- पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख की अगुवाई में रन फॉर यूनिटी का आयोजन, दौड़ प्रतियोगिता से निखरेगी ग्रामीण प्रतिभा, विजेताओं को मिलेंगे रनिंग शूज
देवघर/ नगर संवाददाता। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को जिले के सारवां में दौड़ेगा सारवां, बढ़ेगा सारवां कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। एक भारत, श्रेष्ठ भारत और रन फॉर यूनिटी के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और समरसता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। झारखंड सरकार के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख की अगुवाई में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेल, अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों ने प्रखंडवासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
युवाओं को सही दिशा और अवसर देना जरूरी : बादल पत्रलेख
पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि युवा किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन कई बार उचित अवसर और संसाधनों के अभाव में बच्चे अपनी क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि युवाओं को सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाए। खेलकूद से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष करने की क्षमता और सामूहिकता की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश देता है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाते हुए क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करने के लिए आगे आना चाहिए।
दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को मिलेगा प्रोत्साहन : कार्यक्रम के तहत दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। मां तुतरांचल फिजिकल एकेडमी की ओर से पांच किलोमीटर की दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को रनिंग शूज देने की घोषणा की गई है। वहीं, बालिका वर्ग की 1600 मीटर दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली प्रतिभागियों को भी रनिंग शूज देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेल के प्रति आकर्षित करना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देना है। विशेष रूप से बालिकाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने से खेल के क्षेत्र में उनकी रुचि और आत्मविश्वास बढ़ने की उम्मीद है। आयोजकों का मानना है कि उचित प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
समृद्ध झारखंड, सशक्त झारखंड का संदेश : आयोजन समिति प्रखंडवासी के अनुसार दौड़ेगा सारवां, बढ़ेगा सारवां केवल दौड़ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को विकास, एकता और सकारात्मक सोच से जोड़ने का प्रयास है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि सामूहिक प्रयास, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। आयोजकों ने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना और उनकी प्रतिभा को पहचानना समाज की जिम्मेदारी है। खेल के माध्यम से युवाओं को एकजुट कर उनमें राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत की जा सकती है। समिति ने सारवां प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन युवाओं में नया उत्साह भरने के साथ सारवां की सकारात्मक पहचान को भी मजबूत करेगा।
बिजली चोरी के आरोप में पांच लोगों पर मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
देवघर/संवाददाता। विद्युत ऊर्जा चोरी के खिलाफ चलाए गए छापेमारी अभियान में पांच लोगों को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए जाने के बाद नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विद्युत विभाग की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, देवघर की ओर से 28 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक छापेमारी अभियान चलाया गया। सहायक विद्युत अभियंता लव कुमार के लिखित प्रतिवेदन के अनुसार, टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान पांच लोगों को बिजली चोरी करते पाए जाने का आरोप लगाया है। विभाग के अनुसार, ओम साईं कॉलोनी, कालीबाड़ी, सिंघवा निवासी निवास पांडेय को बिना कनेक्शन एलटी लाइन से टोका फंसाकर व्यावसायिक परिसर में बिजली का उपयोग करते पाया गया। इस मामले में 95,92,200 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि निर्धारित की गई है। मठबाड़ी, बैलाबगान निवासी खुशबू कुमारी पर मीटर से पहले सर्विस तार काटकर मीटर बाइपास कर बिजली उपयोग करने का आरोप है। विभाग ने उनके मामले में 93,18,300 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि बताई है। इसी मोहल्ले के हृदय नारायण पर भी मीटर बाइपास कर बिजली उपयोग करने का आरोप है। उनके मामले में 31,06,100 रुपये की क्षतिपूर्ति और 27,92,000 रुपये बकाया बताया गया है। वहीं, अंडा पट्टी, श्यामगंज रोड निवासी मो. अब्दुल गफ्फार और प्रदीप केशरी पर विद्युत कनेक्शन कटने के बावजूद एलटी लाइन से टोका लगाकर व्यावसायिक परिसर में बिजली उपयोग करने का आरोप है। दोनों के मामलों में विभाग ने अलग-अलग क्षतिपूर्ति और बकाया राशि निर्धारित की है। छापेमारी के दौरान तार आदि काटकर जब्त किए गए। जब्त सामग्री को सूचीबद्ध कर विद्युत प्रशाखा कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है। सहायक विद्युत अभियंता ने आरोपितों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा 135/138 के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में बड़ी संख्या में शामिल हों कांग्रेसजन : अजय कुमार
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने कांग्रेसजनों से एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने की जरूरत है। उनके अनुसार, केंद्र की भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। अजय कुमार ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के माध्यम से मतदान के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेसजनों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अभियान को मजबूत बनाएं।
वोट बचाओ, देश बचाओ रैली ऐतिहासिक होगी : दिनेश गुर्जर
- वोट बचाओ, देश बचाओ रैली को सफल बनाने में जुटें कार्यकर्ता
देवघर/वरीय संवाददाता। जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के संथाल परगना प्रभारी तथा विधायक दिनेश गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान प्रखंड, नगर एवं मंडल अध्यक्षों के साथ विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, पंचायत एवं वार्ड अध्यक्षों तथा बीएलए-2 के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
दिनेश गुर्जर ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के दौरान कहीं मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, तो कहीं नए नाम जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रभावित मतदाताओं के मुद्दों को सामने लाने और अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए संगठित होकर काम करने की अपील की। बैठक के बाद जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास, विधायक दिनेश गुर्जर और देवघर विधानसभा प्रभारी संजीत कुमार सिंह ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में देवघर जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास ने कहा कि जिले में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की सहायता के लिए प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों, बीएलए-2 तथा नियुक्त प्रखंड प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है। मौके पर प्रदेश सचिव नागेश्वर सिंह, जिला उपाध्यक्ष दिनेशानंद झा, अमरेंद्र कुमार सोना, मकसूद आलम, जिला महासचिव संजीव झा, महेश मणि द्वारी, किशोर कुमार ठाकुर, पंजाबी राउत, बृजभूषण राम, हरे कृष्णा राय, सविता घोष, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष भारद्वाज, गोलू कुमार, राजीव रंजन उर्फ गुलाब यादव, हेमंत चौधरी, समरेश अंसारी, बाबा यादव और अजय कृष्णा भारती सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
मुख्य न्यायाधीश के देवघर दौरे को लेकर न्यायालय में बैठक
- मुख्य न्यायाधीश के आगमन पर दो नवंबर को लगेगा विधिक सेवा एवं सशक्तीकरण शिविर
देवघर/वरीय संवाददाता। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के प्रस्तावित देवघर आगमन को लेकर मंगलवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में उच्चस्तरीय बैठक हुई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन के अवसर पर दो नवंबर 2026 को न्यायालय परिसर में राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद न्यायालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से विधि-व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रूट चार्ट तैयार किया गया है। साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी।
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण : बैठक के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पंडाल और मंच निर्माण की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में जिले के न्यायाधीशों, अपर समाहर्ता तथा वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क
- जेटेट परीक्षा के लिए देवघर में 35 और मधुपुर में बनाए गए 10 केंद्र
- एक नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा, केंद्रों के 500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एक नवंबर को देवघर और मधुपुर अनुमंडल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रों के 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, देवघर अनुमंडल में परीक्षा के लिए कुल 35 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि मधुपुर अनुमंडल में 10 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
दो पालियों में होगी परीक्षा : उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठ तक की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांच तक की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा : परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत एक नवंबर को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इस दौरान पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एक साथ एकत्रित होने, घातक हथियार एवं आग्नेयास्त्र लेकर चलने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने पर प्रतिबंध रहेगा। अनधिकृत व्यक्तियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा मोबाइल फोन, कैमरा, स्मार्ट वॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर भी रोक रहेगी। निषेधाज्ञा की अवधि में आसपास सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने पर ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए सक्षम अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आदेश का उल्लंघन करने पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हालांकि, शव यात्रा, अस्पताल, धार्मिक स्थल, शैक्षणिक संस्थान, परीक्षार्थियों और परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर यह आदेश प्रभावी नहीं होगा।
आदर्श स्कूल ऑफ ताइक्वांडो के 11 खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट
- ताइक्वांडो के 11 खिलाड़ियों को मिला ब्लैक बेल्ट प्रथम डान
- दक्षिण कोरिया के कुक्कीवॉन से जारी प्रमाणपत्र झारखंड ताइक्वांडो सचिव ने किए प्रदान
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय राज नारायण बोस बंगला लाइब्रेरी में आयोजित कार्यक्रम में आदर्श स्कूल ऑफ ताइक्वांडो के 11 खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट प्रथम डान की उपाधि और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। खिलाड़ियों को यह उपलब्धि बेहतर प्रदर्शन के आधार पर मिली है। जानकारी के अनुसार, तीन महीने पूर्व ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के पर्यवेक्षक ने खिलाड़ियों की परीक्षा ली थी। इसमें शामिल सभी 11 खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए बेहतर अंक हासिल किए। इसके बाद दक्षिण कोरिया स्थित वर्ल्ड ताइक्वांडो मुख्यालय कुक्कीवॉन की ओर से प्रमाणपत्र जारी किए गए। झारखंड ताइक्वांडो के सचिव नीरज कुमार ने खिलाड़ियों को अपने हाथों से ब्लैक बेल्ट और प्रमाणपत्र प्रदान किए। इस उपलब्धि पर उपस्थित प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और अभिभावकों ने उन्हें बधाई दी। ब्लैक बेल्ट प्रथम डान की उपाधि प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में कार्तिक हेम्ब्रम, कनक बरनवाल, तृषा ठाकुर, ऋषभ टुडू, सिद्धी शिवा, गौतम कुमार, न्यासा भारद्वाज, पार्थ कांत, दुननेश्वर चक्रवर्ती, श्रीनीथी मिश्रा और शिवांग राज शामिल हैं। मौके पर देवघर ताइक्वांडो के सचिव रबीउल हुसैन, आदर्श स्कूल ऑफ ताइक्वांडो के प्रशिक्षक चांद अंसारी, महिला प्रशिक्षक आशिका गुप्ता, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राजीव रंजन और दिलीप कुमार सहित अकादमी के खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित थे। इस अवसर पर बताया गया कि तीन और चार अक्टूबर को देवघर में आयोजित छठी झारखंड स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में खेलने का अवसर मिलेगा।
देवघर नगर निगम की बोर्ड बैठक में 15 प्रस्तावों पर मंथन
- छठ घाटों की सफाई से लेकर जोनल कमेटी गठन तक पर चर्चा
- दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर सफाई व विद्युत रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर, पार्षदों ने उठाईं वार्डों की समस्याएं
- अतिक्रमण और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी हुई चर्चा
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम की वित्तीय वर्ष 2026-27 की तृतीय सामान्य बोर्ड बैठक बुधवार को महापौर रवि कुमार रावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कुल 15 प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इनमें पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि, जोनल कमेटी का गठन, दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर शहर की साफ-सफाई तथा छठ घाटों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। बैठक में शहर के विकास, वार्डों की बुनियादी समस्याओं और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान नगरवासियों और श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। छठ महापर्व को देखते हुए घाटों की सफाई, विद्युत रोशनी की व्यवस्था और प्रमुख मार्गों की स्वच्छता को समय पर पूरा करने की जरूरत बताई गई। नगर निगम के सामने पर्व के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के बीच सफाई, प्रकाश और आवागमन की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने की चुनौती है।
पिछली बैठक की संपुष्टि और जोनल कमेटी गठन पर चर्चा : बोर्ड बैठक में कुल 15 प्रस्तावों को चर्चा के लिए रखा गया। इनमें पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि और जोनल कमेटी के गठन से जुड़े विषय प्रमुख रहे। इसके अलावा शहर की साफ-सफाई, विकास योजनाओं तथा नगर निगम की विभिन्न व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई। जोनल कमेटी के गठन को नगर निगम के कामकाज और वार्ड स्तर की समस्याओं के समाधान के लिहाज से महत्वपूर्ण विषय माना जा रहा है। बैठक में रखे गए प्रस्तावों पर चर्चा के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।
छठ घाटों पर सफाई और रोशनी की व्यवस्था प्राथमिकता : दीपावली, काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम की तैयारियों की समीक्षा की गई। छठ घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त विद्युत रोशनी, पहुंच पथों की स्थिति और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। पर्व के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने की आवश्यकता बताई गई। इसके साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों, पूजा पंडालों और विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था बेहतर रखने, कचरे का नियमित उठाव कराने तथा प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। उद्देश्य है कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहर में स्वच्छता बनी रहे।
अतिक्रमण और ट्रैफिक व्यवस्था भी चर्चा में : बैठक के बाद उप महापौर टिप चटर्जी ने बातचीत में शहर की यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या से जुड़े मुद्दों पर जानकारी दी। देवघर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में आवागमन को सुचारू बनाए रखना महत्वपूर्ण है। पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही बढ़ने से इन व्यवस्थाओं की अहमियत और बढ़ जाती है। बैठक में वार्डों की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों पर भी पार्षदों ने अपनी बातें रखीं। नगर निगम के विभिन्न भवनों की मरम्मत और जीर्णोद्धार सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
कई पार्षद रहे उपस्थित : बैठक में महापौर रवि कुमार राउत, उप महापौर टिप चटर्जी, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार सहित वार्ड पार्षद मृत्युंजय राउत, अमरेश चौधरी, शैलेश चरण मिश्रा, प्रदीप चौधरी, गोपी कुमार गुप्ता, मंजू कुमारी, कार्तिक यादव, दिलखुश, मोहम्मद सरवर और सोनी केसरी सहित अन्य पार्षद एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पर्व-त्योहारों की तैयारियों के साथ शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। अब इन विषयों पर लिए गए निर्णयों और संबंधित कार्यों के क्रियान्वयन पर नगरवासियों की नजर रहेगी।