउट्स एवं गाइड्स के बीच नेतृत्व कौशल विकसित करने के साथ उनमें जिम्मेदारी, सहयोग और संगठनात्मक क्षमता की भावना को मजबूत करना है। पांच दिनों तक चलने वाले इस शिविर में प्रतिभागियों को सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य में बेहतर प्रशिक्षक और कुशल नेतृत्वकर्ता बन सकें। कार्यक्रम में स्काउट्स एंड गाइड्स के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
महिला हिंसा उन्मूलन को लेकर प्रेरणा भारती ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
- 16 दिवसीय जागरूकता पखवाड़े का शुभारंभ, महिला सशक्तीकरण और जन्म प्रमाण पत्र के महत्व पर दी गई जानकारी
मारगोमुंडा/संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर स्वयंसेवी संस्था प्रेरणा भारती की ओर से बुधवार को मार्गोमुंडा चौक पर नुक्कड़ नाटक एवं नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इसके साथ ही 16 दिवसीय महिला हिंसा उन्मूलन एवं महिला सशक्तीकरण जागरूकता पखवाड़े की शुरुआत हुई। इस अवसर पर संस्था के पिपरा एवं अर्जुनका कोचिंग सेंटर की किशोरियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला हिंसा के पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को प्रस्तुत किया। साथ ही बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र के महत्व और उसकी उपयोगिता पर भी लोगों को जागरूक किया गया। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए अरुण कुमार निर्झर ने भारतीय संविधान, संवैधानिक अधिकार, गांव के विकास में ग्रामसभा की भूमिका तथा जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र अवश्य बनवाना चाहिए। यह आधार कार्ड, विद्यालय में नामांकन, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और सरकारी एवं निजी नौकरियों में उम्र के प्रमाण के रूप में उपयोगी होता है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी इसकी आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने बताया कि बच्चे के जन्म के 21 दिनों के भीतर अस्पताल के माध्यम से आसानी से जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है। इसके बाद प्रमाण पत्र बनवाने में अधिक समय और परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से समय पर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की। साथ ही कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में गांव के विकास की योजनाएं ग्रामसभा के माध्यम से तैयार की जाती हैं। इसलिए प्रत्येक ग्रामीण को ग्रामसभा की बैठकों में भाग लेना चाहिए। मौके पर अनुपमा मरांडी, कविता सोरेन, संतोषी कुमारी और माया देवी ने भी अपने विचार रखे। मुनमुन कुमारी के नेतृत्व में पूजा कुमारी, शिल्पी कुमारी एवं जास्मीन परवीन ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। वहीं सीमा, मरियम तिरु एवं माया देवी ने पंदनिया मोड़, रामपुर चौक और मार्गोमुंडा गांव में कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार किया। आयोजन को सफल बनाने में बैजनाथ मुर्मू, आफताब, आलम, प्रमिला, बाबूलाल, छोटू मुंडा, सोनाली बेसरा और सिमोती मुर्मू सहित अन्य ने सहयोग किया।
बंदोबस्त जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, मनोज यादव को दिलाया गया दखल
- एसडीओ के निर्देश पर प्रशासन की कार्रवाई, पुलिस बल की मौजूदगी में 2.81 एकड़ जमीन कराई गई कब्जामुक्त
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर अंचल के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हेठअंबाकुरा मौजा में बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 2.81 एकड़ बंदोबस्त जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। एसडीओ रवि कुमार के निर्देश पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अवैध कब्जा हटाया गया। करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई के बाद बंदोबस्तधारी मनोज यादव को जमीन पर दखल दिलाया गया। जानकारी के अनुसार, हेठअंबाकुरा मौजा के गैरमजरुआ खाता संख्या 16 एवं दाग संख्या 50 में कुल 2.81 एकड़ परती कदीम जमीन है। उक्त जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत बंदोबस्तधारी मनोज यादव ने प्रशासन से की थी। शिकायत मिलने के बाद मोहनपुर अंचल कार्यालय की ओर से मामले की जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में जमीन पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई। इसके बाद मनोज यादव के आवेदन और अंचल अधिकारी अमृता कुमारी की अनुशंसा पर एसडीओ रवि कुमार ने जमीन को कब्जामुक्त कराने का निर्देश दिया। कार्रवाई के लिए अंचल निरीक्षक दीपक कुमार तांती को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। वहीं जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम से महिला एवं पुरुष सशस्त्र पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी मशीन चलाकर जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। इस दौरान करीब एक दर्जन महिला एवं पुरुष पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। लगभग पांच घंटे की कार्रवाई के बाद पूरी जमीन को कब्जामुक्त कराते हुए बंदोबस्तधारी मनोज यादव को विधिवत दखल दिलाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों के बीच हलचल देखी गई।
चितरा कोलियरी में इनमोसा का पुनर्गठन, रितेश प्रसाद बने अध्यक्ष
- अमित कुमार को शाखा सचिव की जिम्मेदारी, कर्मचारियों की समस्याओं और जेसीसी में प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठा
चितरा/संवाददाता। एसपी माइंस चितरा कोलियरी के अतिथिशाला में बुधवार को भारतीय राष्ट्रीय खान ओवरमैन, सरदार एवं शॉट फायरर्स एसोसिएशन (इनमोसा) की चितरा शाखा का पुनर्गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से रितेश प्रसाद को अध्यक्ष और अमित कुमार को शाखा सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुनर्गठन कार्यक्रम में संगठन के प्रधान कार्यालय बराकर से पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष डीके पांडेय, ईसीएल डिवीजन के महासचिव समीर चक्रवर्ती, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कपिलदेव राम एवं ईसीएल कोषाध्यक्ष अनुरण सेनगुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे।
