मोहनपुर/संवाददाता। घोरमारा मंडल कार्यालय चौपामोड़ में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं एक बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शांति देवी ने की। बैठक में प्रखंड कार्यकाल में आगामी बुधवार को हेमंत सरकार द्वारा किसानों के साथ धोखेबाजी, प्रखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार, दलाल व्यवस्था, गरीबों के हक की लूट और विकास कार्यों में भारी अनियमितता के विरोध में भाजपा द्वारा राज्यस्तरीय एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। मोहनपुर हाट से प्रखंड कार्यकाल तक पैदल यात्रा निकाली जाएगी। विरोध प्रदर्शन में मंडल में वास करने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं पार्टी के पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्ष, युवा साथी एवं किसान भाई अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। बैठक में प्रकाश मंडल, राजेंद्र यादव, बुधन सिंह, तारानी महतो, जय कुमार महतो, बलवंत सिंह, गणेश राय, भुवनेश्वर मंडल, कार्तिक मंडल, श्रीदाम मंडल, रोहित कुमार दास, मनोज मंडल आदि उपस्थित थे।
ट्रेनिंग पार्क को बेहतर और आधुनिक बनाया जाएगा : डीआरएम
- स्काउट्स एंड गाइड्स का राज्यस्तरीय पुरस्कार प्रशिक्षण शिविर शुरू
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय बावनबीघा स्थित स्टैंड ट्रेनिंग पार्क में सोमवार को पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स के लिए राज्य स्तरीय पाँच दिवसीय पुरस्कार प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य ने किया। यह शिविर आगामी 18 मई से 22 मई तक चलेगा। मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआरएम संग्रह मौर्य ने कहा कि शिविर में शामिल प्रतिभागी काफी उत्साहित है। प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा उनको ट्रेनिंग दी जा रही है। शिविर अच्छा चल रहा है। यहां बच्चे आत्म विश्वास, क्षमता, और निर्णय लेने की शक्ति योग्यता पर अटूट विश्वास है। शिविर में बच्चों को किसी विषम परिस्थिति में कैसे समस्या का समाधान करना है इसकी जानकारी दी जा रही है। बच्चों में प्रतिभा की कमी नही है। सभी आत्म विश्वास के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं। डीआरएम ने कहा आशा करते है अगला शिविर इससे बेहतर होगा। ट्रेनिंग पार्क को और बेहतर और आधुनिक बनाया जाएगा।
बता दें कार्यक्रम के सुचारू और सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए, पूर्वी रेलवे के आठ जिलों के कुल 207 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स 28 स्टाफ सदस्यों और 58 यूनिट लीडरों, क्वार्टर टीम के सदस्यों, सर्विस रोवर्स, रेंजर्स के साथ प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे हैं। प्रवेश, कानून, वादा, मैपिंग, प्राथमिक चिकित्सा और पायनियरिंग को कवर करने वाली विभिन्न लिखित परीक्षाएं आयोजित की गई हैं। इसके अलावा, विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक परीक्षण आयोजित किए जा रहे हैं यह शिविर के अंतिम दिन तक जारी रहेगा। शिविर में प्रतिभागियों को सीएमएम सुधीर कुमार शर्मा, जिला आयुक्त स्काउट बेनित भगत, और सीनियर डीईएन- 3 की उपस्थिति में सम्मानित किया गया।
लायंस क्लब ने दो मंदिरों में लगवाया वाटर चिलर मशीन
मधुपुर/संवाददाता। अनुराग गुटगुटिया वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा प्रदत्त एवं लायंस क्लब के सहयोग से दो वाटर चिलर मशीनों का विधिवत उद्घाटन सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने किया। इनमें से एक मशीन बाभनगामा चौक स्थित शीतला मंदिर परिसर में तथा दूसरी सारठ चौक स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित किया गया।
