- कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न, योजनाओं में तेजी लाने और जमीनी स्तर पर कार्य करने कड़े निर्देश
- प्रखंड व पंचायत स्तर पर क्षेत्र निरीक्षण और समन्वय बना कर कार्य करने की आवश्यकता
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार समाहरणालय सभागार में कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी और विकास योजनाओं की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतारने और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का सख्त निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति, बजट आवंटन और खर्च की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला, प्रखंड व पंचयात स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने का निर्देश दिया। आगे उन्होंने कल्याण छात्रावास, जाहेरस्थान घेराबंदी, मांझी भवन निर्माण के अलावा प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप के आवंटन और खर्च की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने प्रखंडवार साइकिल वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत सुयोग्य लाभुकों को योजनाओं के लाभ से लाभान्वित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उपायुक्त ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करें, ताकि सुयोग्य लाभुकों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके। आगे उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट (क्षेत्र निरीक्षण) करने और ग्रामीणों के साथ बैठकें करने का आदेश दिया गया। अधिकारियों को निर्देश मिला कि वे शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ग्रामीणों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझें और उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
उपायुक्त ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारू पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, ग्रामीण इलाकों में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ लोगों को जागरूक करने और इस पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। साथ ही की समस्याओं पर गंभीरता से निगरानी रखते हुए उनके त्वरित समाधान का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला कल्याण पदाधिकारी दयानंद दुबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार, सभी प्रखंडों के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, सहित कल्याण विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
ई- रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी से शहर में लग रहा जाम
देवघर/वरीय संवाददाता। संथाल परगना चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने जारी एक बयान में कहा कि ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी के कारण शहर में लग रहे जाम के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। बेलगाम दौड़ते ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों की मनमानी के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करना, जहां तहां सवारी उठाना और उतारना तथा यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करना- इन सब कारणों से शहर की सड़कें हर रोज जाम के चपेट में रहती हैं। श्री कुमार ने जिला प्रशासन से यह मांग की है की ई- रिक्शा एवं ऑटो चालकों की मनमानी पर अविलंब रोक लगायी जाए ताकि शहर के लोगों को जाम से मुक्ति मिल सके ।
योग्य लाभुकों को ससमय मिले पेंशन, अनाथालयों और आश्रय गृहों की व्यवस्थाओं को करें दुरुस्त : डीसी
-सामाजिक सुरक्षा व बाल संरक्षण कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा कोषांग और जिला बाल संरक्षण इकाई की एक विस्तृत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और बाल संरक्षण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विभिन्न पेंशन योजनाओं की हुई समीक्षा : समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने जिले में वृद्ध, विधवा, दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन, झारखंड मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना सहित अन्य सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी योग्य लाभुक पेंशन के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही, उन्होंने पेंशन राशि के ससमय भुगतान और लाभुकों के सत्यापन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
बाल संरक्षण और अनाथालयों की वास्तविक स्थिति का लिया जायजा : बैठक के दूसरे भाग में उपायुक्त द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान जिले में संचालित अनाथालय चुल्हिया (मोहनपुर), विशिष्ट दत्तक ग्रहण केंद्र और नारायण सेवा आश्रम के कामकाज व वहां की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की गई। आगे उपायुक्त ने अनाथालयों और आश्रय गृहों में रह रहे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, सुरक्षित आवास, शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही दत्तक ग्रहण केंद्र में कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्यों को सुगम और पारदर्शी बनाया जाए। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे इन केंद्रों का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण करें ताकि बच्चों की सुरक्षा और देखभाल में कोई चूक न हो। बैठक में सहायक निर्देशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित सदस्य, प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
कर्नाटक के राज्यपाल ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में की पूजा
देवघर/वरीय संवाददाता। सोमवार को राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सपरिवार बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया। इससे पूर्व तीर्थ पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ उन्हें संकल्प कराया गया। इसके पश्चात राज्यपाल द्वारा द्वादश ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गयी।
