-अटल स्मृति संकलन और संपर्क अभियान 14 से शुरू
पाकुड़/संवाददाता। अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर 14 फरवरी से भाजपा पार्टी की ओर से अटल स्मृति संकलन एवं संपर्क अभियान चलाया जाएगा। वहीं 15 फरवरी से 15 मार्च तक जिले भर में अटल जन्म शताब्दी सम्मेलन किया जाएगा। उक्त जानकारी भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय और कार्यक्रम के जिला संयोजक सरिता मुर्मू और सह संयोजक हिसाबी राय ने संयुक्त रूप से दिया। भाजपा नेता हिसाबी राय ने कहा कि भारतीय राजनीति के अजातशत्रु अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक नेता नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं। भारतीय राजनीति और भारतीय जनमानस की छाप छोड़ने वाले भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी के अवसर पर देश व्यापी अटल जन्म शताब्दी कार्यक्रम भाजपा आयोजित कर रही है। वे दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर पूरे देश के नेता थे। अटल जन शताब्दी कार्यक्रम के तहत आयोजित सम्मेलन और संकलन अभियान उनके विचारों को समझने और आत्मसात करने का अवसर देगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सौभाग्य है कि उनके दिखाए मार्ग पर चल कर समाज सेवा करने का अवसर मिल रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष पांडेय ने कहा कि 14 फरवरी तक अटल स्मृति सम्मेलन और संपर्क अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत अटल जी से जुड़ी फोटो, वीडियो, भाषण, प्रेरक अनुभव, संगठनात्मक संघर्ष, राजनीतिक कार्यक्रमों और अन्य प्रेरणादायी सामग्रियों का संकलन किया जाएगा। अटल के साथ कार्य कर चुके कार्यकर्ताओं एवं उनके समकालीन अनुभवी व्यक्तियों से सामग्री एकत्रित की जाएगी। इसके बाद 15 फरवरी से 15 मार्च तक जिले भर में अटल जन्म शताब्दी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें समाज के प्रबुद्ध एवं वरिष्ठ जनों को आमंत्रित किया जाएगा। इस सम्मेलन में अटल जी के साथ कार्य कर चुके कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। अटल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर लिखे लेख के लेखक को सम्मानित किया जाएगा। पांडेय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक नेता नहीं बल्कि एक विचारधारा और कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत थे। उनकी जन्म शताब्दी वर्ष पर भाजपा संकल्पित होकर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। अटल स्मृति सम्मेलन एवं संपर्क अभियान के माध्यम से उनके जीवन संघर्ष और प्रेरक प्रसंगों को संकलित कर समाज के हर वर्ग तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा। अटल जी के मार्गों पर चलते हुए हम संगठन को और मजबूती प्रदान करेंगे और समाज सेवा के उनके संकल्प को साकार करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक सरिता मुर्मू ने कहा कि अटल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा और लोकतंत्र की सुदृढ़ता के लिए समर्पित था। जिले में आयोजित कार्यक्रम युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगा। मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, सादेकुल आलम, जिला महामंत्री रूपेश भगत समेत अन्य मौजूद थे।
शनि मंदिर का वार्षिक महोत्सव आज
हिरणपुर/संवाददाता। हिरणपुर बाजार के शील दुर्गा मंदिर के निकट शनि मंदिर का वार्षिक महोत्सव शनिवार को शुरू होगा। इसकी जानकारी सुकुमार सेन ने दी। उन्होंने कहा कि सुबह 09 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। वहीं पूजा और यज्ञ के पश्चात दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
्रअवैध कोयला लदे छह मोटरसाइकिलों को किया गया जब्त
हिरणपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के महारो से पुलिस ने बीते शुक्रवार अहले सुबह छापेमारी कर अवैध कोयला लदे 06 मोटरसाइकिलों को जब्त किया। थाना प्रभारी रंजन कुमार के निर्देश पर एएसआई दिलीप कुमार और किशोर टुडू ने दल बल के साथ कार्रवाई की। वहीं पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल चालक मौके से भाग निकले। जिसके बाद पुलिस ने सभी बाइक को जब्त कर थाने ले आई। इस बाबत थाना ने कहा कि किसी भी हाल में कोयले की तस्करी नहीं होने दी जाएगी। इसे लेकर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।
हाइवा की चपेट में आकर खलासी की मौत
अमड़ापाड़ा/संवाददाता। थाना क्षेत्र के पाकुड़ लिंक रोड बरमसिया गांव के पास शुक्रवार सुबह हाइवा की चपेट में आकर खलासी की मौत हो गई। खलासी की पहचान मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव के रहने वाले मुसारुल शेख के रूप में की गई। घटना के बाबत बताया गया कि लिंक रोड में हाइवा साइड करने के क्रम में खलासी हाइवा की चपेट में आ गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल खलासी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सदर अस्पताल लाने के क्रम में हिरणपुर के आसपास खलासी की मौत हो गई। घटना के बाबत थाना प्रभारी अनूप रोशन भैंगरा ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। कंपनी की ओर से बताया गया 5,00000 की मुआवजा राशि दी जाएगी। मृतक खलासी का एक छोटा पुत्र भी है।
