देवघर/वरीय संवाददाता। देवघर अंजुला मेंशन में बाबा बैद्यनाथ सेवा फाउंडेशन की बैठक बिष्णुकांत झा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से अजीत दुबे, डॉ राजेश राज, पंकज सिंह, गौतम बरनवाल, राजीव रंजन मुख्य रूप से उपस्थित हुए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय दिया गया की गौतम बरनवाल जी को व्यवस्था प्रमुख का दायित्व दिया गया सह व्यवस्था प्रमुख पंकज सिंह को बनाया गया। वंदे मातरम के गीत का 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में एकदिवसीय वंदे मातरम गीत एवं बौद्धिक का कार्यक्रम 22 मई को आंदोलन मेंशन में 11 बजे आयोजित की गई है।
राज्यपाल को झारखंड कुर्मी महासभा ने सौंपा प्रतिभा सम्मान समारोह का निमंत्रण
देवघर/नगर संवाददाता। रांची स्थित झारखंड लोकभवन में राज्यपाल संतोष गंगवार से झारखंड कुर्मी महासभा, देवघर के जिला अध्यक्ष डॉ राजीव रंजन के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर आगामी प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 के लिए औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपा। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में जिला कोषाध्यक्ष विजय कुमार, कार्यक्रम अध्यक्ष बिरजू राउत, युवा कोषाध्यक्ष सिकंदर राउत तथा विष्णु कुमार राउत शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने समाज में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करने तथा प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी राज्यपाल को दी। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल ने झारखंड कुर्मी महासभा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव होती है तथा युवाओं को सही दिशा देने के लिए ऐसे सामाजिक कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। जिला अध्यक्ष डॉ राजीव रंजन ने बताया कि प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का उद्देश्य केवल मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि महासभा लगातार सामाजिक एकता, युवा सशक्तिकरण और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। प्रतिनिधिमंडल की इस मुलाकात को समाज के शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। झारखंड कुर्मी महासभा द्वारा आयोजित होने वाला प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 समाज में नई ऊर्जा और जागरूकता का संदेश देने का कार्य करेगा।
कैलाश फाइटर व बादशाह इलेवन की धमाकेदार जीत
- उज्ज्वल कुमार और हेमंत यादव की शानदार पारियों ने दिलाई जीत, दर्शकों का हुआ भरपूर मनोरंजन
देवघर/संवाददाता। स्थानीय केकेएन स्टेडियम में स्वर्गीय बर्धन खवाड़े ट्रॉफी के सातवें दिन सोमवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दोनों मैचों में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। पहले मुकाबले में कैलाश फाइटर ने राजा कैटरिंग इलेवन को 5 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मैच में बादशाह इलेवन ने पीवीआर पैंथर्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।
उज्ज्वल की कप्तानी पारी से कैलाश फाइटर को मिली जीत : पहले मैच में राजा कैटरिंग इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 8 विकेट पर 123 रन बनाए। अभिषेक ने 44 रन, सिंह सागर ने 33 और मनीष रंजन ने 22 रन का योगदान दिया। जवाब में कैलाश फाइटर की शुरुआत खराब रही, लेकिन कप्तान उज्ज्वल कुमार ने 29 गेंदों पर 64 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला। सुमित कुमार (27) और यश कुमार मिश्रा (20) के सहयोग से टीम ने 10वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर 5 विकेट से जीत दर्ज की।
हेमंत यादव के तूफान में उड़े पैंथर्स : दूसरे मुकाबले में पीवीआर पैंथर्स ने 10 ओवर में 114 रन बनाए, जिसमें प्रभात ने 55 रनों की नाबाद पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बादशाह इलेवन ने आक्रामक बल्लेबाजी की। हेमंत यादव ने मात्र 23 गेंदों पर 69 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 8 छक्के शामिल थे। टीम ने 8.2 ओवर में 2 विकेट खोकर 117 रन बनाते हुए मैच 8 विकेट से जीत लिया।
दर्शकों का हुआ भरपूर मनोरंजन : दोनों ही मुकाबलों में हाई-स्कोरिंग चेज़ देखने को मिला, जिससे स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ। टूर्नामेंट के अगले मुकाबले मंगलवार को इसी मैदान पर खेले जाएंगे।
शिलापट्ट विवाद : पूर्व जिप सदस्य का नाम अंकित करने पर उपायुक्त से शिकायत
