देवघर/वरीय संवाददाता
जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने हाल ही में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले देवघर जिले के बच्चों, खिलाड़ियों और तकनीकी पदाधिकारियों से मुलाकात की। उपायुक्त ने सभी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और भविष्य में और बेहतर करने के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही, उन्होंने खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए जिला खेल पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। ओडिशा के बलांगीर में 23 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 6वीं अंडर-25 नेशनल लॉन बाउल्स चैम्पियनशिप में देवघर के खिलाड़ियों ने झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल 3 पदक (1 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य) अपने नाम किए। सूरज कुमार केशरी ने लॉन बॉल्स में स्वर्ण पदक जीतकर चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया। सोनी कुमारी गुप्ता ने अंडर-25 एकल स्पर्धा में शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक जीता।करण कुमार ने अंडर-25 मिक्स जोड़े इवेंट में बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
जिले के आलोक कुमार का चयन ‘कॉमनवेल्थ कबड्डी चैम्पियनशिप 2026’ के लिए तकनीकी पदाधिकारी के रूप में हुआ था। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 21 से 31 अक्टूबर 2026 तक अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित की गई थी, जिसमें भारत सहित दुनिया के 14 देशों ने भाग लिया था। इस वैश्विक प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर भी किया गया था, जहां आलोक कुमार ने जिले का मान बढ़ाया। इसके अलावा योग के क्षेत्र में देवघर के रक्षित चंद्र झा ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का तिरंगा फहराया है। थाईलैंड में ‘वर्ल्ड फेडरेशन फॉर योग स्पोर्ट्स’ एशिया पैसिफिक द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में रक्षित ने सब-जूनियर ट्रेडिशनल योग और आर्टिस्टिक स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर देश व जिले को गौरवान्वित किया है। विजेता खिलाड़ियों और पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने कहा कि देवघर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और प्रशासन इन बच्चों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव मदद करेगा। उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इन सभी खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए जो भी आवश्यक संसाधन, ट्रेनिंग या सहयोग की आवश्यकता हो, उसे प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोहनपुर क्षेत्र में चलाया जांच अभियान
देवघर/वरीय संवाददाता
खाद्य सुरक्षा विभाग, देवघर द्वारा मोहनपुर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न होटल, ढाबा, मिठाई दुकान एवं फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में आईबीपी ढाबा भोजनालय, महादेव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट, कृष्णा फास्ट फूड, माँ लक्ष्मी फैमिली रेस्टोरेंट, एम/एस शैलेश राउत, ललन स्वीट्स, पी.के. मिष्ठान, श्रवण मिष्ठान भंडार, हीर फास्ट फूड एवं प्रिंस चाट स्टॉल सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।जांच के दौरान ललन स्वीट्स की चटनी में अखाद्य रंग पाया गया। वहीं, मिठाई प्रतिष्ठानों में बुंदिया एवं मोतीचूर लड्डू में भी अखाद्य रंग की मौजूदगी पाई गई। इसके अतिरिक्त एक प्रतिष्ठान में फफूंदयुक्त मिल्क केक पाया गया। उक्त असुरक्षित खाद्य पदार्थों में से लगभग 1.5 किलोग्राम चटनी, 3 किलोग्राम बूंदी तथा 1.5 किलोग्राम फफूंदयुक्त मिल्क केक को मौके पर ही नष्ट कराया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ खाद्य कारोबार कर्ताओं द्वारा बिना वैध खाद्य लाइसेंस के व्यवसाय संचालित करने, पानी जांच रिपोर्ट एवं मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं कराने जैसी अनियमितताएं भी पाई गईं। इस संबंध में संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा अखाद्य एवं प्रतिबंधित रंगों का प्रयोग न करें। आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी शैलेश कुमार यादव एवं अंजलि विवा मिंज शामिल रहे।
भाकपा माले का जन वितरण प्रणाली सुधारों अभियान जारी
देवघर/वरीय संवाददाता।