विधायक ने कहा कि मशीन लग जाने से मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजनों को भीषण गर्मी के दौरान शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। कहा कि इस प्रकार की जनकल्याणकारी पहल समाज के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने इस कार्य के लिए अनुराग गुटगुटिया वेलफेयर ट्रस्ट एवं लायंस क्लब की सराहना की। क्लब के अध्यक्ष लायन प्रेम पाठक ने कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य लोगों के जीवन में वास्तविक राहत पहुंचाते हैं तथा क्लब भविष्य में भी इसी प्रकार की जनहितकारी पहल निरंतर करता रहेगा।
उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे आमजन को काफी सुविधा मिलेगी। अब गर्मी के मौसम में उन्हें आसानी से ठंडा पानी उपलब्ध हो सकेगा।
मौके पर लायंस क्लब के सचिव लायन विजय आनंद लच्छीरामका, संयुक्त सचिव लायन राजेश तिवारी, कोषाध्यक्ष लायन रामानुज मिश्रा, लायन विनोद लच्छीरामका सहित बाभनगामा एवं सारठ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
स्कूली बच्चों के बीच हुआ बैग व किताब का वितरण
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड अंतर्गत विद्यालयो मे किताब एवं बैग का वितरण किया गया। सोमवार को प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय सियाकनारी में विद्यालय में पठन पाठन करने वाले छात्र-छात्राओं के बीच विद्यालय के प्राधनाध्यापिका पुष्पा देवी ने पुस्तक एवं बैग का वितरण किया। वही उत्क्रमित मध्य विद्यालय कसैया मे बैग का वितरण किया गया। बैग मिलने से छात्र-छात्राओं में हर्ष व्याप्त है। इस अवसर पर विद्यालय के वर्ग प्रथम से लेकर पंचम तक के बच्चो के बीच बैग वितरण एवं वर्ग प्रथम, तृतीय, चतुर्थ, एवं पंचम वर्ग के छात्राओं के बीच किताब का वितरण किया गया। बताया जाता है कि वर्ग 2 के छात्र-छात्राओं को परियोजना द्वारा पुस्तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापिका पुष्पा देवी ने सभी छात्र-छात्राओं से कहा कि वह नियमित रूप से बैग एवं किताब लेकर साफ-सुथरा विद्यालय आए। ताकि उनको सही ढंग से शिक्षा का लाभ दिया जा सके। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अंजली देवी, उपाध्यक्ष प्रतिमा देवी, भुकरू रजवार, सूरज रजवार, सुपारी रजवार, वासुदेव रजवार, कौशल्या देवी सीता देवी, माधव रवानी, अनिता देवी, सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
बैंक के रिकवरी एजेंट के आंखों में मिर्ची पाउडर छिड़कर छिनतई
- बाइक पर सवार थे दो अपराधी
सारवां/संवाददाता। थाना क्षेत्र के नारंगी पंचायत अंतर्गत भैयाडीह जंगल में बंधन बैंक के रिकवरी एजेंट से मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बैग छीन लिया। जिसमें 20680 नगदी और विभिन्न कागजात लेकर फरार हो गए। इस संबंध में रिकवरी एजेंट सारठ थाना क्षेत्र के मंझीलाडीह गांव निवासी किशन कुमार रवानी ने सारवां थाने में आवेदन देकर कहा कि सोमवार को समय करीब 10 बजे के करीब पहरीडीह गांव से ऋण के राशि का कलेक्शन कर वापस अपने शाखा बंधन बैंक की ओर आ रहे थे। इसी बीच भैयाडीह और नारंगी गांव के बीच स्थित वन विभाग के जंगल में मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर छिड़क दिया और बैग छीन लिया। बाइक की डिक्की की भी तलाशी ली गई। बैग् में 20680 रुपए, एक टैब समेत कई कागजात थे जो लेकर फरार हो गये। पीड़ित के आवेदन पर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।
सहरजोरी में बह रही है भक्ति रस की अविरल धारा
- कथा श्रवण से भाव विभोर हुए श्रद्धालु
- कथा श्रवण को पहुंचे संत समाज, विधायक, महापौर एवं पूर्व विधायक
