-फर्जी एनजीओ ने दर्जनों खाता धारकों से उड़ा लिए लाखों रुपए
-एक पीड़ित ने एक कंबल की कीमत 75 हजार रुपए चुकायी
असद अजमल
बोरियो। संवाददाता। थाना क्षेत्र के खैरवा पंचायत अंतर्गत धोगड़ा जादू टोला में फ्री में कंबल लेने के बाद विद्यालय की शिक्षिका, आंगनबाड़ी की सहायिका, विद्यालय की खाना बनाने वाली रसोईया, ग्राम प्रधान सहित अन्य लोग ठगी का शिकार हो गए। उनके बैंक खाते से लाखों रुपए की अवैध निकासी कर ली गई। इस ठगी का खुलासा तब हुआ जब गांव के दर्जनों लोगों के बैंक खातों से लगातार अवैध रूप से निकासी होने लगी। धनी मुर्मू ने बताया कि गांव के खाताधारी जब राशि निकालने बैंक पहुंचे तो उनका मजाक उड़ाया गया कि फ्री में कंबल लेने के लालच में अंगूठा दे दिया। अब ठग उनके खातों से रुपया निकाल ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसको लेकर कई दफा बैंक वालों और सीएसपी संचालकों से बहसबाजी भी हुई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कई पीड़ित ग्रामीणों ने बताया कि 2023 दिसंबर महीने में लाल रंग की कार में 03 लोग एनजीओ के नाम पर आए थे। इसके बाद अंगूठा का मोबाइल में स्कैन कराया और रजिस्टर में अंगूठा लेकर चले गए। इसके 01 सप्ताह के बाद जब बैंक में रुपया की जानकारी लेने व खाता चेक करने के लिए गए तो उन सबका हंसी-मजाक उड़ाया गया। पीड़ित ग्रामीणों का कहना है इससे पहले उक्त लोगों ने ही फ्री में कई बार समान दिया था। ऐसे में उन पर कोई शक नहीं हुआ। ठगों ने गांव की प्रधान सह प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका रेजीना सोरेन को बताया कि उक्त लोग समाज कल्याण के लिए कंबल वितरण करने आये हैं। ठगी का शिकार हुई आंगनबाड़ी सहायिका धनी मुर्मू ने बताया कि उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से पहली दफा चालीस हजार, दूसरी दफा बीस हजार और तीसरी दफा पन्द्रह हजार रूपए की अवैध निकासी कर ली गई। वहीं आंगनबाड़ी सेविका उर्मिला टुडू, प्रेमलता हेंब्रम, काजल देवी, सुनिता देवी सहित अन्य कई ने खाते से लाखों रुपए की अवैध निकासी की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि जल्द ही ग्राम प्रधान की अगुवाई में बोरियो थाना प्रभारी को आवेदन देकर जांच पड़ताल की गुहार लगाई जाएगी।
अवैध वसूली के आरोप में महिलाओं ने डाकघर में जम कर किया हंगामा
-अकाउंट खोलने के नाम पर 300 रुपये लेने का आरोप
राजमहल। संवाददाता। नया बाजार स्थित उप डाकघर में मंगलवार को मंईयां सम्मान योजना सहित विभिन्न योजनाओं की राशि ट्रांसफर के लिए सिंगल अकाउंट खोलने के नाम पर 300 रुपये लेने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। महिला वसीमा बीबी, नईमा खातून, प्रतिमा देवी, यास्मीन खातून, सनवारा बीबी, अंजू देवी व दर्जनों ने उप डाकघर में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का अकाउंट खोलने एवं कार्ड देने के नाम पर 300 रुपए प्रत्येक महिलाओं से एवं अकाउंट चेक करने के नाम पर प्रत्येक खाता धारकों से 100 रुपए अवैध वसूली का आरोप लगाया। जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारीक शेख ने पीड़ित महिलाओं से मामले की जानकारी ली। उप डाकपाल सहित कर्मियों से वार्ता कर समस्या सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन मामले का हल नहीं निकला। इसके पश्चात उन्होंने दूरभाष के माध्यम से एसडीओ कपिल कुमार को मामले से अवगत कराया। एसडीओ ने मामले का संज्ञान लेते हुए उप डाकपाल संजय रविदास को इसमें सम्मिलित कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर एसआई ददन कुमार साह दल-बल के साथ उप डाकघर पहुंचे एवं लोगों को समझा बुझा कर शांत करवाया तथा महिलाओं का बयान दर्ज किया। जिला परिषद सदस्य ने पोस्ट मास्टर सहित 04 कर्मियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पोस्ट मास्टर संजय रविदास ने कहा कि अकाउंट खोलने का काम बीपीएम एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक कर्मी करते हैं, अवैध वसूली उनके संज्ञान में नहीं है। इस संदर्भ में लगाए गए आरोप गलत हैं। वहीं थाना प्रभारी गुलाम सरवर ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
साहिबगंज। संवाददाता। समाहरणालय परिसर से मंगलवार को डीडीसी सतीश चंद्रा व जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सहित अन्य ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान 2.0 जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 60 दिनों तक चलेगा। रथ तंबाकू के दुष्प्रभाव के बारे में लोगों को जागरूक करेगा। मौके पर डीपीएम हीना अरोड़ा वर्णवाल, वीबीडी कंसल्टेंट सतीबाबू डाबडा, राजीव पॉल, अमित कुमार, पंकज पीटर सोरेन, ऋषिकेश कुमार, राजीव कुमार सहित अन्य थे।
सीएम आज साहिबगंज के बरहेट में, नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
साहिबगंज। संवाददाता। सीएम हेमंत सोरेन आज दोपहर में बरहेट आएंगे। डीडीसी सतीश चंद्रा ने बताया कि आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल होने सीएम हेमंत सोरेन दोपहर साढ़े बारह बजे भोगनाडीह स्थित सिद्धू-कान्हू पार्क समीप अस्थाई हेलीपैड हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। वहां से सिद्धू-कान्हू पार्क में हूल के महानायकों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद सीएम 25,688.086 लाख की 202 योजनाओं का शिलान्यास व 5496.837 लाख की 62 योजनाओं का उद्घाटन सहित कुल 31,184.923 लाख की लागत की 264 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। वहीं 3,32,192 लाभुकों के बीच 14,441.449 लाख की परिसंपत्ति का वितरण करेंगे। दर्जनों लाभुकों को नियुक्ति पत्र का वितरण करेंगे। इधर झामुमो जिला अध्यक्ष शाहजहां अंसारी ने मंगलवार की देर शाम बरहेट स्थित कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। मौके पर प्रो. नजरुल इस्लाम, रूपक दत्ता, मुजीबुर्रहमान, बर्नाड हेंब्रम, सिद्धू-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू व अन्य थे।
गंगा खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर, प्रशासन ने राहत सामग्री का किया वितरण
-कहलगांव और फरक्का में गंगा स्थिर, साहिबगंज में बढ़ोतरी
साहिबगंज। संवाददाता। गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी लगातार जारी है। जिससे दियारा इलाकों सहित शहर के दहला, भरतीया कॉलोनी, रसूलपुर दहला नया टोला, हरिपुर, हबीबपुर, नारायण टोला, कमल टोला निचला क्षेत्र, कबूतर खोपी, चानन सहित गंगा से सटे निचले इलाका में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। लोगों को पेयजल व खाने पीने की समस्या है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार गंगा खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बह रही है। दोपहर 03 बजे तक गंगा का जलस्तर 28.41 मीटर दर्ज किया गया। सीडब्ल्यूसी रिपोर्ट के अनुसार गंगा का जलस्तर मंगलवार सुबह छह बजे तक 28.45 मीटर तक पहुंचने का अनुमान है।
जिला प्रशासन और विधायक ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री का किया वितरण
जिला प्रशासन की ओर से अपर समहर्ता सहित अन्य ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच चूड़ा, गुड़, माचिस सहित अन्य सामग्री का वितरण किया। पशु चारा का भी वितरण किया गया। राजमहल विधायक ने भी दियारा क्षेत्र में जाकर राहत सामग्री का वितरण किया।
जिला परिषद उपाध्यक्ष ने इलाका का लिया जायजा
जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव ने लगातार तीसरे दिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। मंगलवार को गदाई दियारा सहित अन्य दियारा क्षेत्र का भ्रमण नाव से किया। लोगों से मिलकर परेशानी पूछी और जल्द ही राहत सामग्री उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
बाढ़ के पानी में डूबने से अधेड़ की मौत, बालक गंभीर
साहिबगंज। संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लालबथानी के मुसहरीटोला में एक व्यक्ति बाढ़ के पानी में डूब गया। हो- हल्ला होने पर ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन की। मशक्कत के बाद उसे पानी से निकाला गया है। हालांकि तब तक उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार कारू चौधरी (53) शौच के लिए सुबह करीब सात बजे घर से निकला था। इसी दौरान डूब गया। इधर मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक अपने पीछे दो पुत्री व तीन पुत्र छोड़ गया है। इसमें एक पुत्र व एक पुत्री की शादी हो चुकी है। सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम डॉ फरोग हसन ने किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इधर शहर के बनपरटोला में बाढ़ के पानी में मंगलवार को रघुविन्दर सिंह का दो वर्षीय पुत्र रोशन कुमार खेलने के दौरान डूब गया। परिजन उसे निकाल आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे। जिसके बाद से बालक का इलाज चल रहा है।
डीएमएफटी से बहाल हुए छह डॉक्टर
साहिबगंज। संवाददाता। स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने के लिए डीएमएफटी मद से चिकित्सकों की बहाली की गई है। मिली जानकारी के अनुसार डीस्ी के निर्देशानुसार उक्त मद से आई स्पेशलिस्ट डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. ऋतु राज, डॉ. अमित कुमार, डॉ. अरने प्रसाद मुखर्जी, डॉ. दिनेश कुमार वर्मा, डॉ. जूही कुमारी को बहाल किया गया है।
सदर अस्पताल में छठे दिन भी ठप रही ओपीडी
साहिबगंज। संवाददाता। आदिम जनजाति बच्ची की कथित मलेरिया से मौत को लेकर डॉक्टर्स पर प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में 16 सितंबर से शुरू हुआ आईएमए व झासा का आंदोलन 9वें दिन भी जारी रहा। दो दिनों तक काला बिल्ला लगा कर काम करने के बाद 18 सितंबर से डॉक्टरों ने ओपीडी में ताला लगा कर सेवा ठप कर दी थी। इधर छठे दिन मंगलवार को भी डॉक्टरों ने अस्पताल में ओपीडी सेवा ठप कर विरोध-प्रदर्शन किया। हालांकि इमरजेंसी में डॉक्टरों ने मरीजों का इलाज किया। ओपीडी सेवा ठप रहने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिना इलाज के ही उन्हें लौटना पड़ा। झासा जिला सचिव डॉ. रणविजय ने बताया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर डीएस डॉ. रंजन, डॉ. तबरेज, डॉ. भारती कुमारी, डॉ. फरोग हसन, डॉ. शहबाज व अन्य मौजूद थे।
प्रशांत शेखर ने चौथे दिन भी की भूख हड़ताल
साहिबगंज। संवाददाता। सदर अस्पताल में ओपीडी सेवा चालू कराने व स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर युवा समाजसेवी प्रशांत शेखर की भूख हड़ताल चौथे दिन मंगलवार भी जारी रही। सदर अस्पताल के डायलिसिस सेंटर के समीप प्रशांत शेखर ने कहा कि डॉक्टरों के अस्पताल में ओपीडी सेवा ठप रखने से आज भी सैकड़ों मरीज बिना इलाज के लौट गए। मौके पर प्रमोद झा, विक्रम झा, संजीव ओझा, ज्योति शर्मा, रूबी कुमारी, सौरभ कुमार, अंकुर सिन्हा, सियाराम यादव, लव कुमार, शत्रुघन यादव, सिकंदर पोद्दार, सोनू अग्रवाल, विक्रम जायसवाल, शुभम कुमार थे।
डॉ. अनिल ने प्रस्तुत किया शोध
साहिबगंज। संवाददाता। कॉलेज केमेस्ट्री विभाग के एचओडी डॉ अनिल कुमार ने मंगलवार को द रोल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन शेपिंग द फ्यूचर ऑफ हायर एजुकेशन, ऑपर्च्युनिटीज एंड चैलेंजेस पर अपना शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस ट्रांसफॉमिंर्ग टीचिंग लनिंर्ग एंड रिसर्च, एमिटी यूनिवर्सिटी, ग्वालियर, मध्य प्रदेश में ऑनलाइन मध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने उनके शोध की सराहना की। मौके पर यूजी व पीजी के छात्र देवव्रत कुमार, ऐश्वर्या प्रकाश, ऋषभ राज, अंकित कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
पत्रकारों में काला बिल्ला लगा किया विरोध
साहिबगंज। संवाददाता। जमशेदपुर जिला के पत्रकार आशीष गुप्ता के खिलाफ पुलिस के झूठा मुकदमा दर्ज करते हुए उनके घर पर छापामारी करने और परिजनों को थाना में बैठाकर रखने के विरोध में मंगलवार को पत्रकारों में काला बिल्ला लगा कर प्रदर्शन किया।
एआईएसएमजेडब्ल्यूए के जिला अध्यक्ष प्रमोद निरंजन ने बताया पत्रकारों पर अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके पर अरविंद कुमार यादव, शशिकांत यादव, बच्चन कुमार पाठक, मुकेश मिश्रा, गोपाल शर्मा, सुजीत कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
शेरशाहवादियों को मिलेगा जाति प्रमाण पत्र
साहिबगंज: शेरशाहवादी समुदाय के लोगों के जाति प्रमाण पत्र बनने का रास्ता साफ हो गया है। इसको लेकर अपर समाहर्ता ने जिले के राजमहल, उधवा व बरहरवा प्रखंड के अंचल अधिकारी को पत्र निर्गत कर शेरशाहवादी जाती प्रमाण पत्र बनाने का निर्देश दिया है। निर्गत पत्र में बताया गया कि कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के अपर मुख्य सचिव, अवर सचिव, सरकार के संयुक्त सचिव और उप सचिव से मिले दिशा निर्देश के अनुसार शेरशाह वादी जाति प्रमाण पत्र निर्गत किया जाए। ज्ञात हो कि पिछले कई माह से शेरशाह वादी जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किया जा रहा था। इसके लिए कई बार धरना प्रदर्शन के माध्यम से आंदोलन भी किया गया था। जाति प्रमाण पत्र निर्गत होने की सूचना के बाद शेरशाहवादियों में खुशी का माहौल है।