- अन्य जगहों पर थे प्रतिनियुक्ति
- बेहतर स्वास्थ्य सुविधा बहाल करने की दिशा में हो रही है पहल : डॉ. जियाउल
सारठ/संवाददाता। सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के 14 एएनएम को जिले के अन्य स्थानों पर प्रतिनियुक्त किये जाने से सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य जांच में भारी कमियों को देखते हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ. जियाउल हक ने वरीय पदाधिकारी देवघर सीएस से पत्राचार करने और स्थानीय विधायक द्वारा मिले आश्वासन के बाद सीएस द्वारा आठ एएनएम की प्रतिनियुक्ती समाप्त की गई है और सीएस द्वारा पत्र निर्गत करते ही आठ एएनएम को विरमित भी किया जा चुका है। अब ये सभी एएनएम मूल पदस्थापन संस्थान सारठ सीएचसी में अपना योगदान पुन: करेंगी। इसके लिए चिकित्सा प्रभारी डॉ. जियाउल हक ने सीएस महोदय और स्थानीय विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब बहुत हद तक सारठ सीएचसी के अन्तर्गत सिकटिया, पथरडा, बारापंसारी, सामलापुर, दुमदुमी, बरदेही, सुखजोरा और गोबरशाला के सेन्टरों में स्वास्थ्य सुविधा स्थानीय ग्रामीणों को उपलब्ध हो सकेगा। जबकि अभी भी छह एएनएम बाकी हैं। इसके अलावे एक एम्बुलेंस चालक और तीन चिकित्सा प्रभारी की कमी को दूर करने से सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य सुविधा में आवश्यकतानुसार सुधार दिखने को मिलेगा।
आठ एएनएम जो वर्तमान में विभिन्न संस्थानों में प्रतिनियुक्त थी, उनमें मे से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जसीडीह की अर्चना भारती, किरण कुमारी, संयुक्ता कुमारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पालोजोरी की रेखा कुमारी, किरण कुमारी गुप्ता, निरूलता बेसरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सारवां की शर्मिला कुमारी और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मधुपुर की शांति कुमारी को मूल पदस्थापन संस्थान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सारठ के लिए विरमित किया गया है।
मनरेगा और आवास योजनाओं की बीडीओ ने की समीक्षा
सारठ/संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय के सभागार में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी चन्दन कुमार ंसिह ने प्रखंड के 27वें पंचायतों में चल रहे मनरेगा योजना और प्रधानमंत्री आवास व अबुआ आवास योजना सहित पंचायत स्तर पर अन्य चल रहे सभी योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षोपरांत सभी पंचायत सचिव को निर्माणाधीन आवास योजनओं को ससमय पूरा करने का निदेश दिया गया। साथ ही कहा गया कि जो लाभुक कौताही बरते उसे नोटिस तामिला कराते हुए कार्य में संतोषजनक प्रगति को दिखाते हुए समय पूरा करवाएं। साथ ही लाभुकों से लगातार सम्पर्क बनाये रखें तथा मनरेगा मजदूरी का भुगतान भी समय कराने का निर्देश दिया गया। खासकर मनरेगा योजना के अन्तर्गत वैसे लाभुकों को जिन्हें लम्बे समय तक स्वीकृत योजना को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। मौके पर बीपीआरओ श्रीकांत मंडल, मनरेगा के बीपीओ अक्षय दत्ता, प्रखंड समन्वयक मोहन महरा, सहायक अभियंता, शुभम स्वराज, जेई सिकन्दर सिंह , मनोव्वर आलम, सत्येन्द्र कुमार, हेमंत कुमार हितैषी,, पंचायत सचिव अजहरूल हक, हलदर राणा, संजीत दास, जॉन हेम्ब्रम, अहमद अली समेत अन्य मौजूद थे।
विद्यालय के नए भवन मे लिफ्ट का हुआ शुभारंभ
लिफ्ट का उद्घाटन करते विद्यालय सचिव, प्रधानाचार्य
व अन्य
