- आगेय गांव में जल निकासी की व्यवस्था नहीं, प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग
देवघर/वरीय संवाददाता। मोहनपुर प्रखंड के आगेय गांव के दोनों टोलों में नाली निर्माण के बावजूद जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। नाली का पानी घरों के आसपास जमा हो रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी प्राथमिक विद्यालय आगेय में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों को हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में नाली निर्माण का कार्य तो कराया गया, लेकिन पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई। इसके कारण नाली का पानी आसपास जमा होकर जलजमाव की स्थिति पैदा कर रहा है। ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। वहीं, विद्यालय जाने वाले बच्चों को भी कीचड़ और जमा पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे बच्चों की सुरक्षा के साथ उनकी नियमित पढ़ाई को लेकर भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास योजनाओं का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन जल निकासी की व्यवस्था के अभाव में नाली निर्माण ही परेशानी का कारण बन गया है। नाली निर्माण के साथ पानी की निकासी का स्थायी प्रबंध भी जरूरी है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत चकरमा के जनप्रतिनिधियों, संबंधित पदाधिकारियों और प्रखंड प्रशासन से तत्काल स्थल निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। उनकी मांग है कि जलजमाव दूर करने के साथ प्राथमिक विद्यालय जाने वाले रास्ते को भी आवागमन योग्य बनाया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि गांव का विकास तभी सार्थक होगा, जब बच्चों को सुरक्षित रास्ता मिले और आम लोगों को जलजमाव की समस्या से मुक्ति मिले।
सड़क पर तड़प रहे दो घायलों की डीसी, डीडीसी और एसडीओ ने बचाई जान
- अधिकारियों ने काफिला रुकवाकर निभाई फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका, सरकारी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
देवघर/वरीय संवाददाता। जिला प्रशासन ने प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों की इस पहल से दोनों घायलों को समय पर उपचार मिल सका।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, डीडीसी पीयूष सिन्हा और एसडीओ रवि कुमार देवघर प्रखंड की गिधनी पंचायत में विकास योजनाओं का निरीक्षण करने जा रहे थे। इसी दौरान उनका काफिला केनमन काठी मोड़ से आगे पहुंचा। तभी विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। उनके शरीर से काफी खून बह रहा था। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई, लेकिन घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। इसी बीच उपायुक्त की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और स्वयं वाहन से उतरकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने डीडीसी और एसडीओ को आवश्यक निर्देश दिए। एंबुलेंस की प्रतीक्षा किए बिना दोनों अधिकारियों ने घायलों को सावधानीपूर्वक सरकारी वाहन में बैठाया और जसीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने तत्काल दोनों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दुर्घटना के बाद समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी था। अधिक रक्तस्राव की स्थिति में देरी जानलेवा साबित हो सकती थी। अधिकारियों की इस तत्परता और मानवीय पहल की स्थानीय ग्रामीणों एवं प्रत्यक्षदर्शियों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों ने संकट के समय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दिया है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी से महंगाई का बोझ बढ़ेगा : अजय कुमार
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में की गई बढ़ोतरी का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि गैस की कीमत बढ़ने से आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इसका सबसे अधिक असर निम्न और मध्यम वर्ग के लोगों पर होगा। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक वस्तुओं की कीमतें पहले से ही बढ़ रही हैं। ऐसे समय में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में वृद्धि करना आम लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला कदम है। इसका असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर भी पड़ेगा, जिसका बोझ अंतत: आम उपभोक्ताओं को उठाना पड़ सकता है। अजय कुमार ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण निम्न और मध्यम वर्ग लगातार महंगाई की मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के बीच गैस सिलेंडर महंगा होना लोगों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की। कहा कि सरकार को आम लोगों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि निम्न और मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आर्थिक बोझ से राहत मिल सके।