पूजा अर्चना पश्चात मौके पर उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने राज्यपाल को भेंट स्वरूप स्मृति चिह्न व बाबा बैद्यनाथ का प्रसाद प्रदान किया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी बाबा बैद्यनाथ के प्रति गहरी आस्था है और दर्शन-पूजन करने का सौभाग्य मिला।
वाहन चेकिंग में चोरी की बाइक बरामद, एक गिरफ्तार
- रिखिया थाना में दर्ज केस के बाद बलसरा के पास पुलिस की कार्रवाई
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। 17 मई को वाहन चेकिंग के दौरान बलसरा के पास पुलिस ने संदिग्ध बाइक को पकड़ा और इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र के साह अहमद निवासी गौरव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार इस संबंध में 16 मई को रिखिया थाना में चोरी का मामला दर्ज कराया गया था। प्राथमिकी के मुताबिक, महेशमारा वार्ड नंबर-25 निवासी निरंजन मंडल ने शिकायत में बताया कि 16 मई की शाम करीब 7:40 बजे उनकी मोटरसाइकिल (जेएच 15 आर 3969) महेशमारा स्थित एक देशी अट्ठे दुकान के सामने से अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर ली गई। बाइक उनके पुत्र रुपेश कुमार के नाम से निबंधित है। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की और अगले ही दिन वाहन चेकिंग के दौरान सफलता हासिल कर ली। पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है तथा अन्य संभावित आरोपितों की भी तलाश जारी है।
अनियंत्रित बाइक पोल से टकराई, 12वीं के छात्र की मौत
- देवघर-सुल्तानगंज रोड पर खिजुरिया के पास दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देवघर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर सोमवार की दोपहर खिजुरिया के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12वीं के छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षित कुमार के रूप में की गई है, जो मूल रूप से धनबाद जिला के मनाईटांड़ का रहने वाला था। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घूमने निकला था, हादसे का हुआ शिकार : जानकारी के अनुसार हर्षित कुमार अपने एक दोस्त की बाइक से घूमने के लिए निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रिखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ : मृतक हर्षित 12वीं का छात्र था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में एक बहन भी है। उसकी मां श्वेता कुमारी देवघर स्थित हुंडई शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। बताया जाता है कि श्वेता कुमारी का अपने पति से तलाक हो चुका है और वह अपने दोनों बच्चों की परवरिश अकेले ही कर रही थी।
पांच वर्ष पूर्व हुआ था देवघर तबादला : जानकारी के मुताबिक श्वेता कुमारी पहले धनबाद में ही हुंडई कंपनी में कार्यरत थीं, लेकिन लगभग पांच वर्ष पूर्व उनका तबादला देवघर कर दिया गया था। तब से वह देवघर नगर थाना क्षेत्र के झौसागाढ़ी मोहल्ले में किराए के मकान में अपनी मां कविता देवी और दोनों बच्चों के साथ रह रही थीं।
अस्पताल में मचा चीत्कार, हर आंख नम : इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां श्वेता कुमारी सदर अस्पताल पहुंचीं और दहाड़ मारकर रोने लगीं। वहीं मृतक की नानी कविता देवी बार-बार यही कहकर बिलख रही थीं कि मेरा नाती जिंदा है, उसे कुछ नहीं हुआ है। अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया और मौजूद लोग परिजनों को संभालने में जुटे रहे।
आठ लाख की साइबर ठगी में मुंबई पुलिस की देवघर में दबिश
- कुर्ला थाने की टीम ने दुमका व गिरिडीह के आरोपितों की तलाश तेज की
देवघर/संवाददाता। आठ लाख रुपये की साइबर ठगी के एक मामले में मुंबई के कुर्ला थाना की तीन सदस्यीय पुलिस टीम ने देवघर पहुंचकर छापेमारी शुरू कर दी है। टीम ठगी से जुड़े आरोपितों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले की जांच कर रही कुर्ला थाना पुलिस को ठगी के तार झारखंड से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। इसी कड़ी में टीम देवघर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर छानबीन शुरू की। छापेमारी के दौरान दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र तथा देवघर के खगा थाना इलाके के साथ-साथ गिरिडीह जिले में भी आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, साइबर ठगी की इस घटना में संगठित गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। टीम लगातार संदिग्धों के ठिकानों पर नजर बनाए हुए है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर मुंबई पुलिस की टीम मामले के जल्द खुलासे के लिए प्रयासरत है।
वाट्सएप हैक कर ठगी, दोस्त बनकर 63 हजार रुपये की लगायी चपत
- हार्ट अटैक का झांसा देकर चार बार में मंगाई रकम
देवघर/संवाददाता। पालोजोरी थाना क्षेत्र के घियामोड़ निवासी शकील अहमद का वाट्सएप अकाउंट हैक कर साइबर ठगों ने उनके परिचित से 63 हजार रुपये की ठगी कर ली। यह घटना आठ मई की बताई जा रही है, जिसमें ठगों ने बेहद चालाकी से विश्वास में लेकर रकम मंगवाई। बताया जाता है कि ठगों ने शकील अहमद के नाम से उनके साथ पढ़े एक युवक, जो वर्तमान में बैंगलोर में काम करता है, को मैसेज भेजा। मैसेज में बताया गया कि शकील के पिता को हार्ट अटैक आया है और तुरंत पैसों की जरूरत है। दोस्ती और भरोसे का फायदा उठाते हुए ठगों ने पहले तीन बार में 25-25 हजार रुपये और फिर एक बार में 13 हजार रुपये मंगा लिए। पीड़ित को जब बाद में ठगी का अहसास हुआ, तब तक कुल 63 हजार रुपये की निकासी हो चुकी थी। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर साइबर ठगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि साइबर अपराधी अब जान-पहचान का सहारा लेकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