बुधवार को भाकपा माले का जन वितरण प्रणाली सुधार करो अभियान एवं झारखंड ग्रामीण मजदूर सभा सदस्यता अभियान का चौथा दिन देवघर प्रखंड अंतर्गत चांदडीह के बसमता गांव में झारखंड आंदोलन कारी दिशौम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के सह योद्धा स्वर्गीय झगरू पंडित का चोथा पुन्य तिथि मनाया गया। अभियान का नेतृत्व कर रहे भाकपा माले देवघर जिला सचिव कामरेड रघुपति पंडित ने झगरू पंडित के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि झारखंड अलग राज्य और महाजनों के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे स्वर्गीय शिबू सोरेन ने स्वर्गीय झगरू पंडित एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर संथाल परगना में आंदोलन तेज किया था। जिसमें जामताड़ा जिला का चिरुडीह घटना भी प्रमुख है।झगरू पंडित बंजर जमीन को कृषि योग्य जमीन बनाना सामुहिक खेती करने में महारत हासिल किया था। इसलिए शिबू सोरेन ने झगरू पंडित का दुसरा नाम कृषि पंडित दिया था। रघुपति पंडित ने जन वितरण प्रणाली सुधार करो अभियान पर चर्चा करते हुए कहा कि लगातार हम गांव में राशन को लेकर राशन कार्ड धारियों के बिच जाने का काम कर रहे हैं। लेकिन लोगों के बिच में राशन को लेकर गंभीर स्थिति है। अक्टूबर माह के राशन वितरण में काफी लोगों का राशन कटोती किया गया है। डी एस ओ ने निर्देश जारी किया था कि सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अपनी निगरानी में राशन वितरण कराऐ लेकिन ऐसा नहीं किया गया। जिसके कारण दुकान दार कार्ड धारियों को डरा धमकाकर कर राशन कटोती कर लिया गया। जब इसका कार्ड धारी विरोध करता है तो कार्ड निरस्त करने कि धमकी दिया जाता है। सहायक निदेशक समाजिक सुरक्षा कोषांग देवघर ने कहा था कि 31 अक्टूबर तक सभी इंदिरा गांधी वृद्धा, विधवा, दिव्यांग पेंशन धारी को सात माह का बकाया पेंशन दे दिया जाएगा। लेकिन अभी तक पेंशन धारी को पेंशन नहीं मिला है। पेंशन धारीयों में काफी आक्रोश है लेकिन वृद्धावस्था में कर भी क्या सकता। भाकपा माले लगातार राशन और पेंशन के सवाल पर आंदोलन कर रही है। रघुपति पंडित ने कहा कि पेंशन धारी को पेंशन अविलंब भूगतान किया जाए और राशन वितरण में सुधार संबंधित विभाग नहीं करता है तो 15 नवंबर के बाद एक जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन करेंगे। इस अवसर पर जिला कमेटी सदस्य राजेंद्र यादव, विनोद मंडल, प्रजनन पंडित, रावण पंडित ,सरलू पंडित, कार्तिक पंडित ,ललीन मंडल, बुधो मंडल,ग्राम प्रधान जिम्मेदार गोस्वामी ,महेंद्र महतो ,पंचु पंडित ,झकसु पंडित ,गुजरी देवी, कुसमी देवी ,तारा देवी हेमंत देवी, कामेश्वर पंडित ,पुतुल देवी आदि उपस्थित थे।
बिजली चोरी के आरोप में दो लोगों पर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता।
विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल देवघर की ओर से तीन नवंबर 2026 को की गई औचक जांच के दौरान बिजली चोरी के दो मामले सामने आए। इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता लव कुमार ने मोहनपुर दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले के अनुसार औचक निरीक्षण के दौरान पहरीडीह तपोवन जमुआ निवासी राहुल कुमार, पिता अनुप निराला को मीटर से पहले सर्विस तार काटकर मीटर बाइपास करते हुए अपने वाणिज्यिक परिसर में अवैध रूप से बिजली का उपभोग करते पाया गया। मोहनपुर थाना क्षेत्र के झिल्लीघाट निवासी अमोद कुमार चौधरी, पिता विजय कुमार चौधरी को एलटी लाइन में टोका लगाकर बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। निरीक्षण के दौरान बिजली चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे तार के नमूने काटकर जब्त कर लिए गए। जब्त तार को जब्ती सूची में दर्ज कर प्रमंडल कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है। इस औचक निरीक्षण में सहायक विद्युत अभियंता लव कुमार के अलावा कनीय विद्युत अभियंता राजेन्द्र प्रसाद चौधरी, मानव दिवस कर्मी पवन कुमार एवं निलेश झा मुख्य रूप से शामिल थे। सहायक विद्युत अभियंता ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कराई है।
तेज रफ्तार कार ने खड़ी अपाची बाइक में मारी टक्कर, बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त, मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सत्संग आश्रम से थोड़ा आगे सड़क किनारे खड़ी अपाची बाइक में तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक मालिक मिथिलेश यादव घायल हो गए। घटना के संबंध में मथुरापुर निवासी मिथिलेश यादव, पिता कलेश्वर यादव ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में उन्होंने कहा है कि 1 नवंबर 2026 की रात करीब 12:10 बजे उनकी अपाची बाइक (नंबर जेएच 15 एएम 8416) सत्संग आश्रम से थोड़ा आगे सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान कार (नंबर जेएच 09 एएक्स 1211) के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह खुद भी घायल हो गए। पीड़ित ने नगर थाना प्रभारी से मामले की शिकायत दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
तेज रफ्तार कार ने बाइक और युवक को मारी टक्कर, युवक का पैर टूटा, मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता
नगर थाना क्षेत्र के सत्संग इलाके में एक नवंबर की रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने एक युवक और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में कल्याणपुर निवासी विकास कुमार रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बाएं पैर का घुटना टूट गया, जबकि कमर में भी फ्रैक्चर हुआ है। घटना के संबंध में विकास कुमार रजक ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है।मामले में कहा है कि वह रात करीब 11:30 बजे सत्संग में दुकान से सामान लेकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही चारपहिया गाड़ी (नंबर जेएच 09एएक्स 1211) ने उन्हें और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन बंद हो गया। इसके बाद आसपास के लोगों ने वाहन को घेर लिया और चालक सहित गाड़ी को पकड़ लिया। मामले के अनुसार घटना की सूचना उसी रात पुलिस को फोन पर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया। वहीं, घायल विकास कुमार रजक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायल ने थाना प्रभारी से मामले में उचित कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है।
घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व बर्तन चोरी, पत्नी का मोबाइल भी ले उड़े चोर
देवघर/संवाददाता।
रिखिया थाना क्षेत्र के हरलाजोरी गांव में बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने जेवरात, कीमती बर्तन और मोबाइल फोन की चोरी कर ली। घटना के संबंध में हरलाजोरी निवासी पिंकु झा ने रिखिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। मामले में पिंकु झा ने बताया है कि एक नवंबर को दोपहर करीब दो बजे वह अपने घर में ताला बंद कर सपरिवार अपनी बेटी के घर चक बगजोरा, थाना मधुपुर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। तीन नवंबर को जब वह परिवार के साथ घर वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर गोदरेज का लॉक भी टूटा पाया। जांच करने पर चांदी की दी की सिकड़ी, चांदी के पांच पीस पान पत्ता, सोने की दो पीस चकती, चांदी का पायल, चांदी का किया, चांदी की कटोरी, चांदी का कांसा, पीतल के बर्तन और पत्नी का मोबाइल गायब मिला । इसके बाद उन्होंने रिखिया थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया देवघर व मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण
देवघर/वरीय संवाददाता
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया द्वारा बुधवार को जिले में चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत देवघर और मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर आयोजित बूथ लेवल ऑफिसर एवं बूथ लेवल एजेंट की संयुक्त बैठक तथा ‘चुनाव पाठशाला’ की प्रगति का जायजा
लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को ससमय व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने हेतु आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए।
विभिन्न मतदान केंद्रों की स्थिति की समीक्षा
अपने निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उपायुक्त ने देवघर प्रखंड के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 246, 247, और 248 का दौरा किया। इसके पश्चात उन्होंने मोहनपुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले बूथ संख्या 450, 408, 409, 382, और 384 पर पहुँचकर वहाँ चल रही बीएलओ-बीएलए बैठक एवं चुनाव पाठशाला का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व कर्मियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता से पूरा करें ताकि कोई भी योग्य मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
आमगाछी में मतदान केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ सुपरवाइजर की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में इस प्रकार की घोर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी करने और उनका वेतन रोकने का कड़ा निर्देश दिया। इस औचक निरीक्षण के अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी (देवघर) रवि कुमार, अंचलाधिकारी (देवघर) अनिल कुमार, अंचलाधिकारी (मोहनपुर) अमृता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर मुख्य रूप से उपस्थित थे।
बाइक के धक्के से साइकिल सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों ने बाइक पकड़ पुलिस को सौंपा
देवघर/संवाददाता
मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुढ़वाकुरा गांव के पास बुधवार को बाइक के धक्के से गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय साइकिल सवार बुजुर्ग की इलाज के दौरान देवघर सदर अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान बुढ़वाकुरा गांव निवासी सोनेलाला हांसदा के रूप में हुई है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि सोनेलाला हांसदा साइकिल से अपना खेत देखने गए थे। खेत से वापस घर लौटने के दौरान तेज गति से आ रही बाइक के चालक ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। इससे वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के क्रम में ही उनकी मौत हो गई। इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने धक्का मारने वाली बाइक को पकड़ लिया और मोहनपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, सदर अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना स्थानीय बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस को दी गई।
एलटी केबलिंग कार्य को लेकर छह घंटे बंद रहेगी टाउन-02 फीडर की बिजली
देवघर/संवाददाता। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एलटी केबलिंग कार्य कराया जाएगा। इसको लेकर गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को पीएसएस बैजनाथपुर से निकलने वाली 11 केवी टाउन-02 फीडर की बिजली सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान सीता होटल रोड, शीतल मल्लिक रोड, चकाचक मंदिर, रघुनाथ रोड, शिवपुरी, बिलासी एवं दुखी साह लेन सहित आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लेने की अपील की गई है।
क्रांतिकारी वासुदेव बलवंत फड़के को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारी स्वर्गीय वासुदेव बलवंत फड़के को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ब्रिटिश सरकार के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह का संगठन करने वाले स्वर्गीय फड़के भारत के पहले क्रांतिकारी थे। उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की विफलता के बाद आजादी के महा समर की पहली चिंगारी जलाई थी। स्वर्गीय फड़के को आदि क्रांतिकारी भी कहा जाता है। वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के आद्य क्रांतिकारी थे जिन्होंने स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए सशक्त मार्ग का अनुसरण किया। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान वासुदेव बलवंत फड़के एक ऐसा नाम था जिनका केवल नाम लेने से ही युवकों में राष्ट्रभक्ति जागृत हो जाती थी। अंग्रेजों के विरुद्ध विद्रोह करने के लिए लोगों को उन्होंने जागृत करने का कार्य किया। स्वर्गीय वासुदेव बलवंत फड़के का नाम स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है ।
फेसबुक पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने का विज्ञापन देखकर रिटायर्ड हेडमास्टर से 21 हजार रुपये की ठगी
देवघर/संवाददाता। साइबर ठगों ने अब लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपनाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में फेसबुक पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने का प्रचार देखकर उसे बनवाने के चक्कर में बिलासी निवासी रिटायर्ड हेडमास्टर राकेश झा 21 हजार रुपये की साइबर ठगी के शिकार हो गए। ठगी का एहसास होने के बाद उन्होंने साइबर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार, राकेश झा ने फेसबुक पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने से संबंधित एक प्रचार देखा था। इसके बाद उन्होंने प्रमाण पत्र बनवाने के उद्देश्य से संबंधित प्रक्रिया अपनाई। इसी दौरान साइबर ठगों ने उन्हें अपने झांसे में लेकर 21 हजार रुपये की ठगी कर ली। उनके साथ हुई इस आर्थिक धोखाधड़ी के बाद वे शिकायत लेकर साइबर थाना पहुंचे। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ठगी से जुड़े तथ्यों और लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
शिवलोक परिसर में खड़े वाहन से दो हजार नकद व मोबाइल की चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के शिवलोक परिसर में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने वाहन में सो रहे चालक को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने वाहन का शीशा खोलकर उसमें रखे दो हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, चालक कृष्णानंद राय, निवासी दासडीह, थाना सारवां, शिवलोक परिसर में अपना वाहन खड़ा कर मंगलवार की रात उसी में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए वाहन का शीशा खोल दिया और अंदर रखे दो हजार रुपये नकद व मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद चालक कृष्णानंद राय ने देवघर नगर थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दिवाली के दिन एक दीया शहीद जवानों के नाम जलाने की अपील
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने दिवाली के दिन एक दीया शहीद जवानों के नाम श्रद्धा भाव से प्रज्वलित करने की अपील लोगों से की है। श्री कुमार ने कहा कि सरहदों पर हमारी सुरक्षा कर रहे देश के जवानों के त्याग की ही देन है कि हम सब आजादी की हवा में सांस ले रहे हैं। हम सबों का यह कर्तव्य बनता है कि उन जवानों के सम्मान के लिए दिवाली के दिन उनके नाम पर एक दीया निश्चित रूप से जलाएं जिन्होंने इस देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की बलि दी है।