चितरा/संवाददाता। थाना क्षेत्र के ठाढी गांव में हाल ही में हुए स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रीता देवी ने उपायुक्त देवघर को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि शिलापट्ट में एक ऐसी महिला का नाम अंकित किया गया है जिसकी सदस्यता पहले ही समाप्त हो चुकी है। दिए गए आवेदन में कहा गया है कि जिला परिषद देवघर के पत्रांक 819, 22 जनवरी 2025 के आदेश के अनुसार जिला परिषद क्षेत्र संख्या 20 को रिक्त घोषित किया गया था। इसके बावजूद बीते 17 मई 2026 को स्थानीय विधायक द्वारा सारठ प्रखंड के ग्राम ठाढी में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान लगाए गए शिलापट्ट में आशा देवी को जिला परिषद सदस्य के रूप में दर्शाया गया। रीता देवी ने आरोप लगाया है कि वर्तमान में जिला परिषद क्षेत्र संख्या 20 रिक्त है तथा संबंधित सदस्य की सदस्यता समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद जानबूझकर नाम अंकित कर आयुक्त संथाल परगना एवं उपायुक्त देवघर के आदेश की अवहेलना की गई है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर संबंधित अधिकारियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि उपविकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद देवघर को भी भेजी गई है।
प्रखंडस्तरीय केसीसी कैंप में सिर्फ तीन बैंकर रहे मौजूद
- पोषक क्षेत्र में है 12 बैंक : बीएओ
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी प्रखंड सभागार में सोमवार को प्रखंड स्तरीय केसीसी कैंप लगाया गया। प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी ऋतु रोशनी की देखरेख में लगाए गए कैंप में पोषक क्षेत्र में कार्यरत 12 बैंकों में से सिर्फ तीन बैंक ने ही शिरकत की।
एसबीआई पालोजोरी, बीओआई पालोजोरी और इंडियन बैंक बेलडीह के प्रतिनिधि ने कैंप में केसीसी के लिए आवश्यक कार्रवाई की। कैंप में कुल 68 आवेदन जमा लिए गए। कैंप में एलडीएम देवघर, बीटीएम, अंचल निरीक्षक, राजस्व कर्मचारी, जनसेवक नरेश बास्की, सुशांत, कृषक मित्र आदि मौजूद थे।
जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं योजना से संबंधित प्रक्रियाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु आज उप विकास आयुक्त कार्यालय के सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण जिला समाज कल्याण शाखा, देवघर के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं तथा संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के संचालन, पोर्टल प्रविष्टि, आवेदन प्रक्रिया, लाभुक स्वीकृति, भुगतान प्रक्रिया एवं अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था, ताकि प्रखंड एवं आंगनवाड़ी स्तर पर योजना का सुचारू एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही यह निर्देश दिया गया कि जांच के 30 दिनों के भीतर लाभुकों का पंजीकरण एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाए, ताकि लाभ समय पर प्रदान किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा योजना के विभिन्न मॉड्यूल पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। मौके पर आनन्द पांडेय, मुकेश तिवारी, अजय पाठक, नितेश मिश्रा एवं जय प्रकाश भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों से अपील किया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को जमीनी स्तर तक पहुंचाते हुए आंगनवाड़ी सेविकाओं को भी प्रशिक्षित करें, ताकि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समय पर एवं पारदर्शी तरीके से मिल सके।
सड़क दुर्घटना मे उजड़ा एक गरीब का परिवार
- अनाथ बच्चे व विधवा पत्नी सरकारी सहायता को मोहताज
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर प्रखंड अंतर्गत गौनेया पंचायत के बिल्ली गांव निवासी गौरी देवी का परिवार सड़क दुघर्टना मे उजड़ गया। घटना के बाद पीड़ित महिला दो अबोध बच्चे के साथ सरकारी सहायता के दर-दर भटक रही है। यह परिवार बेहद गरीब है,पति मंटू मांझी ही मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घर की छोटी-छोटी जरूरतों से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक की सारी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। गत 15 दिसंबर 2024 को एक सड़क दुर्घटना ने इस परिवार की पूरी जिंदगी उजाड़ दी। अनुमंडल के सिमरा मोड़ के पास मंटू मांझी सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिवार ने गरीबी के बावजूद कर्ज लेकर उनका इलाज कराया। गोरी देवी दिन-रात पति की जिंदगी बचाने के लिए अस्पताल और घर के बीच संघर्ष करती रहीं। बच्चों की आंखों में अपने पिता के बच जाने की उम्मीद थी, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद गत 22 दिसंबर 2024 को मंटू मांझी ने अपने घर पर ही दम तोड़ दिया। पति की मौत के बाद गोरी देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दो छोटे बच्चों के साथ उनका परिवार पूरी तरह असहाय हो गया है। खाने तक की समस्या उत्पन्न हो गई। विधवा गौरी को उम्मीद थी कि सरकार से दुर्घटना मुआवजा मिलेगा और बच्चों का भविष्य किसी तरह संभल जाएगा, लेकिन एक वर्ष तक न कोई जनप्रतिनिधि उनकी मदद के लिए आगे आया और न प्रशासन ने कोई पहल की। निराश होकर गोरी देवी ने समाजकर्मीम संतोष बौद्ध से संपर्क किया और सहायता की गुहार लगाई। परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए आवश्यक दस्तावेज तैयार कराया और गत 9 मार्च 2026 को अंचल कार्यालय सारठ में मुआवजा हेतु आवेदन जमा कराया गया है। अब यह परिवार सरकारी सहायता पाने की आस में उम्मीद लगाए बैठा है।
जनशिकायतों पर मेयर का एक्शन, शिवगंगा से हरिहरबाड़ी तक किया निरीक्षण
