सारठ/संवाददाता। प्रखंड के कैराबांक और सधरिया पंचायतों में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास और अबुआ आवास योजना की जांच इन पंचायतों के विभिन्न गांव अराय, डाला, कैराबांक, सधरिया समेत अन्य गांवों में जिला प्रशिक्षण समन्वयक अनुज भंडारी और प्रखंड समन्वयक मोहन महरा द्वारा की गई। जांच के क्रम मंे आवास के लाभुकों को निर्धारित समय पर पूर्ण करने की हिदायत दी गई। वहीं अबुआ आवास योजना के लाभुकों को दूसरी किश्त की भुगतान के लिए लाभुकों को जल्द अभिलेख के साथ जाति प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, जॉब कार्ड और बैंक खाता से जुड़े सभी कागजात जमा करने का निर्देश दिया गया। मौके पर कैराबांक पंचायत के मुखिया सागर कुमार मंडल, पंचायत सचिव दिलीप कुमार यादव, सधरिया पंचायत सचिव अहमद अली पंचायत सहायक गौतम कुमार झा समेत लाभुक भी मौजूद थे।
शतचंडी महायज्ञ के पहले दिन निकली भव्य कलश यात्रा
- 751 महिला एवं कन्याएं हुईं शामिल
- श्रद्धालुओं के बीच हुआ शरबत का वितरण
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के पाथरोल सिद्धपीठ काली मंदिर परिसर में नौ दिवसीय श्री श्री 108 शतचंडी महायज्ञ को लेकर रविवार को 751 महिला व कन्याओं द्वारा भव्य कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। सुबह सैकड़ों की संख्या में महिला व कुंवारी कन्या के द्वारा रंग-बिरंगे आकर्षक परिधान में माथे पर कलश लेकर निकली तो वातावरण देखते ही बन रहा था। कलश यात्रा पथरौल काली मंदिर से निकलकर बन्दर चौक, इतवारी चौक, रूपाबाद, मटियारा व पनियरा होते हुई चोरमारा नदी तट पर पहुंची। जहां वाराणसी से आये आचार्यो दिलीप पांडेय की मौजूदगी में मुख्य यजमान गुड्डू पांडेय व उनके पत्नी पूनम देवी को पूजा अर्चना के उपरांत कलश में जल भरा गया। यहां से यात्रा पुन: मंदिर परिसर में पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश की स्थापना हुई। मंदिर परिसर में महायज्ञ कार्यक्रम के आयोजकों की ओर से मन्दिर समेत आसपास के चौक-चौराहे पर भव्य सजावट की गई है। जबकि संध्या में वृंदावन धाम के आए कथा व्यास प्रकाश चंद्र जी महाराज द्वारा भागवत कथा प्रवचन किया। जबकि रात्रि में भजन संध्या कार्यक्रम आयोजन किया जाएगा। वही 20 मई को पूर्णाहुति के साथ नौ दिवसीय महायज्ञ संपन्न होगा।वृंदावन धाम से आए कथा व्यास श्री प्रकाश चंद्र जी महाराज के द्वारा आज से लेकर 19 मई तक प्रत्येक दिन संध्या 6:00 बजे संगीतमय भागवत कथा का प्रवचन करेंगे।वही 14 मई को भजन गायक मिंटू सांवरिया,15 को गायिका पल्लवी झा, 16 मई को डिम्पल भूमि,17 मई को सुदेश सिंह,18 गौतम दास (बाउल), 19 को कोलकाता से आए भजन सम्राट शुभम भास्कर व उनकी टीम द्वारा आलौकिक झांकी प्रस्तुत करेंगे। जबकि महायज्ञ के अंतिम दिन 20 में को भोजपुरी के सुप्रसिद्ध गायिका देवी के भजन संध्या कार्यक्रम से भक्त भाव विभोर होंगे। इस दौरान भव्य मेले का भी आयोजन किया गया। जिसमें तारामाची, ड्रैगन, ब्रेक डांस, मौत का कुआं, झूला, तुरातोरा झूला, मिक्की माउस समेत खाने-पीने व श्रृंगार के दर्जनों अस्थाई दुकानें सजाए गए हैं। मौके पर इस मौके पर कलश यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी,भाजपा नेता गंगा नारायण सिंह,जीप सदस्य प्रतिनिधि बलबीर राय, करौं मंडल अध्यक्ष श्यामदेव चौधरी, अधीर चन्द्र भैया, विश्वनाथ रवानी, मुखिया प्रतिनिधि संतोष साह समेत काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे।
16-17 मई को ल्लतीफ शाह बाबा मस्तान के मजार पर लगेगा उर्स मेला
