सारवां/संवाददाता। बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से नीड्स संस्था द्वारा 16 मई 2026 को रतन टाटा रूरल टेक्नोलॉजी पार्क मधुआडीह, सरवां में एक दिवसीय कम्युनिटी चाइल्ड ग्रुप कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय सेफगार्डिंग पॉलिसी एवं बाल सुरक्षा जागरूकता रहा।
यह कार्यक्रम डीकेए ऑस्ट्रिया प्रोजेक्ट रूपांतरण के अंतर्गत नीड्स संस्था की प्रोग्राम मैनेजर मधु कुमारी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बच्चों को चाइल्ड सेफगार्डिंग पॉलिसी, बाल सुरक्षा, जोखिम एवं असुरक्षा की पहचान तथा उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ समूह चर्चा, सहभागिता गतिविधियों एवं वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से बाल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। बच्चों को बाल शोषण के प्रकार, जोखिम एवं सुरक्षा, जोखिम कम करने के उपाय, शिकायत एवं सहायता प्रक्रिया तथा बच्चों के अधिकारों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यशाला में रक्ति एवं भंडारो पंचायत से आए कुल 60 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने बाल विवाह रोकथाम, बाल हिंसा, बाल शोषण एवं बाल श्रम निषेध जैसे सामाजिक मुद्दों पर चार्ट पेपर एवं ड्राइंग के माध्यम से अपनी सहभागिता प्रस्तुत की। साथ ही बच्चों को बाल विवाह, बाल श्रम एवं पोक्सो एक्ट से संबंधित वीडियो दिखाकर जागरूक किया गया तथा विषयों पर विस्तृत चर्चा भी की गई।
कार्यक्रम बच्चों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं जागरूकता से भरपूर रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल सुरक्षा एवं बच्चों के अधिकारों की रक्षा हेतु जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
बाबा लतीफ शाह की मजार पर उमड़ी भीड़
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय नबी बख्स रोड भेड़वा में हिन्दू-मुस्लिम एकता का प्रतीक बाबा अब्दुल लतीफ शाह मस्तान के मजार पर दो दिवसीय 41वां उर्स मेला शनिवार को धूमधाम व भक्तिमय माहौल में देर रात समपन्न हुआ। जाति-धर्म का भेद मिटाकर यहां हजारों की संख्या में श्रद्घालुओं ने चादरपोशी की। लोक आस्था के प्रतीक मजार पर यहां अद्भुत नजारा देखने को मिला। शुक्रवार से शुरू देर तक बाबा के मजार पर चादर चढ़ाने वालों का तांता लगा रहा। शनिवार की शाम मजार पर कव्वाली का कार्यक्रम चलता रहा। छोटे जानी बाबु कव्वाल ने एक से बढ़कर एक कव्वाली सुनाया। श्रद्घालुओं ने मनोकामना पूर्ति हेतु दुआएं मांगी। दो दिवसीय उर्स मेला के मौके पर विभिन्न प्रकार के सौ से अधिक दुकानें सजी हुई थी। जहां महिलाओं ने जमकर प्रसाद से लेकर चादर, सिरनी व चाट, खिलौना, आईसक्रीम, श्रृंगार प्रसाधनों की खरीदारी की। इस मौके पर बंगाल, बिहार, झारखंड के विभिन्न शहरों व इलाके के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों महिला-पुरुष श्रद्घालुओं की भीड़ बाबा के मजार पर लगी रही। 1985 से ही बाबा के मजार पर चादर चढ़ाने का सिलसिला चलते आ रहा है। बाबा के उर्स मेला पर रंग बिरंगे चादर, प्रसाद चढ़ाने वालों की धूम मची रही। बाबा के मजार को रंग बिरंगे आकर्षक रौशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया था। मेला को लेकर पेयजल, प्रकाश के अलावा प्रसाद का पुख्ता व्यवस्था मेला समिति द्वारा व्यापक पैमाने पर किया गया। हजारों महिला-पुरुष श्रद्घालुओं ने बाबा के मजार पर चादरपोशी करने के बाद माथा टेका और अपने परिवार की सलामती हेतु दुआएं मांगी। उर्स मेला को सफल बनाने में पूर्व वार्ड पार्षद राशिद खान, हाजी मो. अल्ताफ हुसैन, मुशर्रफ हुसैन, मो भुन्ना, ताहिर हुसैन,फिरोज आलम, रामप्रवेश दास, अब्दुल मजीद, मो. मंसूर, मो.साजिद, मो.बसीर, अख्तर, माजिद, मो. मुबारक, कमाल, गिरिश दास, सैफ, मो. कमाल, हाशिम, वार्ड पार्षद नौशाद आलम, शाहिद हुसैन, मो इरफान, मुमताज अहमद, दीपक दास, समीर आलम, मुशर्रफ हुसैन, लड्डन, मो रमजान, मो इरशाद, गुड्डू समेत मुहल्लेवासियों की सराहनीय भूमिका निभाई।