- सफाई व्यवस्था, जल निकासी और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम के मेयर रवि कुमार राउत इन दिनों शहर की सफाई व्यवस्था और जनसमस्याओं को लेकर लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। सोमवार को उन्होंने नगर निगम कर्मियों, स्थानीय पार्षद प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ नगर क्षेत्र के कई इलाकों का निरीक्षण कर जनशिकायतों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान का निर्देश दिया। सबसे पहले मेयर ने शिवगंगा श्मशान घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां यत्र-तत्र फैले कचरे और शव यात्रा में उपयोग किए गए सामग्रियों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। सफाई निरीक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि श्मशान घाट परिसर की प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा उपयोग के बाद बची सामग्रियों का नियमित निष्पादन किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके बाद मेयर ने शिवगंगा तालाब का निरीक्षण किया। जल में फैली गंदगी और सफाई कार्य में लापरवाही पर उन्होंने संवेदक फेट इंफ्रा के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना के हड़ताल पर जाने से सफाई व्यवस्था बाधित हुई है, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने तत्काल जल में फैली गंदगियों को हटाने और नियमित सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में मेयर शिवगंगा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी पहुंचे। यहां उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए इसे प्रतिदिन सुचारु रूप से संचालित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिवगंगा में आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान और पूजा के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद मेयर ने हरिहरवाड़ी क्षेत्र का दौरा किया, जहां नाली पर अतिक्रमण के कारण जल-जमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा निर्माणाधीन बड़े नाले के माध्यम से क्षेत्र की जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि लोगों को जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद थे।
सांसद आवास में खेल प्रतिभाओं का भव्य सम्मान
- सांसद निशिकांत दुबे ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और दो लाख रुपये देकर बढ़ाया हौसला
देवघर/नगर संवाददाता। धार्मिक नगरी देवघर में सोमवार का दिन खेल प्रतिभाओं के सम्मान के नाम रहा। शहर के विलियम्स टाउन स्थित शिवधाम सांसद आवास में आयोजित भव्य समारोह में अंतरराष्ट्रीय गोल शॉट बॉल खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी, अंगवस्त्र और नकद पुरस्कार राशि देकर उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे समारोह के दौरान शिव धाम परिसर तालियों, उत्साह और देशभक्ति के जज्बे से गूंजता रहा। समारोह में सांसद निशिकांत दुबे ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि अब देवघर केवल आस्था और अध्यात्म का केंद्र नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं की नई पहचान भी बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद झारखंड के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे राज्य और देश के लिए गर्व की बात है। सांसद ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए कुल दो लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर जोरदार तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर झारखंड गोल शॉट बॉल संघ के सचिव और भारतीय टीम के कोच राजेश रंजन को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने और खेल को नई पहचान दिलाने में उनके योगदान की जमकर सराहना हुई। सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे एक समर्पित कोच की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि राजेश रंजन ने झारखंड की प्रतिभाओं को वैश्विक मंच तक पहुंचाकर पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है।
इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया झारखंड का मान : सम्मानित खिलाड़ियों में साक्षी भारद्वाज, रॉशन कुमार, अविनव कुमार, रोहित कुमार, आयुष रंजन, विश्वास कश्यप और आयुष संतोषी शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और झारखंड का नाम रोशन किया है।कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का संदेश है। समारोह में मौजूद युवाओं और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
खेल और सम्मान का बना यादगार आयोजन : समारोह में देवघर जिला गोल शॉट बॉल संघ के अध्यक्ष रितुराज, प्रदेश सचिव मनीष सिंह, अतिरिक्त सचिव बमबम दूबे, कार्यकारी सदस्य सौरभ राय, नीरज प्रकाश, अमित ठाकुर और आशीष सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। खिलाड़ियों ने सांसद निशिकांत दुबे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आया है। शिव धाम में आयोजित यह समारोह केवल खिलाड़ियों के सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह उस नए झारखंड की तस्वीर बनकर सामने आया जहां प्रतिभाओं को पहचान, सम्मान और आगे बढ़ने का मजबूत मंच मिल रहा है।