देवघर/नगर संवाददाता।
सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा दुष्कर्म के प्रयास के आरोप को लेकर भाजपा ने रविवार को राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। देवघर के टावर चौक पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। वहीं, भाजपा लखोरिया मंडल के कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष सुनील मंडल के नेतृत्व में लखोरिया मोड़ पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। दोनों स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस पुलिस पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी के एक कर्मी पर महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगना चिंताजनक है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसी घटना से आम महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती है।
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़िता को इंसाफ दिलाने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। सरकार को इस मामले में जवाबदेही तय करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। वहीं सारवां प्रखंड के भाजपा लखोरिया मंडल अध्यक्ष सुनील मंडल के नेतृत्व में लखोरिया मोड़ पर हुए प्रदर्शन में भी कार्यकर्ताओं ने महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जरूरी है। टावर चौक पर आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में विजया सिंह, अलका सोनी, संध्या कुमारी सहित भाजपा महिला मोर्चा की अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थीं। वहीं, लखोरिया मंडल के कार्यक्रम में जिला पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, विशेष आमंत्रित सदस्यों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व जिला पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों, मंडल प्रभारियों, मंडल प्रवासियों, संयोजकों, सह-संयोजकों और पार्टी के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
महिला से कथित दुष्कर्म के विरोध में भाजपाइयों ने सीएम का पुतला किया दहन
मधुपुर/संवाददाता।
सरायकेला-गम्हरिया थाना क्षेत्र में महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म के प्रयास की घटना के विरोध में रविवार को भाजपा मधुपुर नगर इकाई ने प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष रवि रवानी के नेतृत्व में स्थानीय गांधी चौक पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर घटना के प्रति विरोध जताया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और आपराधिक घटनाओं के कारण आम लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ छेड़खानी, चेन व मोबाइल छिनतई तथा बैंक डकैती जैसी घटनाओं से लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर जिला उपाध्यक्ष आदर्श उपाध्याय, पप्पू यादव, प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य संजय यादव, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनूप भैया, रविंद्र भैया, अशोक गोंड, विनोद गोंड, सत्यनारायण रवानी, संतोष शर्मा, हेमंत दुबे, मदन यादव, विक्की भारद्वाज, अमिताभ गुप्ता, संजय मिश्रा, शैलेंद्र गौतम, बिट्टू गुप्ता, गोल मोदी, सत्यम भैया, मालती सिन्हा, सपना विश्वकर्मा, प्रियंका मुखर्जी, मधु शर्मा, देवंती, पुष्पा देवी, सुनीता जायसवाल, पंकज दास, नीलम, सुदामा यादव, सुमित यादव, सरोज साह, संजय साव, आनंद यादव, दीपक जायसवाल, अमर शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
धनतेरस पर बुलेट का बढ़ा क्रेज, युवाओं की पहली पसंद बनी रॉयल एनफील्ड
देवघर/नगर संवाददाता।
धनतेरस पर नई बाइक खरीदने की तैयारी में जुटे लोगों के बीच रॉयल एनफील्ड का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है। खासकर युवाओं में बुलेट और क्लासिक मॉडल को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। त्योहार के मद्देनजर देवघर के सारवां रोड में कुंडा थाना के समीप स्थित रॉयल एनफील्ड शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। अब तक शोरूम में करीब 150 बाइक की बुकिंग हो चुकी है। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार मनपसंद मॉडल की बुकिंग करा रहे हैं। शोरूम के संचालक संजीत बरनवाल बताते हैं कि रॉयल एनफील्ड की लोकप्रियता युवाओं के बीच लगातार बढ़ रही है। खासकर धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में नई बाइक घर लाने की परंपरा को देखते हुए ग्राहक पहले से बुकिंग करा रहे हैं। बुलेट की दमदार बनावट, आकर्षक लुक और शानदार राइडिंग अनुभव लोगों को खासा आकर्षित कर रहा है। शोरूम में बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को छठ पूजा के आसपास बाइक उपलब्ध कराने की तैयारी है। शोरूम के प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मात्र 6999 रुपये के डाउन पेमेंट पर बाइक बुकिंग की जा रही है। इसके साथ ही पुरानी बाइक के बदले नई रॉयल एनफील्ड खरीदने के इच्छुक ग्राहकों के लिए आकर्षक एक्सचेंज सुविधा भी उपलब्ध है। इससे ग्राहक अपनी पुरानी बाइक देकर नई बाइक घर ले जाने की योजना बना सकते हैं। शोरूम में 350 सीसी से लेकर 650 सीसी तक की विभिन्न श्रेणियों की बाइक उपलब्ध हैं। इनमें स्टील ब्लैक, बटालियन, स्टैंडर्ड, हंटर, बुलेट, क्लासिक सहित कई लोकप्रिय मॉडल शामिल हैं। मॉडल और वेरिएंट के अनुसार इनकी कीमत करीब 1.37 लाख रुपये से पांच लाख रुपये तक है। ग्राहक अपनी पसंद, जरूरत और बजट के मुताबिक बाइक का चयन कर सकते हैं।
सेल्स से सर्विस तक, एक ही छत के नीचे सुविधा
शोरूम संचालक संजीत बरनवाल ने बताया कि ग्राहकों की संतुष्टि और बेहतर सेवा उनकी प्राथमिकता है। शोरूम में बाइक की बिक्री के साथ सर्विस की सुविधा भी एक ही छत के नीचे उपलब्ध है। अनुभवी तकनीशियनों की टीम बाइक के रखरखाव और मरम्मत के लिए तत्पर रहती है। इससे ग्राहकों को खरीदारी के बाद भी बेहतर सेवा मिलती है। मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के टेलवा क्षेत्र से जुड़े समाजसेवी संजीत बरनवाल अपनी माता स्वर्गीय कमला देवी और पिता अरुण देव लाल से मिले संस्कारों को जीवन का आधार मानते हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में भी उनकी अलग पहचान है। उनका कहना है कि व्यवसाय का उद्देश्य केवल बाइक बेचना नहीं, बल्कि ग्राहकों का विश्वास जीतना और उन्हें संतुष्ट सेवा देना है। धनतेरस के अवसर पर रॉयल एनफील्ड की बढ़ती मांग ने शोरूम में उत्साह का माहौल बना दिया है। आकर्षक मॉडल, बुकिंग और एक्सचेंज की सुविधा के साथ ग्राहक अपनी पसंदीदा बाइक को घर लाने की तैयारी में जुटे हैं।
आरपीएफ ने 2026 में चेन पुलिंग मामले में 313 केस दर्ज कर 309 व्यक्तियों को किया गिरफ्तार
जसीडीह/संवाददाता।
आसनसोल डीविजन के सीनियर आरपीएफ कमांडेंट के दिशा निर्देश पर रेलवे सुरक्षा बल, जसीडीह ने जसीडीह रेलवे स्टेशन पर चेन पुलिंग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वर्ष 2026 में जहां 313 मामले दर्ज किए। वहीं 309 व्यक्तियों की गिरफ्तारी भी की। आरपीएफ से मिली जानकारी अनुसार जसीडीह रेलवे स्टेशन एवं रेलवे क्षेत्र में अनावश्यक रूप से ट्रेन चेन पुलिंग (अलार्म चेन पुलिंग) करने वालों के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल जसीडीह ने वर्ष 2026 के दौरान लगातार विशेष निगरानी एवं अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की गई है। आरपीएफ जसीडीह इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह ने बताया कि अभियान के तहत चेन पुलिंग से संबंधित कुल 313 मामलों को लेकर कार्रवाई की गई। साथ ही 309 व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है कि बिना किसी आपातकालीन अथवा उचित कारण के ट्रेन की चेन न खींचें। अनावश्यक चेन पुलिंग के कारण ट्रेन अपने निर्धारित समय से लेट होती है, जिससे न केवल उस ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है बल्कि पीछे चलने वाली अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित होता है। इससे रेलवे की समयबद्धता एवं परिचालन व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। वहीं आरपीएफ ने यात्रियों से विशेष अपील है कि ट्रेन में केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थिति में ही अलार्म चेन का उपयोग करें। अनावश्यक चेन पुलिंग करना दंडनीय अपराध है और ऐसा करने वालों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। यात्रियों से अनुरोध है कि रेलवे के नियमों का पालन करें और रेल परिचालन को सुचारु बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
आरपीएफ ने दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर चलाया सतर्कता अभियान
जसीडीह/संवाददाता
