- समाज सुधार और राष्ट्रीय एकता के लिए उनके योगदान को किया याद
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने स्वामी दयानंद सरस्वती की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती के सामाजिक और धार्मिक योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि आर्य समाज की स्थापना के माध्यम से स्वामी दयानंद सरस्वती ने समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास और रूढ़िवादी परंपराओं को समाप्त करने के लिए महत्वपूर्ण अभियान चलाया था। उन्होंने समाज में जागरूकता, समानता और एकता की भावना विकसित करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। अजय कुमार ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती ने पूरे राष्ट्र को एक सूत्र में बांधने के उद्देश्य से हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में अपनाने का सबसे पहले आ”ान किया था। वे मूर्ति पूजा के विरोधी होने के बावजूद धर्म और वैदिक परंपराओं के सच्चे उपासक थे। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।
डीजल की कीमत घटाने और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग
- खाद्य महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार से प्रभावी कदम उठाने की अपील
देवघर/वरीय संवाददाता। संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार से डीजल की कीमतों में कमी करने की मांग की है। उन्होंने जमाखोरी, कालाबाजारी और मुनाफाखोरी पर रोक लगाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
अजय कुमार ने कहा कि डीजल की कीमतों का सीधा असर आवश्यक वस्तुओं की परिवहन लागत पर पड़ता है। डीजल सस्ता होने से खाद्यान्न, सब्जियों और अन्य जरूरी सामानों की ढुलाई लागत कम होगी। इसका सकारात्मक प्रभाव बाजार की कीमतों पर पड़ेगा और आम लोगों को महंगाई से कुछ राहत मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि केवल डीजल की कीमत घटाने से ही महंगाई पर पूरी तरह नियंत्रण संभव नहीं है। इसके लिए बाजार में जमाखोरी, कालाबाजारी और अनावश्यक मुनाफाखोरी करने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जरूरी है। सरकार को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर नियमित निगरानी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर आम आदमी और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ता है। इसलिए केंद्र सरकार को ऐसे ठोस कदम उठाने चाहिए, जिससे हर वर्ग के लोगों को जीवनोपयोगी आवश्यक वस्तुएं उचित कीमत पर आसानी से उपलब्ध हो सकें।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
- डीसी ने किया शुभारंभ, अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को दिए गए जरूरी दिशा-निर्देश
देवघर/वरीय संवाददाता। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर शुक्रवार को परिसदन सभागार में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। प्रशिक्षण 30 अक्टूबर से तीन नवंबर तक चलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की कल्याणकारी योजनाओं और विकास नीतियों का निर्धारण किया जाता है। इसलिए जनगणना से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से समझें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु की जानकारी प्राप्त करना जरूरी है, ताकि क्षेत्र में कार्य करने के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक परेशानी नहीं हो। उपायुक्त ने सभी स्तर के प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनगणना के दौरान आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
केंद्रीय प्रशिक्षक टीम ने दी तकनीकी जानकारी : प्रशिक्षण के दौरान केंद्रीय प्रशिक्षक टीम ने जिला, अनुमंडल, नगर और चार्ज स्तर पर प्रतिनियुक्त जनगणना पदाधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को जनगणना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। इसमें प्रगणन कार्य की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से डेटा एंट्री, तकनीकी पहलुओं और क्षेत्र में काम करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। मास्टर ट्रेनर्स और संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्य की बारीकियों से अवगत कराया गया, ताकि आगामी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जा सके। मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, केंद्रीय प्रशिक्षक टीम के सदस्य, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जनगणना पदाधिकारी, तकनीकी सहायक, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
आंगनबाड़ी सेविका चयन में अनियमितता के आरोप की होगी जांच
- जनता दरबार में डीसी ने डीडीसी को दिया निर्देश, रेखा देवी को राशन और आयुष्मान कार्ड से जोड़ने को कहा
देवघर/वरीय संवाददाता। जिले के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन, आवास, राशन कार्ड और राजस्व से संबंधित समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में हुसैनाबाद आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप से संबंधित शिकायत सामने आई। इस पर उपायुक्त ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन सुचारू रूप से होना चाहिए और बच्चों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए योग्य उम्मीदवार का चयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। वहीं, जिला शिक्षा कार्यालय से संबंधित एक अन्य शिकायत में जलालुद्दीन अंसारी पर बच्चों का स्कूल में नामांकन कराने और राशन डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर पैसे ठगने का आरोप लगाया गया। उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को मामले की जांच कर प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया। जनता दरबार में रेखा देवी को राशन कार्ड और आयुष्मान भारत कार्ड से जोड़ने का मामला भी सामने आया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