एमडीए-आईडीए कार्यक्रम अंतर्गत 10 से 25 फरवरी तक लोगों को खिलायी जाएगी फाइलेरिया रोधी दवा
-फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जन जागरूकता रैली का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को पुराना सदर अस्पताल परिसर से केकेएम कॉलेज और राज प्लस टू के एनसीसी स्कूल के बच्चे और अर्बन सहिया, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रबंधक के सहयोग से जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को डीसी मनीष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुराना सदर अस्पताल से लेकर अंबेडकर चौक से वापस पुराना सदर अस्पताल तक आयोजित की गई। रैली में प्रभारी सिविल सर्जन डॉक्टर मनीष कुमार सिन्हा, जिला वीबीडीआई पदाधिकारी डॉक्टर कौशल कुमार सिंह, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक विनोद कुमार वर्मा, पिरामल फाउंडेशन के प्रवास कुमार, मीना ठाकुर, कंसल्टेंट प्रभारी राजू अग्रवाल, लोक स्वास्थ्य प्रबंधक फहीम अख्तर, एनसीसी प्रभारी आलमगीर आलम, सहायक शिक्षक राजीव नंदन शाह, अब्दुल रिजवी, राजदीप, आकाश कुमार, रंजीत भगत, नवाज शरीफ एवं अब्दुल विश्वास उपस्थित थे। रैली के माध्यम से फाइलेरिया रोधी दवा खाने के लिए आमजनों को जानकारी दी गई। एमडीए-आईडीए कार्यक्रम अंतर्गत 10 से 25 फरवरी, 2025 के बीच फाइलेरिया रोधी दवा आंगनवाड़ी, स्कूलों में एवं स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर दवा खिलाएंगे। फाइलेरिया लाइलाज बीमारी है। संक्रमित क्यूलेक्स मच्छर के बार- बार काटने से यह बीमारी होती है। किसी व्यक्ति में 10 से 15 साल तक बिना लक्षण के रहता है। यदि किसी व्यक्ति में फाइलेरिया के लक्षण दिखने लगे तो दवा से केवल रोका या कम किया जा सकता है, लेकिन इलाज करके खत्म नहीं किया जा सकता। इसलिए लक्षण दिखे या नहीं सभी को कार्यक्रम के दौरान एमडीए-आईडीए की दवा जरूर खानी चाहिए।
झामुमो कार्यकर्ताओं की बैठक में मौजूद रहे विधायक
पाकुड़/संवाददाता। जिला बीस सूत्री कार्यालय प्रांगण में जिला संयोजक मंडली की आवश्यक बैठक प्रमुख एजाजुल इस्लाम की अध्यक्षता में हुई। झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यकर्ताओं की बैठक में लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से सदस्यता अभियान चलाने और पंचायत कमेटी गठन के लिए जिला संयोजक मंडली के सदस्यों को प्रखंडवार पर्यवेक्षक नियुक्त करने को लेकर चर्चा की गई। पाकुड़ प्रखंड के लिए हबीर्बुर रहमान, श्याम यादव, एजाजुल इस्लाम, मुकेश सिंह, हिरणपुर प्रखंड के लिए बाबुधन मुर्मू, एजाजुल इस्लाम, मुसलेद्दीन अंसारी, लिट्टीपाड़ा प्रखंड के लिए विधायक हेमलाल मुर्मू, हाजी समद अली, सुलेमान बास्की,अमड़ापाड़ा प्रखंड के लिए निशा शबनम हांसदा, सुनील टुडू, बाबुधन मुर्मू , महेशपुर प्रखंड के लिए हाजी समद अली, कुणाल अल्फ्ऱेड हेम्ब्रम, सुलेमान बास्की, जोसेफिना हेम्ब्रम, पाकुड़िया के लिए हरिवंश चौबे, देवीलाल हांसदा को पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी देते हुए सभी प्रखंडों में 08 फरवरी से 18 फरवरी तक सदस्यता अभियान चला कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी में जोड़ने की बात कही गई। पंचायत कमेटी के गठन, पुनर्गठन अपनी निगरानी में करवाने के लिए जिम्मेदारी दी गई।
डीसी ने वीसी के माध्यम से परीक्षार्थियों से किया संवाद
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मनीष कुमार ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 10 वीं और 12 वीं बोर्ड की परीक्षा देने वाले छात्रों से सीधा संवाद किया। डीसी कुमार ने छात्रों से संवाद के दौरान आगामी परीक्षाओं के लिए महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। डीसी ने कहा कि तनाव मुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करें। तनाव लेने से आपकी क्षमता और प्रदर्शन दोनों प्रभावित होते हैं। डीसी ने कहा कि कम से कम एक घंटा लिखने का अभ्यास जरूर करें ताकि परीक्षा में विद्यार्थी अपना जवाब देते समय में सही से लिख पाए। बोर्ड परीक्षा में शेष दिन बच रहे हैं। सभी विद्यार्थी पूरा मन लगा कर अध्ययन करें। मेहनत और अनुशासन से आप किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं। साथ ही डीसी ने आगामी परीक्षा को लेकर छात्रों को शुभकामनाएं भी दी।
डीसी ने की आयुष विकास कार्यों की समीक्षा
पाकुड़/संवाददाता। डीसी मनीष कुमार ने जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी और जिला अंतर्गत विभिन्न आयुष आरोग्य मंदिर के पदस्थापित सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों के साथ शुक्रवार को समीक्षात्मक बैठक की। आयुष विकास कार्यों की समीक्षा की गई। जन-जन तक आयुष पद्धति से चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए उचित मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही पूर्व में किए गए कार्यों एवं आयुष स्वास्थ्य शिविर के लिए उक्त को सराहनीय बधाई देते हुए इसे जारी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही कहा कि जन-जन तक आयु चिकित्सा पद्धति से उपचार को बढ़ावा मिले।
सीएचसी में बंध्याकरण शिविर आयोजित
हिरणपुर/संवाददाता। परिवार नियोजन के तहत शुक्रवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बंध्याकरण शिविर आयोजित हुई। इस दौरान महिलाओं का बंध्याकरण किया गया। स्वास्थ्य केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड की 24 महिलाओं का नि:शुल्क बंध्याकरण किया गया। इसमें लाभुकों को 2250 रुपये प्रोत्साहन राशि दी गई। इस दौरान मरीजों को नि:शुल्क दवा एवं अन्य सुविधा दी गई। इस शिविर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह के अलावा डॉ. अमित कुमार शामिल थे। मौके पर बीटीटी रेखा रानी एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे। इस बाबत चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि मरीजों को नि:शुल्क ऑपरेशन के साथ ही आवश्यक दवा दी गई।
दो जख्मी युवकों की इलाज के दौरान मौत
महेशपुर/संवाददाता। बीते गुरुवार को महेशपुर-पाकुड़िया मुख्य सड़क स्थित बड़कियारी के पास स्कूटी और यात्री बस में हुई जोरदार टक्कर से जख्मी दो युवकों की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों जख्मी युवक आनंद हेम्ब्रम और प्रदीप मरांडी हैं। मौत पश्चिम बंगाल अस्पताल में हो गई। बताते चलें कि इस घटना में बाइक सवार युवक बिमल हेम्ब्रम की मौत घटना स्थल पर ही हो गई थी। जबकि दोनों जख्मी युवकों का सामुदायिक स्वास्थ्य महेशपुर में प्राथमिक उपचार के बाद पश्चिम बंगाल रेफर कर दिया गया था। आनंद हेम्ब्रम की मौत रामपुरहाट अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई जबकि प्रदीप मरांडी की मौत पश्चिम बंगाल के वर्धमान अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। दोनों का पोस्टमार्टम बंगाल में किए जाने के बाद उनलोगों के स्वजन शव को लेकर शुक्रवार शाम तक वापस घर आएंगे।
ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने के दो अलग-अलग मामला दर्ज
महेशपुर/संवाददाता। न्यायालय के निर्देश पर थाना में ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने के दो अलग-अलग मामला दर्ज किया गया है। बलियाडंगाल गांव के वादिनी सहनाज बीबी ने पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए सफेद कागज पर धोखे से हस्ताक्षर करवा कर तलाक देने और वादिनी के बच्चों को छीन लेने के आरोप में मामला दर्ज करवाई है। वादिनी ने नामजद आरोपी नूर मोहम्मद, रहमत, आयेशा बीबी, मुस्तफा सभी पाकुड़िया थाना क्षेत्र के बागजबड़ा गांव निवासी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाई है। वहीं सिराजपुर गांव के वादिनी मेहरून खातून ने नामजद आरोपी रुहुल अमीन, रुहमीना बीबी, मेरिना बीबी सभी पश्चिम बंगाल मुरारोई थाना क्षेत्र के भादीश्वर गांव के खिलाफ दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में मामला दर्ज करवाई है।
जांच के लिए अलग-अलग टीम गठित
पाकुड़/संवाददाता। जिला प्रशासन ने छह प्रखंडों में मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की जांच के लिए अलग-अलग टीम गठित की गई है। ये टीम जिले के सभी प्रखंडों में लाभुकों के घर जाकर मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की जांच की। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत लाभार्थियों को ऋण दिया जाता है। इस योजना के तहत दिए गए ऋण की वसूली जांच टीम की ओर से की गई।
अवैध प्रवासियों को भारत भेजे जाने को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
पाकुड़/संवाददाता। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में अमेरिकी सरकार की ओर से अवैध प्रवासियों को हथकड़ी, पैरों में बेड़ियां बांध कर हिंदुस्तान भेजे जाने के मुद्दे पर बीजेपी की चुपी को लेकर शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन किया। मौके पर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, प्रदेश सचिव सेमिनुल इस्लाम, शाहीन परवेज, कृष्णा यादव, रामविलास महतो, मिर्जाहान विश्वास, होबि शेख, बंसराज गोप, बिलाल शेख, मुखिया आबूताहिर शेख, सेलिम शेख, नजरुल शेख, मिथुन मरांडी, जलालुद्दीन शेख, अंसारुल हक, फारमान अली, सज्जाद मेहरा, जैकी, कमरुल शेख सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।