- मामला शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ छेड़खानी का
- छात्रों के दवाब के कारण विभाग संयोजक शुभम राय समेत चार अभाविप कार्यकर्ता को पुलिस ने छोड़ा
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को संत फ्रांसिस स्कूल, जसीडीह के एक शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ घटित छेड़खानी के घटना के विरोध में आरोपी शिक्षक के गिरफ्तारी और संत फ्रांसिस स्कूल प्रशासन के भूमिका के जांच की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के देवघर जामताड़ा विभाग संयोजक शुभम राय के नेतृत्व में शांतिपूर्ण तरीके से पुतला दहन कर विरोध जताया। इस बीच मौके पर पुलिस प्रशासन ने पहुंच कर बर्बरतापूर्ण कार्यवाही करते हुए विभाग संयोजक शुभम राय, विभाग संगठन मंत्री उपेंद्र कुमार, देवघर कॉलेज अध्यक्ष गौरव राज, देवघर कॉलेज मीडिया प्रभारी अभिजीत सिंह, सत्संग कॉलेज अध्यक्ष कुंदन यादव को हिरासत में ले लिया। तत्पश्चात प्रदेश कार्यकारणी सदस्य वरुण शर्मा के नेतृत्व में पुतला दहन किया गया। हिरासत में लिए गए छात्र नेताओं को जसीडीह थाना में रखा गया पर थाना का सैंकड़ों छात्रों ने घेराव करना शुरु कर दिया। छात्रों के दवाब में आकर प्रशासन ने 2 घंटे में सभी छात्र नेताओं को छोड़ा दिया। मौके पर देवघर-जामताड़ा विभाग संयोजक शुभम राय ने कहा कि देवघर जैसे सांस्कृतिक राजधानी में इस प्रकार का जघन्य अपराध किसी भी शर्त पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिस पाठशाला में शिक्षा, संस्कार महिला सशक्तिकरण का पाठ पढ़ाया जाता है, उसी पाठशाला में छात्रा का शोषण होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले छात्रों के हाथों से कलवा, रक्षाबंधन का राखी खुलवाना, माथे से तिलक हटवाना। चादर से लेकर फादर की राजनीति करने के बाद अब हिंदू बहन-बेटियों को यह लोग अपना शिकार बनाते जा रहे हैं। शिक्षा की जगह पर शोषण करते जा रहे हैं। जिसे किसी भी शर्त पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्कूल के प्राचार्य की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और अविलंब निलंबित होना चाहिए। अभाविप जल्द से जल्द अपराधी के गिरफ्तारी का मांग करती है और जल्द से जल्द दोषी के ऊपर कड़ी से कड़ी सजा की मांग करती है अन्यथा अभाविप चरणबद्ध आंदोलन के लिए बधाई होगी।
महिला सफाई मित्रों के बीच सेनेटरी पैड का किया गया वितरण
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को देवघर नगर निगम क्षेत्र के दलित कॉलोनी में महिला सफाई मित्रों के स्वास्थ सुरक्षा हेतु सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। सफाई मित्रों को इसके इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई तथा लाभ के बीच में बताया गया। कार्यक्रम में नगर प्रबंधक सुधांशु शेखर, नगर प्रबंधक मृणाल कुमार, सफाई निरीक्षक श्याम सुंदर राव, रौशन राम, बिरजू राम, सुमन कुमार, मनोज गुप्ता व चंद्र किशोर आदि शामिल थे।
मुखिया को जागरूक होने की जरूरत : हिमांशु
- झारखंड राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने मुखिया के साथ किया गया संवाद
देवघर/वरीय संवाददाता। शुक्रवार को झारखंड राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी की अध्यक्षता एवं सदस्य शबनम परवीन की उपस्थिति में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 से संबंधित मुखिया से संवाद कार्यक्रम का शिल्पग्राम ऑडिटोरियम में किया गया। इस दौरान अपर समाहर्ता चंद्र भूषण प्रसाद सिंह, सिविल सर्जन देवघर, डॉ. रंजन सिन्हा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेम राज टोप्पो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रुनु मिश्रा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान झारखंड राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी द्वारा जानकारी देते हुए कहा गया कि इस प्रकार के संवाद का आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य लोगो को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रति लोगों को जागरूक करना है। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिनियम से संबंधित नियमों का आम जनमानस किस प्रकार से लाभ ले सके। यदि कोई शिकायत है तो कहां पर और कैसे शिकायत करें एवं कैसे उनका उचित निदान हो आदि हैं। कहा कि एक मुखिया अपने पंचायत का प्रतिनिधित्व करते है एवं अगर मुखिया जागरूक हैं तो उस पंचायत के लोग आसानी से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओ का लाभ ले सकते हैं। इन्ही सब बातों को ध्यान में रखते हुए व राज्य खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 से संबंधित नियमों से आमजन को जागरूक करने हेतु जिले के सभी पंचायत के मुखियाओं के साथ संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा आयोग के सदस्य व अन्य विभाग के अधिकारियों द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले राशन, विद्यालय में मिलने वाले मध्याह्न भोजन, आंगनबाड़ी केंद्रों में मिलने वाले खाद्य सामग्री के सुलभता व अन्य बातों की जानकारी दी। सवांद कार्यक्रम में मुखिया संवाद कार्यक्रम के दौरान झारखंड राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष द्वारा उपस्थित विभिन्न मुखियाओं से खाद्य सुरक्षा अधिनियम से संबंधित समस्याओं को सुना व उनका उचित समाधान भी बतलाया गया गया। साथ ही कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा अधिनियम से जुड़ी जनवितरण योजना, मध्याहन भोजन योजना, आंगनबाड़ी केन्द्र मातृ वंदना योजना से जुड़ी जानकारी से संबंधित अधिकारियों द्वारा दी गयी।सवांद कार्यक्रम में सभी 194 पंचायतों के मुखिया, पीडीएस डीलर आदि उपस्थित थे।
ट्रांसजेंडरों की सुविधा हेतु विशेष कैंप का हुआ आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी विशाल सागर के निर्देशानुसार ट्रांसजेंडरों की सुविधा हेतु शुकवार को पुराने सदर अस्पताल परिसर में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। ज्ञात हो कि ट्रांसजेंडरों को भय, शर्म, लैंगिक विकृति, सामाजिक दबाव, अवसाद, आत्महत्या की प्रवृत्ति, समाजिक कलंक आदि जैसी समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने हेतु व्यापक प्रचार प्रसार के साथ-साथ परामर्श, सलाह देने तथा ट्रांसजेंडर के संबंध में सामाजिक जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कोई भी उनसे छुआ-छूत जैसी भावना न रखे और महसूस हो कि वे भी समाज का एक हिस्सा है। जिले में कई ऐसे ट्रांसजेंडर समुदाय की सुविधा के अलावा सरकारी दस्तावेज उपलब्ध कराने एवं मुख्य धारा में जोड़ने हेतु आज आयोजित कैम्प में 14 ट्रांसजेंडरों का एफिडेविट, 07 ट्रांसजेंडरों को फॉर्म 06 के माध्यम से नये मतदाता सूची में जोड़ा गया, 03 ट्रांसजेंडरों को फॉर्म 08 के माध्यम से वोटर आई डी में सुधार किया गया, 06 ट्रांसजेंडरों का आधार अपडेट किया, 08 ट्रांसजेंडरों का ट्रांसजेंडरों का आईडी बनाया गया एवं कुल 14 ट्रांसजेंडरों का मेडिकल सर्टिफिकेट कैम्प के माध्यम से बनाया गया। साथ ही आवश्यक सभी आवश्यक सुविधा कैम्प में सुनिश्चित की गयी थी, ताकि किसी भी आवेदनकर्ता को किसी प्रकार का असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुण्यतिथि पर गुरु नानक को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर सिख धर्म के संस्थापक व सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे अपने व्यक्तित्व में दार्शनिक, योगी, गृहस्थ, धर्म सुधारक, समाज सुधारक, कवि, देशभक्त और विश्व बंधुत्व सभी गुणों को समेटे हुए थे। सर्वधर्म समभाव के प्रतीक गुरु नानक के सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता के संदेश को आत्मसात करके ही सुखमय जीवन एवं समृद्ध राष्ट्र की कल्पना की जा सकती है। उनके द्वारा दिए गए असत्य और अन्याय के प्रतिकार की शिक्षा को तथा अन्य प्रेरणादाई संदेशों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