नई कमेटी में आनंद प्रकाश को कार्यकारी अध्यक्ष, अभिषेक कुशवाहा को संयुक्त सचिव, जयप्रकाश महतो को उपसचिव, प्रथम कुमार एवं रंजीत कुमार को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं प्रशांत कुमार को संगठन मंत्री, राजेंद्र कोल को संगठन सचिव, संजीत मंडल को कोषाध्यक्ष, पंकज सोरेन को मीडिया प्रभारी, सौरव बाजपेयी को आईटी सेल प्रभारी तथा मानिक पांडेय को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई। पुनर्गठन के बाद राष्ट्रीय एवं ईसीएल डिवीजन के पदाधिकारियों ने कोलियरी के क्षेत्रीय कार्यालय स्थित सभागार में महाप्रबंधक मदन मोहन कुमार, एपीएम आशीष मिश्रा एवं अभिकर्ता प्रभात कुमार के साथ बैठक की। बैठक में संगठन की भावी गतिविधियों और कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। इस दौरान स्थानीय पदाधिकारियों के साथ नियमित बैठक आयोजित करने, संगठन के सदस्यों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और जेसीसी की बैठकों में इनमोसा को प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष डीके पांडेय ने कहा कि कोलियरी प्रबंधन के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही है। प्रबंधन की ओर से संगठन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया गया है। उन्होंने कहा कि चितरा शाखा के पुनर्गठन से संगठन को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलेगी। इससे खान सुरक्षा एवं उत्पादन से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं को संगठित तरीके से प्रबंधन के समक्ष उठाने में मदद मिलेगी। मौके पर इनमोसा के दर्जनों सदस्य उपस्थित थे।
गुजरात पुलिस का चितरा में छापा, साइबर अपराध के आरोप में युवक गिरफ्तार
- चिकनिया गांव में चितरा पुलिस के सहयोग से हुई कार्रवाई, जांच के सिलसिले में युवक की गिरफ्तारी
चितरा/संवाददाता। साइबर अपराध के एक मामले की जांच के सिलसिले में गुजरात के सूरत शहर की साइबर क्राइम पुलिस ने बुधवार को चितरा थाना क्षेत्र के चिकनिया गांव में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान चिकनिया निवासी रोशन पोद्दार के रूप में हुई है। चितरा थाना पुलिस के सहयोग से की गई इस कार्रवाई के बाद गुजरात पुलिस गिरफ्तार युवक को अपने साथ सूरत ले गई। इस संबंध में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, सूरत सिटी, गुजरात के पुलिस इंस्पेक्टर एनटी टंडेल ने बताया कि रोशन पोद्दार के विरुद्ध सूरत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में क्राइम रजिस्टर नंबर 11210062260113 के तहत 20 नवंबर 2026 को मामला दर्ज किया गया है। उक्त मामले के अनुसंधान एवं पूछताछ के सिलसिले में उसकी गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक को आगे की जांच एवं पूछताछ के लिए सूरत ले जाया जा रहा है। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक थार वाहन भी जब्त किया गया था। हालांकि, बाद में उक्त वाहन को गिरफ्तार युवक के परिजनों को सौंप दिया गया। गौरतलब है कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में विभिन्न राज्यों की पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में गुजरात पुलिस की चितरा में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
साइबर अपराध के लिए फर्जी तरीके से सिमकार्ड उपलब्ध कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
- अनिल डिजिटल पॉस दुकान से जारी किए गए थे 58 संदिग्ध सिमकार्ड, 30 के खिलाफ साइबर ठगी की शिकायत दर्ज
पालोजोरी/संवाददाता। साइबर अपराध के लिए फर्जी तरीके से सिमकार्ड उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पालोजोरी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार मोबाइल फोन और दो एयरटेल सिमकार्ड बरामद किए गए हैं। मामले को लेकर भारत सरकार के दूरसंचार विभाग से शिकायत प्राप्त हुई थी। पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर शिकायत के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध कैलाश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पालोजोरी थाना क्षेत्र के कुरुवा स्थित अनिल डिजिटल पॉस दुकान से मई से अक्टूबर 2026 के बीच कुल 58 संदिग्ध सिमकार्ड जारी किए जाने की जानकारी मिली। इनमें से 30 सिमकार्ड के विरुद्ध एनसीआरपी पोर्टल पर साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज पाई गईं। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर दुकान संचालक अनिल कुमार सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अन्य आरोपितों में नंदू मिर्धा, संदीप कुमार राय और इमरान अंसारी शामिल हैं। चारों पालोजोरी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान चार मोबाइल फोन और दो एयरटेल सिमकार्ड भी जब्त किए हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
फाड़ासिमल शनिदेव मंदिर का छठा वार्षिकोत्सव धूमधाम से मना
- पूजा-अर्चना और हवन में शामिल हुए आसपास के गांवों के श्रद्धालु, शाम को हुआ खीर महाप्रसाद वितरण
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी के फाड़ासिमल स्थित शनिदेव मंदिर का छठा वार्षिकोत्सव बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। इसमें गांव सहित आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वार्षिकोत्सव को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में चहल-पहल बनी रही। करीब 10 बजे से विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हुई। इसके बाद दोपहर में हवन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर आहुति अर्पित की और सुख-समृद्धि की कामना की। वार्षिकोत्सव को लेकर मंदिर और उसके परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए थे। धार्मिक अनुष्ठान के समापन के बाद शाम को मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के रूप में खीर का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।