पीएम के जयंती पर रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन
जामताड़ा। संवाददाता। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा की ओर से सेवा सप्ताह के तहत ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्त शिविर का आयोजन युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनूप पांडे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व समाज कल्याण मंत्री डॉ लुईस मरांडी, विशिष्ट अतिथि वीरेंद्र मंडल मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया तथा दूसरे को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए लुईस मरांडी ने बताया कि 15 दिनों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म दिवस हम लोग सेवा सप्ताह के तहत मना रहे हैं। इसी के तहत भाजपा के कार्यकर्ताओं के अलावे समाज के लोगों से भी रक्तदान करने के लिए अपील की जा रही है। कार्यक्रम को वीरेंद्र मंडल ने भी संबोधित किया और उन्होंने भी सेवा सप्ताह के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सोमनाथ सिंह, सुनील हांसदा, सुकुमार सरखेल, सुप्रकाश चौधरी, प्रदीप कुमार, राजीव रजक, पिंटू गुप्ता, मुकेश यादव, अर्जित मिश्रा, चंदन राउत, जीतेंद्र दूबे, मनोज दे आदि मौजूद रहे।
श्मसान शेड का हुआ उद्घाटन
नाला। संवाददाता। गुरुवार को जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन, उपाध्यक्ष फुल कुमारी देवी एवं सदस्य वंदना देवी ने नाला प्रखंड के कालाझरिया गांव स्थित अजय नदी घाट पर संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर श्मशान शेड का शिलान्यास किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा है कि इस स्थल में एक अदद श्मशान शेड बनाने के लिए क्षेत्रवासियों की काफी पुरानी मांग थी। शेड नहीं रहने से लोगों को धूप और बारिश का सामना कर शव का अंतिम संस्कार करना पड़ता था। लेकिन इस श्मशान शेड के बन जाने से शव का अंतिम संस्कार करने में सुविधा होगी। मालूम हो कि शेड का निर्माण 15वें वित्त योजना से लगभग तीन लाख 53 हजार की लागत से की जाएगी। इस अवसर पर समाजसेवी महेन्द्र मंडल, अजय कुमार मंडल के अलावे ठाकुर प्रसाद सिंह, पवन सिंह, खगेश्वर सिंह, समित्रा कुमारी, तारणी देवी सहित अन्य मौजूद थे।
कृषक सलाहकार समिति की बैठक में रबी फसल को लेकर हुई चर्चा
फतेहपुर। संवाददाता। फतेहपुर प्रखंड कृषक सलाहकार समिति की बैठक गुरुवार को प्रखंड कार्यालय स्थित एटीक सेंटर में कृषक मित्र अशोक मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बीटीएम अमीर हेम्ब्रम ने उपस्थित कृषक मित्रों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही, रबी फसल को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान बीटीएम ने बताया कि रबी फसल के मौसम को देखते हुए जल्द ही किसानों को बीज उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में कृषक मित्र मनीश्वर किस्कू, श्याम सुंदर टुडू, अमित हांसदा, संजय सोरेन, राम पुजहर, रवि पुजहर, पवन महतो आदि मौजूद थे।
मथुरा के तर्ज पर किया गया गणेश पूजा पंडाल का निर्माण
गणेश उत्सव के 7 दिवसीय मेले में उमड़ रही भक्तों की भीड़
मिहिजाम। संवाददाता। स्थानीय मिहिजाम के बेसिक स्कूल में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश उत्सव का सात दिवसीय आयोजन जारी है। यहां तैयार किए गए मथुरा के तर्ज पर भव्य पंडाल दर्शनार्थियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आर्ट क्लब की ओर से आयोजित सात दिवसीय गणपति उत्सव का मेला धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। यहां मेला भ्रमण के लिए प्रतिदिन काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है। विशेष कर रात्रि में तैयार किए गए भव्य पंडाल और आकर्षक गणपति की प्रतिमा एवं लाइट की साज सज्जा के विहंगम दृश्य देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ पहुंच रही है। लोग भगवान गणपति के दर्शन और पूजा अर्चना भी कर रहे हैं। यहां भव्य झूला, मेला और खेल तमाशा का भी आयोजन किया गया है। जहां महिलाएं, बच्चे और नौजवान जमकर इसका आनंद ले रहे हैं। खाने के लजीज व्यंजन स्थलों पर भी लोगों की भीड़ पहुंच रही है। दिन भर गणपति बप्पा मोरिया के गूंज से इलाका का वातावरण भक्ति मय बना हुआ है। यहां यात्रा करने वाले यात्री भी गणपति का दर्शन सड़क किनारे पंडाल रहने के कारण कर पा रहे हैं। गुरुवार को भी गणपति उत्सव में पूजा अर्चना एवं दर्शन के लिए लोगों की अपार भीड़ लगी रही।
बाल संरक्षण पर कार्ययोजना को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
नाला। संवाददाता। नाला प्रखंड सभागार में मिशन वात्सल्य के अंतर्गत बाल संरक्षण के विषय पर कार्ययोजना तैयार करने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी (डीसीपीओ) अंजु पोद्दार ने बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान बच्चे के पुनर्वास, किशोर न्याय बोर्ड का गठन तथा कार्य पर चर्चा किया गया। इस क्रम में बाल श्रम, बाल व्यापार, बाल शोषण, बाल अधिकार, बाल विवाह तथा पोक्सो एक्ट के बारे में चर्चा की गई। इस अवसर पर जेएसएलपीएस के पीसीआई विनय विश्वास, जेएसएलपीएस के बीपीएम गणेश महतो, ईआरएसएस राजकिशोर यादव, नाला मुखिया अजीत मुर्मू, सेविका शिल्पी गोस्वामी, शिउली हालदार, शांता दास, दुलीन सोरेन, ललीता भंडारी सहित अन्य सहिया तथा सेविकाएं मौजूद थी।
ड्रिप से जोड़ो अभियान के तहत बीटीएम ने चलाया जागरूकता कार्यक्रम
नाला। संवाददाता। ड्रिप से जोड़ो अभियान के तहत चकनयापाड़ा पंचायत अंतर्गत डुमरिया गांव में ड्रिप से खेती करने के लिए किसानों को जागरूकता कार्यक्रम चलाकर जागरूक किया गया। इस दौरान बीटीएम सुजीत कुमार सिंह ने किसानों को बताया कि ड्रिप से खेती एक आधुनिक तकनीक है, जिसके तहत कम पानी में टपक सिंचाई विधि से पौधों के जड़ तक आसानी से पानी पहुंचाया जा सकता है। इससे 70 प्रतिशत तक कम पानी की खपत होती है। इस दौरान ग्राम में ही युवा प्रगतिशील किसान रंजीत माझी के खेतों का भ्रमण कर आवश्यक जानकारी दी गई। पूर्व में लगे ड्रिप से खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस क्रम में रंजीत माजी के खेत में लगे केला, बैगन, आम के बगीचा एवं सहजन के पौधे की जानकारी ली गई। आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान बीटीएम सुजीत कुमार सिंह ने यह भी बताया कि आने वाले समय में आत्मा एवं केवीके जामताड़ा से श्री माजी एवं गांव के अन्य प्रगतिशील किसानों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। ताकि और बेहतर तरीके से किसान आधुनिक खेती कर सके। मौके पर गांव के अन्य प्रगतिशील किसान मौजूद थे।
नेत्र सहायक के निधन पर शोक सभा का आयोजन
नारायणपुर। संवाददाता। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में एनएचएम के तहत पदस्थापित नेत्र सहायक राजरत्नम कुमार के आकस्मिक निधन पर गुरूवार को सीएचसी परिसर में शोक सभा आयोजित की गई। राजरत्नम कुमार नेत्र सहायक व हंसमुख किस्म के व्यक्ति थे। नारायणपुर सीएचसी के अलावे प्रखंड क्षेत्र में भी लोग उनसे परिचित थे। उनका अचानक निधन हो जाना यह बहुत बडी दु:ख की बात है। वह अपने पीछे दो छोटे छोटे बच्चों एवं पत्नी सहित पूरे परिवार को छोड़कर चल बसे। इसको लेकर गुरुवार को सीएचसी नारायणपुर परिसर में प्रभारी डॉक्टर कृष्ण गुप्ता, डॉक्टर केदार महतो, शशि भूषण, बीपीएम अखिलेश कुमार, एएनएम रंजना कुमारी, ललिता कुमारी सहित सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ कर्मियों ने संयुक्त रूप से 2 मिनट का मौन धारण कर उनके आत्मा की शांति प्रदान करने के लिए उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी। राजरत्नम बुधवार सुबह ही वे रांची से नारायणपुर लौटे थे। उनका तबीयत बिगड़ने पर जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए बाहर ले जाने को कहा, पटना ले जाने के क्रम में उनका निधन हो गया।
अग्निवीर को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान
नारायणपुर। संवाददाता। अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीर बनने का अवसर दे रही आर्मी ने स्कूलों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को जागरूक कर रही है। सेना की ओर से स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने के लिए बनाई गई एक टीम गुरुवार को नारायणपुर पहुंची। सेना के अधिकारियों ने राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय नारायणपुर के छात्र-छात्राओं को अग्निवीर योजना के साथ ही सेना में भर्ती की जानकारी दी। सेना में अग्निवीर वायु के लिए फिलहाल छात्र ही आवेदन कर सकते हैं। वही सेना में होने वाली अन्य भर्तियों में बालक-बालिकाएं दोनों आवेदन कर सकते हैं। जागरूकता कार्यक्रम में सेना के अधिकारी मेजर रूपलाल अरोरा, उप मेजर संदीप थापा ने छात्रों से सेना के बारे में सामान्य ज्ञान के सवाल भी पूछे। इसके साथ ही उन्होंने वायु सेना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करने के साथ ही अग्निवीर योजना के लाभ, प्रशिक्षण आदि की विस्तार से जानकारी प्रदान की। पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से सेना अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि किस तरह से अग्निवीर योजना के तहत आवेदन किए जा सकते हैं।
उसके लिए क्या योग्यता होनी चाहिए और चयन के बाद प्रशिक्षण और फिर ड्यूटी किस तरह से कराई जाएगी। मौके पर शिक्षक हेमलाल मुर्मू, अनिल कुमार, प्रवीण कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।
बोरिंग से स्वत: निकल रहा है 24 घंटे पानी
नारायणपुर। संवाददाता। जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड की नावाडीह पंचायत स्थित कोयडीहा गांव में एक सप्ताह से बिना चलाए एवं छुए बोरिंग से 24 घंटे पानी निकल रहा है। यह अजीब है परंतु हकीकत है। लोगों को जब पानी की जरूरत होती है बोरिंग का पाइप के नीचे बाल्टी रख देते हैं। कुछ मिनट में बाल्टी पानी से भर जाता है। दिनचर्या के सभी काम इस चमत्कारी बोरिंग से लोग कर रहे हैं। ग्रामीण फखरुद्दीन अंसारी ने बताया कि वह एक सप्ताह पूर्व बोरिंग किया था। 80 फीट का गड्ढा होते ही नीचे से पानी का फव्वारा फेंकना आरंभ कर दिया। जिस कारण अधिक गहराई तक खुदाई भी नहीं की जा सकी। इसके बाद केसिंग में एक नल निकालकर छोड़ दिया गया। इस नल से पिछले एक सप्ताह से पानी निकल रहा है, जिसका पूरे गांव के लोग उपयोग कर रहे हैं। 24 घंटे लगातार पानी बह रहा है।
दशलक्षण पर्व के तीसरे दिन उत्तम आर्जव धर्म का हुआ पालन
मिहिजाम। संवाददाता। गुरुवार को पर्युषण पर्व का दशलक्षण महापर्व के तहत तीसरे दिन उत्तम आर्जव धर्म का पालन हुआ। जहां दिगम्बर जैन मुनि, ब्रह्मचारी अजय भैया ने उपस्थित लोगों को उत्तम आर्जव धर्म के महत्व को बताया। ब्रह्मचारी अजय भैया ने बताया कि उत्तम आर्जव धर्म अपनाने से मन एकदम निष्कपट, निश्छल तथा राग-द्वेष से रहित हो जाता है। सरल हृदय व्यक्ति सुयश व सुगति को प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को आर्जव-धर्म के अनुरूप अपने हृदयांगण में सच्ची सरलता को धारण करना चाहिए। इस पर्युषण पर्व को लेकर दिगम्बर जैन मंदिर में महिला, पुरुष, युवक, युवतियों ने विधिवत पूजा पाठ किया। पूजा के दौरान भगवान महावीर पर श्रद्धा पूर्वक जलाभिषेक किया गया।
इस दौरान दिगंबर जैन समाज मंदिर कमेटी के अध्यक्ष, सचिव, मंत्री, सभी सदस्यगण के अलावे जैन त्रिशला महिला मंडल उपस्थित रहे।
शहर में लगातार हो रही है बाइक चोरी
जामताड़ा। संवाददाता। इन दिनों शहर में बाइक चोर गिरोह लगातार बाइक की चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन नगर थाना पुलिस कुछ भी नहीं कर पा रही है। बताते चलें कि तीन दिन के अंदर शहर से तीन बाइक की चोरी की घटना को इन अपराधियों ने अंजाम दिया है। गुरूवार को शहर के न्यूटाउन से बाइक चोरों ने एक बाइक की चोरी की घटना को अंजाम देने का काम किया है।
सहायिका बहाली को लेकर हुई आमसभा में अनिता टुडू चयनित
कुंडहित। संवाददाता। गुरुवार को प्रखंड के कालिकापुर आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका चयन को लेकर मुखिया विनीता हंासदा की अध्यक्षता में ग्राम सभा आयोजित की गई। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्रीमान मरांडी उपस्थित थे। बीडीओ ने चयन प्रक्रिया को लेकर सहायिका पद के 5 लाभार्थी पानवाती सोरेन, शिपाली मरांडी, किरण मुर्मू, प्रियंका मुर्मू, अनीता टुडू के नाम को पढ़कर सुनाया। साथ ही, सभा में उपस्थित लोगों को चयन प्रक्रिया के मार्गदर्शिका को भी पढ़कर सुनाया गया। ग्राम सभा में शैक्षणिक देय अंक के आधार पर अनीता टुडू का सहायिका पद के लिए चयन किया गया। शांतिपूर्ण ढंग से चयन के उपरांत चयनित अनीता टुडू को बधाई देकर सभा का समापन किया गया। मौके पर शिक्षक मनोज कुमार मुर्मू, बाल विकास परियोजना के पर्यवेक्षक बाले लीलावती बास्की, पंचायत समिति सदस्य लखींद्र मुर्मू, सेविका पुकुनी मुर्मू के अलावे काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
अंबा में मनाया गया राष्ट्रीय पोषण माह
कुंडहित। संवाददाता। जेएसएलपीएस के तहत गुरुवार को कुंडहित प्रखंड के अंबा पंचायत भवन में राष्ट्रीय पोषण माह मनाया गया। मौके पर सेतु दीदी निर्मला किस्कू मुख्य रुप से उपस्थित थे। इस दौरान सखी मंडल दीदियों को विभिन्न सब्जियों का रंगोली बनाकर पोषण का संदेश दिया गया। साथ ही, तिरंगा पोषण आहार लेने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। मौके पर सेतु दीदी निर्मला किस्कू ने बच्चों को भोजन में पौष्टिक युक्त हरी साग-सब्जी जैसे-आलू, बैगन, टमाटर, पपीता, गोभी, सोयाबीन का गिलकी, लौकी प्रयोग करने की सलाह दी गई। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं को अतिरिक्त भोजन व पौष्टिक आहार लेने तथा बच्चों को जन्म से छह महीने उपरांत उपरी आहार देने का संदेश भी दिया गया। जन्म के दौरान कम वजन वाले बच्चों के लिए कंगारू देखभाल विधि एवं उनसे होने वाले लाभ को भी बताया गया। अंत में सभी लाभार्थियों ने समाज को सुपोषित करने को लेकर शपथ लिया। मौके पर सखी मंडल दीदीयां उपस्थित थी।