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के संसाधनों से युक्त नए भवन मे लिफ्ट का उद्घाटन हुआ। कोलकाता लायंस इंटरनेशनल के पूर्व डिस्ट्रक्टि गवर्नर कनक दुग्गड एवं विद्यालय के सचिव राजकुमार कोठारी के कर कमलों से नए लिफ्ट का उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य, दीदी स्वागत दल के भैया बहन और शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मौके पर विद्यालय के सचिव ने बताया कि आधुनिक संसाधनों से युक्त होने के लिए इस लिफ्ट का होना आवश्यक था। विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा ने कहा कि आज हर जगह विकास की बयार बह रही है। इस स्थिति में सभी संसाधनों से युक्त करना भी आवश्यक है। लिफ्ट लगने से शिक्षक और बच्चो सहित अन्य कर्मियों को उपर तल्ला में आने-जाने मे सुविधा होगा। इससे समय की बचत के साथ शारीरिक परेशानी भी कम होगी।
ट्रेन की चपेट मे आने से मजदूर जख्मी
- आरपीएफ की तत्परता से घायल पहुंचा अस्पताल
मधुपुर/संवाददाता। मंगलवार की अहले सुबह मधुपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर ट्रेन की चपेट में आने से 33 वर्षीय मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में उसका बायां पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ऑन ड्यूटी आरपीएफ एएसआई शौकत कमाल, हेड कांस्टेबल जेबी चौरासिया तथा जीआरपी के एसआई पी टोप्पो ने स्थल पहुंचकर घायल मजदूर की हालत देखी। घायल मजदूर ट्रैक पर दर्द से कराह रहा था। वह आरपीएफ को देखते ही मदद की गुहार लगाने लगा। आरपीएफ के अधिकारियों ने तत्काल धायल मजदूर को ट्रैक से हटाया तथा एम्बुलेस बुलाकर अनुमंडल अस्पताल मे भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल मजदूर की पहचान 33 वर्षीय जतराउ राम पिता नेहरू राम झारखंड रांची थाना रातू के गुरुबाजपुर निवासी के रूप में हुई है।
घटना के बाबत बताया जाता है कि वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था इसी बीच आनंद बिहार-मधुपुर हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से घटना का शिकार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गयी है। इधर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ मोहम्मद शाहिद ने बताया कि उसका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। जरूरी दवा दी गयी है। उसे उसे उच्चस्तरीय इलाज की आवश्यकता है।
सत्य पथ पर चलकर समाज सेवा करना ही परम धर्म है : कथावाचक
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल के करौं प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नोनियाटांड़ बाबा दुबे मंदिर में 18 अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलने वाले शतचंडी महायज्ञ में भक्ति का बयार बह रही है। प्रतिदिन भजन प्रवचन प्रोग्राम आयोजन किया गया है। मंगलवार को वृंदावन मथुरा से आये प्रवचन कर्ता देवी मीनू लाडली एवं महेंद्र शास्त्री के प्रवचन से भक्ति का रसपान कराया। कथा वाचक महेंद्र शास्त्री ने कहा कि लोगों को सत्य पथ पर चलकर समाज की सेवा करनी चाहिए। समाज सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। आज हमें दीन-दुखियों की सेवा करनी चाहिए तभी हमारा कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि हम मानव प्राणी को रोजाना भगवान का स्मरण करना चाहिए। भगवान के स्मरण मात्र से ही हमें पुण्य की प्राप्ति होती है। लोगों को सुबह उठकर अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का आशीर्वाद लेनी चाहिए। तभी हमारा कल्याण हो सकता है। मानव जीवन बहुत भाग्य से मिलता है, इसलिए हम सबों को चाहिए कि इसका सदुपयोग करते हुए नित्य प्रभु का स्मरण करें। तभी प्रभु बेड़ा पार करेंगे। वहीं देवी मीनू लाडली ने कहा कि लोग धर्म से विमुख हो रहे हैं आज लोगों को चाहिए कि धर्म पथ पर चलकर अपने माता-पिता की सेवा करनी चाहिए तभी हमारा कल्याण हो सकता है। वही यज्ञ को लेकर रोजाना विभिन्न गांव से हजारों लोग यज्ञ मंडप में पहुंचकर परिक्रमा कर रहे हैं। परिक्रमा देकर अपने-अपने परिवार की मंगल कामना कर रहे हैं। यज्ञ को सफल बनाने में जिला परिषद सदस्य ललन कुमार सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य बलबीर राय, मुखिया गीता देवी, यज्ञ समिति के अध्यक्ष घनश्याम सिंह, उमेश चंद्र पांडे, रीना देवी, उपाध्यक्ष विनोद मंडल, कोषाध्यक्ष भोला राय, नवल किशोर राय, सुमन राय, उत्तम मंडल,मोहन मंडल, प्रकाश रवानी, उमाकांत पांडे समेत ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग कर रहे हैं।