इंसान और बेजुबान की अनोखी दोस्ती बनी चर्चा का विषय
- देवघर के मनोज यादव और नंदी बैल का रिश्ता देख लोग भी हो रहे भावुक
देवघर। नगर संवाददाता। कहते हैं कि प्यार और अपनापन केवल इंसानों तक सीमित नहीं होता, बल्कि बेजुबान जानवर भी स्नेह और भावनाओं की भाषा को भली-भांति समझते हैं। देवघर शहर के सारवां रोड स्थित पांडेय दुकान मोड़ पर इन दिनों इंसान और एक नंदी बैल की ऐसी ही अनोखी दोस्ती लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां रहने वाले मनोज कुमार यादव और नंदी बैल नाम से पहचाने जाने वाले एक बैल के बीच का लगाव हर किसी को भावुक कर देता है। स्थानीय लोगों के अनुसार मनोज कुमार यादव और इस बैल की दोस्ती लगभग तीन से चार वर्ष पुरानी है। प्रतिदिन सुबह और शाम पांडेय दुकान मोड़ पर दोनों की मुलाकात होती है। जैसे ही मनोज वहां पहुंचते हैं, नंदी बैल उन्हें पहचानकर उनके पास आ जाता है। इसके बाद मनोज उसे कभी बालूशाही, कभी लड्डू, कभी हरी सब्जियां तो कभी बिस्किट खिलाते हैं। भोजन कराने के बाद ही मनोज वहां से आगे बढ़ते हैं। लोग बताते हैं कि नंदी बैल का मनोज के प्रति लगाव इतना अधिक है कि जब तक उसे मनोज के हाथों कुछ खाने को नहीं मिलता, वह उनके पीछे-पीछे चलता रहता है। सड़क पर जहां भी मनोज जाते हैं, नंदी भी उनके साथ-साथ दिखाई देता है। यह दृश्य देखने के लिए कई लोग कुछ देर रुक जाते हैं और दोनों की दोस्ती को देखकर मुस्कुराने लगते हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यह नजारा अब इलाके की पहचान बन चुका है। कई बार राहगीर भी बैल को कुछ खिलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन नंदी बैल अधिकतर मनोज के हाथों से ही भोजन करना पसंद करता है। श्री यादव बताते हैं कि शुरुआत में उन्होंने सिर्फ दया भाव से बैल को खाना खिलाना शुरू किया था, लेकिन धीरे-धीरे यह रिश्ता दोस्ती में बदल गया। पांडेय दुकान मोड़ पर हर दिन दिखने वाला यह दृश्य लोगों को यह एहसास कराता है कि सच्चा रिश्ता शब्दों का मोहताज नहीं होता।
रोहिणी-नावाडीह आरओबी के उद्घाटन से सबों का सपना हुआ साकार : सांसद
- वित्तीय वर्ष 2012-13 में झारखंड सरकार और रेलवे के बीच साझेदारी के आधार पर कुल 37.55 की लागत बना आरओबी
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र एवं हावड़ा दिल्ली मार्ग के आसनसोल डिवीजन अंतर्गत जसीडीह शंकरपुर रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 316/33-317/01 स्थित रेलवे फाटक संख्या -27/सी के सत्संग भिरखीबाद पर नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज का रविवार को उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप भाजपा गोड्डा के सांसद डॉ निशिकांत दुबे, विशिष्ट अतिथि के रूप में देवघर विधायक सुरेश पासवान एवं डीआरएम संग्रह मौर्य ने फीता काटकर आरओबी का उद्घाटन किया। सांसद डॉ दूबे ने कहा कि विकास करने की लालसा सांसद और विधायक में होती है। विकास का तरीका अलग है। उन्होंने कहा कि 2009 में जब सांसद बना तो क्षेत्र की चौमुखी विकास को मन में संजोए प्रयत्नशील रहा। सांसद ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो प्रधानमंत्री मोदी ने देवघर को झोला भरकर दिये। उन्होंने कहा कि बांका और दुमका में ट्रेन आ गई। जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी, दिग्विजय सिंह एवं बाबूलाल मरांडी की देन है। जबकि उन्होंने गोड्डा में ट्रेन लाया। सांसद डॉ दूबे ने कहा कि देवघर-शंकरपुर आरओबी नवनिर्मित व्यस्त रेलवे समपार पर वाहनों के लिए पृथक ऊपरी मार्ग उपलब्ध कराकर