चितरा/संवाददाता। सहरजोरी शिव मंदिर प्रांगण स्थित ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन रविवार रात्रि में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा व्यास ने अपने ओजस्वी प्रवचन से उपस्थित श्रद्धालुओं को कृष्ण प्रेम और भक्ति के महत्व से अवगत कराया। कथा स्थल पर देर रात तक श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कथा का रसपान करते रहे।
कथा के दौरान व्यासपीठ से कथा वाचक कुलदीप कृष्ण जी महाराज ने कहा गया कि मानव का हृदय अलौकिक है, लेकिन मन के भीतर जमा विकार और मैल उसे ईश्वर से दूर कर देते हैं। इस मन रूपी दर्पण को साफ करने के लिए केवल कृष्ण प्रेम और सच्ची भक्ति ही सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन संतों के चरणों की धूल भी मनुष्य के जीवन को पवित्र बना देती है। संतों का संग और श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के भीतर छिपे अहंकार, क्रोध, लोभ और मोह को धीरे-धीरे समाप्त कर देता है। कथा व्यास ने भावुक शब्दों में कहा कि मन के मैल को हटाने के लिए कृष्ण प्रेम की आग आवश्यक है। जब तक मनुष्य अपने भीतर भक्ति की ज्योति प्रज्ज्वलित नहीं करता, तब तक उसे आत्मिक शांति की अनुभूति नहीं हो सकती। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान करते हुए कहा कि यदि जीवन में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन होना है, तो श्रीमद् भागवत की शरण में जाना होगा। भागवत कथा का प्रत्येक प्रसंग मनुष्य के जीवन को नई दिशा देने का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को परमात्मा से जोड़ने का सेतु है। कथा का प्रवाह जिस प्रकार निरंतर बहती गंगा की धारा की तरह मन को निर्मल करता है, उसी प्रकार कथा श्रवण से मनुष्य के भीतर कृष्ण भक्ति स्वत: जागृत होने लगती है। जब भक्त का मन पूर्ण रूप से भगवान में समर्पित हो जाता है, तब स्वयं भगवान उसके हृदय में निवास करने लगते हैं। सच्चे भक्त का हृदय ही भगवान का सबसे प्रिय धाम बन जाता है। इस अवसर पर कथा श्रवण के लिए स्वामी श्री गौरवानन्द जी महाराज, धनबाद की भाजपा विधायक रागिनी सिंह, धनबाद महापौर संजीव सिंह, गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल सहित कई गणमान्य लोग सहरजोरी पहुंचे। सभी अतिथियों ने कथा का श्रवण कर आयोजन की सराहना की। वहीं कथा मंच से कथा वाचक कुलदीप कृष्ण जी महाराज एवं पूर्व मंत्री रणधीर सिंह द्वारा आगंतुक अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से अतिथियों का अभिनंदन किया। कथा के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु ‘राधे-राधे’ और ‘हरे कृष्ण’ के जयकारों से झूम उठे। महिलाओं एवं युवाओं की बड़ी संख्या कथा स्थल पर उपस्थित रही। दूसरे दिन की कथा ने श्रद्धालुओं के मन में आध्यात्मिक चेतना का संचार कर दिया और पूरा सहरजोरी क्षेत्र कृष्णमय वातावरण में डूबा नजर आया। इस अवसर पर काफी संख्या में श्रद्धालुगण मौजूद थे।
लाभुकों के बीच एमएमडीपी किट और फुटवेयर का वितरण
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुशमाहा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ ब्रजकिशोर सिन्हा की देखरेख में सोमवार को लिम्फेटिक फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत एमएमडीपी एवं एमसीआर फुटवेयर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांव से पहुंचे ग्रामीण क्षेत्र के लाभुकों के बीच कुल 16 को एमएमडीपी किट और बीच विशेष एमसीआर फुटवेयर का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को किट के उपयोग, पैरों की नियमित सफाई, सूजन की उचित देखभाल तथा फुटवेयर पहनने के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रदर्शन के माध्यम से देकर जागरूक किया गया। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को लिम्फेटिक फाइलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए अपने आस पास स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के साथ सप्ताह में एक वार विशेष साफ-सफाई करने के साथ मच्छरदानी का नियमित प्रयोग करने की अपील की गई ताकि फाइलेरिया जैसे भयावह बीमारी से बचाव हो सके। इस दौरान बीमारी के शिकार लोगों को समय पर उपचार कराने को लेकर जागरूक किया गया कार्यक्रम के संचालन में मलेरिया निरीक्षक मनोज कुमार पांडेय, पिरामल के कार्यक्रम पदाधिकारी सागर साव सीएचओ कुमारी प्रियंवदा एएनएम पूनम यादव सहिया साथी सुनीता देवी के साथ सहिया,लाभुक सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
एक बार फिर ब्लास्टिंग के कारण उड़े पत्थरों से आक्रोशित हुए ग्रामीण
- ठप कराया खनन कार्य, वार्ता बाद हुआ चालू
चितरा/संवाददाता। एसपी माइंस चितरा कोलियरी के तुलसीडाबर पैच में एक बार फिर ब्लास्टिंग के दौरान उड़कर आए पत्थरों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेज धमाके के साथ पत्थर गांव के घरों और आसपास के क्षेत्रों में गिरने लगे, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज ग्रामीण उग्र हो उठे और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए तुलसीडाबर पैच का खनन कार्य बंद करा दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रबंधन सुरक्षित ब्लास्टिंग कराने में विफल साबित हो रहा है। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। घटना के बाद महिलाएं और बच्चे भयभीत हो गए तथा ग्रामीण बड़ी संख्या में खदान क्षेत्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए चितरा कोलियरी के अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी, प्रबंधक राजकुमार, प्रबंधक हरकनाथ, सिक्योरिटी इंचार्ज मोहम्मद इम्तियाज एवं सीआईएसएफ जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया और भविष्य में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करते हुए नियंत्रित एवं सुरक्षित ब्लास्टिंग कराने का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद बंद पड़े खनन कार्य को पुन: चालू कराया गया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व भी इसी पैच में ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर उड़कर घरों तक पहुंच गए थे। उस समय प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच बैठक कर सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा ऐसी घटना दोबारा नहीं होने देने का भरोसा दिया गया था। लेकिन पुन: घटना होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई और ब्लास्टिंग के दौरान सावधानी नहीं बरती गई, तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
लाभुकों के बीच बकरा-बकरी का वितरण
मारगोमुंडा/संवाददाता। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत सोमवार को पशु चिकित्सालय मार्गोमुंडा प्रांगण में लाभुकों के बीच पशु चिकित्सक पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार दास और प्रमुख प्रतिनिधि नेमूल हुसैन की देखरेख में लाभुकों के बीच बकरा और बकरी का वितरण किया। साथ ही दवाई भी दिया गया। मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि नेमूल हुसैन ने कहा कि सरकार द्वारा लाभुकों को स्वरोजगार हेतु मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत बकरा-बकरी दिया जा रहा जिनसे वे अपनी आजीविका को बढ़ा सकेंगे। कहा जिन लाभुकों को बकरा और बकरी योजना के तहत मिला है वे उन्हें बेहतर देखभाल करें और अपने स्वरोजगार को बढ़ाएं। वहीं पशु चिकित्सा पदाधिकारी ने लाभुकों से कहा बकरा और बकरी के स्वास्थ्य में किसी भी तरह की परेशानी हो तो तुरंत संपर्क करें। मौके पर राजेश कुमार, पुरण राउत, बबलू कुमार, सुदर्शन यादव सहित दर्जनों लाभुक मौजूद थे।
विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत सहायक शिक्षकों के सेवा पुस्तिका की हुई जांच
- बहुत जल्द मिलेगा वेतन : बीइइओ
सारठ/संवाददाता। वेतन से वंचित शिक्षकों को जल्द से जल्द वेतन देने को लेकर डीडीओ द्वारा कवायद तेज कर दी गई है। प्रखंड अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत वर्ग 1-5 के 124 तथा वर्ग 6-8 के 6 शिक्षकों के मूल सेवा पुस्तिका से जन्मतिथि एवं योगदान तिथि का मिलान किया जा रहा है। मार्च 2023 से फरवरी 2026 तक के वेतन नामावली की जांच मूल सेवा पुस्तिका से एवं संबंधित बैंक खाते से जांच की गई। जिला शिक्षा अधीक्षक के निर्देश के आलोक में बीइइओ अमिताभ झा द्वारा सेवा पुस्तिका से जन्मतिथि, योगदान तिथि, मूल वेतन, बैंक खाता संख्या एवं आईएफसी कोड का मिलान किया जा रहा है। शिक्षकों के वेतन के संबंध में बीइइओ अमिताभ झा ने बताया कि कुल 130 सहायक शिक्षकों के सेवा पुस्तिका की जांच लगभग पूरी कर ली गई है। बहुत जल्द शिक्षकों का वेतन भुगतान कर दिया जाएगा। मौके पर संदेश वाहक मोहन चंद्र दास, आदित्य कुमार चन्द्रशेखर, विष्णु दास, एकीकृत गृह जिला स्थानांतरण शिक्षक संघ के प्रदेश प्रभारी दिलीप कुमार राय मौजूद थे। प्रदेश प्रभारी श्री राय ने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वेतन देने की दिशा में बीइइओ के पहल की उन्होंने सराहना की है।
पीडीएस डीलरों के साथ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने की बैठक
सारठ/संवाददाता। सोमवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चंदन कुमार यादव ने प्रखंड की सभी पीडीएस डीलरों के साथ बैठक की। इस बाबत उन्होंने कहा कि प्रखंड में योगदान करने के बाद एक साथ सभी डीलरों के साथ समन्वय व चर्चा करने का अवसर नहीं मिला था, इसलिए सभी डीलरों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त किया गया। इस दौरान उन्होंने सभी डीलरों को सभी राशन कार्डधारकों को गुणवत्तापूर्ण पारदर्शी तरीके से ससमय राशन वितरण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर लाभुकों द्वारा अनाज कटौती की शिकायत मिलते रहती है आने वाले दिनों में इसपर पूर्ण प्रतिबंध लगना चाहिए। लाभुकों द्वारा अनाज कटौती की शिकायत मिलने पर संबंधित डीलर के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही। वहीं डीलरों द्वारा गोदाम से समय पर राशन नहीं मिलने की शिकायत की गई। साथ ही डीलरों ने बीते 10 माह से कमीशन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर एमओ ने विभागीय अधिकारियों से सम्पर्क कर यथाशीघ्र कमीशन दिलवाने की बात कही। बैठक में संजीत राय बमशंकर यादव दशरथ मंडल कैलाश दास पांडव राय, अली अहमद, सुरेश चौधरी, अजीत राय, दिलीप चौधरी, अरुण कुमार, राजू चौधरी समेत अन्य कई डीलर मौजूद थे।
विजय दत्ता बने सहायक आचार्य, मिला नियुक्ति पत्र
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी के असना निवासी सह असना स्कूल के सहायक अध्यापक विजय दत्ता ने सोमवार को रांची के प्रोजेक्ट भवन में सहायक आचार्य का नियुक्ति पत्र लिया। विजय दत्ता के सरकारी शिक्षक बनने से पालोजोरी के शिक्षा विभाग ने हर्ष जताया है। नियुक्ति पत्र लेने के बाद अब विजय देवघर जिला कार्यालय में रिपोर्ट करेंगे। यहां से उन्हें स्कूल आवंटित किया जाएगा। विजय के बड़े भाई अजय दत्ता, गांव के सुमित मंडल, बंग समाज के विकास दे, श्रीकांत मंडल, आनन्द दे, विद्यासुन्दर पाल, प्रदीप दे, पिंटू हालदार आदि ने विजय को बधाई दी है।