चापानल खराब रहने से पानी के लिए हाहाकार
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। सीमांचल सारवां प्रखंड के लखोरिया पंचायत अंतर्गत देवपहरी गांव में पेयजल के लिए लोगों को भारी समस्याओं से जूझना पड रहा है। एक तरफ इस चिलचिलाती धूप व लू ने लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है वहीं गांव के दर्जनों चापानल मरम्मति के अभाव में बंद पड़ा है।
ग्रामीण सुकदेव महतो, फुलेश्वर महतो, रामप्रसाद महतो, मुकुंद राय, भोला मुर्मू व बृहस्पति हाजरा ने बताया कि पाइप के अभाव में गांव के तकरीबन सभी चापानल डेढ़ साल से बंद पड़े हंै। इसकी सूचना हम ग्रामीणों से कई बार पंचायत सचिव व पीएचईडी विभाग को दिया लेकिन अब तक इसी दुरुस्त नहीं कराया गया है। इस संबंध में पीएचईडी के कनीय अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि खराब चापानल की सूची विभाग को प्राप्त हुआ है। सभी चापानलों को जल्द ही दुरुस्त कराया जाएगा।
आग उगलती धूप और प्रचंड गर्मी से लोग हलकान
- तापमान 40 डिग्री के पार, कोलियरी क्षेत्रों में हालात और गंभीर
चितरा/संवाददाता। कोलियरी क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी और आग उगलती धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे हालात और भी भयावह हो गए हैं। सुबह के 9 बजते ही सूरज की तपिश इतनी तेज हो जा रही है कि सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। दोपहर होते-होते गर्मी चरम पर पहुंच जा रही है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। खासकर मजदूर वर्ग और दिहाड़ी कामगारों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। कामकाज ठप होने से उनकी रोजी-रोटी पर भी संकट गहराने लगा है। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को भी गर्मी से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर कोलियरी क्षेत्रों में स्थिति और भी चिंताजनक बनी हुई है। कड़ी धूप और अत्यधिक गर्मी के बीच कोल कर्मियों एवं कैजुअल मजदूरों को काम करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई कार्यस्थलों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कर्मियों में नाराजगी है। मजबूरी में मजदूरों को अपने पैसे से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो रही है। कर्मियों का कहना है कि इतनी भीषण गर्मी में पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव बेहद गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहता है, जबकि शाम ढलते ही थोड़ी राहत मिलने पर लोग बाहर निकलते हैं। अस्पतालों में भी लू और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। चिकित्सकों ने लोगों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल गर्मी बढ़ रही है, लेकिन इस बार स्थिति और भी भयावह है। यदि जल्द ही मौसम में बदलाव नहीं हुआ, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल लोग बारिश या ठंडी हवाओं के इंतजार में आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं।
करोड़ों की बैंक डकैती मामले में मधुपुर पहुंची एमपी पुलिस
- मधुपुर जेल में बंद अपराधियों की ली जानकारी
- एचडीएफसी बैंक डकैती से मिलता जुलता है यह मामला
- 10 टीमें कर रही छापेमारी, बड़े गिरोह की खुलासा का संभावना
मधुपुर/संवाददाता। कई अपराधिक घटनाओं का मधुपुर हॉट स्पाट बनता जा रहा है। चाहे अवैध लॉटरी का धंधा हो या फिर बैंक लूटकांड हो। मधुपुर पुलिस के होश उड़ गए जब मध्य प्रदेश के सिंगरौली पुलिस की टीम 14 करोड़ के बैंक डकैती मामले मे मघुपुर पहुंची। एससपी मऊगंज के नेतृत्व में तीन वाहनो में दर्जनों पुलिस अधिकारियो की टीम मधुपुर थाना पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से उपकारा मघुपुर मे बंद अपराधियों के बारे मे विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक डकैती घटना की जानकारी ली। पुलिस बैंक डकैती कांड के उद्भेदन का प्रयास कर रही है।