आसनसोल डीविजन के सीनियर आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ जसीडीह पदाधिकारियों एवं बलों ने दीपावली और छठ पर्व को लेकर विशेष रूप से सतर्कता अभियान चलाया। आरपीएफ से मिली जानकारी अनुसार आरपीएफ जसीडीह इंस्पेक्टर शिव शंकर ने दीपावली एवं छठ के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आरपीएफ सब इंस्पेक्टर पीके राव, एएसआई कुमार साहिल, एएसआई एसके पाठक एवं बलों को जसीडीह स्टेशन एवं प्लेटफार्मों पर विशेष रूप से जांच अभियान को लेकर लगाया गया। इस अभियान के दौरान आरपीएफ पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों ने स्टेशन पर पटाखा और ज्वलनशील पदार्थ के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। ताकि अवैध रूप से ट्रेनों एवं प्लेटफार्मों पर पटाखा एवं ज्वलनशील पदार्थ आदि पर रोक लगाई जाए। साथ ही किसी भी तरह की अप्रिय घटनाएं न हो।
रक्तदान कर 11 नये रक्तदाताओं ने पेश की मानवता की मिसाल, 32 यूनिट रक्त संग्रह
देवघर/नगर संवाददाता।
रक्त का कोई विकल्प नहीं है और किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराना किसी को नया जीवन देने के समान है। इसी मानवीय संकल्प के साथ इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर की ओर से रविवार को पुराना सदर अस्पताल परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 32 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इसकी खास उपलब्धि यह रही कि 11 लोगों ने पहली बार रक्तदान कर मानव सेवा की दिशा में कदम बढ़ाया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। वहीं, जीवन के अंतिम पड़ाव में पहुंच चुके एक वरिष्ठ नागरिक ने भी रक्तदान कर यह संदेश दिया कि मानव सेवा और परोपकार के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती। उनके इस जज्बे की उपस्थित लोगों ने सराहना की। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष डॉ. ममता किरण ने कहा कि रक्तदान केवल कुछ बूंदें रक्त देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसी परिवार को बिखरने से बचाने और किसी के जीवन में उम्मीद कायम रखने का प्रयास है। क्लब का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि जरूरत के समय जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना है। किसी अनजान व्यक्ति को अपने रक्त से नया जीवन देना मानव सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने क्लब की सचिव अर्पणा सिन्हा के प्रति विशेष आभार जताया। उनकी दोनों बेटियों ने स्वयं रक्तदान किया और अपनी एक मित्र को भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया। इसी तरह क्लब की सदस्य प्रीति अग्रवाल की बेटी ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। अध्यक्ष ने कहा कि युवा पीढ़ी का सामाजिक सरोकारों के प्रति बढ़ता जुड़ाव सुखद और प्रेरणादायक है। जब युवा मानव सेवा की जिम्मेदारी उठाते हैं, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव पड़ती है।
युवाओं और शहरवासियों से रक्तदान की अपील
क्लब की ओर से देवघर के सभी स्वस्थ एवं योग्य नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई। सदस्यों ने कहा कि रक्तदान के लिए किसी विशेष अवसर की प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए। हमारा दिया हुआ रक्त किसी अनजान व्यक्ति की जिंदगी बचा सकता है। आज हम किसी की मदद करेंगे तो कल यही मानवीय सहयोग हमारे अपनों के लिए भी जीवन का सहारा बन सकता है। शिविर में सचिव अर्पणा सिन्हा, आईएसओ अर्चना सिन्हा, पूर्व अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष अर्चना भगत, कोषाध्यक्ष चंद्रप्रभा, एडिटर सुषमा रानी, एक्जीक्यूटिव मेंबर नमिता भगत, निशा जायसवाल, निशा गुप्ता, सोनिका चौधरी, श्वेता केसरी, सावित्री गुप्ता, करुणा, प्रीति अग्रवाल, विभा सिंह सहित क्लब की अन्य सदस्य उपस्थित थीं। क्लब ने युवाओं, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों से स्वयं रक्तदान करने के साथ कम से कम एक अन्य व्यक्ति को भी इसके लिए प्रेरित करने का आ”ान किया। सदस्यों ने कहा कि रक्तदान ही जीवनदान है और मानवता की सच्ची सेवा किसी अनजान के जीवन की उम्मीद बनना है।
मोबाइल हैक कर खाते से 60 हजार रुपये उड़ाये
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से 60 हजार रुपये की निकासी किए जाने का मामला सामने आया है। मोबाइल हैक होने के बाद युवक के लिंक बैंक खाते से रकम कटने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही युवक साइबर थाना पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए साइबर ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है। बताया जाता है कि युवक का मोबाइल अचानक हैक हो गया। इसके बाद मोबाइल में खुद ही अपडेट होने लगा। युवक के अनुसार, कुछ पल बाद जब मोबाइल चालू हुआ तो उसके लिंक बैंक खाते से रुपये कटने लगे। खाते से रकम की निकासी की जानकारी मिलते ही वह तत्काल साइबर थाना पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। युवक ने साइबर थाना में आवेदन देकर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही साइबर ठगी के माध्यम से निकाली गई 60 हजार रुपये की रकम वापस दिलाने का आग्रह किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पीएम किसान व आरटीओ चालान का झांसा देकर साइबर ठगी, चार आरोपी गए जेल
देवघर/संवाददाता
पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 31 अक्टूबर को साइबर अपराध के आरोप में चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पथरड्डा ओपी क्षेत्र में संदिग्ध साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी तरीके से एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी, गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर एवं पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बनाए जाने की सूचना मिली थी।
जानकारी के आलोक में की गई छापेमारी के दौरान चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन एवं सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है।
जनसहयोग से सफल हुआ ‘दौड़ेगा सारवां, बढ़ेगा सारवां’ अभियान, बादल ने जताया आभार
देवघर/नगर संवाददाता।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘दौड़ेगा सारवां, बढ़ेगा सारवां’ पांच किलोमीटर मैराथन की सफलता पर पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताया है। उन्होंने सारवां के युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, आयोजन समिति तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया है। बादल पत्रलेख ने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति या टीम की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे सारवां के राज्य की सामूहिक भागीदारी, सहयोग और समर्पण का परिणाम है। धनबाद के महुदा निवासी अजय राय मैराथन में प्रथम स्थान हासिल किया। आप सभी के सहयोग से ही यह कार्यक्रम सफल हो पाया। हर व्यक्ति के मन में कुछ बेहतर करने का जज्बा था। सभी ने अपनी जिम्मेदारी समझी और पूरी निष्ठा से योगदान दिया। इसी सामूहिक प्रयास ने कार्यक्रम को यादगार बनाया। उन्होंने कहा कि बैहराकनारी मोड़ से प्रखंड स्तरीय स्टेडियम तक आयोजित पांच किलोमीटर की मैराथन का उद्देश्य केवल दौड़ प्रतियोगिता कराना नहीं था। इसके माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों, राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और देशसेवा के संकल्प को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने दिखाया कि सारवां की युवा शक्ति समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने के लिए तैयार है।
कबड्डी में जीत ने बढ़ाया सारवां का मान
बादल पत्रलेख ने देवघर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में सारवां की बालक एवं बालिका टीम के विजेता बनने पर खिलाड़ियों को विशेष बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैराथन में युवाओं ने जिस ऊर्जा, अनुशासन और सामूहिकता का परिचय दिया था, उसी जज्बे की झलक कबड्डी के मैदान में भी देखने को मिली। देवघर की टीम को पराजित कर दोनों वर्गों में सारवां की टीम ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया है। यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है। यह अनुशासन, संघर्ष, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और मंच देने की।
युवा शक्ति से बनेगा समृद्ध सारवां और सशक्त झारखंड
बादल पत्रलेख ने कहा कि सारवां को आगे बढ़ाने का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का हर वर्ग एकजुट होकर शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और विकास के कार्यों में भागीदारी निभाएगा। उनका संकल्प है कि युवाओं को सकारात्मक दिशा मिले, स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिले और सामूहिक प्रयास से समृद्ध सारवां, सशक्त झारखंड तथा मजबूत राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जाए। अंत में उन्होंने सभी सहयोगियों का पुन: आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता किसी एक की नहीं, बल्कि सारवां के साथ पूरे झारखंड की है। एकता, सहयोग और सामूहिक संकल्प के साथ हम सभी मिलकर सारवां की प्रगति के साथ राज्य और देश के विकास का सफर आगे बढ़ाएंगे।