पाकुड़/संवाददाता। मुफस्सिल पुलिस अवैध रूप से बेचे जा रहे लॉटरी के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। चांचकी गांव से बुधवार को एक व्यक्ति कादिर शेख को 1130 पीस अवैध लॉटरी के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि चांचकी गांव में लॉटरी की खरीद-ब्रिकी की जानकारी लगातार मिल रही थी। गिरफ्तार किये गये व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही बड़े कारोबारी का नाम सामने आएगा।
रेलवे ट्रैक में ट्रेन से कट कर दो बच्चों की मौत
पाकुड़/संवाददाता। मुफस्सिल थाना अंतर्गत सरायढेला गांव होकर गुजरी रेलवे ट्रैक में ट्रेन से कट कर दो बच्चों की मृत्युु हो गयी। वहीं ग्रामीणों ने इसकी सूचना जीआरपी को दी। शव को कब्जे में लेकर जीआरपी ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही इसकी सूचना मुफस्सिल थाने को दी। शव की शिनाख्त नहीं हो पायी है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि बच्चे रेलवे ट्रैक में खेल रहे होंगे और इसी बीच किसी ट्रेन की चपेट में आकर उनकी मृत्यु हो गई होगी। फिलहाल दोनों बच्चे के परिजनों की तलाश की जा रही है।
कार्डधारकों ने अनाज गोदाम का किया घेराव
हिरणपुर/संवाददाता। बीते दो महीने से राशन नहीं मिलने को लेकर घाघरजानि गांव के 35-40 राशन कार्डधारकों ने अनाज गोदाम का घेराव किया। मौके पर पहुंचे प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मन्नौवर आलम ने हस्तक्षेप कर सुंदरपुर स्थित डीलर किशोर दत्ता के दुकान में वितरण कार्य प्रारंभ कराया। लाभुक सुशीला किस्कू, सोहागणी किस्कू, धोना मुर्मू, लखिन्द्र मंडल आदि ने बताया कि उन्हें अगस्त और सितंबर महीने का राशन डीलर ने नहीं दिया है। वहीं डीलर ने बताया कि संबंधित गांव के लाभुकों को डीलर रंजीत मंडल की ओर से राशन वितरण किया जाता था। जिसे विभाग ने निलंबित कर उनके दुकान से टैग किया है। निलंबित डीलर के पास राशन अवशेष रहने के कारण उन्हें कम खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। जिस कारण वितरण में परेशानी हो रही है। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ने बताया कि इसकी जानकारी बीएसओ को दे दी गई है। बताते चलें कि घाघरजानि गांव के लाभुकों ने इसके पूर्व भी राशन नहीं मिलने को लेकर प्रखंड कार्यालय में हंगामा बरपाया था। एमओ ने आश्वस्त किया था कि जल्द ही लाभुकों के बीच राशन वितरण कर दिया जाएगा। अगस्त महीने के राशन वितरण में हो रही विसंगतियों की सघन जांच आवश्यक है।
गणेशोत्सव पर पूजा मंडपों में भजन-कीर्तन आयोजित
हिरणपुर/संवाददाता। गणेशोत्सव पर मंगलवार देर शाम पूजा मंडपों में भजन कीर्तन आयोजित किया गया। महिला और पुरुष श्रद्धालु अधिकाधिक संख्या में उपस्थित थे। दामिन डाक बंगला में सार्वजनिक गणेश पूजा समिति की ओर से आयोजित संकीर्तन में गायक छेदी भगत, प्रभुदयाल भगत, कैलाश भगत, प्रदीप आर्य, रामधनी साहा, कैलाश भगत आदि ने भजन की प्रस्तुति दी। … घर में पधारो गजानंद जी, हिम्मत मत कर अभिमान की, वंदे झूठी शान की आदि बोल पर मनमोहक भजन गाया। जिसे सुन उपस्थित श्रोता भाव विभोर हो उठे। उधर धोवाडांगा में आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में मंगलवार देर शाम कालीचरण कर्मकार व प्रभाकर पांडेय की कीर्तन मंडलियों ने संकीर्तन की। इसके अलावा अन्य पूजा मंडपों में भी संकीर्तन आयोजित हुआ। सार्वजनिक पूजा कमेटी के अध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि बुधवार शाम को बच्चों के बीच क्विज आयोजित होगी। मौके पर समिति के दीपक साहा, उत्तम साहा, देवभूषण सिंह आदि उपस्थित थे।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर कस्तूरबा की बच्चियों को खिलायी गयी एल्बेंडाजोल की दवा
-सीएस ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के उद्देश्य से कराया अवगत
पाकुड़/संवाददाता। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में सिविल सर्जन डॉक्टर मंटू टेकरीवाल ने बच्चियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिला कर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक, स्वास्थ्य कर्मी और बालिकाओं को संबोधित करते सिविल सर्जन डॉक्टर टेकरीवाल ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शरीर में तीन-चार तरह के कृमि रहते हैं। कई बार कृमि के कारण शरीर में कई बीमारी हो जाती है। इसमें एनीमिया, फाइलेरिया बीमारी शामिल हैं। डॉ. टेकरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर एल्बेंडाजोल की गोली खिलायी जाती है। इस बार जिले में 01 से 19 वर्ष के 04 लाख, 89 हजार, 760 बच्चे और किशोर, किशोरियों को दवा खिलाने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे छूट जाएंगे उन्हें 29 सितंबर को दवा खिलायी जाएगी। उन्होंने कहा कि एल्बेंडाजोल गोली खिलाने को लेकर कई भ्रांतियां फैलाई गई हैं। लेकिन यह भ्रांतियां बिल्कुल निराधार हैं। अभिभावकों से अपील है कि वह बच्चों को दवा अवश्य खिलवायें। मौके पर डॉक्टर एसके झा, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक विनोद कुमार वर्मा, लोक स्वास्थ्य प्रबंधक फहीम अख्तर, सहिया रीता देवी, सीमा देवी समेत प्रधानाध्यापक और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
मुखियाओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। डायट भवन में मुखियाओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी, सदस्य शबनम परवीन, अपर समाहर्ता मंजू रानी स्वांसी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी संजय दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर जिला के सभी पंचायतों के मुखिया के अलावा बीएसओ, गोदाम प्रबंधक मौजूद थे। वहीं उपस्थित मुखियाओं व अन्य लोगों को संबोधित करते अध्यक्ष चौधरी ने राज्य खाद्य आयोग की ओर से आयोजित मुखिया के साथ जन संवाद कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन वितरण प्रणाली का लाभ लाभुकों को तय समय पर मिले, इसका प्रयास मुखिया को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुखिया को योजनाओं से जुड़ी हर पहलुओं की जानकारी लेनी चाहिए। मुखिया का यह दायित्व बनता है कि वह खाद्य सुरक्षा के तहत जितनी भी योजना चलती है उसकी जानकारी ले। उन्होंने कहा कि मुखिया को आंगनवाड़ी केंद्र, विद्यालय का निरीक्षण भी करना चाहिए। मुखिया यदि सजग हो जाए तो निश्चित ही सारी योजनाएं धरातल पर नजर आने लगेगी। उन्होंने कहा कि अधिकार के लिए आपको अपनी आवाज उठानी होगी। मौके पर मौजूद मुखियाओं के द्वारा भी कई सुझाव दिए गए।
पुलिस अभिरक्षा से आरोपी फरार
पाकुड़/संवाददाता। मालपहाड़ी ओपी अंतर्गत चेंगाडंगा गांव में पत्नी की हत्या के फरार आरोपी जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था, वह पुलिस अभिरक्षा से एक बार फिर फरार हो गया। वहीं पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी कबीरूल शेख की एक बार फिर पुलिस ने गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी तेज कर दी है। एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने मामले की जानकारी ली। बताया कि अभिरक्षा में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर, थाना प्रभारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए एसपी को लिखा है। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के अलावा उसके जितने भी रिश्तेदार हैं उनके घर में तलाशी ली जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
सभी गांवों में पोटो हो खेल मैदान का सर्वे रिपोर्ट दो दिनों में जमा करें बीडीओ : डीसी
-मनरेगा और आवास योजना की प्रगति को लेकर डीसी ने की समीक्षा बैठक
पाकुड़/संवाददाता। समाहरणालय सभागार में डीसी मृत्युंजय कुमार वर्णवाल ने मनरेगा और आवास योजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। डीसी वर्णवाल ने मनरेगा कार्य योजना की समीक्षा के क्रम में पंचायत कर्मियों को पंचायत क्षेत्र में आवासन करने का निर्देश दिया। डीसी ने सख्ती से पालन करने के लिए सभी बीडीओ को कहा कि पंचायत कर्मी यदि कार्य क्षेत्र में आवासन नहीं करते हैं तो उनके वेतन पर रोक लगाई जाएगी। कोषागार पदाधिकारी को भी इसकी सूचना दी जाएगी। डीसी ने सभी गांवों में पोटो हो खेल मैदान का सर्वे रिपोर्ट दो दिनों में जमा करने का निर्देश बीडीओ को दिया। एरिया ऑफिसर एप्प में निबंधित सभी पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों को योजना पर्यवेक्षण एप के माध्यम से लक्ष्य अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। शत-प्रतिशत आधार सीडिंग करने एवं बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना की स्वीकृति करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया। इसके अलावा डीसी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत लंबित आवासों को पूरा करने के लिए बीते 15 सितंबर, 2023 से 10 अक्टूबर, 2023 तक चलो करें आवास पूरा अभियान चलाया जा रहा है। डीसी ने सभी बीडीओ को कहा कि इस अभियान के माध्यम से सभी लंबित आवासों को पूर्ण करें। मौके पर डीडीसी शाहिद अख्तर, सभी बीडीओ, परियोजना पदाधिकारी मोतिउर रहमान, जिला समन्वयक निभा कुमारी, सभी बीपीओ, सभी प्रखंड समन्वयक समेत अन्य उपस्थित थे।
प्रत्यक्षण प्रशिक्षण, परिभ्रमण, कृषक पाठशाला आदि के बारे में कृषकों को मिली जानकारी
-प्रखंड स्तरीय कृषक गोष्ठी का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। प्रखंड सभागार कक्ष में कृषि विभाग आत्मा की ओर से प्रखंड स्तरीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का उद्घाटन प्रमुख चंदना माल पहाड़िया, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष मनसारूल हक, उप प्रमुख हैदर अली, प्रभारी प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी संतोष कुमार, प्रखंड प्रसार सहकारिता पदाधिकारी मोहन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर उपस्थित कृषकों को बारी-बारी से प्रभारी प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी संतोष कुमार, प्रखंड प्रसार सहकारिता पदाधिकारी मोहन कुमार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक शमीम अंसारी ने आत्मा और कृषि विभाग योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आत्मा से संचालित प्रत्यक्षण प्रशिक्षण, परिभ्रमण, कृषक पाठशाला आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कृषि विभाग की ओर से संचालित योजना जैसे केसीसी, ऋण माफी योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत प्रति बूंद अधिक उपज में टपक सिंचाई एवं फव्वारा सिंचाई, कुसुम योजना आदि का विस्तार से जानकारी दी गई।