बिजली बिल की शिकायतों का समय पर करें समाधान : बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों पर उपायुक्त ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि बिजली बिल से संबंधित समस्याओं का समय पर निराकरण किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं हो। इसके अलावा बाल संरक्षण और विकास से जुड़े आवेदनों पर जिला बाल संरक्षण इकाई को सक्रियता से कार्य करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने जरूरतमंद और चिह्नित बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने को कहा, ताकि उनकी शिक्षा और भरण-पोषण में बाधा नहीं आए। सरकारी एवं गैरमजरुआ जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर अवैध कब्जे के मामलों में कानूनी कार्रवाई करने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता और विभिन्न संस्थाओं से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरतने या मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कुंडा में युवक की संदिग्ध मौत, पिता ने साजिश के तहत हत्या का लगाया आरोप
- मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के बरमोरिया में एक खाली पड़े मकान में 12वीं के छात्र बबलू यादव का शव गमछे के सहारे लटका मिलने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर मृतक के पिता कुंडा थाना इलाके के दूधनिया निवासी जोगिन्द्र यादव ने अपने बेटे की साजिश के तहत हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले के अनुसार बबलू यादव 12वीं का विद्यार्थी था और अग्निवीर की तैयारी कर रहा था। इसी के तहत वह प्रत्येक दिन सुबह करीब चार बजे हथगढ़ स्थित बरगद फिल्ड की ओर दौड़ने जाता था। 27 अक्टूबर की सुबह करीब 4:10 बजे बबलू के मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसके बाद वह घर से निकल गया। काफी समय बीतने के बाद परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। कुछ देर बाद उसका मोबाइल स्वीच ऑफ हो गया। परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया जिससे जानकारी मिली कि बबलू का शव बरमोरिया स्थित एक खाली पड़े मकान में लटका हुआ है। परिजन वहां पहुंचे तो बबलू गमछे के सहारे लटका मिला। पिता ने मामले में आशंका जताई है कि उसके बेटे की हत्या कर शव को वहां लटकाया गया है, क्योंकि शव का पैर जमीन से सटा हुआ था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मामले में बताया गया है कि बबलू को जिस नंबर से कॉल आया था, वह मोबाइल नंबर 9142352402 है। पिता के अनुसार, उक्त नंबर व्हाट्सएप या इंस्टाग्राम पर सीमा कुमारी नाम की लड़की का बताया गया है। मामले में यह भी कहा गया है कि बबलू और सीमा कुमारी के बीच पूर्व से प्रेम संबंध था। मृतक के पिता ने मामले में सीमा कुमारी, पिता का नाम अज्ञात, निवासी कुंडा मोड़, नित्यानंद पाण्डेय, पिता का नाम अज्ञात, निवासी हथगढ़, थाना कुंडा, तथा अन्य चार-पांच लोगों पर साजिश के तहत बबलू की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को सुनसान स्थान पर छिपाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से सभी आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
जमीन विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, कनपटी पर पिस्टल सटाने का आरोप
देवघर/संवाददाता। मारपीट, जानलेवा हमला एवं छिनतई को लेकर देवीपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया है। रामसागर निवासी लखन राउत ने दर्ज कराये प्राथमिकी में बताया है कि 29 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे उनका भतीजा प्रमोद राउत किसी काम से भोजपुर गया हुआ था। इसी दौरान भोजपुर दुर्गा मंदिर के समीप एक काला रंग की स्कॉर्पियो और दो-तीन मोटरसाइकिल से पहुंचे लोगों ने प्रमोद राउत को घेर लिया। दर्ज कराये गए मामले के अनुसार पुराने जमीन विवाद को लेकर बदले की भावना से आरोपितों ने एकमत होकर हथियार के साथ प्रमोद राउत के साथ गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि गुड्डू वर्णवाल ने पिस्टल प्रमोद राउत की कनपटी पर सटा दिया, जबकि अन्य लोगों ने तलवार से हमला किया। तलवार के हमले में प्रमोद राउत के बाएं हाथ का आधा हिस्सा कट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। मामले में बताया गया है कि मारपीट के दौरान प्रमोद राउत के गले से करीब एक भर सोने की चेन और जेब से चार हजार रुपये छीन लिए गए। हो-हल्ला सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो सभी लोग वहां से भागने लगे। भागने के क्रम में ग्रामीणों ने दो लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम उमेश पुजहर (35), पिता स्व. टेटु पुजहर, ग्राम रकसा, थाना रिखिया, जिला देवघर तथा धीरज कुमार (32), पिता किशुन सिंह, ग्राम दुर्गापुर, थाना धरहरा, जिला मुंगेर (बिहार) बताया। सूचना मिलने पर देवीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घायल प्रमोद राउत को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए एम्स देवघर में भर्ती कराया गया है, जहां वह इलाजरत है। आवेदन में लखन राउत ने गुड्डू वर्णवाल, दयानंद वर्णवाल, बास्की राउत, मनोज राउत, उत्तम राउत, सुशील राउत, उमेश पुजहर, धीरज कुमार समेत अन्य सात अज्ञात लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
फ्लिपकार्ट-अमेजन कस्टमर केयर व एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर करते थे ठगी
- दो साइबर अपराधी गिरफ्तार
देवघर/संवाददाता। पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत साइबर थाना पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध, देवघर कैलाश प्रसाद महतो के निर्देश पर 30 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले के पालाजोरी थाना क्षेत्र के तुरी पहाड़ी में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट एवं अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा पीएम किसान योजना एवं लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी किए जाने की सूचना थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है। गिरफ्तार आरोपितों में समीर अंसारी ग्राम धावा थाना पालाजोरी तथा नीरज कुमार दास गोविन्दपुर थाना पथरौल जिला देवघर शामिल हैं।
इस तरह करते थे साइबर ठगी : पुलिस के अनुसार, आरोपित फर्जी गूगल पे, फोनपे, पेटीएम कस्टमर केयर एवं आईआरसीटीसी पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके बाद फोनपे गिफ्ट कार्ड क्रिएट करवाकर उसे रिडीम कर ठगी करते थे।
दो मोबाइल व चार सिम बरामद : गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन एवं चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल एवं सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर अपराध में संलिप्तता सामने आई है।
छापेमारी दल में थे शामिल :
छापेमारी दल में पुनि नागेन्द्र प्रसाद सिन्हा, साइबर थाना देवघर तथा पालाजोरी थाना की पुलिस टीम शामिल थी।