- महापौर ने शहरी विकास विभाग को लिखा पत्र, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत शामिल 44 गांवों के विकास को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर पहल तेज हो गई है। नगर निगम के महापौर रवि कुमार राउत ने शहरी विकास एवं आवास विभाग, झारखंड के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर इन गांवों के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने की मांग की है। महापौर द्वारा उठाया गया यह कदम नगर निगम क्षेत्र के संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने पत्र में महापौर ने बताया है कि देवघर एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन नगरी है, जहां बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से पहुंचते हैं। ऐसे में शहर का समुचित विकास अत्यंत आवश्यक हो जाता है। नगर निगम क्षेत्र के विस्तार के दौरान 44 गांवों को इसमें शामिल किया गया, लेकिन इन गांवों में अब भी आधारभूत सुविधाओं की स्थिति काफी कमजोर बनी हुई है। महापौर ने स्पष्ट किया कि इन गांवों में पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, सड़क, गली-नाली, सामुदायिक भवन तथा स्वास्थ्य केंद्र जैसी आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। इन बुनियादी जरूरतों के अभाव में स्थानीय लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, नगर निगम द्वारा इन क्षेत्रों से नियमित रूप से होल्डिंग टैक्स की वसूली की जा रही है, जिससे यह आवश्यक हो जाता है कि विकास कार्य भी समान रूप से सुनिश्चित किए जाएं। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर निगम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है कि नए शामिल गांवों को भी शहर के समान सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए अतिरिक्त बजट का प्रावधान किया जाना बेहद आवश्यक है, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके और इन क्षेत्रों के लोगों का जीवन स्तर सुधर सके। महापौर ने विभाग से आग्रह किया है कि इन गांवों के विकास को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र अतिरिक्त राशि स्वीकृत की जाए। इससे न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा सकेगा, बल्कि देवघर को एक विकसित और सुव्यवस्थित नगर के रूप में स्थापित करने में भी मदद मिलेगी। देवघर नगर निगम के अंतर्गत आने वाले 44 गांवों के विकास को लेकर उठाया गया यह कदम क्षेत्रीय विकास के लिए अहम माना जा रहा है। यदि विभाग द्वारा अतिरिक्त बजट को मंजूरी मिलती है, तो इन गांवों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा और स्थानीय निवासियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
जल संरक्षण पर बच्चों ने उकेरी जागरूकता की तस्वीर
-अमृत 2.0 मिशन के तहत क्राइस्ट स्कूल में ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता, विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम द्वारा अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को क्राइस्ट स्कूल, बदनाडीह (जसीडीह) में ड्राइंग और पेंटिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जल बचाने के संदेश को अपनी कला के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के बीच जल संरक्षण के महत्व को समझाना और उन्हें इस दिशा में जागरूक बनाना था। प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों ने ‘जल है तो कल है’, ‘पानी बचाओ, जीवन बचाओ’ जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर जल संकट और उसके समाधान को रचनात्मक रूप में दर्शाया। बच्चों की कल्पनाशक्ति और संदेश देने की शैली ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम की सिटी मैनेजर मंजू कुमारी एवं जेई मैकेनिकल सूरज ओरांव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के विभिन्न उपायों के बारे में जानकारी दी और दैनिक जीवन में पानी के सदुपयोग की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि अमृत 2.0 मिशन के तहत शहर में जल संसाधनों के संरक्षण और बेहतर प्रबंधन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से किसुन कुमार और अभिषेक कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जल संरक्षण के महत्व से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी गई, जिससे उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। स्कूल की प्राचार्या तुली चटर्जी ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी निखारते हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसकी शुरुआत बच्चों से ही होनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना की गई और उन्हें भविष्य में भी ऐसे सामाजिक विषयों पर सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। नगर निगम ने आगे भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही, ताकि समाज के हर वर्ग तक जल संरक्षण का संदेश पहुंचाया जा सके।
नारी शक्ति वंदन बिल पर सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं: मुन्नम