दीपू बने राष्ट्रीय एकता विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष
देवघर/वरीय संवाददाता। राष्ट्रीय एकता विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्य कुमार वर्मा बाबाधाम पहंुचे और अपने मंच की तरफ से देवघर के जाने माने युवा समाजसेवी सूरज झा की सेवा भावना को देखते हुए अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। वही झारखण्ड मे अपनी कमिटी का पहला विस्तार किया। जिसमंे दीपू झा को प्रदेश अध्यक्ष, शम्भू गुप्ता को जिला अध्यक्ष, और साथ मे सूरज झा को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया। उन्होंने आशा व्यकत करते हुए कहा कि श्री झा की देखरेख मे सबसे पहले संथाल परगना के गोड्डा लोकसभा मे जल्द ही दूसरी बैठक कर 1000 सदस्य बनाया जायेगा। बैठक मे देवघर के दर्जनों लोग शामिल थे।
कविता पाठ प्रतियोगिता में डीपीएस स्कूल जिला में अव्वल
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के युग्म बैनर तले भारत के विभिन्न स्थानों पर 15 दिवसीय महात्मा गांधी जयंती के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। आज कविता पाठ प्रतियोगिता का जिला स्तरीय विजयी प्रतिभागियों के नामों की घोषणा की गई। प्रतिभागियों को चार ग्रुपों में बांटा गया था। ग्रुप नर्सरी से द्वितीय तक के विद्यार्थियों को ग्रुप ए, तृतीय से षष्ठ को ग्रुप बी, सप्तम से दशम को ग्रुप सी जबकि सर्वसाधारण को ग्रुप डी में रखा गया था। इस प्रतियोगिता में डीपीएस इंटरनेशनल स्कूल जिला में हर ग्रुप में अव्वल स्थान प्राप्त कर रिकॉर्ड कायम किया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्रुप ए में, इस विद्यालय के शौर्य कुमार पंडित एवं सृष्टि कुमारी पंडित को क्रमश: प्रथम व द्वितीय, मधुपुर की रिया खातून को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। शौर्य व सृष्टि ने राष्ट्रपिता तुम कहलाने हो, सभी प्यार से कहते बापू। तुमने हम सबको मार्ग दिखाया, सत्य अहिंसा का पाठ पढ़ाया.. निराला अंदाज से कहा। ग्रुप बी में, इसी विद्यालय की अनमोल कुमारी, आन्या राज एवं कोमल कुमारी को क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। अनमोल ने, ली सच की लाठी उसने, तन पर भक्ति का चोला, सबक अहिंसा का सिखलाया, वाणी में अमृत उसने घोला, बापू के इस रंग में रंग कर, देश का बच्चा- बच्चा बोला, कर देगें भारत माँ पर अर्पण, हम अपनी जान को, हम श्रद्घा से याद करेगें, गाँधी के बलिदान को… बखूबी प्रस्तुति दी। ग्रुप सी में, इसी विद्यालय की साक्षी कुमारी व माही कुमारी को क्रमश: प्रथम व द्वितीय जबकि मधुपुर की शैलजा कुमारी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। साक्षी ने, जिसने खुशियां दी जीवन को, कोटि-कोटि दलित जनों को, सरल कर दिया जीवन रण को, ऊँच-नीच का भेद मिटाया, जन्मदिवस बापू का आया .. की सुंदर प्रस्तुति दी। ग्रुप डी में, इस विद्यालय की शिक्षिका अलका सिंह को प्रथम, जसीडीह के राजेश कुमार व निधि कुमारी को क्रमश: द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। अलका ने, सोचों और बताओं आख़रि है किसक़ी तस्वीर, ”सोचों और बताओं आख़रि है किसक़ी तस्वीर, नंगा ब़दन क़मर पर धोती और हाथ मे लाठीं, बूढ़ी आँखो पर हैं ऐनक़, क़सी हुई क़द काठी, लटक़ रही है ब़ीच क़मर पर घड़ी बन्धी ज़जीर, सोचों और बताओं आख़रि है किसक़ी तस्वीर…की सुंदर प्रस्तुति दी।
सफाई कार्यों की समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने एमएसडब्लूएम को लगाई फटकार