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत का देवघर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
- जैप जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने किया अभिनंदन
देवघर/वरीय संवाददाता। भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत सोमवार को देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर में जैप-01 के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद एवं न्यायमूर्ति रंगोन मुखोपाध्याय, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश केके झा, झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजन अस्थाना, संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल, डीआईजी अंबर लकड़ा, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा तथा अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्य न्यायाधीश का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा एवं स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई थी। मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
प्रसूता का मोबाइल चोरी, लिंक खाते से 5 हजार रुपये की निकासी
देवघर/संवाददाता
सदर अस्पताल में भर्ती गिरिडीह के गप्पे निवासी प्रसूता खुशबू कुमारी का मोबाइल फोन चोरी होने के बाद उनके लिंक खाते से 5 हजार रुपये की अवैध निकासी किए जाने का मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी की घटना एक नवंबर को हुई थी। इस संबंध में प्रसूता की ओर से बैद्यनाथधाम ओपी में मोबाइल चोरी की शिकायत दी गई है।मोबाइल चोरी होने के बाद खाते से रुपये निकासी की जानकारी मिलने पर मामले की गंभीरता और बढ़ गई। बताया गया कि मोबाइल से लिंक खाते से 5 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। इसके बाद खुशबू कुमारी रुपये की निकासी से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए दो नवंबर को साइबर थाना पहुंचीं। साइबर थाना पुलिस से मामले की शिकायत कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
लोन क्लोज कराने का झांसा देकर युवक से 62 हजार रुपये की ठगी
देवघर/संवाददाता
देवीपुर थाना क्षेत्र के कपसिया गांव निवासी राजकुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए। अज्ञात मोबाइल धारक ने कॉल कर ऑनलाइन लिए गए लोन को क्लोज कराने का झांसा देकर उनसे 62 हजार रुपये अपने दिए गए यूपीआई पर ट्रांसफर करा लिए। राजकुमार ने बताया कि उन्होंने सितंबर माह में ऑनलाइन लोन लिया था। इसी दौरान अज्ञात मोबाइल धारक ने उन्हें कॉल किया और लोन क्लोज कराने की बात कही। उसके झांसे में आकर उन्होंने उसके द्वारा बताए गए यूपीआई पर कुल 62 हजार रुपये भेज दिए। इसके बावजूद उक्त व्यक्ति ने उन्हें दो लाख रुपये का लोन दिलाने की बात कहनी शुरू कर दी। इसके बाद राजकुमार को अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ। उन्होंने मामले की शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर थाना पहुंचकर जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पीएम आवास का एपीके फाइल टच करते ही मोबाइल हैक
- पति-पत्नी के खाते से 21 हजार की निकासी
देवघर/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र के संग्रामलोढ़िया गांव निवासी विजय भास्कर के व्हाट्सएप पर आए पीएम आवास के एपीके फाइल को टच करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके और उनकी पत्नी के बैंक खाते से कुल 21 हजार रुपये की अवैध निकासी हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित सोमवार दोपहर शिकायत देने साइबर थाना पहुंचे। विजय भास्कर ने पुलिस को बताया कि वह अपने मोबाइल में दो यूपीआई चला रहे थे। एक यूपीआई उनके नाम से और दूसरा उनकी पत्नी के नाम से बना हुआ था। इसी दौरान उनके व्हाट्सएप पर अज्ञात मोबाइल नंबर से पीएम आवास का एपीके फाइल भेजा गया। फाइल को टच करते ही मोबाइल हैक हो गया। पीड़ित के अनुसार मोबाइल हैक होने के बाद उनके मोबाइल पर आने वाले सभी ओटीपी सीधे स्कैमर के मोबाइल पर जाने लगे। इसी क्रम में उनकी पत्नी के बैंक खाते से 15 हजार रुपये और विजय भास्कर के बैंक खाते से छह हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर थाना में आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिस से ठगी गई कुल 21 हजार रुपये की रकम वापस दिलाने का आग्रह किया है।