पिता ने छोटे पुत्र व बहू को संपत्ति से बेदखल करने का लिया निर्णय, शपथ-पत्र जारी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के कास्टर टाउन स्थित बाजला चौक निवासी 75 वर्षीय प्रभु नारायण पांडेय ने पारिवारिक विवाद से तंग आकर अपने छोटे पुत्र एवं बहू को चल-अचल संपत्ति से बेदखल करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को देवघर कोर्ट परिसर में नोटरी पब्लिक के समक्ष शपथ-पत्र प्रस्तुत कर अपनी घोषणा दर्ज कराई। शपथ-पत्र में प्रभु नारायण पांडेय ने उल्लेख किया है कि वे वृद्ध एवं अस्वस्थ हैं। उनके दो पुत्र और दो बहू हैं, जिनमें बड़ा पुत्र संजीव रंजन एवं बड़ी बहू प्रभा कुमारी उनके साथ रहते हैं और उनकी सेवा करते हैं। वहीं छोटा पुत्र ऋषभ राज एवं उसकी पत्नी अंजली कुमारी अलग रहते हैं और उनकी देखभाल नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया है कि छोटी बहू घर आने पर गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार एवं मानसिक प्रताड़ना करती है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर बड़े पुत्र और बहू के साथ भी मारपीट करने की कोशिश की जाती है तथा झूठे मुकदमे में फंसाने और संपत्ति हड़पने की धमकी दी जाती है। शपथकर्ता ने बताया कि कई बार समझाने के बावजूद छोटे पुत्र व पुत्रवधू के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। इससे परेशान होकर उन्होंने पूर्ण होशो-हवास में यह निर्णय लिया कि उनकी समस्त चल-अचल संपत्ति से छोटे पुत्र ऋषभ राज एवं पुत्रवधू अंजली कुमारी को बेदखल किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इन दोनों का उनकी संपत्ति पर कोई दावा मान्य नहीं होगा। शपथ-पत्र पर उनके हस्ताक्षर नोटरी पब्लिक के समक्ष किए गए हैं।
पत्नी से विवाद बना हिंसक, पति घायल
- घरेलू झगड़े ने लिया उग्र रूप
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के कास्टर टाउन में रविवार की देर रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 34 वर्षीय युवक अंकित सिंह घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। बताया जाता है कि अंकित सिंह और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई। शुरुआत में मामूली विवाद लगने वाला यह मामला धीरे-धीरे बढ़ता गया और देखते ही देखते दोनों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया। इसी दौरान विवाद इतना उग्र हो गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस मारपीट की घटना में अंकित सिंह को चोटें आईं, जिसके बाद परिजनों ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना अचानक हुई और विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि, यह मामला घरेलू कलह से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल घटना को लेकर किसी तरह की आधिकारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है। वहीं, पुलिस भी मामले की पुष्टि और विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हुई है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
गूगल से मिला नंबर बना जाल, मधुपुर रेलवे के चीफ टीटीआई से 2.85 लाख की ठगी
- फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर के नाम पर ठगों ने कराया एप डाउनलोड, एसबीआई खाते से दो बार में उड़ा दी रकम
देवघर/संवाददाता। मधुपुर रेलवे में कार्यरत चीफ टीटीआई मो. तारीक खान नियाज साइबर ठगी का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार उन्होंने ऑनलाइन सामान मंगाने के सिलसिले में गूगल सर्च इंजन के जरिए फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर का नंबर ढूंढकर कॉल किया था। यही कदम उनके लिए भारी पड़ गया। बताया जाता है कि ठगों ने खुद को कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर पहले उनका विश्वास जीता और फिर समस्या समाधान के नाम पर एक एप डाउनलोड करने को कहा। जैसे ही उन्होंने एप इंस्टॉल किया, ठगों को उनके मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच मिल गई। इसके बाद एसबीआई खाते से दो अलग-अलग चरणों में कुल 2.85 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। आठ तारीख को पहली बार 95 हजार रुपये की निकासी हुई, जबकि इसके बाद 1.90 लाख रुपये और उड़ा लिए गए। घटना के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी। यह मामला एक बार फिर दर्शाता है कि गूगल पर उपलब्ध हर नंबर भरोसेमंद नहीं होता और अनजान ऐप डाउनलोड करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है। साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल के बीच आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर किसी भी कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी है।
घरेलू विवाद में महिला ने लगायी
- गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
देवघर/संवाददाता। घरेलू विवाद से आहत एक 30 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। गंभीर स्थिति में परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान रौशनी देवी, पति विनोद यादव के रूप में हुई है। वह बिहार के बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र के मोदीसार गांव की निवासी है। बताया जाता है कि घरेलू विवाद के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
डॉक्टरों ने भर्ती कर शुरू किया इलाज : सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल भर्ती कर लिया और इलाज शुरू कर दिया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ ओपी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ करने में जुट गयी है।
सड़क हादसे में तीन घायल
देवघर/संवाददाता। अलग- अगल स्थानों पर हुए सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गये। तीनों को इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में सारठ थाना क्षेत्र के सोनातर निवासी मनु महरा, आराजोरी निवासी निरसी देव्या और कोरावेरिया निवासी रामलाल सोरेन का नाम शामिल है।