हनवारा/संवाददाता। महागामा प्रखंड अंतर्गत मिल्लत कॉलेज परसा में मंगलवार को हेड क्लर्क नूरनबी आलम के सेवानिवृत्त होने के उपरांत कॉलेज परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन प्राचार्य डॉक्टर तुषारकांत की अध्यक्षता में की गई। मौके पर छात्राओं ने विदाई गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते प्राचार्य तुषारकांत ने कहा कि सेवानिवृत्त हेड क्लर्क के कार्य, मधुर स्वभाव और कर्तव्य निष्ठा नहीं भूल सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में आने वाले का सेवानिवृत्त होना परंपरा है, जिसे हर किसी को पालन करना ही है। उनका शिक्षक और छात्रों से हमेशा मधुर संबंध रहा है। आज उनका कॉलेज से जाना हम सबों के लिए द:ुखदायी है। सबने उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। मौके पर सभी शिक्षकों ने सेवानिवृत्त क्लर्क को माला पहना कर और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मौके पर छात्र-छात्राओं ने फूल माला पहना कर एवं उपहार देकर स्वागत किया। मौके पर प्रोफेसर अशरफ करीम, डॉक्टर जावेद, विकास मुंडा, रियाज, प्रोफेसर कपिल, प्रोफेसर सरफराज, प्रोफेसर खालिद, प्रोफेसर नजीब, शाहनवाज, अब्दुल्ला और सभी छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
गांधी मैदान में डांस एंड मॉडलिंग मेगा शो का हुआ भव्य आयोजन
-मिस्टर शाइनिंग गोड्डा का ताज सौरभ के सिर सजा
गोड्डा/संवाददाता। डी डांस एकेडमी और आरबी कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार शाम स्थानीय गांधी मैदान में डांस एंड मॉडलिंग मेगा शो का भव्य आयोजन हुआ। शो का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल, बतौर विशिष्ट अतिथि जिला कला-संस्कृति संयोजक सुरजीत झा, पूर्व नगर उपाध्यक्ष वेणु चौबे एवं प्रसिद्ध कलाकार मनीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि डांस के साथ-साथ मॉडलिंग का ओपन शो पहली बार गोड्डा में इतनी व्यापकता के साथ हो रहा है। यह निश्चित तौर पर मील का पत्थर साबित होगा। इस क्षेत्र में भी गोड्डा निकट भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फलक पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करेगी। इस अवसर पर अखिल कुमार झा, प्रो. मिथिलेश कुमार, अमरेंद्र सिंह, नीरज कुमार पासवान, आशुतोष झा, नितेश सिंह, भानु प्रताप सिंह, प्रीतम झा, पंकज यादव, गुंजन झा, शशि आनंद, प्रेमचंद महतो के अलावा डी डांस एकेडमी की निदेशिका दीक्षा कुमारी और कोरियोग्राफर आकाश सोनी सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित थे। डांस में जहां इशिका, सोयांशु, रचना, मानवी, पीहू, स्मृति, काव्या, लव, कुश, अर्थव, अमायरा, सौरव, तुषार, सुमित, आशु, खुशी, जूली, रिया, नेहा, सौरभ दे, आशीष, पियूष, प्रदीप, तनुजा, खनक, बबली, राजश्री, अंजली एवं सारा नयनन की प्रस्तुतियां बेहतरीन रही। वहीं मॉडलिंग कैटवॉक कांटेस्ट के जूनियर ग्रुप में मानवी, इशिका, सोयांशु, रचना, पीहू, स्मृति, लव, कुश, अर्थव एवं अमाइरा ने जबकि सीनियर ग्रुप में सौरभ, तुषार, सुमित, पियूष, नीतीश, प्रदीप, सौरभ डे, सौंडी, आशीष, सारा नयनन, तनुजा, खनक, रिया, जूली, बबली, राजश्री, अंजली, नेहा, खुशी, समर स्वप्निल एवं दिव्या ने फैशन एवं स्टाइल के जलवे बिखेरे। मशहूर रैपर सूरज टॉयलॉन ने भी अपने दमदार प्रस्तुति से समां बांधा। मिस्टर शाइनिंग गोड्डा का ताज जहां सौरभ के सिर सजा वहीं फर्स्ट रनर अप दुमका के सैंडी तथा सेकंड रनर अप तुषार रहे। मिस शाइनिंग गोड्डा का खिताब सारा नयनन को मिला। वहीं तनुजा फर्स्ट रनर अप और पटना की अंजलि सेकंड रनर अप रही। जजेज पैनल में टीवी रियलिटी शो फेम एच डी अमन, जामताड़ा के विजय सिंह, मिस इंडिया झारखंड की फाइनलिस्ट रोशनी सिधानवी, प्रसिद्ध कोरियोग्राफर सौरभ दास, अथर अभी एवं जामताड़ा के सुक्कू कुमार थे। शो का संचालन पूजा सिधानवी एवं रौशन कुमार ने बड़े सधे हुए अंदाज में किया। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों ने जहां बांह में काली पट्टी लगा रखी थी, वहीं शो का समापन स्व. सिंह के लिए दो मिनट के मौन से हुआ।
अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार, भेजा गया जेल
गोड्डा/संवाददाता। एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देशानुसार जिले भर में एंटी क्राइम चेकिंग चलायी जा रही थी। उसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि भागलपुर रोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास स्थानीय लोगों ने दो व्यक्ति को हथियार एवं मोटरसाइकिल के साथ पकड़ कर रखा है। इस सूचना पर गश्ती दल के ने भागलपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास जाकर स्थानीय लोगों के सहयोग से दो व्यक्ति को पकड़ा। दोनों पकड़ाये व्यक्तियों के पास से अवैध हथियार बरामद किया गया। इस संबंध में गोड्डा नगर थाना कांड सं.-288/24 और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गौरव कुमार, उम्र-18 वर्ष, पिता-अमूल सिंह एवं विशाल कुमार, उम्र-18 वर्ष, पिता- राजेश सिंह दोनों साकिन भदान, थाना टनकुप्पा, जिला गया (बिहार) के रूप में की गई। वहीं गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों के पास से एक देसी लोडेड पिस्टल, एक फोल्डिंग चाकू, एक अपाची मोटरसाइकिल रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 01डीसी/6773 को जब्त किया गया। वहीं छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह नगर थाना गोड्डा, सहायक अवर निरीक्षक गौरव कुमार, नगर थाना गोड्डा, चालक आरक्षी चंदन कुमार सिंह, नगर थाना गोड्डा, चालक आरक्षी देवेन्द्र सिंह, तकनीकी शाखा के कर्मी, पुलिस सशस्त्र बल एवं टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे।
चिकित्सक और चतुर्थवर्गीय कर्मी के सेवानिवृत्त होने के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन
गोड्डा/संवाददाता। जिले के जाने-माने चिकित्सक डॉ. प्रदीप सिन्हा की सेवानिवृत्ति पर मंगलवार को सदर अस्पताल के ओपीडी के समक्ष विदाई समारोह सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर प्रदीप कुमार सिन्हा के अलावा अस्पताल के चतुर्थवर्गीय कर्मचारी उषा देवी की सेवानिवृत्ति होने पर अस्पताल परिवार की ओर से सम्मान पूर्वक विदाई दी गई। डॉ. सिन्हा के सम्मान में कार्यक्रम में मौजूद डॉक्टरों की टीम के अलावा कर्मचारियों की ओर से उनके सम्मान में कसीदे गढ़े गए। अस्पताल प्रबंधन मोनाली राय ने डॉ. सिन्हा के कार्यों को पटल पर रखते हुए बेहतर बताया। कहा कि किसी भी पेशेंट के सिलसिले में जब भी डॉक्टर सिन्हा को कहा गया उनके मुखारबिंदु से नहीं कभी नहीं निकला। हमेशा ही रोगी के प्रति संवेदनशील रहने वाले एक अच्छे चिकित्सक के सेवानिवृत्ति से हमेशा अस्पताल प्रबंधन को कमी खलेगी। इस दौरान सिविल सर्जन डॉक्टर अनंत कुमार झा, डीएस डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. डीके ठाकुर, डॉ. आकाश कुमार, डॉ. राजेंद्र भगत सहित दर्जनों चिकित्सक एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त डॉक्टर स्निहा और कर्मचारी उषा देवी के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। साथ ही डॉक्टर सिन्हा के कार्य नेतृत्व क्षमता से मार्गदर्शन लेने के लिए प्रेरित किया गया। अस्पताल परिवार की ओर से डॉ. सिन्हा और कर्मचारियों को उपहार भी भेंट किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन मेंं लिपिक साकेत कुमार, उमाशंकर राय, कर्मचारी चंदन कुमार, रामकुमार मिश्र, तबरेज आलम, चंचला कुमारी, प्रियंका कुमारी आदि अस्पताल कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
जरमुंडी विधायक का महागामा भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
महागामा/संवाददाता। जरमुंडी विधानसभा के भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर महागामा राजमहल हाउस ऊर्जा नगर पहुंचे। महागामा भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार यादव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत के दौरान उन्हें अंग वस्त्र और शॉल से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक देवेंद्र सिंह ने संगठन की मजबूती और आगामी योजनाओं को लेकर कार्यकर्ताओं से विस्तार से चर्चा की और पार्टी को और अधिक मजबूत करने के लिए उन्हें प्रेरित किया। झारखंड विधानसभा चुनाव में जीत के बाद यह उनका महागामा में पहला दौरा था और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। विधायक देवेंद्र कुंवर सिंह ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा सत्र के बारे में भी जानकारी दी। पार्टी की ओर से किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने आगामी समय में पार्टी की योजनाओं को धरातल पर उतारने और संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी चौबे, लालबहादुर सिंह, पप्पू ठाकुर, अभिषेक मंडल, बैद्यनाथ, ब्रह्म, मुन्ना झा, मिथिलेश यादव, हारून रशीद, श्याम रविदास, संजय चौबे, सुनील भगत, विमला, विभा और जनता मजदूर संघ की टीम उपस्थित था।
ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन कथावाचक पंडित रविशंकर ठाकुर ने शिव-पार्वती विवाह प्रसंग पर डाला प्रकाश
-भगवान श्रीराम और शिव एक-दूसरे के हैं गुरु
-रामचरित मानस में भी गुरु की महिमा का किया गया है बखान
गोड्डा/संवाददाता। स्थानीय महिला कॉलेज परिसर में सरस श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया है। ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन कथा वाचक पंडित रविशंकर ठाकुर ने शिव-पार्वती विवाह प्रसंग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु ही भवसागर से पार कराने वाले हैं। गुरु के बिना संशय के बादल नहीं छंट सकते। इस संसार रूपी सागर से पार उतरने के लिए गुरु की आवश्यकता होती है। रामचरित मानस में भी गुरु की महिमा का बखान किया गया है। भगवान श्रीराम और शिव एक-दूसरे के गुरु हैं। राम कथा बिना बाबा भोले की कृपा होना संभव नहीं है। कहा कि रामावतार में महीनों तक सूर्य नहीं डूबा था। भगवान सूर्य का प्रकाश जब राम जन्म के समय हो रहे जन्मोत्सव पर पड़ी तो इस अलौकिक दृश्य का अवलोकन करने में ही महीनों तक सूर्य एक ही जगह स्थिर हो गए और समय का एहसास तक नहीं हुआ। रामावतार में बाबा भोले भी ठाकुर के दर्शन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने काक भुसंडी को साथ लेकर रामावतार का अलौकिक आनंद लिया। शिव-पार्वती की कथा पर प्रकाश डालते हुए महाराज ने कहा कि एक बार बाबा महादेव और मैया पार्वती भ्रमण में निकले थे। उस समय उन्होंने भगवान राम को मैया सीता की खोज में व्याकुल देखा। इससे मैया पार्वती को शंका हो गई कि भगवान तो इस तरह साधारण प्राणियों की तरह विलाप नहीं कर सकते हैं। उन्होंने परीक्षा लेनी चाही और बाबा भोले से आज्ञा प्राप्त कर जिज्ञासा दूर की। परीक्षा के दौरान उन्होंने सीता मैया का रूप धारण कर लिया था। बावजूद श्रीराम ने पहचानने में देर नहीं किया। भगवान श्रीराम ने मैया पार्वती से कुशल क्षेम पूछा। इसके बाद बाबा महादेव ने इस लीला को देखकर पार्वती मैया से पुनर्जन्म लेने के बाद ही मिलन की इच्छा जताई। दूसरे जन्म में हिमालय की बेटी बन कर बाबा के साथ फिर से शादी रचाई। इस दौरान अनेक कथाओं पर भी विस्तृत प्रकाश डाला गया। कथा के दौरान विभिन्न पारंपरिक भक्ति गीतों को संगीत में पिरोकर, की गई प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति के सागर में गोता लगाने को विवश कर दिया। इसके सफल आयोजन को लेकर रामकथा समिति के सदस्य अहम भूमिका अदा कर रहे हैं।
एसआरटी कॉलेज धमड़ी में शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने की तालाबंदी
-सातवें वेतनमान को लेकर आंदोलन कर रहे हैं शिक्षकेत्तर कर्मचारी
मेहरमा/संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत एसआरटी कॉलेज धमड़ी मंे शिक्षकेत्तर संघ की ओर से सातवां वेतनमान लागू कराने को लेकर सभी शिक्षकेत्तर कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं बताया गया कि सिद्धू-कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के 13 अंगीभूत महाविद्यालय में शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ सातवां वेतनमान को लेकर हड़ताल पर हैं। मेहरमा के एसआरटी कॉलेज धमड़ी अंगीभूत इकाई में भी सभी शिक्षकेत्तर कर्मचारी 26 नवम्बर, 2024 से हड़ताल पर बैठे हैं। इधर दुमका से आए महाविद्यालय संघ इकाई के सदस्य अजय कुमार झा, अमित कुमार भी मौजूद रहे। वहीं झा ने कहा कि 2016-2018 में सातवां वेतनमान पूरे भारत में लागू हुआ है पर झारखंड के 13 अंगीभूत महाविद्यालय में अभी तक सातवां वेतनमान लागू नहीं किया गया है जबकि महाविद्यालय के सभी शिक्षकों को सातवां वेतनमान मिल रहा है, जिससे हम सभी शिक्षकेत्तर वंचित हैं। कहा कि हमारे कर्मचारी 26 नवम्बर, 2024 से हड़ताल पर बैठे हुए हैं। सातवां वेतन एक जनवरी, 2016 को लागू हुआ था। लागू होने के पश्चात अब तक 8, 9 वर्ष के दौरान कुलपति ने 13 अंगीभूत महाविद्यालय में सातवां वेतनमान लागू नहीं किये जाने से आक्रोशित सभी कर्मचारी सातवां वेतन मांग के आह्वान में महाविद्यालय में तालाबंदी किया गया है। कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं की जाती है तब तक हड़ताल पर डटे रहेंगे।
क्या कहते हैं शिक्षकेत्तर कर्मी
रिमा कुमारी ने कहा 13 अंगीभूत इकाई में 2016 से लेकर जितने भी कुलपति आए सभी ने सिर्फ आश्वासन दिया कि सातवां वेतनमान लागू करा देंगे लेकिन किसी ने भी लागू नहीं किया, ये कुलपति की लापरवाही है। अगर सातवां वेतनमान लागू नहीं होता है तो सभी उग्र आंदोलन जैसे भूख हड़ताल, चक्का जाम करने को बाध्य होंगे। अपने परिवार का भरण-पोषण नहीं कर पाने की स्थिति में आत्मदाह कर लेंगे।
जायरीन-ए-अजमेर शरीफ जाने वाले यात्रियों का जत्था गोड्डा से हुआ रवाना
गोड्डा स्थानीय असनबनी चौक से जायरीन-ए अजमेर शरीफ जानेवाले 110 तीर्थ यात्रियों का जत्था रवाना हुआ। बताया गया कि दो लग्जरी बस से रवाना हुए तीर्थ यात्रियों का जत्था 15 दिन की इस यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। तीर्थ यात्रियों को रवाना करने के दौरान राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हाजी इकरारूल हसन आलम ने कहा कि अजमेर वही जाते जिन्हें ख्वाजा बुलाते हैं। उन्होंने सभी जायरिन अजमेर को रवाना करते हुए उनसे मुलाकात कर विश्व के सबसे बड़े सूफी संत की दरगाह पर हाजिरी देने पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जाने वालों को बधाई और शुभकामनाएं दीं साथ ही यात्रा की सफलता के लिए हौसला बढ़ाया। हाजी हसन आलम ने अजमेर शरीफ के यात्रियों से ख्वाजा अजमेरी की दरगाह पर अपने देश और राज्य की खुशहाली के लिए दुआ करने की अपील की। मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता कैयूम अंसारी, मो० हैदर अली, मो० शमशाद, मो फैयाज आदि उपस्थित थे। जायरीनों में मुख्य रूप से जियाउद्दीन, रजीउद्दीन, मौलाना सिद्दीकी नूरी, मो० आजम निजामुद्दीन, फिरोज, हाजी सैदउल अंसारी, मो रफीक मो० इदरीस आदि शामिल हैं।