जेटेट परीक्षा में मोबाइल के साथ पकड़ी गई अभ्यर्थी न्यायिक हिरासत में
- केंद्राधीक्षक की शिकायत व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की अनुशंसा पर कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज
देवघर/संवाददाता। जेटेट परीक्षा के दौरान अपग्रेड हाईस्कूल चितौलोढ़िया परीक्षा केंद्र पर मोबाइल के साथ पकड़ी गई अभ्यर्थी बबीता सिंघा को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के निर्देश पर उसे न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, केंद्राधीक्षक सह प्रभारी प्रधानाध्यापक पूजा सिंह की शिकायत एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट उत्सव कुमार की अनुशंसा पर बबीता सिंघा के खिलाफ कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अभ्यर्थी पर परीक्षा केंद्र में अनधिकृत रूप से मोबाइल ले जाने का आरोप है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, परीक्षा के दौरान बबीता ने करीब 3:30 बजे तबीयत खराब होने की बात कहकर वासरूम जाने की अनुमति ली थी। वासरूम से लौटने के बाद उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया। परीक्षा केंद्र में मोबाइल ले जाना पूरी तरह वर्जित था। मोबाइल जब्त कर इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी, उड़नदस्ता प्रभारी एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट उत्सव कुमार को दी गई। मामले में यूएफएम रिपोर्ट एनेक्सर-ओ भी भरा गया। इसके बाद केंद्राधीक्षक ने कुंडा थाना पहुंचकर जब्त मोबाइल सहित पकड़ी गई अभ्यर्थी बबीता सिंघा को पुलिस के सुपुर्द किया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए आवेदन दिया। इस संबंध में कुंडा थाना कांड संख्या 138/2026 दर्ज किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 223 एवं झारखंड कंपीटिटिव एक्जामिनेशन एक्ट, 2023 की धारा 12(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने अभ्यर्थी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया।
धोखाधड़ी मामले में आरोपी की तलाश को अहमदाबाद पुलिस पहुंची देवघर
देवघर/संवाददाता। गुजरात के अहमदाबाद शहर स्थित रामोल थाना में दर्ज धोखाधड़ी एवं ठगी के मामले में आरोपी की तलाश और सत्यापन को लेकर रामोल थाना के सब इंस्पेक्टर आरबी चौधरी तीन सदस्यीय पुलिस टीम के साथ देवघर नगर थाना पहुंचे। टीम ने नगर थाना पुलिस से आरोपी की तलाश, सत्यापन एवं आवश्यक पूछताछ में सहयोग करने का अनुरोध किया। रामोल थाना के सब इंस्पेक्टर आरबी चौधरी की ओर से नगर थाना के थाना प्रभारी को दिए गए पत्र में बताया गया ह ै कि रामोल पुलिस स्टेशन, अहमदाबाद शहर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस )-2023 की धारा 318(2) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट ) की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज है। पत्र में कहा गया है कि मामले की अग्रिम जांच के क्रम में जांच टीम को देवघर नगर थाना क्षेत्र के संभावित ठिकानों पर आरोपी की तलाश, जांच एवं पूछताछ करने के साथ तकनीकी साक्ष्य एकत्र करना आवश्यक है। आरोपी का मूल वतन अथवा संबंध देवघर क्षेत्र से जुड़े होने की संभावना जतायी गयी है। रामोल पुलिस की टीम ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी की तलाश और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा है। साथ ही जांच टीम को नियमानुसार कार्रवाई करने, आरोपी की तलाश करने तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्थानीय पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। पत्र के अंत में सब इंस्पेक्टर आरबी चौधरी ने स्थानीय पुलिस से जांच में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है।
कांवर लेकर देवघर आ रहे श्रद्धालु से मारपीट कर सोने की अंगूठी व नकदी छीनने का आरोप