मधुपुर/संवाददाता। शहर के नबी बख्श रोड भेड़वा मजार परिसर में अब्दुल लतीफ शाह बाबा मस्तान के 39 वां उर्स मुबारक की तैयारी को लेकर रविवार को हाजी अल्ताफ हुसैन की अध्यक्षता में बैठक की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाबा लतीफ शाह मस्तान के मजार पर 16 और 17 मई को उर्स मेला का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए प्रचार-प्रसार, साफ-सफाई, पेयजल, सजावट की व्यवस्था अति आवश्यक है। मेला में सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, लाइट व सफाई की अलग-अलग जिम्मेदारी सदस्यों को दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मधुपुर थाना को सूचना देने का निर्णय लिया गया। उर्स मेले में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचकर चादरपोशी कर मन्नतें मांगते हैं। निर्णय लिया गया कि मजार के गेट से सौ गज की दूरी पर ही दुकानें लगेगी। महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार होगा। नगर परिषद द्वारा पानी टैंकर व्यवस्था करवाने की बात कही। बता दें कि मजार पर बड़ी संख्या में लोग चादरपोशी करते हैं। कमेटी अध्यक्ष राशिद खान ने बताया कि मजार को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए सभी लोगों का सहयोग अपेक्षित है। मौके पर रामप्रवेश दास, बासुदेव दास, मो.अजीज, हारिस हसन, खुर्शीद आलम,मो अख्तर,मो माजिद उर्फ मोनू, मो. मुमताज अहमद, मो. समीर आलम बादल दास आदि उपस्थित थे।
आग से भगवानपुर में एक घर जला
- हजारों का हुआ नुकसान, पीड़िता ने लगायी मदद की गुहार
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर प्रखंड के गड़िया पंचायत अन्तर्गत भगवानपुर नीचे टोला में चिंता देवी के घर में आग लगने से खादय सामग्री समेत कई समान जल गया। अगलगी की सूचना पर ग्रामीण जुटने लगे और मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इधर ग्रामाणों की सूचना पर अंचल अधिकारी यामुन रवि दास घटना स्थल पहुंचकर मामले का जानकारी लिया। आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं मिल पाया है। अंचल अधिकारी ने नियमानुसार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता करने की बात कही है।
पत्थर खदान में शव मिलने से सनसनी
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं बाजार के नजदीक पत्थर खदान के पानी से करौं थाना प्रभारी विकास कुमार पासवान पुलिस बलों के साथ पहुंचकर एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। जिसकी पहचान जामताड़ा जिला के बेना गांव निवासी की बतायी जाती है। पुलिस द्वारा शव को बरामद कर थाना ले जाया गया है।
बताया जाता है कि मृतक कल अपने बहन घर सीरिया अपने बहनोई करू रजवार के घर आ रहा था। ऐसा संदेह जताया जा रहा है कि आंधी पानी आने के कारण वह पत्थर खदान में गिर गया होगा। खदान में गहरा पानी होने के कारण नीचे चल गया और उसकी मौत हो गई। रविवार को 10:00 बजे के आसपास किसी ग्रामीणों ने शव को तैरते हुए देखा तो इसकी सूचना करौं थाना विकास पासवान को दिया। इसके बाद पुलिस द्वारा लाश को निकाल कर थाना ले आई। थाना प्रभारी ने बताया कि जामताड़ा के बेना गांव से उनके परिजनों की आने के बाद लाश को पहचान करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जाएगा। पत्थर खदान में लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोग शव देखने के लिए खदान के पास जमा हो गए। समाचार लिखे जाने तक शव थाना में ही रखा हुआ था।
महापुर शिव मंदिर में महारूद्र यज्ञ को लेकर निकाली गई भव्य कलश यात्रा
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड क्षेत्र के डिंडाकोली पंचायत के महापुर गांव में 12 मई से 19 मई तक आयोजित होने वाले महारूद्र यज्ञ अनुष्ठान को लेकर 251 कन्याओं एवं महिलाओं द्वारा रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। जो शिव मंदिर प्रांगण से निकल कर अजय नदी के घाट से पंडित राधाकांत तिवारी, कार्तिक राजहंस और राजेश राजहंस समेत अन्य पंडितों द्वारा यजमान बने। उमेश सिंह सहपत्नीक विधि-विधान के साथ कलश में जल भरकर सम्पूर्ण गांवों का भ्रमण करते हुए शिव मंदिर लाया गया।
12 मई दिन रविवार को पूर्वाह्न में भव्य कलश यात्रा निकाली गई तथा पूर्वाहृन 10 बजे वेदी का पूजन व अरणी मंथन तथा प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे और पुन: अपराह्न 3 बजे से 7 बजे तक हवनादि एवं संध्या आरती का कार्यक्रम होगा। संध्या 7 बजे से बनारस के महेन्द्र शास्त्री द्वारा राम कथा झांकी के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। रात्रि 10 बजे से वृदांवन के रासलीला मंडली द्वारा रासलीला प्रस्तुत किये जायेंगे। वहीं इस दौरान 17 मई को हेमंत दूबे द्वारा प्रवचन एवं भजन प्रस्तुति भी की जाएगी। जबकि 18 मई दिन शनिवार को रात्रि 9 बजे से चंपा दास, जयदेव बीरभुम पश्चिम बंगाल की ओर से बंगला कीर्तन की प्रस्तुति की जाएगी और रात्रि 11 बजे से जोली छावड़ा द्वारा रंगारंग हिन्दी भजन की प्रस्तुती किया जाएगा। 19 मई दिन रविवार को समापन के दिन सुबह 9 बजे से चंपा दास, जयदेव, बीरभुम की ओर से बांगला कीर्तन के साथ कुंजभंग कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। यज्ञ को सफल बनाने में यज्ञ समिति महापुर और आसपास के इलाके के सभी श्रद्धालुगण का सराहनीय सहयोग भी मिल रहा है।
बारिश के मौसम हुआ सुहावना, गर्मी से मिली राहत
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र सहित विभिन्न इलाकों में बारिश होने के बाद मौसम खुशनुमा हो गया है। इधर पिछले कई दिनों से क्षेत्र में भीषण गर्मी से लोग परेशान हो रहे थे। बारिश होने से राहत मिली है और लोगों ने चैन की सांस ली। पांच मई के बाद में मौसम में तब्दील हुआ और मौसम पहले से कम गर्मी देखी जा रही थी लेकिन बारिश होने के बाद मौसम में काफी तब्दीली हुआ है। बारिश से तापमान गिरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
झामुमो नेता ने दर्जनों गांवों में किया जनसंपर्क
सारठ/संवाददाता। सारठ विधान सभा क्षेत्र के झामुमो के रहे पूर्व प्रत्याशी परिमल उर्फ भूपेन सिंह ने रविवार को सारठ विधानसभा क्षेत्र के पथरड्डा, बोचबांध, बारा नवादा गांवों का दौरा झामुमो के जिला अध्यक्ष संजय शर्मा के साथ दुमका लोकसभा क्षेत्र के झामुमो सह इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी नलिन सोरेन के पक्ष में जन सम्पर्क अभियान चलाया। श्री सिंह ने कहा कि लोगों से जन सम्पर्क के दौरान लोगों का अपार समर्थन मिल रहा है। बताया कि 14 मई को मंत्री बसंत सोरेन और प्रत्याशी नलिन सोरेन के रोड शो कार्यक्रम को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। मौके पर पथरड्डा पंचायत के मुखिया नंद किशोर तुरी, पूर्व मुखिया महेन्द्र प्रसाद सिंह, लखेश्वर मुर्मू, रामकिशोर यादव समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।
दस्तावेज के साथ एसडीओ कोर्ट में हाजिर होने का आदेश
मोहनपुर/संवाददाता। एसडीओ कोर्ट के आदेश पर मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत बीचगढ़ा पंचायत के गादी बहिंगा गांव में अतिक्रमण किये गये व्यक्तियों को सड़क को हटाते हुए कोर्ट ने अतिक्रमण कार्यों को संबंधित कागजात के साथ कोर्ट में उपस्थित होने को कहा गया है। इस संबंध में बताया गया है कि पूर्व में ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर धरना पर बैठ गये थे। वहीं प्रशासन से सड़क की मांग करने लगे। इस संबंध में ग्रामीणों ने कोर्ट का शरण ले लिया। प्रथम पक्ष में वार्ड सदस्य सूरज कुमार, राजू राउत, पप्पू राव एवं द्वितीय पक्ष शंकर प्रसाद यादव, कमल महतो, जागेश्वर यादव के बीच रास्ता को लेकर विवाद चल रहा है।
सड़क दुर्घटना में एक किशोरी और एक बच्ची की मौत
- दर्जन भर लोग घायल, ट्रैक्टर पलटने से हुई दुर्घटना
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी थाना क्षेत्र के बसबुटिया पंचायत के सड़कजोर के पास रविवार की अहले सुबह ट्रैक्टर पलटने से उसपर सवार एक 14 वर्षीय किशोरी और एक दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। जबकि लगभग दर्जन भर लोग घायल हो गए। घटना अहले सुबह की बताई जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल से काम कर लौटे मजदूरों का एक समूह रविवार को पालोजोरी पहुंचा। उनमें से कुछ को पालोजोरी थाना क्षेत्र के दुधानी पंचायत का कोलगी और सोनारायदाढ़ी थाना क्षेत्र के अरंडिया गांव जाना था। इसी थाना क्षेत्र के मकरा गांव से उन्होंने एक ट्रैक्टर मंगवाया। उसपर सवार होकर सभी पालोजोरी से निकले थे। सड़कजोर के पास संतुलन खो देने के कारण ट्रैक्टर पलट गया।
कोलगी के सोम टुडू की 14 वर्षीय पुत्री मोनिता टुडू और अरंडीया के देविन हेंब्रम की दो वर्षीय पुत्री अंजू की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। पालोजोरी पुलिस के सहयोग से सभी घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी दर्जन भर घायलों को दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल रैफर कर दिया गया। पालोजोरी थाना प्रभारी संदीप कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर नित्यानंद चौधरी आदि मौजूद थे।
दो माह बाद भी नामजद आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से परिजनों में निराशा
- चितरा निवासी मृतक कपड़ा व्यवसायी रामाकांत दत्ता मामले में मधुपुर थाना में कराई गई थी प्राथमिकी
चितरा/संवाददाता। कपड़ा व्यवसायी चितरा निवासी मृतक रामाकांत दत्ता की मधुपुर में सड़क से लहूलुहान हालत में शव मिलने के बाद हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराने के बावजूद दो माह बाद भी नामजद आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से मृतक के परिजनों में पुलिस की शिथिलता के वजह से निराशा है। इस संबंध में मृतक कपड़ा व्यवसायी रामाकांत की पत्नी पीड़िता प्रतिमा दत्ता ने रविवार को स्थानीय पत्रकारों के समक्ष अपना दुखड़ा सुनाती हुई बताई कि कोर्ट से संबंधित कार्य के लिए दोनों पति पत्नी मधुपुर गए थे। कोर्ट के कार्य में विलंब होने के कारण मधुपुर में ही एक लॉज में दोनों ठहरे थे। वहीं पिछले 22 मार्च को सुबह मधुपुर-गिरिडीह मुख्य सड़क पर रामाकांत की लहुलुहान एवं संदिग्ध अवस्था में शव पुलिस ने बरामद किया था। उक्त मामले में मृतक की पत्नी के लिखित बयान पर साजिश के तहत हत्या को लेकर मधुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। लिखित बयान में महिला सहित तीन नामजद अभियुक्त बनाया गया था। जिसमें मुख्य रूप से करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मंझलाडीह गांव निवासी सुकदेव मंडल, उनकी पत्नी सरिता देवी व साला चितरा थाना क्षेत्र के आसनबोनी गांव निवासी नितेश मंडल शामिल है। आरोप है कि पूर्व के विवाद से जुड़े मामले को लेकर आरोपियों द्वारा साजिश के तहत कपड़ा व्यवसायी रामाकांत की हत्या करवा दी गई और सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए लाश सड़क पर फेंक दी गई थी। कहा कि इस मामले में मधुपुर पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। वहीं दूसरी ओर नामजद सभी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। इससे मृतक की पत्नी सहित अन्य परिजन अनहोनी घटना की आशंका से भयभीत हैं। उन्होंने पुलिस के वरीय अधिकारियों से न्याय की मांग की है।