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं देवघर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन बिल (महिला आरक्षण बिल) को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल से शुरू हो रहे विशेष सत्र में जिस महत्वपूर्ण विधेयक को केंद्र सरकार पारित कराना चाहती है, उसका मसौदा 14 अप्रैल तक न तो विपक्षी दलों को दिया गया और न ही नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) के साथ साझा किया गया। इतना महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभाव वाला विधेयक बिना पूर्व सूचना और बिना मसौदा साझा किए पास कराने की कोशिश यह दर्शाती है कि दाल में कुछ काला है। डॉ. संजय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केवल दिखावटी तरीके से महिला सशक्तिकरण का संदेश देना चाहती है। वास्तविकता यह है कि विपक्ष को बिना पर्याप्त तैयारी के सदन में लाकर बहस को सीमित करने की कोशिश की जा रही है, ताकि जल्दबाजी में बिल पास कर दिया जाए और महिलाओं के हितों पर समुचित चर्चा न हो सके।उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार पहले भी महिलाओं, युवाओं और किसानों के मुद्दों पर ऐसे फैसले लाती रही है, जिनसे उनका वास्तविक हित नहीं, बल्कि नुकसान होने की आशंका रहती है। यह जनविरोधी और लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है।
डीडीसी ने सदर प्रखंड व अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण
- योजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया विशेष जोर
-सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता प्रशासन की प्राथमिकता
देवघर/वरीय संवाददाता। उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम के साथ देवघर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालयों की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करना और विकास योजनाओं की धरातलीय स्थिति की समीक्षा करना था। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने प्रखंड के सुपरवाइजरों, अंचल कर्मियों और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ विभागवार समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति, फाइलों के संधारण और लंबित मामलों की स्थिति की जांच की। श्री सिन्हा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विकास कार्यों का क्रियान्वयन समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। आगे उप विकास आयुक्त ने क्षेत्रीय कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे नियमित रूप से ‘फील्ड विजिट’ करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सतत निगरानी करना अनिवार्य है ताकि अंतिम व्यक्ति तक सरकारी लाभ सुलभता से पहुँच सके। लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। समीक्षा बैठक के पश्चात उप विकास आयुक्त ने कार्यालय के कार्य संचालन, कर्मियों की बायोमेट्रिक, रजिस्टर उपस्थिति और अभिलेखों के रख-रखाव का जायजा लिया। उन्होंने आमजन को दी जाने वाली सेवाओं की समयबद्धता की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को चिन्हित करते हुए उन्होंने उसे यथाशीघ्र दूर करने का आदेश दिया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा मौके पर उपरोक्त के अलावा जिला स्तरीय टीम के साथ प्रखंड एवं अंचल के कई पदाधिकारी व कर्मचारी आदि उपस्थित थे।
भारत विकास परिषद का दायित्व ग्रहण समारोह संपन्न
देवघर/वरीय संवाददाता। भारत विकास परिषद, देवघर शाखा का दायित्व ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नव-निर्वाचित पदाधिकारियों एवं विभिन्न प्रकल्पों के संयोजकों को विधिवत शपथ दिलाई गई।
समारोह में अध्यक्ष के रूप में कंचन मूर्ति साह एवं सचिव के रूप में रूपा केशरी ने दायित्व ग्रहण शपथ लिया। विभिन्न प्रकल्पों हेतु संयोजकों में संस्कार संयोजक रामसेवक सिंह ‘गुंजन’, सेवा संयोजक संजय बंका, संपर्क संयोजक जयप्रकाश गुप्ता, महिला सहभागिता संयोजक कंचन शेखर सिंह एवं पर्यावरण संयोजक संतोष सिंह ने शपथ ली। कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश राज व्यक्तिगत कारणों से उपस्थित नहीं रह सके, जिसके कारण उनका शपथ ग्रहण नहीं हो सका। कार्यक्रम में क्षेत्रीय संयोजक (संपर्क), झारखण्ड क्षेत्र डॉ. अरविंद झा ने सभी दायित्वधारियों को शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने निवर्तमान पदाधिकारियों को पिछले सत्र की उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए बधाई दी तथा नई टीम को उज्ज्वल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने परिषद का संक्षिप्त एवं सारगर्भित परिचय प्रस्तुत करते हुए संगठन की गतिविधियों एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं, संरक्षक डॉ. सुनील सिन्हा एवं निवर्तमान प्रांतीय महासचिव प्रकाश चंद्र सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए परिषद के कार्यों की सराहना की एवं नई टीम का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में परिषद परिवार के दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे तथा सभी ने मिलकर नव-निर्वाचित टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
