- डीपीएल सीजन 13
ऑरेंज लायंस और ब्लैक रॉयल की दमदार जीत
- केकेएन स्टेडियम में खेले गए दो मुकाबले, नाज और सिद्धांत बने मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
देवघर/नगर संवाददाता। स्थानीय केकेएन स्टेडियम में होटल एकता इंटरनेशनल डीपीएल (डीपीएल) के 13वें संस्करण का शुभारंभ गुरुवार को दो रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। पहले मुकाबले में ऑरेंज लायंस ने एकतरफा अंदाज में ब्लू रॉकर्स को 7 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में ब्लैक रॉयल ने ब्राउन बियर को 6 विकेट से पराजित किया। पहले मुकाबले में ऑरेंज लायंस ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। ब्लू रॉकर्स की पूरी टीम 15.5 ओवर में मात्र 67 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से उत्कर्ष और जितेंद्र ने 13-13 रन बनाए, जबकि अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। ऑरेंज लायंस की ओर से गेंदबाजी करते हुए नाज ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में 1 मेडन के साथ मात्र 8 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। सुनील पॉल और रॉकी शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि प्रत्युष और वेंकटेश रेड्डी को 1-1 सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑरेंज लायंस ने 9.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 70 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। जुनैद सिद्दीकी ने नाबाद 33 रन बनाए, जबकि आयुष मिश्रा ने 19 और रॉकी शर्मा ने 13 रन का योगदान दिया। शानदार गेंदबाजी के लिए नाज को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। दूसरे मुकाबले में ब्राउन बियर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। टीम की ओर से सुनील ने शानदार 77 रन बनाए। इसके अलावा मानिक ने 21, विक्रम ने नाबाद 20 और शुभम ने 17 रन का योगदान दिया। ब्लैक रॉयल की ओर से सुधांशु मंडल और साहिल शेख ने 2-2 विकेट लिए, जबकि परवेज शेख को 1 विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए ब्लैक रॉयल ने 18.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। सिद्धांत ने नाबाद 63 रन की शानदार पारी खेली, वहीं राज ने 46 और अनिल झा ने 20 रन बनाए। ब्राउन बियर के गेंदबाज विक्रम ने 2 विकेट लिए, जबकि सुमित और अभिषेक ने 1-1 विकेट हासिल किया। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए सिद्धांत को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। दोनों मुकाबलों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार राजेश शाह (डायनेमिक कंस्ट्रक्शन) की ओर से प्रदान किया गया। इस अवसर पर संघ के सदस्य भी उपस्थित रहे। मुकाबलों में अंपायर की भूमिका अभिषेक आनंद, शशांक शशि और मन्ना सिंह ने निभाई। तीसरे अंपायर के रूप में खुशहाल शेख और स्कोरर के रूप में अभिषेक भोक्ता मौजूद थे।
कल का मुकाबला : टूर्नामेंट के अगले दिन एकमात्र मुकाबला ब्लैक रॉयल और ऑरेंज लायंस के बीच खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 1 बजे से शुरू होगा।
तक्षशिला विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं का रहा शत प्रतिशत परिणाम
देवघर/संवाददाता। सीबीएसई बोर्ड द्वारा जारी सत्र 2025-26 दसवीं कक्षा के परिणाम में देवघर के तक्षशिला विद्यापीठ देवघर के सत प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल किया। कूल 56 छात्र- छात्राओं में अब्बल आने वालों में आशीष कुमार 89, शुभाशीष भरद्वाज 88, दीप आनंद 87, सृष्टि शांडिल्य 85, प्रिंस प्रियम, आयुष कुमार 84 और शुभम यादव ने 81 प्रतिशत अंक लाकर स्कूल का नाम रौशन किया हैै। इस सफलता को लेकर विद्यापीठ के प्रबंध निदेशक अशोकानंद झा ने बाबा बैद्यनाथ से सफल हुए छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
ब्लू बेल्स स्कूल के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
देवघर/संवाददाता। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा कक्षा 10वीं (मैट्रिक) का परीक्षा परिणाम 15 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया। इस वर्ष ब्लू बेल्स स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय के डायरेक्टर प्रेम केसरी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा हमें अपने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व है। यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। हम सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। विद्यालय की प्राचार्या पूनम झा ने कहा कि हमारे बच्चों ने अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ यह सफलता प्राप्त की है। यह हमारे लिए गर्व का क्षण है और हम उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं। शिक्षक धीरज कुमार झा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा विद्यार्थियों की मेहनत और लगन ने यह सिद्ध कर दिया है कि निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। शिक्षक विजय राउत ने कहा यह परिणाम विद्यार्थियों के समर्पण और दृढ़ निश्चय का प्रतीक है। हम उन्हें भविष्य में और भी ऊँचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी : आदित्य राज 96%, अनुज कुमार मोदी 95.4%, अनमोल कुमार 94.6%, सागर कुमार 94%, रक्षिता सिन्हा 93.6,प्राची कुमारी 90.2%, आराध्या राज- 90%, ओम कुमार 88.6%, ऋतिक कुमार 88.6%, नेहा सिन्हा 87.8%, शुभम कुमार साह 87.6% के नाम शामिल हैं। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
करहिया उच्च विद्यालय में हुआ क्विज प्रतियोगिता
देवघर/वरीय संवाददाता। बाबा बैद्यनाथ वेलफेयर सोसाइटी द्वारा जिले के सारठ प्रखंड अंतर्गत करहिया उच्च विद्यालय में सैकड़ो बच्चों के बीच एक क्वीज प्रतियोगिता हुई जिसमें राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तर का प्रश्न पूछा गया और बच्चों ने बड़े उत्साह पूर्वक इसका जवाब दिया। संस्था की ओर से केंद्रीय सचिव डॉ मनोज कौशिक आचार्य ने सभी बच्चों को डाबर कंपनी द्वारा प्रदत्त एक-एक किलो का ग्लूकोज सी और 200 ग्राम का टूथपेस्ट इत्यादि कई सामग्री पुरस्कार स्वरूप दिया। लगभग 200 बच्चों को सबसे पहले रियल जूस पिलाया गया। उसके बाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई कार्यक्रम में पुरस्कार पाने वाले बच्चों में आरती, मौसम, राजलक्ष्मी, प्रियंका चंदा, सरस्वती, सोनू, बिट्टू,सूरज, प्रफुल्ल, सुदामा, बसंत टुडू ओम शंकर एवं कृष कुमार शामिल थे। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विद्याधर मिश्र, शिक्षक कृष्ण मुरारी, अमित कृष्णा ,शिवनारायण दुबे, श्री किशोर, कृष्ण कुमार, संजय कुमार, वीरेंद्र प्रसाद शाही, श्रीकांत यादव एवं निरंजन कुमार ने संस्था सचिव का स्वागत किया और संस्था के इस कार्य की बहुत ही प्रशंसा की। पुरस्कार प्राप्त करके बच्चे बहुत खुश हुए और सभी बच्चों ने बड़े आनंद से इस कार्यक्रम की तारीफ की, संस्था सचिव ने कहा कि आगे भी इस तरह का कार्यक्रम होता रहेगा ताकि सरकारी विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ सके और बच्चे जो देश के भविष्य हैं उनका जड़ मजबूत हो पढ़ाई में रुचि जगे नियमित स्कूल आ सके, इसलिए यह कार्यक्रम जारी रहेगा।
युवक के बैंक खाते से अवैध निकासी
देवघर/संवाददाता। एक युवक के बैंक खाता से करीब 55 हजार की अवैध निकासी कर ली गयी है। पीड़ित मनोज कुमार राय जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसने बताया कि उसके बैंक खाता से 54800 रुपया की अवैध निकासी की गयी है। मैसेज आने पर उसे इस बारे में जानकारी मिली। पता चला कि उक्त पैसा यूपीआइ के माध्यम से निकाला गया है। हालांकि उसकी समझ में ये नहीं आ रहा है कि ये पैसा किस तरह से निकाला गया है। पीड़ित युवक ने घटना की जानकारी साइबर थाना की पुलिस को दे दी है। साइबर थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
96 प्रतिशत अंक लाकर आदित्य राज बने एसजे एकेडमी के टॉपर
देवघर/संवाददाता। सी.बी.एस.ई. द्वारा जारी परीक्षा परिणाम में एस. जे. एकेडमी के परीक्षार्थियों ने एक बार फिर शानदार सफलता का परचम लहराया है। यहां के श्रेष्ठ परम्परा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष कुल 13 फीसदी विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक हासिल करते हुए विद्यालय का मान बढ़ाया है। आदित्य राज ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 96% अंक हासिल कर विद्यालय के टापर बनाने का गौरव हासिल किया है। जबकि अनुज कुमार मोदी- 95.5%, अनमोल कुमार -94.6% व प्राची कुमारी 92.2% अंकों के साथ क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। वहीं यहां के कुल 38 फीसदी विद्यार्थियों ने इस वर्ष 80% से अधिक अंक हासिल करने में सफलता हासिल की है।
बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए विद्यालय के निदेशक शेखर नाथ झा एवम् प्राचार्य ब्रजेश करमहे ने सभी शत प्रतिशत सफल परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए आगे भी कड़े परिश्रम द्वारा श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जीवन में उच्च मुकाम हासिल करने की शुभकामनायें दी। इस अवसर पर निदेशक श्री झा ने इस शानदार परिणाम का श्रेय विद्यार्थियों के लगन व मेहनत एवं विद्यालय के सुविज्ञ, निष्ठावान व अनुभवी शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। साथ ही विद्यालय पर भरोसा रखने के प्रति सभी अभिभावकों का आभार भी व्यक्त किया। वहीं प्राचार्य श्री करमहे ने विद्यालय के श्रेष्ठ परिणाम को संस्थान की पहचान बताते हुए इसे और आगे बढ़ाने के प्रति पूरी टीम प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उपप्राचार्य ऋषिकान्त राजहंस सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने भी सभी सफल परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की। बोर्ड परीक्षा में एक बार पुन: शानदार परिणाम पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्षोल्लास का वातावरण व्याप्त है।
सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर लगाया गया जुर्माना
- कुल 6500 रुपए की वसूली
देवघर/संवाददाता। सड़क किनारे गाड़ियों को खड़ी कर दिए जाने के कारण गुरुवार को यातायात थाना की पुलिस ने 10 बाइक सवारों से जुर्माना वसूला। इन गाड़ियों को प्रधान डाकघर के पास सड़क किनारे खड़ी कर दी जाती है। इस कारण सामान्य यातायात प्रभावित हो रही थी। इसकी सूचना मिलने पर यातायात थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन चालकों से जुर्माना वसूला। सभी गाड़ियों को मिलाकर कुल 6500 हजार जुर्माना वसूला गया। वहीं सभी को चेतावनी दी गयी कि अगर फिर से ऐसा किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।