जनता को अत्यधिक लाभांवित करेगा। उन्होंने कहा कि यह संरचना जन सुरक्षा को सुदृढ़ करेगी, यातायात जाम और समय को कम करेगी। साथ ही माल एवं लोगों की निर्बाध आवागमन के माध्यम से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करेगी। सांसद ने कहा कि रोड और ओवरब्रिज आधुनिक शहरी नियोजन एवं परिवहन प्रणाली का एक महत्वपूर्ण अंग है,जो समपार फाटकों पर दुर्घटनाओं के जोखिम को समाप्त करते हैं। विधायक सुरेश पासवान ने नवनिर्मित ओवरब्रिज की चर्चा कर कहा कि इससे जहां आम जनता को लाभ मिलेगा। वहीं वाहन चालकों को जाम से निजात मिलेगी। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि पूर्व रेलवे अपने अधिकार क्षेत्र में मानव-संचालित समपार फाटकों को समाप्त करने तथा शून्य मानव-संचालित समपार फाटक के लक्ष्य की प्राप्ति के उद्देश्य से निरंतर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण की दिशा में कार्यरत है। परिवहन अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा जन-सुरक्षा को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, पूर्व रेलवे ने महाप्रबंधक श्री मिलिंद देउस्कर के मार्गदर्शन में शंकरपुर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण किया है। नवनिर्मित आरओबी का निर्माण जन-सुविधा में वृद्धि, निर्बाध सड़क यातायात सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया है। इस आरओबी के चालू हो जाने के साथ ही समपार फाटक संख्या 27/सी को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा, जिससे रेल एवं सड़क दोनों प्रकार के यातायात का निर्बाध और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित होगा।
-कुल लंबाई 808 मीटर एवं सड़क की चौड़ाई 7.5 मीटर
यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2012-13 में झारखंड सरकार और रेलवे के बीच लागत साझेदारी के आधार पर कुल 37.55 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत की गई थी। पूर्व समपार फाटक संख्या 27/सी रेलवे किलोमीटर 316/33-317/01 पर व्यस्त सत्संगनगर-भिरखीबाद सड़क (एमडीआर-219) पर स्थित था। भारी वाहन आवागमन, बार-बार लगने वाले यातायात जाम तथा सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने झारखंड सरकार के समन्वय से इस आरओबी का निर्माण कराया। शंकरपुर आरओबी शंकरपुर-जसीडीह मार्ग को जोड़ता है और इससे क्षेत्र में यातायात का दबाव काफी कम होने के साथ-साथ यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों को अधिक सुरक्षित और तेज संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी। इस आरओबी की कुल लंबाई 808 मीटर तथा सड़क मार्ग की चौड़ाई 7.5 मीटर है। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिब्राम माझी ने कहा कि इस नए आरओबी का लोकार्पण पूर्व रेलवे के अवसंरचना आधुनिकीकरण, यात्री एवं जन-सुविधा में वृद्धि तथा सुरक्षित एवं दक्ष परिवहन नेटवर्क को बढ़ावा देने के सतत प्रयासों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो शून्य मानव-संचालित समपार फाटक के लक्ष्य के अनुरूप है। इस अवसर पर आसनसोल डिवीजन के सीनियर डीसीएम मार्शल ए सिल्वा, आरपीएफ सीनियर कमांडेंट आलोक राज, आरपीएफ इंस्पेक्टर शिवशंकर सिंह, इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह, पीआरओ ऑफिस के आशीष सिंह, सीटीआई ऋषिदेव, भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रमानी, हरि किशोर सिंह, देवता पांडेय, राजन सिंह, अमरजीत दूबे आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सफलता को ले पतंजलि परिवार ने की बैठक
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह के धर्मपुर मोहल्ला स्थित अहिवरन सेवा सदन परिसर में रविवार को पतंजलि परिवार के सदस्यों की बैठक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने को लेकर हुई। सफल बनाने की तैयारियां जोरों पर है। इसको लेकर पतंजलि योगपीठ भारत स्वाभिमान के जिला अध्यक्ष अनुज कुमार त्यागी एवं जिला योग विस्तारक हरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में लगातार अलग-अलग जगहों पर बैठकें जारी है। इसी क्रम में रविवार को जसीडीह हटिया योग कक्षा एवं जसीडीह के धर्मपुर मोहल्ला अहिवरन सेवा सदन में बैठक हुई। जिसमें आगामी 21 जून को जिला मुख्यालय में होने वाले भव्य योग दिवस पर विस्तार से चर्चा हुई। जिसमें उपस्थित योग साधकों ने अपने विचारों को रखा, वहीं मृत्युंजय कुमार, बीएल मुकेश, राजेन्द्र बरनवाल को पतंजलि योगपीठ हरिद्वार द्वारा सर्टिफिकेट दिया गया। इस अवसर पर मुकेश कुमार, इंद्रजीत बरनवाल, गुरुदेव वर्णवाल, गुरु प्रसाद भगवान लाल, गोपाल कुमार वर्णवाल, नंदकुमार, प्रेम सुरेश, ब्रह्मदेव लाल, बालकृष्ण प्रसाद, प्रदीप, मोहन साह, योग शिक्षिका सरिता बरनवाल, पूनम, रीता, नीमा, इंदु, रंजू, महिमा, मुन्नी, मंजू, मिक्कू रानी, अनीता, सावित्री आदि उपस्थित थीं।
न्यायालय के आदेश पर घर कराया गया खाली
सारठ/संवाददाता। सारठ मौजा के दाग नंबर 38 व 39 के विवाद में वादी परमानंद साह बनाम विश्वनाथ साह के वाद में कोर्ट के दिये गये आदेशानुसार रविवार को कोर्ट द्वारा प्रतिनियुक्त कार्यपालक दंडाधिकारी विनय कुमार पांडेय, नाजिर विनोद कुमार सिंह और थाना प्रभारी दीपक कुमार साह पुलिस बल के साथ सारठ मौजा के दाग नंबर. 38 और 39 पर बने मकान खाली कराने पहुंचे। कोर्ट के आदेश के आलोक में प्रक्रिया शुरु की गई और शुरु होते ही मकान में निवास कर रहे ममता देवी और उसके परिवार के हर सदस्य विचलित हो गये और रोने-बिलखने लगे। आसपास के लोग जमा हो गये, लेकिन कोर्ट का आदेश पालन भी जरुरी था। अदालत के आदेश पर सब चुप थे। उस घर में निवास कर रही ममता देवी अपने पति-पुत्र एवं 20 साल दिव्यांग पुत्री थी। इस प्रकार बेटी समेत सारे समान को निकाल घर को खाली कराकर कमरे में ताला लगाकर चॉबी वादी परमानंद साह को सुपुर्द कर दखल दिलाया।
19 मई को प्रखंड कार्यालय में होगा धरना-प्रदर्शन, बैठक में बनी रणनीति
- भाजपा मंडल पदाधिकारियों ने संगठनात्मक मुद्दों और जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन का लिया निर्णय
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर में शनिवार को विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 19 मई को प्रखंड कार्यालय देवघर में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, क्षेत्रीय समस्याओं तथा जनहित के मुद्दों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष पंकज भदोरिया उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा और प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। बैठक में ग्रामीण मंडल अध्यक्ष निरंजन देव, मणिपुर मंडल अध्यक्ष सुमित रमानी, जसीडीह मंडल अध्यक्ष अमरजीत दुबे तथा सिमरा मंडल महामंत्री अमर सिंह ने भाग लिया। सभी पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 19 मई 2026 को सुबह 10 बजे प्रखंड कार्यालय देवघर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। बैठक में मंडल उपाध्यक्ष उत्तम शर्मा, महामंत्री संतोष मिश्रा, निरंजन गुप्ता, दशरथ गोस्वामी, जिला सोशल मीडिया महामंत्री शशिभूषण गुप्ता, प्रमोद सिंह, कुणाल गुप्ता, सुशील राय, संतोष बरनवाल, बीरबल पांडे, संजय मजूमदार, मुन्ना राय, राजकुमार, उमाशंकर राय, सौरभ दुबे, पप्लू राउत सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर लंबे समय से मांगें उठाई जा रही हैं, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। बैठक में आंदोलन को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से सफल बनाने की रणनीति भी तैयार की गई। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई। संगठन के नेताओं ने भरोसा जताया कि यह आंदोलन जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य करेगा और प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रेरित करेगा।