देवघर/नगर संवाददाता। शुक्रवार को देवघर नगर निगम नगर आयुक्त सह प्रशासक शैलेंद्र कुमार लाल की अध्यक्षता में सफाई कार्यों की समीक्षा बैठक नगर निगम सभागार द्वितीया तल में आहूत की गई। बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि वार्ड जमादार एवं एमएसडब्लूएम प्रालि सुपरवाइजर को समन्वय स्थापित कर शहर एवं शहर के नागरिकों को बेहतर सफाई व्यवस्था दी जाये। देवघर का एमएसडब्लूएम प्लांट एकलौता ऐसा प्लांट है जहां कचरों का प्रोसेसिंग एवं डोर टू डोर क्लेक्शन कार्य किया जा रहा है। एमएसडब्लूएम प्रालि के कार्य संस्कृति एवं निरीक्षण के अभाव से अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं हो रहा है। नगर आयुक्त ने कहा 25 प्रतिशत गाडियों की चाभी निगम के पास सुरक्षित रखा जाये। जिससे किसी प्रकार से हड़ताल की स्तिथि उत्पन्न ना हो। अगर किसी भी वार्ड में डोर टू डोर क्लेक्शन नहीं होती है तो 10000 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दंड निर्धारित किया जाएगा। ट्रांसफर स्टेशन से अगर 24 घंटे के अंदर कचड़ा प्रोसेसिंग प्लांट नहीं भेजा जाएगा तो 1.5 लाख रुपया का दंड शुल्क निर्धारित किया जाएगा। बैठक में सहायक नगर आयुक्त विजय हांसदा सुरेंद्र किस्कू, नगर प्रबंधक सुधांशु शेखर एवं मृणाल कुमार, वरीय सफाई निरीक्षक अजय कुमार, सफाई निरीक्षक श्याम सुंदर राव, गोपाल महतो, मनीष भारद्वाज, कन्हैया राम, सभी वार्ड जमादार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
मानसी के लिए रहनुमा बनकर सामने आए सुनील ने दो लाख रुपये की आर्थिक मदद
रंगदारी की मांग कि लेकर मुंशी के साथ गाली-गलौज और मारपीट
- एससीएसटी एक्त के तहत मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना इलाके के बंधा में एक कांट्रेक्टर के मुंशी के साथ रंगदारी की मांग को लेकर जाति सूचक गाली-गलौज एवं मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर मुंशी नगर थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर निवासी हीरालाल तुरी ने थाना में एससीएसटी के तहत मामला दर्ज कराया है। मामले में मन्नू राय, लालू राय, और रामु राय सहित 8-10 अज्ञात को आरोपी बनाया है। कहा है कि वह पिछले चार वर्ष से बंधा स्थित दाग नंबर 478 एवं 479 के अंश रकवा 10 हजार वर्गफीट के भूस्वामी कांट्रेक्टर कृष्ण कुमार गुप्ता के पास मुंशी का कार्य करता है। कहा है कि उपरोक्त सभी लोग बिना नंबर कि जेसीबी लेकर वहां पहुंचे और चारदीवारी और एस्बेस्टस के मकान को जबरन तोड़ दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो वे सभी लोग उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। उन सबों ने धमकी देते हुए कहा कि 50 हजार रंगदारी देना होगा नहीं तो तुमको और मालिक को जान से मार देंगे। हो-हल्ला मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे तब वे लोग वहां से मोटर, गईंता, कुदाल सहित कई सामान उठा कर चले गए। पुलिस मामला दर्ज मामले की छानबीन में जुट गई है।
20 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक कपड़ा दुकानदार से साइबर ठगों द्वारा ऑनलाइन 20 हजार रुपए की ठगी कर लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। ठगी का शिकार हुए व्यक्ति का नाम गोवर्धन प्रसाद वर्णवाल है जो बरमसिया इलाके का रहने वाला है। बताया जाता है कि उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उसे झांसे में लेकर खाते की बाबत सारी जानकारी ले ली और 20 हजार रुपए उड़ा लिये।
चोरी के अप्राथमिक अभियुक्त को भेजा जेल
देवघर/संवाददाता। जिले के जसीडीह थाना पुलिस ने चोरी के एक अप्राथमिक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम बलदेव यादव है जो थाना क्षेत्र के पछियारी कोठीया का रहने वाला है। वह वर्ष 2018 में गृहभेदन के एक मामले में फरार चल रहा था। बताया जाता है कि अनुसंधान में उसका नाम आया था। पुलिस ने चोरी का सामान भी उसके घर से बरामद किया था।