क्या है मामला : विगत 17 अप्रैल 2026 को मध्य प्रदेश के सिंगरौली बैढ़न में उपराधियों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में नकाबपोश बाइक सवार अपराधियों ने भीषण बैंक डकैती को अंजाम दिया था। घटना मे अपराधियों ने 20 लाख नगद और सोना लूट कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। पूरी घटना बैंक के सीसीटीवी मे कैद हो गई।
बता दें कि पांच नकाबपोश हथियारबंद अपराधी दिनदहाडे बैंक मे घुसकर बंदूक का भय दिखाकर कर्मचारियों और ग्राहक को बंधक बनाया था। अपराधियों करीब 14 करोड़ की लूट को अंजाम दिया
था। जिसमे 8 किलो सोना और 20 लाख रुपया नगद शामिल है। पूरी घटना को फिल्मी अंदाज में महज 10 से 15 मिनट में अंजाम दिया गया। मामले को उद्भेदन के लिए पुलिस ने 10 टीमें गठित की गयी है। घटना के मास्टर माइंड कमलेश कुमार को बिहार के डेहरी ऑन सोन स्टेशन से गिरफ्तार किया चुका है। उसके पास 15.72 लाख रूपए नगद और कुछ सोना बरामद हुआ था। मधुुपुर एचडीएफसी बैंक डकैती कांड और सिगरौली बैंक डकैती मिलता-जुलता है । इसको लेकर एमपी पुलिस मधुपुर पहुंची है। पकड़े गए आरोपी कमलेश ने पूछताछ मे गिरोह कई लोगों के नाम बताए हैं। जिसमें मुख्य आरोपी बिहार नालंदा के फंटूश उर्फ ननकी, झारखंड गिरीडीह के राजेश कुमार, झारखंड पश्चिमी सिंहभूम के छोटू और पंकज शर्मा शामिल है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए चिह्नित जगहों पर छापेमारी चला रही है।
रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं : बादल पत्रलेख
- सारवां में आयोजित शिविर में 41 यूनिट रक्तदान
सारवां/संवाददाता। बुधवार को प्रखंड सभागार में बीडीओ रजनीश कुमार की देखरेख में प्रखंडस्तरीय ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख सहित बीडीओ रजनीश कुमार, सीओ राजेश साहा बाएओ, बीएचओ डॉ एस टोप्पो बीपीओ के साथ प्रखंड, अंचल, शिक्षा स्वास्थ्य विभाग क्षेत्र के समाजसेवी ग्रामीण, कृषक मित्र, पंचायत सहायक सहित अधिकारी व कर्मियों ने 41 यूनिट रक्तदान कर आम लोगों से भी रक्तदान की अपील की। इस अवसर पर पूर्व कृषि मंत्री ने कहा जिले में सारवां प्रखंड रक्तदान करने में अव्वल रहा। इसके पूर्व जिले के विभिन्न प्रखंडों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जहां नौ यूनिट से 36 यूनिट तक रक्तदान किया गया था। जिले में सबसे अव्वल सारवां प्रखंड रहा। जहां 41 यूनिट रक्तदान किया गया और जरूरतमंद के जान बचाने को लेकर अन्य लोगों से भी रक्तदान दान की अपील की गयी। श्री पत्रलेख ने कहा कि वह अपने जीवन काल में पिछले 25 वर्षों से यह पुनीत कार्य करते आ रहे हैं। आम युवा और छात्रों से भी रक्तदान करने की अपील की। कहा खून सभी को दान देना चाहिए ताकि किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सके। बीडीओ रजनीश कुमार ने कहा कि आए दिन दुर्घटना में शिकार हुए मरीजों की खून की कमी के कारण जान चली जाती है। वैसे जरूरतमंदों को खून की कमी को पूरा किया जा सके और समय पर उनकी जान बचाई जा सके। इसे लेकर प्रखंड के जनप्रतिनिधि ग्रामीण अधिकारी व कर्मियों के सहयोग से यह कैंप को सफल बनाया जा सका। मौके पर सीओ राजेश कुमार साहा, बीएओ विजय कुमार देव, बीएचओ सुनील टोप्पो, बीइइओ अमिताभ झा सीएचसी प्रभारी डॉक्टर बीके सिन्हा, डॉ हर्ष आर्यन रेडक्रॉस सोसाइटी के पीयूष जायसवाल, समाज सेवी चिरंजीव कुमार, रक्तदान महादान समिति सारवां के शंभु यादव, यदुमनि तांती, परशुराम वर्मा सहित जिला स्वास्थ्य विभाग के पूर्णिमा कुमारी, दीपा कुमारी, कविता मंडल, मीना कुमारी, लैब टेक्निशियन, अनिल रजक, कमलेश कुमार, अशोक राय सहित विभिन्न पंचायतों के पंचायत सहायक और कर्मी मौजूद थे।
सड़क दुर्घटना में एक घायल
