देवघर/वरीय संवाददाता। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास की अध्यक्षता में देवघर के लाल संयुक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह कद्दावर कांग्रेसी नेता स्वर्गीय पंडित विनोदानंद झा की 126वीं जयंती समारोह का आयोजन देवघर जिला कांग्रेस कार्यालय में आहूत की गई। इस अवसर पर पंडित जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। एवं केक काट कर खुशियां मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं, संगोष्ठियों एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस जनों, गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने भाग लिया।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास ने कहा कि पंडित विनोदानंद झा के सादगीपूर्ण जीवन, उच्च आदर्शों एवं जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उनके विचारों एवं सिद्धांतों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पंडित विनोदानंद झा जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। मौके पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष सह वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रविंद्रनाथ मिश्रा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेशानंद झा, जिला महासचिव गणेश दास, प्रदेश सचिव अवधेश प्रजापति, पूर्व प्रदेश सचिव अशोक कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी मकसूद आलम, जिला पदाधिकारी किशोर कुमार ठाकुर, जिला पदाधिकारी संजीव कुमार झा, जिला मीडिया चेयरमैन बृजभूषण राम, युवा कांग्रेस का जिला अध्यक्ष आशीष भारद्वाज, देवीपुर प्रखंड अध्यक्ष नकुल दास, देवघर प्रखंड अध्यक्ष राजीव रंजन, करौं प्रखंड अध्यक्ष चंद्रदेव दास, राहुल राज, पप्पू कुमार, श्याम सुंदर यादव, राघवेंद्र झा, सरजू दास, कुमार बाबा, प्रियांशु, पंकज वर्मा गोलू, विवेक सिंह, आदि दर्जनों कांग्रेस जनों इस जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए ।
डॉक्टर लक्ष्मीनारायण सुधांशु को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर महान साहित्यकार स्वर्गीय डॉक्टर लक्ष्मी नारायण सुधांशु को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सुधांशु जी बहुआयामी प्रतिभा और प्रखर राजनैतिक विचारों से संपन्न साहित्यकार थे, जिन्होंने हिंदी को हक दिलाते हुए उसे एक नई दिशा और दशा प्रदान की। हिंदी को सरकारी स्तर पर संवैधानिक और व्यवहारिक रूप से स्वीकृत कराने में इनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। निश्चित रूप से सुधांशु जी एक ऐसे विरले व्यक्ति थे जो राजनीति और साहित्य को साथ लेकर चलते रहे और इसमें उन्होंने कामयाबी भी पाई।
पुण्यतिथि पर याद किये गये गोपाल सिंह नेपाली
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर स्वर्गीय गोपाल सिंह नेपाली को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय नेपाली में कविता की प्रतिभा जन्मजात थी। वे उत्तर छायावाद के सर्वाधिक लोकप्रिय कवि व गीतकार थे। सुंदर रचनाओं द्वारा हिंदी चित्रपट जगत में उन्होंने अपनी काव्य प्रतिभा को जीवित रखा। स्वाधीनता, समानता व लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रहरी के रूप में उन्होंने अपने जीवन की बलि दे दी। आलोचकों की उपेक्षा के बावजूद भी वे जनमानस व साहित्य प्रेमियों की स्मृति में सदैव जीवित रहेंगे।
डीएवी के जिला टॉपर सह राज्य के टॉप 5 में स्थान बनाने वाले स्वस्तिक राज का हुआ सम्मान
- 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का भी हुआ सम्मान
देवघर/वरीय संवाददाता। गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीबीएसई की 10 वीं बोर्ड के जिला टॉपर सह झारखंड के टॉप 5 में स्थान बनाने वाले स्वस्तिक राज के साथ 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय में टॉपर्स और उनके अभिभावकों का एनसीसी के कैडेट्स द्वारा अनुरक्षण किया गया। इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में कुल 48 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किया। टॉपर्स और उनके अभिभावकों का सम्मान मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार और प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद ने माला पहनाकर और अंगवस्त्र प्रदान करके किया।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि डीएवी भारतवर्ष की ऐसी संस्था है जो कि विद्यार्थियों के नैतिक उत्थान के साथ शिक्षा देती है। बच्चों की यह सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के कारण संभव हुई है। विद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता उनके निरंतर प्रयास, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टॉपर्स के माता पिता की ओर से जो विद्यालय के प्रति फीडबैक आया है उससे मैं अभिभूत हूं। उन्होंने डीएवी भंडारकोला में एडमिशन के लिए स्पेशल ऑफर की घोषणा भी की। उन्होंने बच्चों को नॉन स्कूलिंग के दुष्प्रभाव को बताया और ये भी कहा कि सीबीएसई के अनुसार यह गैर कानूनी भी है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। पूरे समारोह में उत्साह एवं गौरव का वातावरण देखने को मिला।
कार्यों में लापरवाही बरतने पर होगी कड़ी कार्रवाई : उपायुक्त
- तीन पालियों में निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों की बैठक संपन्न
- विपत्रों की निकासी में सावधानी बरतने के सख्त निर्देश
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को विपत्रों के निकासी के पूर्व आवश्यक सावधानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। साथ ही उपायुक्त ने एक-एक कर जिला स्तरीय सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, सभी प्रखंड स्तरीय निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, पुलिस विभाग के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया, ताकि विपत्रों के निकासी के पूर्व आवश्यक सावधानी व वित्तिय नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सौरभ, जिला वन पदाधिकारी अभिषेक भूषण, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा उपस्थित थे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि वित्तीय पारदर्शिता और नियमों की सटीकता सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जिला स्तरीय सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी सभी प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों तथा पुलिस विभाग के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी विपत्र की निकासी से पूर्व उसकी बारीकी से जांच की जाए ताकि कोई तकनीकी या प्रक्रियात्मक त्रुटि न रहे। साथ ही वित्तीय नियमावली के सभी प्रावधानों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त निकासी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने और समय सीमा के भीतर कार्य निष्पादन पर जोर दिया गया।
उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि विपत्रों की निकासी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, प्रक्रियात्मक त्रुटि या वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर संबंधित निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी और उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आगे उन्होंने ऑनलाइन भुगतान और पीएफएमएस पोर्टल के उपयोग के दौरान डिजिटल सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उपायुक्त ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि वित्तीय लेनदेन के दौरान प्राप्त होने वाले ओ टी पी को किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा न करें। डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। बैठक में कर्मचारियों के समय पर वेतन भुगतान और सेवानिवृत्त कर्मियों के बकाया दावों से जुड़े भुगतान में सावधानी बरतने और किए जाने वाले कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। साथ ही बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने का निर्देश दिया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, जिला स्तर के वरीय अधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, डीएसपी सीसीआर, संबंधित निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर, विपत्र लिपिक, लेखा लिपिक एवं प्रधान सहायक आदि उपस्थित थे।
श्रद्धालुओं के सुविधा व सुरक्षा के अनुरूप बाबा मंदिर की व्यवस्थाओं को करें सुदृढ़ : उपायुक्त
- आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सुगम जलार्पण की दिशा में करें कार्य
- बाबा मंदिर की गरिमा के अनुरूप श्रद्धालुओं को सुगम जलार्पण कराना हो प्राथमिकता
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को बाबा मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर समाहरणालय में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सौरभ व बाबा मंदिर प्रभारी सह अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार उपस्थित थे।
बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा द्वारा बाबा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम जलार्पण, क्राउड मैनजेमेंट, शीघ्र दर्शनम व्यवस्था, भीआईपी पूजा को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि श्रद्धालुओं को मंदिर में असुविधा न हो। साथ ही बैठक के दौरान पंडा धर्मरक्षिणी सभा के सदस्यों ने अपने-अपने सुझावों को उपायुक्त के समक्ष रखा, जिसपर उपायुक्त ने संज्ञान लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर करने की दिशा में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। आगे मंदिर की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के अलावा नए फुटओवर ब्रिज निर्माण, क्लॉक रूम, सुगम और सुरक्षित जलार्पण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जा सके। साथ ही बढ़ती गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ, प्रांगण में जल का छिड़काव, पेयजल सुविधा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। बैठक के अंत में पंडा धर्मरक्षिणी सभा की ओर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।इस दौरान पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, महामंत्री निर्मल झा, उपाध्यक्ष व संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।
मारपीट व छिनतई के आरोप में मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। बिहार के लखीसराय जिला अंतर्गत डुमरी प्रतापपुर गांव निवासी बिट्टु कुमार ने कुंडा थाना में मारपीट कर जख्मी करने व छिनतई करने का मामला दर्ज कराया है। दर्ज मामले कुंडा थाना क्षेत्र के कटिया (जमुई जिला के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत केवाली के मूल निवासी) के रहने वाले माधव सिंह, रोबिन कुमार, चुनचुन सिंह, रिद्धि कुमार व सूरज कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया है। दर्ज मामले में पीड़ित का कहना है कि वह अपने साथ साथ निखिल कुमार के साथ सारवां से कटिया की ओर आ रहे थे। उसी दौरान पूर्व से घात लगाए आरोपितों ने कटिया के समीप जबरन गाड़ी को रुकवाया। गाड़ी रुकते ही चॉबी निकाल लिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडा व राड से मारपीट जख्मी कर दिया। मारपीट के क्रम में गले से 10 ग्राम वजन का सोने का चेन और छह हजार रुपया नकद छीन लिया। पुलिस दर्ज मामले की छानबीन में जुट गई है।
मारपीट को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के परशुराम नगर मोहल्ला निवासी राकेश कुमार के बयान पर मारपीट व धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। दर्ज मामले में मोहल्ला के रहने वाले मुकेश कुमार सिंह व अक्षय कुमार सिंह को नामजद आरोपित बनाया गया है। दर्ज मामले में पीड़ित का कहना है कि वह बैंक से काम खत्म कर घर लौटा था। घर के सामने गाड़ी पार्क कर अंदर जाने लगा। उसी दौरान दोनों आरोपित गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। आरोपितों द्वारा पूर्व में गाली-गलौज व धमकी दिया गया था। घटना की सारी गतिविधि का वीडियो रिकार्डिंग पीड़ित के पास है। कुंडा थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
एपीके फाइल डाउनलोड कराकर महिला से ठगी
देवघर/संवाददाता। एपीके फाइल डाउनलोड कराकर महिला को ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र स्थित झौंसागढ़ी मोहल्ला की रहने वाली पीड़ित महिला ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि ऑनलाइन माध्यम से उसने कुछ सामान की शापिंग की थी। सामान ट्रांसपोर्ट से आने वाला था। पता करने के लिए उसने गूगल के सर्च इंजन पर जाकर ट्रांसपोर्ट की खोज की। ट्रांसपोर्ट का नंबर मिलने पर उसने संबंधित फोन पर संपर्क स्थापित किया। फोन पर उसे सामान रिसिव करने से पूर्व एपीके फाइल डाउनलोड करने को कहा गया। महिला सामने वाले की बात में आकर एपीके फाइल डाउनलोड कर ली। एपीके फाइल डाउनलोड करने के कुछ ही देर बाद उसके खाते से 2700 रुपये की अवैध निकासी कर उसी राशि से फिल्पकार्ड से शापिंग कर लिया। ठगे जाने का एहसास होने पर महिला साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना की पुलिस प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है।
फैक्ट्री में तोड़फोड़ के साथ मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। जमुई जिला के सोनो थाना क्षेत्र के केवाली गांव के रहने वाले (वर्तमान में कुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटिया रोड निवासी) मुकेश कुमार सिंह ने कुंडा थाना में फैक्ट्री में घुसकर तोड़-फोड़ व मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है। दर्ज मामले में लखीसराय के रहने वाले बृजनंदन शर्मा उर्फ ढिलन, सलेश सिंह, गोपाल सिंह, बिटु कुमार, कुंदन शर्मा, शिव कुमार सिंह सहित पांच-छह अज्ञात को आरोपित बनाया है। दर्ज मामले में पीड़ित का कहना है कि आरोपितों द्वारा उनकी फैक्ट्री के पहुंचकर बाहर से ईंट-पत्थर फेंकते हुए गाली-गलौज करने लगा। उस दौरान पीड़ित के चाचा कुंदन कुमार व स्टाफ शेशन कुमार गेट खोलकर बाहर निकले तो आरोपितों ने पिस्टल से माथा पर वार कर कुंदन कुमार को जख्मी कर दिया। आरोपित गोपाल सिंह ने अपने साथियों को फैक्ट्री में लगाने कर कुंदन व शेशन को जिंदा जलाने को कहा। उसी दौरान फैक्ट्री में तोड़-फोड़ करना शुरू कर दिया। जिसे रोकने के क्रम में स्टॉफ के साथ भी मारपीट किया गया। मारपीट के दौरान आरोपित ने चांदी का ब्रॉसलेट व पांच हजार रुपये पॉकेट से निकाल लिया। कुंडा थाना की पुलिस दर्ज मामले की छानबीन में जुट गई है।
सड़क हादसे में तीन महिला सहित चार लोग घायल
देवघर/संवाददाता। अलग- अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में तीन महिला सहित चार लोग घायल हो गये। सभी घायलों को इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना इलाके में हुए सड़क हादसे में कोडरमा जिला के नवलसाही थाना क्षेत्र के लालोडीह खेसमी निवासी मामता देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी। पहले उसे चकाई स्थित रेफर अस्पताल में इलाज के लिये पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्वजनों में बताया कि ममता देवी का मायका दुमका जिला के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बारोडीह गांव में है। वह शुक्रवार को ऑटो से मायका आ रही थी। उसी क्रम में चकाई बाजार के पास एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली पोल से जा टकारया। इस घटना में ममता देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी। वहीं अन्य स्थानों पर हुए सड़क हादसे में बिहार के बांका जिला के बेलहर थाना क्षेत्र के फुलीडुमर निवासी सचिन तुरी, कटोरिया निवासी रवीना खातुन देवघर जिला के मधुपुर थाना क्षेत्र के सोनाजोरी निवासी पावर्ती देवी घायल हो गयीं। सभी घायल का इलाज देवघर सदर अस्पताल में किया जा रहा है।
मारपीट, लूटपाट एवं फायरिंग करने को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में मारपीट, लूटपाट एवं फायरिंग करने को लेकर सात नामजद एवं कई अज्ञात पर मामला दर्ज कराया गया है। इस संबंध में सुरातिलौना निवासी शबाना खातुन ने दर्ज कराया है। मामले में मो जाकीर शेख, मो इरशाद, मो आजाद, मो शोहराब, तैयदा खातुन एवं मो शोहराब सहित कई अज्ञात को आरोपी बनाया है। उपरोक्त आरोपियों द्वारा उसके घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट करने के साथ- साथ फायरिंग किया गया। नगर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गयी है।