- उपायुक्त ने की विभाग के कार्यों की प्रशंसा…
अग्निशमन सेवा सप्ताह : उपायुक्त को लगाया गया बैच
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा नेबजिला अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल यादव ने मुलाकात कर उपायुक्त को अग्निशमन सेवा सप्ताह का बैच लगाया। इस अवसर पर उपायुक्त ने अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उपायुक्त ने अग्निशमन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अग्निकांडो से बचाव के तौर-तरीकों के लिए आम लोगों को जागरूक करने की बात कही। ज्ञात हो कि 14 अप्रैल 2025 से 20 अप्रैल 2025 तक राज्य में अग्निशमन सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। अग्निशमन सेवा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य है कि लोगो को जागरूक किया जा सके कि आग लग जाने पर उस पर कैसे काबू किया जाय। साथ ही सुरक्षा के क्या मानक होना चाहिए आदि बातों की जानकारी दी जाती हैं। इसके अलावा वर्तमान में मौसम बहुत गर्म है ऐसे में थोड़ी सी भी लापरवाही बहुत बड़ी दुर्घटना को अंजाम दे सकती हैं। किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में जान-माल की नुकसान ना होने पाए इस हेतु अग्निशमन सेवा सफ्ताह के माध्यम से लगो को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही अग्निशमन पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि विभाग की ओर से 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है जिसके तहत विभिन्न सरकारों कार्यालयों, विधालयो, होटलों में जाकर लोगो/छात्र-छात्राओं/शिक्षकों में जागरूकता फैलाई जा रही है। साथ ही अग्नि कांड की रोकथाम, अग्निकांड से होने वाली क्षति व इससे कैसे बचा जा सकता है पर विस्तार से जानकारी दी जा रही हैं।
बाबा मंदिर परिसर में पंडा समाज का धरना
- पिल पाया द्वार से अनधिकृत प्रवेश पर प्रशासन से टकराव
- वीआईपी व्यवस्था के दुरुपयोग का आरोप, मंदिर परिसर में घंटों तक चला विरोध प्रदर्शन
देवघर/नगर संवाददाता। बाबा मंदिर परिसर में गुरुवार को पंडा धर्मरक्षणी सभा के बैनर तले पुरोहित समाज द्वारा जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। यह धरना सीधे मंदिर परिसर के अंदर आयोजित होने के कारण पूरे दिन श्रद्धालुओं और प्रशासन के बीच चर्चा का विषय बना रहा। पंडा समाज ने मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पिल पाया द्वार से हो रहे अनधिकृत प्रवेश का कड़ा विरोध किया। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व पंडा धर्मरक्षिणी सभा के महामंत्री निर्मल झा मंटू ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित मंदिर परिसर में जुटे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। मंदिर परिसर में धरना दिए जाने से कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण भी हो गया, हालांकि श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन की व्यवस्था सामान्य रूप से जारी रही। धरना को संबोधित करते हुए निर्मल मंटू झा ने कहा कि मंदिर प्रशासन पूरी तरह मनमानी पर उतर आया है और नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिल पाया द्वार, जो केवल वीआईपी श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित है, उसका गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंडा समाज को वास्तविक वीआईपी श्रद्धालुओं के प्रवेश से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन ड्यूटी पर तैनात कर्मी अपने परिचितों और परिजनों को वीआईपी बताकर उसी द्वार से अंदर प्रवेश करा रहे हैं। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम श्रद्धालुओं के साथ भी अन्याय है। निर्मल झा ने आगे कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि कुछ कर्मी अपने परिचितों को होटल से लेकर आते हैं और उन्हें सीधे पिल पाया द्वार से मंदिर में प्रवेश दिलाते हैं। उन्होंने इसे मंदिर की व्यवस्था और पारंपरिक प्रणाली के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि यह पूरी तरह गलत और अस्वीकार्य है। उन्होंने नमक का दरोगा वाली मानसिकता का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग अपने पद का दुरुपयोग कर निजी लाभ उठाने में लगे हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरना के दौरान पंडा समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस तरह की गतिविधियों पर जल्द रोक नहीं लगाई गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को एक शिष्टमंडल उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा से मुलाकात कर इस मामले में ज्ञापन सौंपेगा। यदि प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो पंडा धर्मरक्षणी सभा न्यायालय का दरवाजा खटखटाने से भी पीछे नहीं हटेगी। धरना प्रदर्शन में सभा के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े, पूर्व महामंत्री दुर्लभ मिश्रा सहित सैकड़ों की संख्या में तीर्थ पुरोहित मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर मंदिर परिसर में धरना देकर प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। बाबा मंदिर परिसर में हुए इस धरना प्रदर्शन के बाद प्रशासन और पंडा समाज के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर स्थिति और गंभीर होने की संभावना जताई जा रही है।
बकरी चराने को लेकर विवाद में मारपीट
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव में बकरी चराने को लेकर बुधवार को हुए विवाद के कारण हुए मारपीट में एक युवक घायल हो गया है। घायल राजकिशोर राम ने बताया कि उसका भाई खेत में बकरी चरा रहा था। इसी बीच चचेरा भाई वहां आया। उसने आकर गाली-गलौज किया। इसका विरोध करने पर मारपीट कर उसे घायल कर दिया। शोर सुनकर स्थानीय लोग व स्वजन वहां पहुंच गए। उसके बाद वे लोग वहां से भाग निकले। घायल युवक को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रंगदारी की मांग को लेकर पहले किया मारपीट, फिर गुमटी में लगा दी आग
- जांच में जुटी पुलिस
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के जलसार रोड में मुरारी सिंह की चाय की गुमटी है। बताया जाता है कि बुधवार की रात को कुछ युवकों ने आकर रंगदारी की मांग की। रंगदारी देने से मना करने पर उन लोगों ने उसके साथ मारपीट किया। इसकी शिकायत पीड़ित द्वारा नगर थाने में की गयी थी। इस बीच अल सुबह चार बजे दुकान में आग लगा दिया गया। आग लगाए जाने के कारण गुमटी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगाए जाने की सूचना एक बार फिर से नगर थाना की पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि इस घटना के पीछे पास में रहने वाले एक व्यक्ति का हाथ है। उसी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। आरोप है कि रात की घटना के कारण ही सुबह दुकान में आग लगायी गयी है। ये मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ बताया जाता है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सड़क हादसे में तीन युवक घायल
देवघर/संवाददाता। सड़क हादसे में गुरुवार को बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल संजय यादव व पवन कुमार सीमावर्ती बिहार के बांका जिला के कटोरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दोनों बाइक से जा रहे थे। इस दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया। हादसे में दोनों घायल होकर गिर पड़े। वहीं हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके पर से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक अन्य घटना में जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के जोजोडीह निवासी रमेश बेसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भी इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विषपान करने से छात्रा गंभीर
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के बिलासी टाउन मोहल्ला निवासी एक छात्रा ने जहर खा लिया है। बताया जाता है कि खुशी कुमारी किसी बात को लेकर मानसिक तनाव में थी। इसी कारण उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मोबाइल की छिनतई
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के बिलासी स्थित स्टेट बैंक एटीएम के सामने गली में बुधवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल की छिनतई कर फरार हो गये। इस संबंध में कालिका बिहार मोहल्ला निवासी हषृत चौहान ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराया है। बताया कि वह बिलासी स्थित एटीएम के सामने से गुजर रहा था। उसी दौरान उसके मोबाइल पर कॉल का आया तो वह बात करने लगा। इसी क्रम में बाइक सवार दो बदमाश उसके पास अचानक पहुंचा और हाथ से मोबाइल छिनतई कर एटीएम के सामने वाली गली से फरार हो गया। नगर पुलिस शिकायत के बाद उक्त इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के सहारे अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
चार साइबर आरोपित गिरफ्तार, गये जेल
- छह मोबाइल और छह सिमकार्ड सहित दो प्रतिबिंब सिम बरामद
देवघर/संवाददाता। साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत लगातार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र से साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं लोगों को साइबर ठगी के बारे में अभियान चलाकर जागरूक भी किया जा रहा है। साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी के चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के देवघरबाद निवासी नीरज कुमार, पालाजोरी थाना क्षेत्र के घियामोड़ निवासी खालीद अंसारी, सुमानी अंसारी और मधुपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी मस्जिद गली निवासी सोहराब अंसारी के नाम शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से छह मोबाइल फोन व छह सिम कार्ड सहित दो प्रतिबिंब एप में लोड सिम बरामद किया है। पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ के क्रम में बताया गया कि वे लोग मुख्य रूप से पीएम किसान योजनाओं के लाभुकों को फर्जी किसान योजना का लिंक भेज कर ठगी का शिकार बना लेते हैं। पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुअनि संतोष कुमार मंडल मधुपुर, पथरौल थाना एवं पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम शामिल थी।