सांसद ने कजरा में शहीद नीरज चौधरी के प्रतिमा का किया अनावरण
- पथ-नाला का किया लोकार्पण
- 100 एकड़ में बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शहीद नीरज की बहन की शादी खर्च उठाने का किया वादा
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर प्रखंड के कजरा गांव में वीर शहीद सैनिक नीरज चौधरी की प्रतिमा का अनावरण गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने किया। प्रतिमा अनावरण होते ही भारत माता की जय, शहीद नीरज चौधरी अमर रहे के नारों से इलाका गूंज उठा।
मौके पर सांसद ने शहीद नीरज चौधरी के पिता अनिल चौधरी और शहीद गणेश पांडेय के पुत्र लक्ष्मण पांडेय को अंग वस्त्र व माला पहनाकर सम्मानित किया।
नीरज की कुर्बानी से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए : सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि कजरा के वीर शहीद सैनिक नीरज चौधरी ने देश के लिए बड़ी कुर्बानी दी है। यह इलाके के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सांसद ने बताया कि शहादत के बाद जब वे गांव आए थे तो ग्रामीणों की मांग सड़क-नाला बनाने की थी, जबकि शहीद की माता चाहती थीं कि बेटा नीरज की मूर्ति लगे ताकि रोज दर्शन-पूजन कर सकें। लेकिन अनावरण से पूर्व ही माता का निधन हो गया। सांसद ने कहा कि मैं चाहता था कि मूर्ति का अनावरण तभी करूं जब सियाचिन देख लूं। गत 12 मई को लेह-लद्दाख में था, उसके बाद सियाचिन गया। वहां दुर्गम हालात हैं।
सांसाद ने कहा कि मधुपुर के हालात बद से बदतर हो रहे हैं। छोटे-छोटे स्वार्थ और पैसे के लिए लोग मारपीट पर उतारू हो रहे हैं। बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि 822 साल बाद वहां हिंदूवादी सरकार बनी, उसी की आवश्यकता यहां है।
सांसद ने कहा कि 2009 से अब तक सांसद निधि का 60 करोड़ रुपया बचा है। उनकी इच्छा है कि 100 एकड़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बने जिसमें संथाल परगना के शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीर लगी रहेगी। एक लाख दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम में शहीद और स्वतंत्रता सेनानी की तस्वीर देख युवा प्रेरणा लेंगे।
सांसद ने कहा कि शहीद नीरज चौधरी की बहन हम सभी की बहन है। उसके शादी में बाराती के खाने-नाश्ते का खर्च वे खुद उठाएंगे। उन्होंने प्रतिमा के पास शहीद के स्वर्गीय माता-पिता का नाम और तस्वीर लगाने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन राम सेवक गुंजन ने किया। मौके पर भाजपा नेता गंगा नारायण सिंह, जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, विशाखा सिंह, भरत लाल भैया, अधीर चंद्र भैया, संजय यादव, बालवीर राय, रवि रवानी, सुनीता जायसवाल, विश्वनाथ रवानी, मुखिया ललन मिश्रा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
झारखंड कुर्मी महासभा ने विधायक जयराम महतो को सौंपा प्रतिभा सम्मान समारोह का आमंत्रण
- शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की पहल की विधायक ने की सराहना
देवघर। नगर संवाददाता। रविवार को झारखंड कुर्मी महासभा देवघर के जिला अध्यक्ष डॉ राजीव रंजन के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयराम महतो से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आगामी प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 के आयोजन हेतु विधायक को औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा और कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल में जिला कोषाध्यक्ष विजय कुमार, कार्यक्रम अध्यक्ष बिरजू राउत, युवा कोषाध्यक्ष सिकंदर राउत एवं विष्णु कुमार राउत शामिल रहे। मुलाकात के दौरान समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। झारखंड कुर्मी महासभा के प्रतिनिधियों ने विधायक को बताया कि संस्था लगातार समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। आगामी प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, ताकि युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके।
विधायक जयराम महतो ने महासभा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें सम्मानित करना अत्यंत प्रेरणादायी कार्य है। झारखंड कुर्मी महासभा द्वारा आयोजित यह समारोह समाज में शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है और इसकी तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।
विधायक ने 15 करोड़ की लागत से 23 योजनाओं का शिलान्यास व दो का उद्घाटन
सारठ/संवाददाता। सारठ विधायक उदय शंकर उर्फ चुन्ना सिंह ने विधानसभा क्षेत्र की जनता को करीब 15 करोड़ की लागत की 55 योजनाओं का सौगात दिया।
उन्होंने कहा कि सारठ विधानसभा का सर्वांगीण विकास करना उनका उनके जीवन का एक मात्र लक्ष्य है। जनता ने उनपर जिस भरोसे और विश्वास के साथ उन्हें चुना है उसपर खरे उतरने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सहयोग से प्रदेश समेत सारठ का चहुंमुखी विकास हो रहा है। इसी क्रम में रविवार को जिला परिषद, अनाबद्ध समेत अन्य विभिन्न विभागों से एक साथ करीब 15 करोड़ की लागत से 53 योजनाओं की आधारशिला रखी गई है। जिसमें सारठ प्रखंड में सधरिया, कचुवाबांक, झिलुवा, बोचबांध, पारबाद समेत सात स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण एवं डुमरिया में स्टेडियम मरम्मती, अंचल कार्यालय मरम्मती, एवं सधरिया में पीसीसी पथ निर्माण समेत कुल 10 योजना शामिल है। वहीँ पालोजोरी में पहरुडीह, धावा, कुंजोडा, बांधडिह, सगराजोर समेत कुल पांच स्वास्थ्य उपकेंद्र, धावा व बरमसिया में पीसीसी पथ निर्माण, जेएफएससी गोदाम में चाहरदीवारी निर्माण एवं पहरुडिह, शीतलकुंडी, परसनी में चेकडैम निर्माण समेत 13 योजनाओं की आधारशिला रखी गई। वहीं सारठ एवं बामनगामा में शीतल पेयजल का उद्घाटन भी किया। साथ ही उन्होंने सारठ एवं पालोजोरी के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 30 हाईमास्ट लाइट के अधिष्ठापन का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि आनेवाले दिनों में क्षेत्र में सारठ एवं पालोजोरी में पुस्तकालय, एसीएसटी अवसीय विद्यालय, इंडोर स्टेडियम, पथरड्डा पहाड़ का सौंदर्यीकरण, 400 एकड़ जमीन पर उद्योग, प्रेस क्लब का भवन समेत स्वास्थ्य शिक्षा पेयजल सड़क आदि के क्षेत्र में जल्द ही कई अन्य योजनाओं को धरातल पर उतारने की बात कही। विधायक द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों को लेकर सारठ व पालोजोरी झामुमो संगठन द्वारा विधायक व मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया गया। मौके पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष इस्तियाक मिर्जा, प्रखंड अध्यक्ष लखेश्वर मुर्मू, सचिव अनिल सिंह, शालिग्राम मंडल, विक्रम सिंह, पालोजोरी प्रखंड प्रमुख उषा किरण मरांडी, पालोजोरी प्रखंड अब्दुल रहीम, झामुमो नेता इकबाल मिर्जा, सुभाष मंडल समेत अन्य कई लोग मौजूद थे।
अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी पुलिस ने अवैध बालू के परिचालन पर अपनी नजर टेढ़ी कर दी है। इसी को लेकर पालोजोरी पुलिस ने पालोजोरी थाना क्षेत्र से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जब्त किए गए ट्रैक्टर के पास बालू के परिचालन को लेकर कोई वैध कागज नहीं पाए गए। अवैध बालू लदे जब्त ट्रैक्टर का प्रतिवेदन खनन विभाग को भेजा जा रहा है।