देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह द्वारा जिले अंतर्गत करौं प्रखंड, अंचल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़ी योजनाओं की धरातलीय स्थिति का अवलोकन भी किया। आगे उन्होंने आपदा से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड और अंचल कार्यालय में लंबित शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा की। उन्होंने म्यूटेशन (दाखिल-खारिज), लगान वसूली, न्यायालय संबंधित मामला, और राजस्व कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही, डोर स्टेप डिलीवरी, राशन उठाव की स्थिति और प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना के क्रियान्वयन की भी बारीकी से जांच की गई। आगे बढ़ती गर्मी को देखते हुए उपायुक्त ने पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था की समस्या पर मंथन भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कोई किल्लत न हो और खराब पड़े चापानलों की मरम्मत व जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। मनरेगा के तहत चल रही योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिक से अधिक मानव दिवस सृजन पर जोर दिया। साथ ही प्रखंड अंतर्गत शत प्रतिशत विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया। इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, मधुपुर राजीव कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीतिलता किस्कू, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल मधुपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, एमओ, कनीय अभियंता व संबंधित अधिकारी एवं कर्मी आदि उपस्थित थे।
मेरा युवा भारत देवघर में नए जिला युवा अधिकारी की पदस्थापना
देवघर/वरीय संवाददाता। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत देवघर में नए जिले अधिकारी ने अपना योगदान किया। सूरज कुमार नवनियुक्त जिला युवा अधिकारी जिनका पहला पदस्थापन यहां हुआ है। मेरा युवा भारत देवघर में योगदान के दौरान कार्यक्रम सहायक लेखपाल उदय कुमार ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
स्व. बर्धन खवाड़े ट्रॉफी में विरांश स्टाइलिश इलेवन का जलवा
- सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनी, त्रिकाल इलेवन ने भी दर्ज की शानदार जीत
देवघर/संवाददाता। स्थानीय केकेएन स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय बर्धन खवाड़े ट्रॉफी के नौवें दिन रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टूर्नामेंट में बादशाह और मोहनपुर के बाद अब विरांश स्टाइलिश इलेवन सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है। वहीं त्रिकाल इलेवन ने भी धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत दर्ज की। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुकेश फ्लावर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 9 विकेट पर 100 रन बनाए। राज झा ने 21 गेंदों में 40 रन और राज राजपूत ने 13 गेंदों में 40 रन की आक्रामक पारी खेली। जवाब में विरांश स्टाइलिश इलेवन की शुरुआत खराब रही और कप्तान विशाल स्टाइल्स सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद संजू यादव ने 25 गेंदों में 53 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेल टीम को 9.5 ओवर में 7 विकेट पर 101 रन तक पहुंचाते हुए 3 विकेट से जीत दिला दी। सुपर नॉकआउट मुकाबले में विरांश स्टाइलिश इलेवन ने 10 ओवर में 6 विकेट पर 146 रन बनाए। संजू यादव ने 42 रन, तुषार कुमार ने 11 गेंदों में 40 रन और मोनू सिंह ने 26 रन की तेज पारी खेली। जवाब में कैलाशा फाइटर की टीम 9.4 ओवर में 113 रन पर सिमट गई और विरांश ने 33 रन से मुकाबला जीत लिया। एक अन्य मुकाबले में पीवीआर पैंथर्स के 144 रन के जवाब में त्रिकाल इलेवन ने 9.2 ओवर में 150 रन बनाकर 6 विकेट से जीत दर्ज की। लोकनाथ कुमार ने 24 गेंदों में 78 रन की विस्फोटक पारी खेली। बारिश के कारण एक सेमीफाइनल नहीं हो सका। फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। मैन ऑफ द मैच पुरस्कार कमिटी के कार्यकारी सचिव नीरज झा ने प्रदान किया।
एक दिवसीय डेंगू-चिकनगुनिया रिओरिएंटेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
- बचाव और प्रसार रोकने दी गयी जानकारी