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के सरासनी गांव में यात्री शेड से ठीक पहले मोड़ के पास कांवर लेकर देवघर आ रहे एक श्रद्धालु से मारपीट कर सोने की अंगूठी व नकदी छीनने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भागलपुर जिले के खरीक बाजार थाना क्षेत्र के तेलघी निवासी सुनील प्रसाद सिंह ने रिखिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर पांच नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में सुनील प्रसाद सिंह ने बताया है कि वह वर्ष 2005 से लगातार प्रत्येक माह पूर्णिमा के अवसर पर सुल्तानगंज से जल लेकर पैदल कांवर के साथ देवघर बाबाधाम आते हैं। 30 अक्तूबर को करीब शाम पांच बजे कांवड़ लेकर देवघर आ रहे थे। इसी दौरान सरासनी गांव स्थित यात्री शेड से ठीक पहले मोड़ पर तीन मोटरसाइकिल पर सवार आठ लोग मिले। इनमें तीन मोटरसाइकिल चालक हेलमेट पहने हुए थे, जिन्हें वह पहचान नहीं सके। वहीं पांच लोगों की पहचान अशोक सिंह, पिता स्व. कमलेश्वर सिंह, रितेश सिंह, अमित सिंह, दोनों अशोक सिंह के पुत्र, टिप्पू सिंह उर्फ विनोद सिंह तथा ललन सिंह उर्फ लल्लु, पिता सुभाष सिंह के रूप में बतायी गयी है। प्राथमिकी के अनुसार, पांचों आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और फैट-मुक्का से मारपीट करते हुए गाली-गलौज व धमकी देने लगे। आरोप है कि उन्होंने कहा कि भागलपुर में उनके खिलाफ जो केस किया है, उसे उठा लो, नहीं तो कहीं भी रहोगे, पीछा कर मार देंगे। सुनील प्रसाद सिंह ने बताया कि उन्होंने आरोपियों से कहा कि वह जल लेकर देवघर चढ़ाने जा रहे हैं और इस तरह उनका पीछा करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह मामला गांव-घर में बैठकर सुलझाया जाए। मामले में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद अमित सिंह और रितेश सिंह ने उन्हें पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। अमित सिंह ने चाकू उनकी गर्दन में सटा दिया, जबकि अशोक सिंह ने उनकी अंगुली में पहनी सोने की अंगूठी, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बतायी गयी है, छीन ली। वहीं रितेश सिंह पर जेब से 4,200 रुपये निकालने का आरोप लगाया गया है। टिप्पू सिंह और ललन सिंह द्वारा घूंसा मारने तथा धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि देवघर से लौटकर दो लाख रुपये रंगदारी के रूप में पहुंचा देना और केस उठा लेना, नहीं तो अगली बार साफ कर देंगे तथा किसी को पता भी नहीं चलेगा। इसी बीच आसपास के लोग जमा होने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने लोगों से कहा कि यह उनका गांव का मामला है और इसके बाद सभी मोटरसाइकिल से वहां से भाग गये। सुनील प्रसाद सिंह ने मामले में बताया है कि वह रात में थाना नहीं जा सके। वह उपवास में भी थे। उन्होंने मोबाइल से रिखिया थाना को घटना की सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थ। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
छठ महापर्व से पहले कुंजीसार घाट को संवारने में जुटा ननि
- युद्धस्तर पर चल रहा सफाई व समतलीकरण कार्य
दीपावली से पहले पूरी होंगी सभी तैयारियां - मेयर रवि कुमार राउत ने कहा- श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित घाट उपलब्ध कराना प्राथमिकता
देवघर/नगर संवाददाता। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर देवघर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के कुंजीसार छठ घाट पर श्रद्धालुओं और छठव्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी घाट निर्माण, जमीन के समतलीकरण और सघन साफ-सफाई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। नगर निगम की ओर से घाट को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। मेयर रवि कुमार राउत ने बताया कि छठ महापर्व की पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुंजीसार छठ घाट पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। दीपावली से पूर्व घाट से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत घाट परिसर की साफ-सफाई, ऊबड़-खाबड़ जमीन का समतलीकरण और अस्थायी घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छठ देवघरवासियों की आस्था और विश्वास से जुड़ा महापर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। मेयर ने नगरवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि घाटों की व्यवस्था बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है। श्रद्धालु घाट परिसर में गंदगी न फैलाएं और पूजा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। नगर निगम का लक्ष्य है कि छठ महापर्व के दौरान कुंजीसार घाट पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और वे पूरी श्रद्धा, भक्ति एवं सहजता के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।