छात्रा को चाकू से मारकर घायल करने को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। बंधा दुर्गा मंदिर के समीप बुधवार दोपहर एक छात्रा को दो बाइक सवार बदमाश ने चाकू मारकर जख्मी कर दिया। चाकू छात्रा के बायें हाथ में लगी। इसके बाद दोनों बदमाश फरार हो गए। जख्मी हालत में छात्रा इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंची थी। यहां छात्रा का प्राथमिक उपचार किया गया था। इसे लेकर कुंडा थाना में मामला दर्ज कराया गया है। मामले में कहा गया है कि छात्रा ट्यूशन से घर लौट रही थी उसी दौरान पीछे से दो लड़का काली रंग की बाइक से पहुंचा और छात्रा पर चाकू से वार कर फरार हो गया। इस घटना में छात्रा जख्मी हो गयी। उपरांत उसने फोन पर परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन वहां पहुंचे और उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। मामले में दुमका जिला के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के फूलोझानो चौक निवासी कुणाल प्रसाद राणा को आरोपी बनाया है। कहा है कि पूर्व में उसके उपर एक मामला दर्ज कराया था। उक्त केस को उठाने के लिये बराबर धमकी दिया जा रहा था। मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गयी है।
सड़क हादसे में एक घायल
देवघर/संवाददाता। जिले के जसीडीह थाना इलाके में हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल का नाम चंदन दास है जो जसीडीह का रहने वाला है। उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दे दी गयी है।
मारपीट में महिला घायल
देवघर/संवाददाता। मारपीट में घायल हुई एक महिला को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल का नाम सोनी देवी है जो जमुई जिले के जोराडीह गांव की रहने वाली है। बताया जाता है कि आपसी विवाद में हुए मारपीट में वह घायल हो गयी।
मानसी के इलाज के लिए समाजसेवी सुनील खवाड़े ने की आर्थिक मदद
- पांच साल की मानसी लीवर जोंडिस की बीमारी से है ग्रसित
- दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती
देवघर/संवाददाता। भागदौड़ के इस जीवन में सभी अपनी धुन में ही जिंदगी जी रहे हैं। किसी के आंसू पोछने की फुर्सत लोगों में नहीं है, लेकिन इससे इतर बाबा नगरी में समाजसेवी सुनील खवाड़े की अपने नेक कार्यों के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं। एक पांच वर्षीय गंभीर बीमारी से ग्रसित बच्ची की आर्थिक मदद कर उन्होंने शहरवासियों का दिल एक बार जीत लिया है।
दरअसल सारवां प्रखंड जिरुलिया गांव निवासी समीर मिश्रा की पांच वर्षीय बेटी मानसी गंभीर बीमारी से ग्रसित है। उसे लीवर में जोंडिस है और उसका अस्पताल दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से जब इसकी जानकारी समाजसेवी सुनील खवाड़े को दी हुई तो उन्होंने समीर मिश्रा को अपने घर पर बुलाकर दो लाख रुपये का आर्थिक मदद किया और आगे भी हरसंभव मदद की बात कही । उन्होंने समाज के तमाम लोगों से बच्ची की इलाज में आकर बढ़कर मदद करने का अनुरोध किया। श्री खवाड़े की इस पहल ने मानसी के स्वजनों को भी मानवता की भावना से परिचित करा दिया। आर्थिक मदद का पल स्वजनों को भावुक कर दिया। नम आंखों से उनके लिए दिल से बस दुआ ही निकली। मानसी की बीमारी को लेकर कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर साझा करते हुए लोगों से आगे बढ़कर आर्थिक मदद की अपील की थी। आर्थिम मदद के दौरान भिखना पंचायत के पंचायत समिति सदस्य सीएन दूबे, टिंकू खवाड़े, वीरेन्द्र अग्रवाल, अनय पाठक तथा राहुल झा मौजूद थे।
बाइक व ऑटो की टक्कर तीन घायल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के जटाही मोड़ के पास बाइक और ऑटो में टक्कर हो गयी। इस घटना में बाइक पर बैठे दो बच्चे सहित बाइक चालक गंभीर रूप से घायल होगा गया। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां पर ऑन ड्यूटी चिकित्सा के द्वारा इलाज कर छुट्टी कर दी गई है। घटना के संबंध में जटाही निवासी परमेश्वर यादव ने बताया कि वह अपने दोनों बच्चे को स्कूल से घर ला रहा था। उसी क्रम में तीव्र गति से आ रही ऑटो चालक ने बाइक में धक्का मार दिया। जिससे बेटी स्वीटी कुमारी एवं बेटा सौरभ कुमार और वह तीनों रोड पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में बिठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना स्थल से ऑटो लेकर चालक फरार हो गया है। घटना की जानकारी बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दे दी गई है।