सारवां/संवाददाता। देवघर-सड़क मुख्य पथ स्थित सारवां तीरनगर मोड पर देवघर से सारठ की ओर जा रहे सारठ जेएसएलपीएस के बीपीएम विधु शेखर झा को मैजिक वाहन द्वारा चकमा दे दिए जाने के कारण मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ जाने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और कर्मियों के सहयोग से घायल को इलाज के लिए सारवां सीएचसी लाया गया। ऑन ड्यूटी चिकित्सक द्वारा उसे भर्ती कर प्राथमिक उपचार किया गया एवं बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया।
चितरा कोलियरी को मिली नई ताकत: 4.5 करोड़ की लागत से आया बीडी-155 डोजर
- जीएम ने किया उद्घाटन
चितरा/संवाददाता। एसपी माइंस चितरा कोलियरी को अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित एक और बड़ी सौगात मिली है। लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बीईएमएल कंपनी की बीडी-155 मॉडल की नई डोजर मशीन को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ बुधवार को चालू किया गया। इस नई मशीन के आगमन से कोलियरी में उत्पादन और डिस्पैच कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पूजा-पाठ का आयोजन पंडित भुवनेश्वर पांडेय द्वारा संपन्न कराया गया, जिसके बाद कोलियरी के महाप्रबंधक मदन मोहन कुमार ने नारियल फोड़कर मशीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
महाप्रबंधक मदन मोहन कुमार ने कहा कि यह अत्याधुनिक डोजर कोल डंप एवं ओबी डंप में उपयोगी साबित होगा, जिससे कोयला उत्पादन और डिस्पैच में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि यह मशीन आधुनिक सेंसर तकनीक से लैस है, जो सुरक्षा मानकों को और मजबूत बनाती है। विशेष बात यह है कि आग लगने की स्थिति में यह डोजर स्वत: नियंत्रण करने में सक्षम है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
उन्होंने आगे बताया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए दो फॉग कैनन भी मंगाई गई हैं, जिन्हें जल्द ही चालू किया जाएगा। इससे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक पहल होगी। मौके पर राजकुमार खान (प्रबंधक), एसएन महापात्रा (महाप्रबंधक उत्खनन), आशीष मिश्रा क्षेत्रीय प्रबंधक (एचआर), अभिजीत दास (क्षेत्रीय अभियंता सिविल), प्रत्यूष यादव (एएफएम), एरिया इंजीनियर ललित यादव, हरखनाथ (सेफ्टी प्रबंधक), उदय कुमार (वर्कशॉप इंचार्ज), प्रेम संजीत सांगा (डोजर इंचार्ज), गौतम कुमार (सहायक प्रबंधक) के अलावा भागवत चौधरी, चंद्रशेखर चौधरी, परेश महतो, दिलीप कुमार झा एवं बीईएमएल के सर्विस इंजीनियर दीपक भगत सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
चयनित अगुआ साथियों को दिया गया प्रशिक्षण
मारगोमुंडा/संवाददाता। पंचायत भवन पंदनिया में बुधवार को प्रेरणा भारती के संभवा कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को ग्राम सभा का महत्व ग्राम, सभा की योजनाओं की निगरानी में भूमिका व ग्राम पंचायत विकास योजना की पोर्टल से जानकारी देने के उद्देश्य से पंचायत चयनित अगुआ साथियों को दो दिवसीय का किया गया। इस दौरान समन्वयक अरुण कुमार निर्झर ने एक केस स्टडी के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन में निगरानी के महत्व को रेखांकित किया।साथ ही मेरी पंचायत एप के माध्यम से ग्राम पंचायत विकास योजना से संबंधित सूचनाओं देखने एवं क्षेत्र सत्यापित करने की जानकारी प्रदान की।कहा यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीणों को जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा। इस प्रशिक्षण में केंदुआटांड़, द्वारपहाड़ी, नई चिहुंटियां,पुरानी चिहुंटियां व पंदनिया से पांच अगुआ साथी एवं 12 सहयोगी सहित कुल 17 व्यक्ति उपस्थित थे।मौके पर माया देवी, अफताब आलम और संतोषी कुमारी आदि मौजूद थे। प्रशिक्षण के दूसरे दिन जल के महत्व, जल जीवन मिशन के उद्देश्य प्रक्रिया और स्थिति पर चर्चा करने की जायेगी।