देवघर/वरीय संवाददाता। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण केंद्र द्वारा आईएमए सभागार में जिला स्तरीय एक दिवसीय डेंगू-चिकनगुनिया रिओरिएंटेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार के निर्देशानुसार जिला भीबीडी पदाधिकारी डॉ अभय कुमार यादव की अध्यक्षता में संपन्न किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. शब्दकांत मिश्रा, चिकित्सा पदाधिकारी, डॉ. मनीष शेखर, जिला एपीडेमियोलॉजिस्ट- आईडीएसपी एवं डॉ. गणेश कुमार यादव, जिला भीबीडी सलाहकार द्वारा प्रतिभागियों को डेंगू एवं चिकनगुनिया से बचाव, लक्षणों की पहचान, समय पर उपचार, सर्विलांस गतिविधियों, सेंपल कलेक्शन, मच्छर घनत्व को आंकलन करने और नियंत्रण के साथ मच्छर जनित रोगों की रोकथाम व नियंत्रण संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला वेक्टर जनित रोग विभाग से डीईओ कांग्रेस मंडल, राकेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। साथ ही पिरामल फाउंडेशन से प्रोग्राम लीड अभिषेक कात्यायन की भी सहभागिता रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों के प्रति स्वास्थ्य कर्मियों की क्षमता वृद्धि करना तथा समुदाय स्तर पर जागरूकता एवं रोकथाम गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाना था। ये सभी जिला से प्रशिक्षण लेने के बाद सीएचसी स्तर पर डेंगू चिकनगुनिया नियंत्रण हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों का उन्मुखीकरण करेंगे। अंत में पोस्ट टेस्ट लेकर कार्यशाला को समाप्त की गई।
हरिनाम ही सबसे बड़ी संपत्ति, मानव जीवन मोक्ष प्राप्ति का श्रेष्ठ अवसर : कुलदीप कृष्ण जी महाराज
चितरा/संवाददाता। चितरा के सहरजोरी में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा वाचक कुलदीप कृष्ण जी महाराज ने श्रद्धालुओं को हरिनाम की महिमा, मानव जीवन के महत्व और मोक्ष प्राप्ति के मार्ग पर विस्तृत प्रवचन दिया। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर भक्ति रस में सराबोर होते रहे। वहीं आगंतुक अतिथियों का स्वागत सूबे के पूर्व कृषि मंत्री रणधीर कुमार सिंह सहित ग्रामीणों द्वारा किया गया।
कथा के दौरान महाराज जी ने कहा कि मनुष्य को जीवन में सबसे अधिक हरिनाम की संपत्ति अर्जित करनी चाहिए, क्योंकि संसार की सभी भौतिक संपत्तियां क्षणभंगुर और तुच्छ हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन पर सबसे अधिक प्रभाव तीन चीजों का पड़ता है—जो वह सुनता है, जो बोलता है और जो देखता है। यही तीनों उसके विचार, संस्कार और कर्मों का निर्माण करते हैं। महाराज जी ने कहा कि संत और भक्त सदैव भगवान के स्मरण में लीन रहते हैं तथा ईश्वर से जुड़े कार्यों में अपना जीवन समर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि जब आत्मा शरीर का त्याग करती है, उस समय यदि नारायण का स्मरण बना रहे तो मनुष्य को स्वर्ग की प्राप्ति होती है। श्रद्धालुओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में ऐसे कर्म करें कि अंतिम समय में स्वयं भगवान जगदीश लेने आएं।कथा के दौरान पूरा वातावरण हरि बोल और राधे-श्याम के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।
दुष्कर्म व हत्या मामले में पुलिस की जांच तेज
मोहनपुर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहित महिला के साथ कथित दुष्कर्म एवं हत्या के मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। घटना को लेकर पीड़िता के परिजन ने रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार को लिखित आवेदन देकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र की एक विवाहिता नदी में नहाने के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान अज्ञात युवकों ने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया तथा साक्ष्य छुपाने की नीयत से उसकी हत्या कर शव को बालू में दफना दिया था।
राजकीयकृत प्लस टू विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित
- मैट्रिक व इंटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
मोहनपुर/संवाददाता। राजकीयकृत प्लस टू विद्यालय मोहनपुरहाट में बुधवार को सम्मान समारोह का आयोजन कर मैट्रिक व इंटर के सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य पुरुषोत्तम कुमार ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ की।
मैट्रिक व इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति-पत्र , समृद्धि चिह्न व पुस्तक देकर सम्मानित किया। पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि इस विद्यालय से कई वर्षों से लगातार विद्यार्थी प्रखंड सहित जिला टॉप टेन में भी अपनी जगह बना रहे हैं। मौके पर प्राचार्य में सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। समान समारोह के आयोजन में एयरटेल फाउंडेशन की सक्रिय भूमिका रही। मौके पर वरीय शिक्षक सुशील कुमार वर्मा, अनिस कुमार, असित कुमार पांडे, हिमांशु चौधरी ,शैलेश कुमार, प्रेम शंकर सिंह, गुंजन विकास, बिंदु कुमारी, पूनम सिन्हा, सकलदेव कुमार, दिलीप कुमार अग्रवाल, रोशन कुमार, विकास कुमार, विजय कुमार, रुपेश कुमार, गौरव कुमार झा समेत कई लोग उपस्थित थे।
चोरी के दो मोबाइल के साथ एक धराया
जसीडीह/संवाददाता। आरपीएफ जसीडीह ने यात्री के सहयोग से चोरी किये हुए मोबाइल के एक व्यक्ति को धर दबोचा। आरपीएफ जसीडीह इंस्पेक्टर शिवशंकर सिंह ने बताया कि 19 मई को यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था हेतु आरपीएफ जसीडीह के सहायक उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, सीपीडीएस टीम के प्रमोद कुमार सक्षम एवं सीआईबी जसीडीह के प्रधान आरक्षी रवि प्रकाश सिंह को सादे पोशाक में निगरानी ड्यूटी में थे। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर दो पर हल्ला सुनाई दी और एक व्यक्ति को तेजी से दौड़ते हुए भाग रहा था। इसके बाद आशीष कुमार नामक यात्री की मदद से आरपीएफ टीम ने उक्त भागते हुए व्यक्ति को धरदबोचा। साथ ही पूछताछ करने पर उक्त व्यक्ति ने अपना नाम सलमान अंसारी उर्फ बुधन अंसारी ग्राम दुमार रोड इस्लाम टोला थाना झाझा जिला जमुई, बिहार बताया। इंस्पेक्टर श्री सिंह ने कहा कि धराया व्यक्ति के पास से दो मोबाइल बरामद हुआ। जो किसी यात्रियों का चोरी किया हुआ था। इस संबंध में आरपीएफ जसीडीह पोस्ट में इंट्री कर आरपीएफ उपनिरीक्षक कमलेश कुमार के आवेदन पर दोनों चोरी के मोबाइल के साथ धराया व्यक्ति को रेल थाना जसीडीह को सुपुर्द कर दिया गया। जहां रेल थाना जसीडीह में मामला दर्ज कर उक्त व्यक्ति को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
ट्रेन से कूदने पर महिला की मौत
जसीडीह/संवाददाता। ट्रेन से कूदने पर एक महिला की मौत हो गई। आरपीएफ जसीडीह से मिली जानकारी अनुसार 20 मई को ट्रेन नंबर -03547 जसीडीह बांका पैसेंजर ट्रेन से प्लेटफार्म नंबर पांच पर एक महिला कूद गई। जिससे वह जख्मी हो गई। सूचना पाकर आरपीएफ एवं जीआरपी जसीडीह पदाधिकारी घटनास्थल पहुंचे। इसके बाद एंबुलेंस से घायल महिला को इलाज हेतु देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया जहां। जहां डॉक्टर ने उक्त महिला को मृत घोषित कर दिया।
देवघर में सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान पर मंथन
- शहरी गरीबों, फुटपॉथ दुकानदारों, महिलाओं और श्रमिकों के लिए रोजगार व स्वरोजगार बढ़ाने की दिशा में बनी रणनीति
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम में बुधवार को ‘सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान’ (सीएलएपी) के निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण फोकस ग्रुप चर्चा आयोजित की गई। नगर निगम के द्वितीय तल स्थित सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता महापौर एवं उपमहापौर ने संयुक्त रूप से की। बैठक का उद्देश्य शहर के गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों के लिए रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के नए अवसरों को बढ़ावा देने हेतु एक प्रभावी कार्य योजना तैयार करना था। यह योजना नगरीय प्रशासन निदेशालय, झारखंड, रांची के मार्गदर्शन में तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कालीकट के तकनीकी सहयोग से तैयार की जा रही है। बैठक में शहर की वर्तमान आजीविका व्यवस्था, उसकी चुनौतियों और कमियों की पहचान कर समाधान आधारित रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शहर के विभिन्न हितधारकों और असंगठित क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। चैंबर ऑफ कॉमर्स देवघर के उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल ने स्थानीय व्यापार व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर बल दिया। वहीं, देवघर फुटपाथ दुकानदार हॉकर संघ के अध्यक्ष दिलीप वर्णवाल और देवघर जिला फुटकर व्यापार संघ के सचिव पंकज कुमार ने छोटे दुकानदारों एवं वेंडरों की आजीविका को सुरक्षित और व्यवस्थित करने की मांग उठाई। महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर दुर्गा स्वयं सहायता समूह की राखी देवी और सामुदायिक संसाधन सेवी रीता देवी ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में पहली बार श्रम एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े जमीनी कामगारों को भी अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिला। गिग वर्कर रंजन कुमार साह और राजमिस्त्री राजेश साह ने श्रमिकों की सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी और सरकारी योजनाओं से जुड़ने में आने वाली कठिनाइयों को साझा किया। नगर निगम के वरीय सफाई निरीक्षक सदाशिव जजवाड़े ने स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ पर्यावरण अनुकूल आजीविका के अवसर विकसित करने पर प्रकाश डाला। नगर मिशन प्रबंधक की उपस्थिति में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर समन्वय को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। बैठक के अंत में महापौर एवं उपमहापौर ने कहा कि एनआईटी कालीकट जैसी प्रतिष्ठित संस्था के तकनीकी सहयोग से तैयार होने वाला यह ‘सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान’ देवघर के गरीब और जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में मिले सभी सुझावों को योजना में प्राथमिकता के साथ शामिल किया जाएगा। बैठक में नगर मिशन प्रबंधक कौशल किशोर, विशाल सिंह, हिमांशु शेखर, सामुदायिक संगठनकर्ता श्वेता कुमारी, स्मिता और कुमारी अलका सोनी सहित कई लोग उपस्थित थे।
क्लस्टर सिस्टम के विरोध में अभाविप का प्रदर्शन
- छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर निर्णय वापस लेने की उठाई मांग
देवघर/नगर संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देवघर इकाई के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को क्लस्टर सिस्टम के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस व्यवस्था को छात्र हितों के खिलाफ बताया और इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला संयोजक युवराज सिंह ने कहा कि क्लस्टर सिस्टम लागू होने से विद्यार्थियों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। अलग-अलग विषयों की पढ़ाई के लिए छात्रों को विभिन्न कॉलेजों में जाना होगा, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की बर्बादी होगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था छात्रों के हित में नहीं है और यदि सरकार जल्द इस निर्णय को वापस नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रशांत शंकर ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय ऐसी नीतियां लागू कर रही है, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि क्लस्टर सिस्टम छात्रों के लिए असुविधाजनक है और इसे जल्द समाप्त किया जाना चाहिए। एएस महाविद्यालय के अध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि बीएड की पढ़ाई बंद होने से छात्रों में भारी आक्रोश है। उन्होंने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान निकालने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो छात्र आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान कॉलेज मंत्री सौरभ, नवरतन, विवेक कुमार, गुलशन कुमार, अर्पित सेठ सहित बीएड, पीजी एवं विभिन्न संकायों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में क्लस्टर सिस्टम वापस लेने की मांग करते हुए सरकार से छात्र हित में फैसला लेने का आग्रह किया।
पैसे के विवाद में बेटे ने ली पिता की जान
चितरा/संवाददाता। चितरा थाना क्षेत्र के सिमला पंचायत अंतर्गत माझीडीह गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पैसों के विवाद में एक सनकी बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान वृद्ध पिता की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार माझीडीह गांव निवासी 75 वर्षीय मुनीन्द्र हेम्ब्रम से उनका पुत्र रुपए की मांग कर रहा था। बताया जाता है कि पिता द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी पुत्र आगबबूला हो उठा और उसने अपने पिता के साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी। बेरहमी से की गई पिटाई में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल वृद्ध को इलाज के लिए सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। सूचना मिलने पर चितरा थाना पुलिस तत्काल गांव पहुंची और आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर थाना ले आई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है तथा आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती संवेदनहीनता और पैसों के लिए टूटते संबंधों को उजागर कर दिया है। गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं।