देवघर/वरीय संवाददाता। भंडारकोला स्थित गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल में पुस्तकालय सप्ताह की शुरुआत मंगलवार को हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार, विशिष्ट अतिथि अंबेडकर लाइब्रेरी के अध्यक्ष कन्हैया राम एवं विद्यालय के प्राचार्य का स्वागत एनसीसी कैडेट के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया गया। मंच पर आगंतुक अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। तत्पश्चात बच्चों ने सुमधुर स्वागत गीत की प्रस्तुति की और मनोरम स्वागत नृत्य के साथ कार्यक्रम का प्रारंभ हुआ। विद्यालय की छात्रा आराध्या ने लाइब्रेरी के महत्व पर अपना भाषण दिया। लाइब्रेरी की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए एक अति सुंदर नाटक का मंचन भी किया गया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि पुस्तकों को पढ़ने से हमें जानकारी के साथ-साथ आत्मविश्वास भी प्राप्त होता है। पुस्तकालय अनुशासन, एकाग्रता और मौन का भी पाठ पढ़ाता है, जो जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक गुण हैं। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में भी पुस्तकालय का महत्व कम नहीं हुआ है, बल्कि ई-लाइब्रेरी और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से इसका स्वरूप और भी व्यापक हो गया है। उन्होंने विद्यालय के अनुशासन को भी सराहा। विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा ने कहा कि पुस्तकालय हमें सही दिशा में ज्ञान का उपयोग करना सिखाता है और हमारे व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि हमें पुस्तकालय का नियमित उपयोग करना चाहिए और पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाना चाहिए।
सप्ताह पर्यंत चलने वाले कार्यक्रमों में पुस्तक पढ़ने की स्मरण क्षमता : एक्सटेंपोर, भाषण प्रतियोगिता, क्विज और कविता पाठ शामिल है। मंच संचालन आदित्य कुमार ने किया एवं कार्यक्रम संचालन में स्टूडेंट काउंसिल की अहम भूमिका रही। आज के प्रात: कालीन सभा में कलरिंग कॉन्टेस्ट के विजेताओं को, सहोदया द्वारा आयोजित खो खो प्रतियोगिता के विजेताओं को,और कक्षा आठवीं की नायशा भारद्वाज द्वारा लिखित एवं ब्रिबुक्स द्वारा प्रकाशित पुस्तक ग्लिम्प्स ऑफ माय इमोशन तथा आर्यन आनंद द्वारा लिखित एवं ब्रिबुक्स द्वारा प्रकाशित पुस्तक अनसीन फ्रिक्वेंसी ऑफ थॉट्स को भी पुरस्कृत किया गया।
मदर टच स्कूल छात्रों के माता के लिए हुआ पिकनिक
देवघर/वरीय संवाददाता। मदर टच स्कूल द्वारा छात्रों एवं उनकी माताओं के लिए एक आनंदमय पिकनिक का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य आपसी जुड़ाव, पारिवारिक संबंधों को मजबूत करना तथा अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करना था। पूरा वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण और प्रसन्नतापूर्ण रहा। पिकनिक के दौरान कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें माताओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया। जिसमें प्रथम पुरस्कार अर्शिका की माता, द्वितीय पुरस्कार अद्वित की माता को दिया गया। गायन गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसने कार्यक्रम में और भी जीवंतता जोड़ दी। सराहनीय प्रस्तुतियाँ दी गईं जिसमें मोहुल की माता, वार्तिका की माता ने गजब ढा दिया। डॉ रूपा श्री निर्देशक ने बताया कि यह आयोजन मदर टच स्कूल की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके अंतर्गत विद्यालय और परिवार के बीच मजबूत संबंध स्थापित किए जाते हैं तथा छात्रों और अभिभावकों के लिए सार्थक और यादगार अनुभव प्रदान किए जाते हैं।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत कार्यशाला आयोजित
देवघर/ वरीय संवाददाता। मंगलवार को को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ बच्चा प्रसाद सिंह द्वारा किया गया। कार्यशाला में देवघर के सभी निजी क्लीनिक, नर्सिंग होम और अस्पताल के प्रबंधक को लिखित सूचना दी गई थी कि वे अपने संस्थान से एक वैसे कर्मी को भेजना सुनिश्चित करें जो आभा कार्ड,हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री और हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री का प्रशिक्षण ले और फिर अपने अपने संस्थान में इन सभी कार्यों को सुचारू रूप से क्रियान्वित करना सुनिश्चित करें। मौके पर नोडल पदाधिकारी डॉ शरद कुमार ने बताया कि सभी नागरिकों का आभा कार्ड बनाना अनिवार्य है साथ ही स्वास्थ्य संस्थान के सभी चिकित्सकों एवं स्टॉफ नर्स का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री एवं स्वास्थ्य संस्थान का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के पोर्टल पर दर्ज करना है। साथ ही उन्होंने कहा कि आपके स्वास्थ्य संस्थान में जितने भी मरीज और उनके परिजन इलाज के लिए आते है उन सभी का आभा कार्ड बनाना भी सुनिश्चित करें और प्रत्येक माह इसका प्रतिवेदन जिला को उपलब्ध कराएं। केंद्र सरकार की यह एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसके तहद देश में स्वास्थ्य व्यवस्था को पेपर से मुक्त किया जाएगा। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में मरीजों को अब अपना कोई भी रिपोर्ट अपने साथ ले जाने की जरूरत नहीं होगी। उनकी स्वास्थ्य की पूरी जानकारी उनके आभा कार्ड में दर्ज रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि 15 दिनों का लक्ष्य ले कर हमलोग इस कार्य को करें और इतने दिनों में सभी चिकित्सकों का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री और सभी स्वास्थ्य संस्थानों का हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री देवघर जिले में पूरा कर लिया जाय। मौके पर सदर अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ पीके शर्मा भी मौजूद थे। उन्होंने भी कहा कि यह अच्छी योजना है और आने वाले दिनों में इसका लाभ सभी को दिखेगा। इस कार्यशाला में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर सुधांशु रंजन द्वारा आए हुए सभी लोगो को प्रशिक्षण दिया गया साथ आए हुए सभी लोगो का आभा कार्ड बनवाया गया।
ऑक्स फोर्ड पब्लिक स्कूल की सुरभि और अनिका हुईं पुरस्कृत
देवघर/वरीय संवाददाता। पिछले दिन स्थानीय साकेत विहार स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के बैनर तले बाल मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ था जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़कर अपनी अपनी भागीदारी निभाई थी। मंगलवार को विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव ने इसी विद्यालय की सुरभि प्रिया एवं अनिका प्रवेश को उनकी नृत्य प्रस्तुति के लिए मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया। मौके पर डॉ. देव ने कहा कि नृत्य का इतिहास, मानव इतिहास जितना ही पुराना है। इसका का प्राचीनतम ग्रंथ भरत मुनि का नाट्यशास्त्र है। लेकिन इसके उल्लेख वेदों में भी मिलते हैं, जिससे पता चलता है कि प्रागैतिहासिक काल में नृत्य की खोज हो चुकी थी। इस काल में मानव जंगलों में स्वतंत्र विचरता था। धीरे-धीरे उसने समूह में पानी के स्रोतों और शिकार बहुल क्षेत्र में टिक कर रहना आरंभ किया- उस समय उसकी सर्वप्रथम समस्या भोजन की होती थी- जिसकी पूर्ति के बाद वह हर्षोल्लास के साथ उछल कूद कर आग के चारों ओर नृत्य किया करते थे। ये मानव विपदाओं से भयभीत हो जाते थे- जिनके निराकरण हेतु इन्होंने किसी अदृश्य दैविक शक्ति का अनुमान लगाया होगा तथा उसे प्रसन्न करने हेतु अनेकों उपायों का सहारा लिया। इन उपायों में से मानव ने नृत्य को आराधना का प्रमुख साधन बनाया। विद्यालय के निदेशक संजीवानंद प्रसाद ने कहा कि इतिहास की दृष्टि में सबसे पहले उपलब्ध साक्ष्य गुफाओं में प्राप्त आदिमानव के उकेरे चित्रों तथा हड़प्पा और मोहनजोदड़ो की खुदाईयों में प्राप्त मूर्तिया- हैं, जिनमें एक कांसे की बनी तन्वंगी की मूर्ति है- जिसकी समीक्षा करने वाले विद्वानों ने यह सिद्ध किया है कि यह नृत्य की भावभंगिमा से युक्त है। भारतीय नृत्य कला के इतिहास में उत्खनन से प्राप्त यह नृत्यांगना की मूर्ति- प्रथम मूल्यवान उपलब्धि है जो आज भी दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय में रखी हुई है। हड़प्पा की खुदाई में भी एक काले पत्थर की नृत्यरत मूर्ति प्राप्त हुई है जिसके संबंध में पुरातत्वेत्ता मार्शल ने नर्तकी होने का दावा किया है।
अवैध बालू परिवहन के खिलाफ एसडीओ ने चलाया छापेमारी अभियान
देवघर/वरीय संवाददाता। अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर रवि कुमार के नेतृत्व में देवघर अनुमंडल क्षेत्रान्तर्गत अवैध तरीके से बालू के अवैध उठाव एवं अवैध परिवहन पर रोकथाम हेतु रात्रि में छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें सरसा तावाघाट क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध बालू भंडारण की खोज की गई। साथ ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए 20 हजार सी एफटी बालू जब्त किया गया। इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई देवघर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत अवैध बालू खनन, परिवहन को लेकर रात्रि औचक निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि बिना चालान एवं अवैध रूप से बालू व गिट्टी की ढुलाई व भंडारण में संलिप्त उपरोक्त वाहन मालिकों एवं संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
अपराध नियंत्रण को ले थाना प्रभारियों के साथ एसडीपीओ ने की बैठक
सारठ/संवाददाता। सारठ पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ रंजीत कुमार लकड़ा ने मंगलवार को सारठ स्थित अनुमंडलीय कार्यालय में सारठ, चितरा, पालोजोरी, खागा और पथरड्डा के थाना प्रभारी के साथ अपरााध नियंत्रण को लेकर अहम बैठक की गई। बैठक में कहा कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाये रखने, थानों की निगरानी करने, गंभीर अपराधों की जांच करने, पुलिस गश्त बढ़ाने तथा साइबर अपराधों पर पुलिस को तटस्थ रहना है। वहीं सभी थाना प्रभारी को अपराध से संबंधित कई मार्ग-दर्शन भी दिये गये। मौके पर सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह, चितरा थाना प्रभारी विकास पासवान, खागा थाना प्रभारी राजेश कुमार यादव, पथरडा थाना प्रभारी सामो बांडो एवं पालोजोरी थाना से साधन चन्द्र गोराय मौजूद थे।
विधायक ने किया आरसीसी नाला निर्माण का शिलान्यास
सारठ/संवाददाता। सारठ के शहीद गणेश चंद्र पांडेय स्मारक से 612 मीटर आरसीसी नाला निर्माण कार्य का सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह मंगलवार को फीता काटकर शिलान्यास किया। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार अभी ग्रामीण विकास को लेकर काफी गंभीर दिख रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए इस नाले का निर्माण किया जा रहा है। इस नाली के निर्माण से उन किसानों को लाभ मिलेगा, जिनका सड़क के किनारे खेेत है। साथ ही आम लोगों को भी सड़क पर बहने वाले पानी से भी मुक्ति मिलेगी। आवागमन करने में राहगीरों को भी परेशानी नहीं होगी। इस तरह के विकास कार्यो को सिलसिलेवार ढंगों से पूरे ग्रामीण क्षेत्रों को आच्छादित किया जाएगा। मौके पर संजय मिश्रा, अवधेश् कुमार सिंह, झामुमो नेता इश्तियाक मिर्जा, शालीग्राम मंडल, विक्रम सिंह, उमेश कुमार गुप्ता, बबलू सिंह समेत सैंकड़ों ग्रामीण और समर्थक मौजूद थे।
मवि चितरा में स्वास्थ्य जांच शिविर, 72 छात्र-छात्राओं की हुई जांच
- कई बच्चों में हीमोग्लोबिन की कमी, पौष्टिक आहार की दी गई सलाह
चितरा/संवाददाता। चितरा स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय चितरा परिसर में स्वास्थ्य विभाग, सारठ की ओर से बुधवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान सीएचओ अनुपमा लकड़ा ने कुल 72 छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की, जिसमें बच्चों का वजन मापा गया और आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए गए। स्वास्थ्य जांच के दौरान कई छात्र-छात्राओं में हीमोग्लोबिन की कमी पाई गई। इस अवसर पर सीएचओ अनुपमा लकड़ा ने बच्चों एवं विद्यालय प्रबंधन को संतुलित और पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को हरी सब्जियां, साग, दाल, फल एवं आयरन युक्त भोजन नियमित रूप से भोजन में शामिल करने की अपील की, ताकि एनीमिया जैसी समस्या से बचा जा सके। शिविर में एएनएम कनक माला, सहिया प्रतिमा देवी के अलावा विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अशोक कुमार पांडेय, सहायक शिक्षक शिवानंद ओझा, प्रकाश रजक, कंचन, अनूप कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे। विद्यालय प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित करने की मांग की।
जन्म मृत्यु पंजीकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
- नगर निगम सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण, निजी संस्थानों को दी गई सख्त हिदायत
देवघर/नगर संवाददाता। मंगलवार को देवघर नगर निगम के सभागार में नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत जन्मझ्रमृत्यु पंजीकरण से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर आयुक्त सह प्रशासक रोहित कुमार सिन्हा ने की। प्रशिक्षण का उद्देश्य जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप घटनाओं की समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करना तथा निजी संस्थानों द्वारा रिपोर्टिंग में आ रही व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त रोहित कुमार सिन्हा ने कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र केवल एक औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि शिक्षा, पहचान, सरकारी योजनाओं, पासपोर्ट, पेंशन सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्यों के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में विशेष सतर्कता और गंभीरता बरतना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निजी संस्थानों द्वारा रिपोर्टिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि निजी संस्थानों द्वारा जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं की सूचना 21 दिनों के भीतर नगर निगम के निबंधक को देना अनिवार्य है। 21 से 30 दिनों के बाद दी गई सूचना पर विलंब शुल्क के साथ निबंधन किया जाता है। वहीं, 30 दिनों से एक वर्ष से कम अवधि के मामलों में सांख्यिकी पदाधिकारी की स्वीकृति के बाद निबंधन का प्रावधान है। एक वर्ष से अधिक पुराने मामलों में अनुमंडल पदाधिकारी या उनके द्वारा नामित कार्यपालक दंडाधिकारी की स्वीकृति आवश्यक होती है। मौके पर सहायक नगर आयुक्त सह रजिस्ट्रार जन्मझ्रमृत्यु, देवघर नगर निगम ने जानकारी दी कि बच्चों का बिना नाम के भी 12 माह तक नि:शुल्क पंजीकरण किया जाता है। बाद में नगर निगम कार्यालय में आवेदन देकर बच्चे का नाम जोड़ा जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े से बचें, ताकि भविष्य में बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 21 दिनों के भीतर आवेदन जमा करने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। प्रशिक्षण में सांख्यिकी कार्यालय से आए सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी कमलेश कुमार एवं अरविंद कुमार ने भी विषय की बारीकियों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर निगम के कर्मी एवं निजी संस्थानों से आए प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
छात्र संवाद की बैठक में छात्रवृति नहीं मिलने पर जताया रोष
देवघर/नगर संवाददाता। मंगलवार को देवघर कॉलेज के बोटेनिकल गार्डन में छात्र नेता गौरव राज के नेतृत्व में छात्र संवाद की चौथी साप्ताहिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से झारखंड सरकार द्वारा छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिलने पर रोष प्रकट किया गया। छात्र नेता सूरज चौधरी ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खेलना बंद करे, अगर समय से छात्रवृत्ति नहीं मिली तो हम सभी सरकार के खिलाफ विरोध धरना प्रदर्शन करेंगे। बता दें छात्र संवाद के हर साप्ताहिक बैठक में छात्रों के समस्याओं का संग्रह किया जाता है एवं उसके समाधान के लिए उपयुक्त कदम उठाया जाता है। आज की बैठक में विभिन्न प्रकार के मूलभूत समस्याओं का संग्रह करके उसका समाधान जल्द ही किए जाने का निर्णय लिया गया। मौके पर गुलशन मिश्रा, अमन कुमार, अंकुर कुमार, अभिनव मिश्रा, अभिजीत सिंह, नितिन कुमार मिश्रा, अमन कुमार, पंकज सिंह, आदित्य सिंह, अमन झा, श्वेतांशु कश्यप सहित अन्य छात्र मौजूद थे।
गिधनी से मां-बेटा लापता
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत गिधनी गांव से मां और बेटा के लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में गिधनी गांव निवासी फुलेश्वर महथा की पत्नी लेपटी देवी ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर कहा कि उसकी बेटी सविता देवी और नाती सतीष कुमार 18 दिनों से लापता है। बेटी ने उसे शादी में जाने की बहाना से गई थी। इसके बाद काफी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। उन्होंने कहा कि उसे शंका है कि राजू नामक लड़का जो तिवारी चौक देवघर में भाड़े पर रहता था। उसी ने बेटी और नाती को भगा कर ले गया या गायब कर दिया है। पुलिस ने महिला के आवेदन पर जसीडीह थाना में मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
नाबालिग लड़की को भगाने का आरोप
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत बसुवाडीह स्थित पागल बाबा आश्रम के समीप से कतिपय युवक द्वारा नाबालिग लड़की को भगा ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में नाबालिग के पिता एवं पागल बाबा आश्रम के समीप निवासी ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर कहा कि 15 दिसंबर को रात करीब आठ बजे उसकी बेटी घर के बाहर निकली थी। तभी जसीडीह थाना क्षेत्र के अजानटोला, रोहिणी निवासी संतोष दास के पुत्र सागर दास मोटरसाइकिल से उसके घर के बाहर आया और उसकी बेटी को अपने साथ लेकर भाग गया। उस समय उसके साथ मोटरसाइकिल पर विकास दास भी था। पिता ने कहा कि काफी खोजबीन करने पर बेटी का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस ने पिता के आवेदन पर जसीडीह थाना में मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
विनोद हत्याकांड का एक आरोपी हिरासत में
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर पुलिस ने विनोद हत्याकांड मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पकड़े गए युवक थाना क्षेत्र के राजासारे गांव निवासी बताया जा रहा है।
बता दें कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिलैया गांव निवासी मृतक विनोद मंडल 11 दिसंबर को निमंत्रण पर झूमराज स्थान गए था। वहीं से उनकी अपहरण कर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
साइबर ठगी मामले में मधुपुपर पहुंची राजस्थान पुलिस, एक को पकड़ा
मधुपुर/संवाददाता। साइबर ठगी मामले मे राजस्थान के जयपुर साइबर अपराध थाना की पुलिस मधुपुर पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से गोंदलीटांड़ गांव में छापेमारी कर साइबर ठगी के आरोपी मो. असहाब को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक पर जयपुर के एक व्यक्ति से हजारों की ठगी करने का आरोप है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध जयपुर थाना में रुपये की ठगी का मामला दर्ज है। बताया कि वहां के एक व्यक्ति के झांसा देकर खाता से रुपए निकासी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। इसी बीच आरोपित का मोबाइल लोकेशन व कॉल डिटेल मधुपुर का गोंदलीटांड़ गांव में निकला। कांड में आरोपित की संलिप्तता मिलने पर पुलिस डिटेल ट्रेस कर मधुपुर पहुंची और उसे पकड़ लिया। उसके पास से मोबाइल समेत अन्य दस्तावेज बरामद किया है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसका भाई मजदूरी करता है और वह उसी के साथ काम करता है। पुलिस ने बताया कि जब्त मोबाइल की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपित को पुलिस ने मधुपुर न्यायालय में पेश किया। जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने पर पुलिस ने उसे जयपुर ले जाने की तैयारी कर रही है।
मारपीट कर सोने का लॉकेट छीनने का आरोप
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल के पाथरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर गांव निवासी विमल कुमार चौधरी ने छह लोगों पर बिजली के खंभे में बांधकर मारपीट कर गले से सोने का लॉकेट छीन लेने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस इस मामले में पनियारा गांव निवासी रंजन दास, विजय भारती, विष्णु दास, कारू दास, संदीप दास व कन्हैया दास को नामजद बनाया है। दर्ज प्राथमिकी में पीड़ित ने कहा है कि वह अपने फुफेरा भाई के साथ बहन के विवाह के आवश्यक खर्च जुटाने के लिए देवघर गए थे। वहां से पैसे लेकर गांव लौट रहे थे। इसी बीच पनियारा पुल के पास सभी आरोपी वहां बैठे हुए थे जो सभी साइबर अपराध प्रवृति के हैं। उन लोगों उसका बाइक को रोका और चॉबी निकाल लिया। गाली-गलौज करते हुए उसे बिजली के खंभे में बांध दिया। फिर मारपीट कर गले से सोने का लॉकेट नोंच लिया जिसकी कीमत 26 हजार हैं। पुलिस गश्ती वाहन को देख सभी आरोपित भाग निकले। पुलिस पहुंच कर उन्हें बिजली के खंभे से मुक्त किया। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है।
दिल्ली पुलिस ने जसीडीह से साइबर मामले में दो व्यक्ति को किया गिरफ्तार
जसीडीह/संवाददाता। दिल्ली पुलिस ने जसीडीह थाना क्षेत्र से साइबर मामले में दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मिली जानकारी अनुसार दिल्ली साउथ वेस्ट, साइबर थाना के एसआई जगदीश नारा जसीडीह थाना पहुंचे और साइबर मामले में दो व्यक्ति को जसीडीह थाना क्षेत्र के जसीडीह बाजार एवं बदिया गांव से गिरफ्तारी में सहयोग का अनुरोध किया। इसके बाद जसीडीह पुलिस के सहयोग से दिल्ली पुलिस ने रविरंजन प्रियदर्शी और शैलु कुमार पाठक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों यूएस/35(3) बीएन एसएस का अभियुक्त है।
देवघर में सरयू राय ने की बाबा बैद्यनाथ की पूजा, एनडीए कार्यकर्ताओं संग की राजनीतिक चर्चा
देवघर/नगर संवाददाता। जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सरयू राय मंगलवार को देवघर पहुंचे। देवघर आगमन के उपरांत उन्होंने झारखंड विधानसभा प्रत्यायुक्त समिति की बैठक में अध्यक्ष के रूप में सम्मिलित होने से पूर्व बाबा बैद्यनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ समिति के अन्य सदस्य एवं जर्मुंडी के विधायक देवेंद्र कुवंर भी उपस्थित रहे। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा के पश्चात प्रदेश सचिव बेनी माधव झा, सन 1974 के जेपी आंदोलनकारी रुद्र नारायण योगीराज, सरदार पंडा प्रतिनिधि बाबा झा, भाजपा नेता सुनील मिश्रा, जदयू नेता कार्तिक कर्मेह सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में स्थानीय पुरोहितों द्वारा सरयू राय का पारंपरिक रूप से सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनके पुरोहित बड़े लाल जीजा, बड़े देवेंद्र कुंवर के पुरोहित पिंटू लाल कर्मेह के नेतृत्व में विधिवत सम्मान कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद बाबा मंदिर के वीआईपी गेट के समीप स्थित एक आश्रम में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, संथाल परगना एवं राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सरयू राय ने कहा कि जनहित में सरकार की सही नीतियों का समर्थन किया जाना चाहिए, वहीं जनता के अहित में बनी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध भी आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आ”ान किया। इस अवसर पर जदयू प्रदेश सचिव बेनी माधव झा, जिला अध्यक्ष सतीश दास, कार्तिक कर्मेह, भाजपा नेता सुनील मिश्रा, दीनबंधु परिहस्त, सुरेश्वर प्रसाद सिंह, पिंटू लाल, बड़े लाल जेजवाडे, रंजन सिंह, पप्पू केसरी, नितेश गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे